नर्मदापुरम/दीपकशर्मा : भाजपा में अंदरूनी कलह शांत होने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को माखननगर आरी ग्रामीण मंडल के उपाध्यक्ष ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। भाजपा जिलाअध्यक्ष के नाम लिखे पत्र में मंडल उपाध्यक्ष ने इस्तीफे का कारण पार्टी द्वारा समाज की जा रही उपेक्षा को बताया है।

जानकारी के मुताबिक आरी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रमोद कीर ने इस्तीफे सोशल मीडिया के माध्यम से जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल,सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक विजयपाल सिंह और आरी मंडल अध्यक्ष विपिन यादव को दिया।साथ ही व्हाट्सएप स्टेटस पर कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पराज के साथ अपना स्टेटस अपडेट कर लिया है।

प्रमोद कीर ने अपने इस्तीफे में लिखा कि आज मैं सांसद प्रतिनिधि जिला पंचायत नर्मदापुरम और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष आरी के पद से पदमुक्त हो रहा हूं।कारण यह है कि कीर समाज की प्रदेश स्तरीय समस्या आरक्षण के विषय पर प्रदेश की सरकार ने विगत 20 बर्षो से केवल समाज को गुमराह किया है और न ही कीर समाज को तीन जिलों में जो आरक्षण छीना था वह आरक्षण हमें तीन जिलों के साथ साथ संपूर्ण प्रदेश में चाहिए था। भाजपा द्वारा आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई और हमारी कीर समाज का व्यवसाय ही परिवर्तित कर दिया और हमें अन्य समाज के साथ सामिल कर दिया और हमसे स्वतंत्र जाति का दर्जा ही छीन लिया। जिला स्तर पर भी कीर समाज को हमेशा उपेक्षित रखा गया,चाहे समाज विकास की बात हो, राजनीति में भागीदारी की बात हो या समाज के व्यवसाय की बात हो,हर जगह हमें उपेक्षित किया गया है।साथ ही मेरे व्यक्तिगत राजनीतिक जीवन को भी समाप्त करने की कोशिश की गई है। इसलिए मैं यह कदम उठाने पर मजबूर हूं।
प्रमोद कीर ने देनवापोस्ट को बताया कि अभी कोई पार्टी ज्वाइन करने का इरादा नही है। अभी भाजपा के समस्त पदों से त्याग पत्र दिया है।
कार्यकर्ताओं में नाराजगी तो रहती है
कार्यकर्ताओं में नाराजगी तो रहती है। पार्टी के लिए तो यह छोटी-मोटी बाते है। वह हमारे कार्यकर्ता है। हम उनको मना लेंगे। विपिन यादव आरी मंडल अध्यक्ष भाजपा