
धनिया की चटनी
जब भी साइड डिश की बात होती है, तो हरी धनिया की चटनी का नाम सबसे पहले लिया जाता है। इसका खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद किसी भी खाने के ज़ायके को दोगुना कर देता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि घर पर बनाई गई धनिया की चटनी कड़वी या कसैली लगने लगती है, जिससे पूरा भोजन फीका पड़ जाता है।
अक्सर लोगों को समझ नहीं आता कि आखिर चटनी में कड़वाहट क्यों आ रही है। अगर आपके साथ भी यह समस्या होती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको बताएंगे बिना कड़वाहट की हरी धनिया की चटनी बनाने का सही तरीका और जरूरी टिप्स।
हरी धनिया की चटनी के लिए सामग्री
-
1 कप बारीक कटी हरी धनिया
-
2 टमाटर
-
8–9 लहसुन की कलियां
-
अदरक का छोटा टुकड़ा
-
2 हरी मिर्च
-
थोड़ा सा पुदीना
-
नमक स्वाद अनुसार
कैसे बनाएं बिना कड़वाहट की हरी धनिया की चटनी
पहला स्टेप:
सबसे पहले हरी धनिया को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद सख्त डंठल निकाल दें और केवल नरम डंठल व पत्तियों का ही इस्तेमाल करें। सख्त डंठल चटनी में कड़वाहट का सबसे बड़ा कारण होते हैं।
दूसरा स्टेप:
अब मिक्सर जार में हरी धनिया, टमाटर, लहसुन, अदरक, पुदीना, हरी मिर्च और स्वाद अनुसार नमक डालें। सभी चीजों को हल्का दरदरा पीसें। ध्यान रखें कि पुदीने की मात्रा धनिया से कम ही रखें, क्योंकि ज्यादा पुदीना कड़वाहट ला सकता है।
तीसरा स्टेप:
मिक्सी को ज्यादा देर तक लगातार न चलाएं। ज्यादा पीसने से पत्तियों का तेल निकलने लगता है, जिससे चटनी कड़वी हो सकती है।
चौथा स्टेप:
अगर गलती से चटनी ज्यादा बारीक हो जाए और कड़वी लगे, तो उसमें थोड़ा सा नींबू का रस, दही या चुटकी भर गुड़ मिलाकर स्वाद संतुलित किया जा सकता है।
धनिया चटनी का कड़वापन दूर करने के असरदार उपाय
-
हमेशा ताजी और हरी पत्तियों का ही इस्तेमाल करें, पीली या मुरझाई पत्तियां न लें।
-
सख्त डंठल पूरी तरह हटा दें।
-
पुदीना सीमित मात्रा में डालें, धनिया ज्यादा रखें।
-
मिक्सर को जरूरत से ज्यादा न चलाएं।
-
अंकुरित लहसुन का इस्तेमाल न करें, वह कड़वा होता है।
-
अदरक-लहसुन की मात्रा संतुलित रखें।
अगर आप इन आसान टिप्स को अपनाते हैं, तो आपकी हरी धनिया की चटनी हर बार स्वादिष्ट, खुशबूदार और बिल्कुल बिना कड़वाहट की बनेगी।