इंदौर। मानसून के आगमन से पहले इंदौर नगर निगम ने शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों पर युद्धस्तर पर पैचवर्क कार्य कराया जा रहा है। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर मैदानी अमले को दिन-रात कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार वर्षाकाल के दौरान नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त मार्गों पर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य लगातार जारी है।
कई प्रमुख मार्गों पर पूरा हुआ पैचवर्क
नगर निगम की टीमों ने इस सप्ताह शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर प्राथमिकता के आधार पर पैचवर्क कार्य पूर्ण किया है। इनमें राजकुमार ब्रिज का हिस्सा, रेडिसन चौराहे से स्टार चौराहे तक का मार्ग, रिंग रोड पर मूसा खेड़ी से वर्ल्ड कप चौराहे तक का रास्ता प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा एमआर-10 रोड पर कर्नावत चौराहे से सुखलिया टेंपो स्टैंड तक, कालानी नगर मुख्य मार्ग, जवाहर मार्ग तथा बंबई बाजार क्षेत्र में भी सड़क मरम्मत और गड्ढे भरने का कार्य किया गया है।
आधुनिक तकनीक और गुणवत्ता पर विशेष जोर
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग के साथ किए जा रहे हैं। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी भारी बारिश के दौरान भी प्रमुख सड़कों की स्थिति बेहतर बनी रहे और नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आगामी दिनों में इन मार्गों पर होगा कार्य
निगम की कार्ययोजना के अनुसार आने वाले दिनों में शहर के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी पैचवर्क और डामरीकरण कार्य किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में राजकुमार ब्रिज का शेष भाग, रिंग रोड पर बॉम्बे हॉस्पिटल से निपानिया चौराहे तक का मार्ग, मूसा खेड़ी से वर्ल्ड कप चौराहे तक के शेष हिस्से, मक्सी बाजार मार्ग तथा एमआर-10 रोड के अन्य हिस्से शामिल हैं।
तय समयसीमा में पूरा होगा काम
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सभी तकनीकी एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क सुधार कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से सड़क सुधार एवं पैचवर्क कार्य जारी रहेगा, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।