नर्मदापुरम में सिल्वर मिस्ट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड की सराहनीय पहल

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में रेत खनन क्षेत्र से जुड़ी सिल्वर मिस्ट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। कंपनी द्वारा सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में कुल 1100 स्कूल बैग बच्चों को प्रदान किए गए।


इसी कड़ी में इटारसी तहसील के ग्राम मरोड़ा स्थित शासकीय हाई स्कूल एवं शासकीय प्राथमिक शाला में 245 स्कूल बैग वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान प्राध्यापक सहित स्थानीय सरपंच कलाँ बाई मर्सकोले उपस्थित रहीं।


वहीं बड़ी बालाभेट शासकीय प्राथमिक शाला में 187 स्कूल बैग वितरित किए गए, जहां प्रधान पाठक शालक राम एवं सरपंच ममता बाई की उपस्थिति रही।
इसके अलावा पाहनबर्री गांव स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला एवं शासकीय माध्यमिक शाला बिलखेड़ी में कुल 278 स्कूल बैग विद्यार्थियों को प्रदान किए गए। इस दौरान प्रधान पाठिका श्रीमती बर्नादेन इंगिल, श्रीमती मिथिलेश तुमराम, सरपंच अनीता ब्रजमोहन यादव, कंपनी प्रतिनिधि एवं माइनिंग कॉर्पोरेशन से गोपाल सिंह उपस्थित रहे।


इसी क्रम में शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पवारखेड़ा खुर्द में प्रधान अध्यापक धीरज उइके एवं सरपंच प्रतिनिधि अशोक कीर की उपस्थिति में 290 स्कूल बैग बच्चों को वितरित किए गए।


कंपनी द्वारा विद्यालयों में बच्चों के बैठने हेतु बेंच एवं भविष्य में आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिलाया गया। स्कूल बैग पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया।
सिल्वर मिस्ट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी जिले की सभी वैध रेत खदानों का संचालन कर रही है और सरकार को रिकॉर्ड राजस्व प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी संख्या में रोजगार भी उपलब्ध करा रही है। कंपनी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसके अंतर्गत पौधारोपण, बाउंड्री वॉल निर्माण, रक्तदान शिविर, स्कूलों में बेंच-टेबल एवं कंप्यूटर वितरण, शासकीय अस्पताल इटारसी में सोलर प्लांट की स्थापना, स्कूलों में गर्म कपड़े, बर्तन, जूते, स्कूल ड्रेस वितरण, मंदिर निर्माण में सहयोग सहित अनेक जनहितैषी कार्य किए जा रहे हैं।


कंपनी के मैनेजर रूपेश पेठे ने कहा कि “सिल्वर मिस्ट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड का उद्देश्य केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि रोजगार सृजन के साथ जनसेवा भी है। आगे भी सामाजिक सेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!