15 जुलाई तक चलेगा प्रवेश मेला, विद्यार्थियों को उसी दिन मिलेगा प्रवेश

माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश को लेकर विशेष प्रवेश मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रवेश मेला 15 जुलाई तक चलेगा, जिसमें कॉलेज प्रशासन का लक्ष्य “अधिकतम प्रवेश, उसी दिन प्रवेश” की अवधारणा को सफल बनाना है। सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) के अतिरिक्त चरण के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया यथासंभव उसी दिन पूरी की जा रही है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने माखन नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि प्रवेश मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय रहते अपने बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित कराएं।
प्रवेश प्रभारी डॉ. आई.एस. कनेश ने बताया कि महाविद्यालय में बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एससी. पाठ्यक्रमों में प्रवेश जारी हैं। पात्र अभ्यर्थियों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होने पर प्रवेश प्रक्रिया उसी दिन पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


महाविद्यालय परिवार ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों एवं नागरिकों से भी अपील की है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करें और उन्हें प्रवेश मेले तक पहुंचाने में सहयोग करें।


डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रवेश से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए विद्यार्थी 15 जुलाई तक प्रतिदिन आयोजित प्रवेश मेले में महाविद्यालय पहुंचकर सीधे संपर्क कर सकते हैं।


वहीं मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार पटवा ने महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने गांव, मोहल्ले और आसपास के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करें तथा महाविद्यालय में प्रवेश दिलाने में सहयोग करें।


कॉलेज प्रशासन का मानना है कि यह प्रवेश मेला क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!