
नर्मदापुरम। जिले के नवागत कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सोमवार को पदभार ग्रहण करने से पहले आस्था और परंपरा का निर्वहन करते हुए सेठानी घाट पहुंचकर मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने जिले की समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की।
सेठानी घाट पहुंचने पर कलेक्टर मिश्रा ने सर्वप्रथम मां नर्मदा को नमन किया। इसके पश्चात वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई गई। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस पूजन में प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, एसडीएम पिपरिया आकिप खान, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
पूजन-अर्चन के पश्चात कलेक्टर मिश्रा ने घाट पर तैनात होमगार्ड जवानों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर के इस धार्मिक और संवेदनशील पहल को प्रशासनिक कार्यशैली का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, जिससे जिले में बेहतर प्रशासन और जनहितकारी कार्यों की उम्मीद जताई जा रही है।