बनखेड़ी में जल संरक्षण की पहल: ‘जल मंदिर प्याऊ’ का शुभारंभ, लोगों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

नर्मदापुरम। जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनखेड़ी में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत जल मंदिर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह पहल सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था ‘मां नर्मदा ग्राम विकास समिति, बनखेड़ी’ एवं ‘नगर विकास प्रस्फुटन समिति, बनखेड़ी’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रेलवे स्टेशन प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती सुखवती वर्मा के नेतृत्व में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रिबन काटकर जल मंदिर प्याऊ का लोकार्पण किया गया।


इस अवसर पर मां नर्मदा ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद मेहर ने जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा, “जल ही जीवन है, इसे व्यर्थ न गंवाएं। बूंद-बूंद पानी को सहेजना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि जल है तो कल है।” उन्होंने आमजन से जल संरक्षण के प्रति सजग रहने और संसाधनों के समुचित उपयोग की अपील की।


कार्यक्रम में नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष कमलेश नामदेव, सदस्य अखिलेश राय, तुलसी समाज सेवा के अध्यक्ष तुलसीराम कहार, परामर्शदाता मकरन सिंह कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।


इस पहल से न केवल राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी, बल्कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!