संभाग विजेता पिट्टू खिलाड़ियों का माखननगर महाविद्यालय में ऐतिहासिक स्वागत

माखननगर। जिला स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता के उपरांत भोपाल संभाग के अंतर्गत जिला रायसेन में आयोजित संभाग स्तरीय अंतर जिला पिट्टू प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष वर्ग) में जिला नर्मदापुरम की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।


यह प्रतियोगिता 11 एवं 12 फरवरी 2026 को आयोजित की गई, जिसमें भोपाल संभाग के सात जिलों की महिला एवं पुरुष टीमों ने सहभागिता की।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जिला रायसेन एवं जिला नर्मदापुरम के मध्य खेला गया, जिसमें नर्मदापुरम की टीम ने कड़े और रोमांचक मुकाबले में रायसेन को पराजित कर संभाग विजेता बनने का गौरव हासिल किया।


वहीं प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जिला नर्मदापुरम की टीम ने जिला भोपाल को पराजित कर संभाग स्तरीय ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।


माखननगर महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला नर्मदापुरम टीम के कोच डॉ. राजकुमार पटवा ने बताया कि महिला वर्ग में माखननगर महाविद्यालय की छात्राओं कुमारी रचना, कुमारी चांदनी, कुमारी प्रिया एवं कुमारी संजना यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टीम को विजय दिलाने में अहम भूमिका निभाई।


टीम मैनेजर श्रीमती मंजू मेहरा के अनुसार पुरुष वर्ग में महाविद्यालय के छात्र मनोज अहिरवार एवं निखिल अहिरवार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को विजेता बनाया।
प्रतियोगिता से विजयी होकर माखननगर लौटने पर महाविद्यालय परिवार द्वारा खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। दोनों वर्गों की विजेता टीमों के कप्तानों ने ट्रॉफियां महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे को सौंपकर आशीर्वाद प्राप्त किया।


इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आई.एस. कनेश, ग्रंथपाल अजय मेहरा सहित समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने पुष्पवर्षा, फूलमालाएं पहनाकर विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!