श्योपुर: घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म, आरोपी 10 घंटे में गिरफ्तार

श्योपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के बड़ौदा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी ने महिला के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त महिला अपने छोटे बच्चों के साथ घर में अकेली थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी मौके का फायदा उठाकर घर में दाखिल हुआ और महिला से दुष्कर्म कर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जाग गए। बाद में पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज़ 10 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

पति को सुनाई आपबीती

घटना उस समय हुई जब महिला का पति मजदूरी के लिए घर से बाहर गया हुआ था। वारदात के बाद पीड़िता और बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। घर लौटने पर जब पति ने पत्नी से पूरी बात जानी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद वह पत्नी को लेकर थाने पहुँचा और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस की कार्रवाई

बड़ौदा थाना प्रभारी सत्यम गुर्जर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। महिला के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना में कहीं और कोई शामिल तो नहीं है।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!