पत्रकार वार्ता करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा।
उमरिया जिले में आज विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच मध्य प्रदेश के भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा पहुंचे। यहां पर उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की और जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के साथ पूरे भारत देश के कांग्रेस नेताओं पर जमकर आरोप लगाए हैं।
भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने आए थे प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा कार्यालय उमरिया का आज उद्घाटन करने के लिए खुद प्रदेश अध्यक्ष भाजपा बीड़ी शर्मा आए हुए थे। यहां पर उन्होंने उद्घाटन करने के बाद खुद प्रेस कांफ्रेंस की और कांग्रेस पर जमकर आरोप लगाए।
एप को लेकर कई हजार करोड़ रुपये के घोटाले की चर्चा
इन दिनों महादेव एप काफी सुर्खियों में है। इस एप को लेकर कई हजार करोड़ रुपये के घोटाले की चर्चा है। इसमें कई बड़े नाम शामिल हैं। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष भाजपा बीडी शर्मा ने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ भूपेश बघेल पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा है कि 508 करोड़ रुपये तो महादेव एप के माध्यम से उन्हें दिया गया है। वहीं, कांग्रेस का हाथ भ्रष्टाचार और दलाल के साथ शुरू से ही रहा है और अभी भी वह चल रहा है।
कांग्रेस सनातन की विरोधी
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कहा कि कमलनाथ हिंदुत्व की बात तो कर रहे हैं, पर भाजपा ने राम मंदिर के होर्डिंग लगाए तो कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग में इसकी शिकायत कर दी और कहा कि यह होर्डिंग तुरंत उतरवाओ। इससे यह साफ साबित होता है कि कांग्रेस सनातन की विरोधी है और हिंदू धर्म में विश्वास नहीं रखती है।