राष्ट्रीय सेवा योजना लक्ष्य गीत के साथ सात दिवसीय शिविर का समापन

माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखन नगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय आवासीय सिविल ग्राम शिविर का समापन ग्राम विजयवाड़ा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह शिविर 17 फरवरी से प्रारंभ हुआ था, जिसमें स्वयंसेवकों द्वारा विविध सामाजिक, स्वच्छता, जागरूकता एवं सेवा गतिविधियाँ संचालित की गईं।


शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि ग्राम गुजरवाला के सरपंच प्रताप सिंह यादव रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रासेयो जिला संगठन प्रो. डी.एस. खत्री, मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, पार्षद निरंजन दुबे तथा प्रिंट मीडिया से उमेश तिवारी, दीपक शर्मा,लोकेश चौधरी एवं सोनू मालवीय उपस्थित रहे। समापन सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने की।


कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का तिलक, राष्ट्रीय सेवा योजना बैज एवं स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया गया। शिविर प्रतिवेदन का वाचन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान एवं डॉ. कविता दुबे द्वारा किया गया, जिसमें सात दिनों के दौरान किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।


इस अवसर पर रासेयो जिला संगठन प्रो. डी.एस. खत्री ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए शिविर के उत्कृष्ट संचालन के लिए कार्यक्रम अधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं। मुख्य अतिथि सरपंच प्रताप सिंह यादव ने कहा कि शिविरार्थियों ने ग्राम में अनुकरणीय सेवा कार्य कर ग्रामीणों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने कार्यक्रम अधिकारियों एवं समस्त शिविरार्थियों को सफल आयोजन हेतु बधाई दी।


शिविर सहायक डॉ. सुमन अवस्थी, डॉ. मनीष शर्मा एवं डॉ. राजकुमार पटवा को सहयोग हेतु विशेष रूप से सराहा गया। वहीं सातों दिवस की भोजन व्यवस्था को सफलतापूर्वक संभालने के लिए डॉ. अदिति धर्मेंद्र सिंह चौहान को मंच से सम्मानित किया गया। रासेयो कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकारों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम का मंच संचालन दलनायक स्वास्तिक रावत एवं दीक्षा अहिरवार ने किया। आभार प्रदर्शन महाविद्यालय की पूर्व छात्रा एवं पूर्व रासेयो शिविरार्थी कुमारी शिवानी प्रजापति द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना लक्ष्य गीत के साथ किया गया। समापन अवसर पर राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के साथ ससम्मान रासेयो ध्वज उतारकर कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा गया।


समारोह में महाविद्यालय के डॉ. आई.एस. कनेश, ग्रंथपाल अजय मेहरा, अशोक पाटिल, अशोक मेहर सहित अनेक पूर्व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!