कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जारी किए आदेश, विभागों और शाखाओं का किया कार्य विभाजन

नर्मदापुरम। जिले में प्रशासनिक कार्यों के प्रभावी, सुचारु एवं त्वरित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच विभिन्न विभागों एवं शाखाओं का नवीन कार्य विभाजन करते हुए आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत अधिकारियों को प्रशासनिक, राजस्व, निर्वाचन, कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला को अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (एडीएम) नर्मदापुरम का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें दाण्डिक कार्य, राजस्व न्यायालयीन प्रकरण, विभिन्न शाखाओं के वित्तीय अधिकार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (सामान्य एवं राज्य निर्वाचन), वाहन अधिग्रहण, शस्त्र शाखा, खाद्य विभाग, जिला आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण शाखाओं का प्रभार दिया गया है।
वहीं अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन को भू-अभिलेख एवं भू-प्रबंधन, भू-अर्जन, वन व्यवस्थापन, जनगणना तथा अन्य संबंधित शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले को स्थापना शाखा, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), नजूल अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, जिला अस्पताल एवं रोगी कल्याण समिति के प्रभारी अधिकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का कार्यभार दिया गया है।
डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी को विधि शाखा, सूचना का अधिकार (आरटीआई), स्वेच्छानुदान, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, संस्थागत वित्त, आयोग शाखा तथा योजना शाखा का दायित्व सौंपा गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार को शिकायत एवं सतर्कता शाखा, लोकायुक्त एवं मॉनिटरिंग शाखा, सीएम मॉनिट, पुरातत्व, टीएल एवं जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
अनुविभागीय अधिकारियों की भी हुई नियुक्ति
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के तहत विभिन्न राजस्व अनुविभागों में भी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सहायक कलेक्टर श्री आकिब खान (आईएएस) को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पिपरिया, संयुक्त कलेक्टर श्री निलेश शर्मा को एसडीएम इटारसी, संयुक्त कलेक्टर श्री विजय राय को एसडीएम सिवनीमालवा, संयुक्त कलेक्टर श्री देवेंद्र प्रताप सिंह को एसडीएम नर्मदापुरम तथा डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर को एसडीएम सोहागपुर नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा द्वारा किए गए इस नवीन कार्य विभाजन का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बढ़ाना, निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना तथा आम नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

