
सोशल मीडिया पर Veraval Express की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने पश्चिम मध्य रेलवे की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फोटो शेयर करते हुए यात्री पीके सरकार ने आरोप लगाया कि जबलपुर पश्चिम मध्य रेलवे का मुख्यालय होने के बावजूद ट्रेन में यात्रियों की हालत बेहद खराब है।
वायरल तस्वीरों में डिब्बों के अंदर भारी भीड़ साफ दिखाई दे रही है। यात्री सीटों के साथ गैलरी और दरवाजों तक में बैठे नजर आ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को न तो पर्याप्त राहत मिल रही है और न ही अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
यात्रियों का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ के बावजूद रेलवे ने अतिरिक्त कोच लगाने या विशेष व्यवस्थाएं करने पर गंभीरता नहीं दिखाई। हालत यह है कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर जबलपुर जैसे बड़े मुख्यालय के अधीन आने वाली ट्रेनों की स्थिति इतनी बदहाल क्यों है? यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सिर्फ कागजी दावों से यात्रियों को राहत नहीं मिलने वाली।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मांग की है कि गर्मी के सीजन में वेरावल एक्सप्रेस सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं, पानी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था हो तथा भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं