Khandwa News:एकतरफा प्रेम बना खूनी साजिश: भाजपा नेता ने रची ‘हादसे’ की आड़ में हत्या की योजना, दो की मौत

खंडवा, 18 अप्रैल 2026
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्रेम-प्रसंग ने खौफनाक रूप ले लिया। एक भाजपा से जुड़े नेता ने अपनी प्रेमिका के परिवार को रास्ते से हटाने के लिए सड़क हादसे की आड़ में जानलेवा साजिश रच डाली। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बलेनो कार में सवार सौरभ अपनी मां सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक काली थार कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

शुरुआत में इस घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मर्ग जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। गहन जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद इस मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि थार वाहन का चालक सनावद निवासी लवकुश है, जो भाजपा से जुड़ा सक्रिय नेता बताया जा रहा है। करीब 45 वर्षीय आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी का घायल युवती के साथ प्रेम-प्रसंग था, जबकि युवती की शादी 21 अप्रैल को कहीं और तय हो चुकी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने युवती के पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची।

ये भी पढ़ें- फोटोकॉपी वाला कन्या विवाह: जब सिस्टम ने जिम्मेदारी Xerox कर दी

बताया जा रहा है कि जब युवती का परिवार शादी की तैयारी के लिए खरीदारी करने जा रहा था, तभी आरोपी ने उनकी कार को एक बार नहीं बल्कि दो बार जानबूझकर टक्कर मारी, ताकि इसे सड़क हादसा दिखाया जा सके।

पुलिस ने दो दिन की जांच के बाद इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!