दिव्यांग बच्चों हेतु विकासखंड स्तरीय उपकरण वितरण शिविर आयोजित

माखननगर। विकासखंड माखननगर अंतर्गत समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए विकासखंड स्तरीय चिकित्सीय मूल्यांकन एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिन्हित बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण प्रदान किए गए, ताकि वे शैक्षणिक मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।


कार्यक्रम का आयोजन बीआरसी  श्याम सिंह पटेल के मार्गदर्शन में तथा जनपद अध्यक्ष श्रीमती सावित्री परनामे के आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एमआरसी (मोबाइल रिसोर्स कोऑर्डिनेटर), बीएसी (ब्लॉक अकादमिक कोऑर्डिनेटर) एवं क्षेत्र के जनशिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।


एमआरसी द्वारा पूर्व सर्वेक्षण कर बच्चों की पहचान की गई तथा आवश्यक दस्तावेज़ों का संकलन किया गया। बीएसी ने कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, जनशिक्षकों ने अपने-अपने क्लस्टर क्षेत्रों से चिन्हित बच्चों एवं उनके अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित कर शिविर की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई।


शिविर में एलिम्को के विशेषज्ञों द्वारा बच्चों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता अनुसार उपकरण स्वीकृत किए गए। अभिभावकों को उपकरणों के सही उपयोग एवं रखरखाव से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया, ताकि उपकरणों का दीर्घकालीन और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना, उनकी दैनिक गतिविधियों को सरल बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। शिविर में उपस्थित अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम का संचालन सीएसी डॉ. अमजद खान द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन सीएसी प्रदीप चक्रधर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!