राज्य में सतनामी (अनुसूचित जाति) समाज के प्रभावशाली नेता डहरिया को कांग्रेस ने आरक्षित जांजगीर-चांपा सीट से मैदान में उतारा है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं। डहरिया का मुकाबला बीजेपी की महिला उम्मीदवार कमलेश जांगड़े से है। कांग्रेस ने महत्वपूर्ण रायपुर लोकसभा सीट से ब्राह्मण समाज से विकास उपाध्याय को टिकट दिया है। उपाध्याय 2018 में पहली बार विधायक चुने गए थे। वह रायपुर शहर पश्चिम विधानसभा सीट से पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे। उपाध्याय का मुकाबला बीजेपी के कद्दावर नेता और राज्य सरकार में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से है।
कांग्रेस ने कोरबा से मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत पर एक बार फिर भरोसा जताया है। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत की पत्नी हैं। चरण दास महंत राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। महंत का मुकाबला बीजेपी की वरिष्ठ नेता सरोज पांडेय से है। पांडेय ने हाल ही में राज्यसभा का अपना कार्यकाल पूरा किया है। दुर्ग सीट पर कांग्रेस ने नए चेहरे राजेंद्र साहू को चुनाव मैदान में उतारा है। राजेंद्र साहू का मुकाबला बीजेपी के मौजूदा सांसद विजय बघेल से है।
साल 2019 के आम चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 11 में से नौ सीटों पर जीत हासिल की थी। गत चुनाव में कांग्रेस बस्तर और कोरबा सीट ही जीत सकी थी।