Indore News:फ्लायओवर निर्माण में देरी पर सख्त हुए मंत्री तुलसीराम सिलावट, एनएचएआई अधिकारियों को दिए त्वरित कार्य पूर्ण करने के निर्देश

इंदौर। अर्जुन बड़ौद, झलारिया, एमआर-10 और रालामंडल क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लायओवर एवं अंडरपास परियोजनाओं में लगातार हो रही देरी को लेकर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सख्त रुख अपनाया है। निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति के कारण बढ़ते ट्रैफिक जाम और हादसों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने अपने निज निवास कार्यालय पर एनएचएआई द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में फ्लायओवर, अंडरपास और बायपास से जुड़े निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

ट्रैफिक जाम और अधूरे कार्यों पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान मंत्री सिलावट ने बायपास पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधूरे निर्माण कार्यों और सर्विस रोड की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने और सर्विस रोड निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुचारू सड़क मार्ग न होने से ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रमुख परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि अर्जुन बड़ौद में 1 किलोमीटर लंबी 6 लेन सड़क और 60 मीटर चौड़े अंडरपास का निर्माण कार्य जारी है। यहां वर्तमान में डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है।

मंत्री ने निर्देश दिए कि रोड मार्किंग और लाइटिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर परियोजना को टेस्टिंग के लिए प्रारंभ किया जाए।

इसी प्रकार झलारिया और एमआर-10 क्षेत्र में निर्माणाधीन अंडरपास के कार्यों को बारिश का मौसम शुरू होने से पहले हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि मानसून के दौरान यातायात प्रभावित न हो।

लोकार्पण की तैयारी

बैठक में यह भी बताया गया कि सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इनका औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा।

समीक्षा बैठक में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव, अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव तथा मंडल अध्यक्ष रवि वाजपेई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!