माखन नगर में परीक्षा तनाव प्रबंधन पर कार्यशाला, छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में शनिवार को “परीक्षा तनाव प्रबंधन” विषय पर एक उपयोगी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से उबारना और सकारात्मक सोच के साथ बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम में जन अभियान परिषद से मुख्य वक्ता के रूप में हर्ष तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “परीक्षा केवल ज्ञान का आकलन है, इसे जीवन का अंतिम लक्ष्य न मानें।” उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास बनाए रखने और स्वयं की तुलना दूसरों से न करने की सलाह दी।


कार्यशाला के दौरान छात्रों को समय प्रबंधन के महत्व को समझाया गया। वक्ता ने कहा कि एक सुव्यवस्थित अध्ययन तालिका बनाकर छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें पूरा करने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। साथ ही, योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक तनाव को नियंत्रित करने के उपाय भी बताए गए। छात्रों को प्रतिदिन 10 मिनट प्राणायाम और ध्यान करने का अभ्यास कराया गया, जिससे उनकी एकाग्रता बढ़ाने पर जोर दिया गया।


स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर भी चर्चा करते हुए वक्ता ने संतुलित आहार और 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद को आवश्यक बताया। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि परीक्षा के दौरान प्रश्न-पत्र कठिन लगने पर घबराने के बजाय पहले आसान प्रश्नों को हल करें, जिससे आत्मविश्वास बना रहता है।


कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


यह कार्यशाला छात्रों के लिए न केवल परीक्षा की तैयारी को सरल बनाने में सहायक रही, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!