विश्वविद्यालय परीक्षाओं को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित, सीसीटीवी निगरानी में होंगी परीक्षाएं

माखन नगर। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 24 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही हैं। परीक्षाओं के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में प्राचार्य डॉ. नीता चौबे द्वारा एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।


बैठक में बीए, बीकॉम एवं बीएससी की वार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्राचार्य ने सभी स्टाफ एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी, जिससे नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।


महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमिताभ शुक्ला ने वीक्षकों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पूर्व ही परीक्षा कक्ष में अपनी उपस्थिति दर्ज करें। साथ ही, परीक्षार्थियों की सघन जांच महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर ही की जाएगी, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।


सुबह पाली के केंद्राध्यक्ष डॉ. आई. कनेश ने परीक्षार्थियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी नियमित विद्यार्थी महाविद्यालय के निर्धारित गणवेश में ही परीक्षा देने आएं। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी से सहयोग की अपील करते हुए विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!