Mp Weather Today: मध्यप्रदेश में 10 अप्रैल से बढ़ेगी गर्मी, कई जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल।
मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। बीते कुछ दिनों से आंधी, बारिश और बादलों के कारण मिली राहत अब खत्म होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल से प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू होगा और दिन के तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

आज कई जिलों में आंधी-बारिश का असर

गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।
दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां कुछ क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, वहीं अन्य स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की हवा चल सकती है।

तीन सिस्टम के कारण बदला मौसम

बुधवार को प्रदेश के उत्तर, पूर्व और पश्चिमी हिस्सों में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय रहे, जिसके चलते भोपाल सहित 15 से अधिक जिलों में बारिश और तेज हवाएं दर्ज की गईं। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को अस्थायी राहत मिली।

11 अप्रैल से नया सिस्टम, असर सीमित

मौसम विभाग के मुताबिक 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर मध्यप्रदेश में सीमित रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

यह भी पढ़ें-  माखननगर के किस प्रतिष्ठित परिवार की भोपाल न्यू मार्केट स्थित दुकान पर सरकारी विभाग ने किया क़ब्ज़ा?

किसानों की बढ़ी चिंता

मौसम में लगातार बदलाव का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। रायसेन, छतरपुर, उज्जैन और शिवपुरी में बारिश के कारण खेतों में कटी हुई गेहूं की फसल भीग गई है, जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

अब शुरू होगा तेज गर्मी का दौर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल और मई प्रदेश में गर्मी के चरम महीने होते हैं। मार्च के अंतिम दिनों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, लेकिन लगातार सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण गर्मी का असर कुछ समय के लिए कम रहा।
पिछले 8 दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा।

अब आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This will close in 0 seconds

This will close in 0 seconds

error: Content is protected !!