डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर ने जारी किए आदेश, कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट

नर्मदापुरम। तवा पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य और क्षतिग्रस्त बेयरिंग बदलने के कारण प्रशासन ने 16 जुलाई 2026 तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। डिप्टी कलेक्टर एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी डॉ. बबीता राठौर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय पुल की संरचनात्मक सुरक्षा और आमजन की सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण के बाद भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और मरम्मत कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
– पिपरिया/जबलपुर से भोपाल-इंदौर जाने वाले भारी वाहन अब पिपरिया – सांडिया – बरेली मार्ग से होकर भोपाल एवं इंदौर की ओर जाएंगे।
– सोहागपुर एवं माखननगर से भोपाल-इंदौर जाने वाले भारी वाहन माखननगर – आरी – सांगाखेड़ा – बांद्राभान – नर्मदापुरम मार्ग का उपयोग करेंगे।
– माखननगर से इटारसी एवं बैतूल जाने वाले भारी वाहन माखननगर – आरी – सांगाखेड़ा – बांद्राभान – इटारसी/बैतूल मार्ग से संचालित होंगे।
– इटारसी एवं बैतूल से माखननगर और पिपरिया आने वाले भारी वाहन इटारसी – मंडी – दोखेड़ा – बांद्राभान – सांगाखेड़ा – आरी मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
– नर्मदापुरम एवं भोपाल से माखननगर-पिपरिया जाने वाले भारी वाहन बांद्राभान – सांगाखेड़ा – आरी मार्ग से होकर संचालित किए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों एवं परिवहन कंपनियों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद तवा पुल पर यातायात को सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा।

