
माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर में जनभागीदारी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. नीता चौबे द्वारा विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह एवं समिति अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल को तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किए जाने से हुई। इसके पश्चात वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा समिति सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा महाविद्यालय के विकास एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने क्षेत्र के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों की ओर जाने के बजाय शासकीय महाविद्यालय माखननगर में प्रवेश लें।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन भवन, ई-लाइब्रेरी, खेलकूद सामग्री, विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के योग्य शिक्षक, समृद्ध पुस्तकालय सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध हैं।
विधायक ने कहा कि जब विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, तो उन्हें अनावश्यक रूप से अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सुविधाओं की सराहना करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर में स्थापित ई-प्रवेश सेल्फी पॉइंट पर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह एवं जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने फोटो खिंचवाकर प्रवेश अभियान को बढ़ावा दिया तथा विद्यार्थियों को महाविद्यालय से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार पटवा ने बताया कि बैठक के उपरांत विधायक, जनभागीदारी समिति के सदस्य एवं महाविद्यालय परिवार स्नेह भोज में शामिल हुए। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।