Indore: पारिवारिक तनाव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी से बात के बाद उठाया कदम

पारिवारिक विवाद और लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दिनेश पिता मोतीलाल के रूप में हुई है, जो चंदन नगर क्षेत्र में फल बेचने का काम करता था। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते पत्नी पिछले दो वर्षों से उससे अलग रह रही थी और दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले गई थी।

परिजनों के अनुसार, दिनेश घर में अकेला रहता था और लगातार मानसिक तनाव में था। परिवार की ओर से दोनों के बीच सुलह कराने के प्रयास भी किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। गुरुवार को दिनेश ने अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत की थी, लेकिन पत्नी के वापस आने से इंकार करने के बाद वह और अधिक तनाव में आ गया।

इसके कुछ समय बाद दिनेश ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों के फोन कॉल का जवाब नहीं मिला, तब वे उसके घर पहुंचे, जहां वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

परिजनों का आरोप है कि पत्नी द्वारा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दिए जाने के कारण दिनेश मानसिक दबाव में रहता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली, हालांकि कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!