जबलपुर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जबलपुर जिले की पनागर नगर पालिका में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सब इंजीनियर शुभम जैन को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सब इंजीनियर ने एक ठेकेदार से उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) की राशि और निर्माण कार्य के बिल की शेष भुगतान राशि जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस से की, जिसके बाद शिकायत का सत्यापन कराया गया।
शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जब ठेकेदार ने 40 हजार रुपये की रिश्वत की पहली किस्त सब इंजीनियर शुभम जैन को दी, तभी मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल है।
प्रदेश में हाल के दिनों में रिश्वतखोरी के मामलों पर लोकायुक्त की लगातार कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप की स्थिति है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

