
नर्मदापुरम। ग्रामीण क्षेत्र में गोवंश परिवहन को लेकर एक गंभीर घटना सामने आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डोंडई में गोवंश ले जा रही एक पिकअप वाहन को अज्ञात लोगों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, लेकिन अब तक न तो इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है और न ही किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन गोवंश से भरा हुआ था, जिसे रास्ते में ही घेरकर अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। घटना के बाद वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वाहन में मौजूद गोवंश सुरक्षित थे या नहीं, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से न तो आरोपियों की पहचान की गई है और न ही किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई है। FIR दर्ज न होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गोवंश तस्करी को लेकर पहले भी शिकायतें होती रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में ऐसे मामले बार-बार सामने आ रहे हैं। वहीं कुछ ग्रामीणों ने आगजनी की घटना को कानून अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति बताया है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है।