राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने स्व-गणना प्रक्रिया में लिया हिस्सा, पोर्टल पर की ऑनलाइन प्रविष्टि

भोपाल। मंगुभाई पटेल ने गुरुवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश की 16वीं जनगणना के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में भाग लिया। उन्होंने स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर नागरिकों को इस नई पहल से जुड़ने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने राज्यपाल को जानकारी दी कि प्रदेश में जनगणना का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। पहले चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस महत्त्वपूर्ण कार्य में प्रदेशभर के लगभग 1 लाख 60 हजार कर्मचारी लगाए गए हैं। केंद्र सरकार द्वारा पहली बार नागरिकों को स्व-गणना के माध्यम से सीधे भागीदारी का अवसर दिया गया है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और आंकड़ों में त्रुटियों की संभावना कम होगी।


राज्यपाल श्री पटेल ने इस पहल को जनभागीदारी को सशक्त बनाने वाला कदम बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ने की अपील की।


इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा सहित जनगणना संचालनालय मध्यप्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!