तवा पुल पर आज दोपहर 2 से 6 बजे तक आवागमन पूरी तरह बंद

मरम्मत कार्य के चलते ट्रैफिक डायवर्ट, प्रशासन ने जारी किया वैकल्पिक मार्ग

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश सड़क विकास संभाग, नर्मदापुरम द्वारा नर्मदापुरम-पिपरिया मार्ग पर स्थित तवा पुल की संरचनात्मक मजबूती के लिए मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पुल पर बेरिंग बदलने का कार्य प्रगति पर होने के कारण 4 जुलाई 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा।

प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान तवा पुल का उपयोग न करें तथा असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया गया है।

इन मार्गों से रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट

पिपरिया/जबलपुर से भोपाल एवं इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहन पिपरिया–सांडिया–बरेली मार्ग से होकर गुजरेंगे।

सोहागपुर/माखननगर से भोपाल एवं इंदौर जाने वाले भारी वाहनों को माखननगर–आरी–सांगाखेड़ा–बांद्राभान–नर्मदापुरम मार्ग से भेजा जाएगा।

माखननगर से इटारसी एवं बैतूल जाने वाले भारी वाहन

माखननगर–आरी–सांगाखेड़ा–बांद्राभान होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
इटारसी/बैतूल से माखननगर एवं पिपरिया की ओर आने वाले भारी वाहनों को इटारसी–मंडी दोखेड़ा–बांद्राभान–सांगाखेड़ा–आरी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

नर्मदापुरम/भोपाल से माखननगर एवं पिपरिया की ओर जाने वाले भारी वाहन बांद्राभान–सांगाखेड़ा–आरी मार्ग का उपयोग करेंगे।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिक निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।