MP News: सागर रोड पर पलटी यात्री बस, 11 घायल – 4 की हालत गंभीर

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंदौर से टीकमगढ़ आ रही एक यात्री बस सागर रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 11 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। बस सागर रोड से गुजर रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जिला चिकित्सालय में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सिद्धार्थ रावत ने बताया कि कुल 11 घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से चार की हालत गंभीर है, जिन्हें भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक असंतुलित हो गई, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे यात्रियों में आक्रोश देखा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में बस का संतुलन बिगड़ना हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।




Tikamgarh: टीकमगढ़ में दुष्कर्म व छेड़छाड़ के आरोपी की गिरफ्तारी, जुलूस निकालकर किया न्यायालय में पेश

टीकमगढ़। जिले में दुष्कर्म और छेड़छाड़ के एक गंभीर मामले में सोमवार को कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी जमालुद्दीन काजी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित महिला द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि यह मामला पिछले कुछ दिनों से पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था। करीब एक सप्ताह पहले आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें जिला अस्पताल परिसर में एक महिला के साथ छेड़छाड़ के आरोप में स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद विभिन्न संगठनों में आक्रोश बढ़ गया था और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग लगातार उठ रही थी।

हिंदूवादी संगठनों की बैठक में उठी गिरफ्तारी और जुलूस की मांग

रविवार रात “लव जिहाद” के मुद्दे को लेकर बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज के नेतृत्व में हिंदूवादी संगठनों की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ-साथ उसका जुलूस निकालने की मांग भी रखी। इस घटनाक्रम के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया था।

ये भी पढ़ें- Khandwa News:खंडवा में दिल दहला देने वाली वारदात, शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां की हत्या की

रास्ते में खराब हुआ पुलिस वाहन, पैदल ले जाना पड़ा आरोपी

सोमवार को पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए ले जा रही थी, तभी रास्ते में पुलिस वाहन अचानक खराब हो गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को आरोपी को कुछ दूरी तक पैदल ले जाना पड़ा। बाद में दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उसे सुरक्षित न्यायालय पहुंचाया गया।

जेल भेजा गया आरोपी, जांच जारी

न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज़ी से जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में जहां कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।




Tikamgarh News : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का सीएम यादव पर हमला, कहा

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने टीकमगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार पर अपराधियों और शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सर्किट हाउस में जीतू पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नफरत फैलाकर खड़ी हुई है, जो समाज को बांट रही है, और इसी कारण वह लगातार चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई यह दिखाती है कि ईडी मोदी का तोता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और भाजपा एक-दूसरे के पर्याय हैं।

बुंदेलखंड को वीरों की भूमि बताते हुए पटवारी ने कहा कि यदि सबसे अधिक पलायन कहीं हो रहा है तो वह बुंदेलखंड में है। इसके लिए भाजपा सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिम्मेदार हैं, क्योंकि केंद्र सरकार द्वारा दिए गए बुंदेलखंड पैकेज को भाजपा के मंत्रियों और अधिकारियों ने खुलेआम लूट लिया। लाडली बहना योजना को लेकर पटवारी ने कहा कि भाजपा ने बहनों को धोखा देकर उनके वोट लेने की राजनीति की है। पहले कहा गया कि 1000 रुपए देंगे, फिर कहा कि 3000 रुपए देंगे, लेकिन आज तक 3000 रुपए नहीं दिए। भाजपा ने जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया।

.

पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने प्रदेश की पुलिस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुलिस खुद अवैध धंधों में शामिल है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री हाउस इस समय माफियाओं से घिरा हुआ है, जिसमें शराब, रेत माफिया और सभी तरह के माफिया शामिल हैं, जिनका मध्य प्रदेश में आतंक फैला हुआ है।

भाजपा के पूर्व मंत्री ने ली कांग्रेस की सदस्यता

निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर नगर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में जीतू पटवारी की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री नंदराम कुशवाहा ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।




Tikamgarh News : बलात्कार से परेशान होकर लड़की ने की आत्महत्या

टीकमगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता बालिका की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस ने पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था। वह ब्लड सैंपल देने के बाद फरार हो गया था।

बता दें कि टीकमगढ़ जिले के पलेरा पुलिस थाने के अंतर्गत टपरियन गांव में 24 मार्च को एक युवती ने अज्ञात कारणों से अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पलेरा पुलिस थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी, क्योंकि मृतका द्वारा कोई सुसाइड नोट या अन्य साक्ष्य नहीं छोड़ा गया था।

जांच में हुआ था दुष्कर्म का खुलासा

मृत्यु के कारणों की जांच के लिए परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। मृतका की वैजाइनल स्लाइड जांच के लिए एफएसएल भेजी गई, जिसमें मृत्यु से पूर्व दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके आधार पर थाना पलेरा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने ₹5000 का इनाम घोषित किया।

ब्लड सैंपल से मिला आरोपी

पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया। एफएसएल और साइबर सेल की सहायता से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही कृष्ण पाल (उम्र 20 वर्ष, निवासी टपरियन, थाना पलेरा) का ब्लड सैंपल लिया गया और परीक्षण के लिए एफएसएल सागर भेजा गया। जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी कृष्ण पाल ने मृतका के साथ मृत्यु से पूर्व दुष्कर्म किया था, जिससे प्रताड़ित होकर उसने आत्महत्या कर ली।

भागने की फिराक में था आरोपी

ब्लड सैंपल देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी पुलिस द्वारा सघन तलाश की गई। मुखबिर की सूचना पर उसे पलेरा नगर के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया। जब एफएसएल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई, तब पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ ने अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




Tikamgarh News : बीजेपी नेता ने ठगी के पैसे से खड़ा किया क्रेशर प्लांट

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक बड़ी कार्रवाई हुई है। भोपाल के फर्जी कॉल सेंटर मामले में सह आरोपी मोइन खान की क्रेशर पर जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने छापा मारा है। मोइन खान पर अवैध गिट्टी का भंडारण करने का आरोप है। छापा मारने वाली प्रशासन की टीम ने एक करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध गिट्टी जब्त की है। इसके साथ ही तीन डंपर भी जब्त किए गए हैं। कार्यवाही अभी भी जारी है।

टीकमगढ़ के एसडीएम संजय दुबे ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर यह कार्रवाई हुई। शनिवार को अधिकारियों की टीम प्रेमपुरा गांव पहुंची। यहां मोइन खान की क्रेशर चल रही थी। मोइन खान बीजेपी नेता बताए जा रहे हैं। यह क्रेशर अवैध रूप से चल रही थी, क्योंकि इसकी लीज कई महीने पहले ही खत्म हो चुकी थी। फिर भी यहां अवैध खनन हो रहा था। जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने मिलकर यह कार्रवाई की।

अवैध खनन में लगे सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान तीन डंपर और एक जेसीबी मशीन मिली। इन्हें जब्त कर लिया गया है। इसके साथ ही लगभग एक करोड़ रुपये की अवैध गिट्टी के स्टोरेज को जब्त किया है। एसडीएम ने बताया कि मोइन खान फरार हैं। वह अवैध तरीके से क्रेशर चला रहे थे।

फर्जी कॉल सेंटर मामले में है फरार
भोपाल के फर्जी कॉल सेंटर मामले का मुख्य आरोपी अफजल है। फर्जी कॉल सेंटर चलाकर वह लोगों से रुपए ठगता था। इसके बाद वह इस ठगी के पैसे को टीकमगढ़ में रहने वाले अपने साले मुईन खान के बिजनेस में लगाता था। इसका खुलासा होने पर भोपाल ऐशबाग और जहांगीराबाद पुलिस ने टीकमगढ़ में छापा मारा है।

जीजा के पैसों से खड़ा किया कारोबार
फर्जी कॉल सेंटर की काली कमाई को अफजल ने अपने साले के बिजनेस में लगाए थे। इस पैसे से मुईन खान ने क्रेशर प्लांट, कॉलोनियां और कई दूसरे प्लांट शुरू किए। वहीं, इस ठगी मामले में बीजेपी के बीजेपी पार्षद अंशुल जैन (मोना) का नाम सामने आया। वह मुईन का बिजनेस पार्टनर है और मुईन के कहने पर थाना प्रभारी को रिश्वत देने गई थी। हालांकि वह वहां से जैन फरार हो गया।

छापे की भनक लगते ही हुआ फरार
भोपाल पुलिस अफजल को लेकर आरोपी मोइन खान को अरेस्ट करने टीकमगढ़ भी आई थी। लेकिन मोइन खान को पहले ही इसकी भनक लग गई और वह फरार हो गया। मोइन खान पर आरोप है कि उसने अफजल की अवैध संपत्ति को टीकमगढ़ में निवेश किया। यह पैसा प्रॉपर्टी और क्रेशर में लगाया गया। भोपाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

बीजेपी जिला अध्यक्ष ने दी सफाई
इस मामले में बीजेपी की जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत ने भी बयान दिया है। उन्होंने बताया कि मोइन खान ने बीजेपी के चुनाव चिन्ह पर पार्षद का चुनाव लड़ा था। तत्कालीन विधायक की सिफारिश पर उसे टिकट मिला था। अभी वह बीजेपी के किसी पद पर नहीं है। वह सिर्फ एक कार्यकर्ता हो सकता है।




Tikamgarh News : पति का आरोप पत्नी व एसडीओ में चल रहा अफेयर…

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में एक महिला कर्मचारी के साथ एसडीओ साहब रातभर घर में बंद रहे। सुबह जब ताला खुला तो बाहर पुलिस और मीडिया खड़ी हुई थी सवाल हुआ तो बोले- सरकारी काम से मिलने आए थे लेकिन रात डेढ बजे क्या सरकारी काम था इसका जवाब एसडीओ नहीं दे पाए। आपको जानकर हैरानी होगी कि महिला कर्मचारी के घर पर जो एसडीओ रात भर बंद रहे वो मंडला में वन विभाग में पदस्थ हैं और रात करीब डेढ़ बजे वन विभाग में ही पदस्थ महिला कर्मचारी से मिलने के लिए उसके घर पर पहुंचे थे।

एसडीओ के घर में घुसते ही पति ने लगाया ताला

बताया जा रहा है कि मंडला में वन विभाग में पदस्थ एसडीओ शुक्रवार की आधी रात को महिला कर्मचारी के घर पर मिलने के लिए पहुंचे थे। महिला के पति को एसडीओ व पत्नी के बीच हुई चैटिंग से इस बात की भनक लग गई फिर क्या था पति ने पत्नी व एसडीओ को रंगेहाथ पकड़ने की ठान ली। रात डेढ़ बजे जैसे ही एसडीओ घर में दाखिल हुए तभी पति ने घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया। जिसके बाद रातभर एसडीओ और महिला कर्मचारी घर में बंद रहे।

सुबह पुलिस-मीडिया की मौजूदगी में खुला ताला

सुबह होते ही महिला कर्मचारी और एसडीओ को जब पता चला कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है तो उन्होंने ताला खोलने के लिए आवाज लगानी शुरू की। सुबह-सुबह हो रहे शोर को सुनकर कॉलोनी का माहौल गरमा गया और लोग जमा हो गए। इसी बीच पुलिस और मीडिया भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ताला खोला और एसडीओ और महिला कर्मचारी को अपने साथ थाने ले गई। लगभग एक घंटे की पूछताछ के बाद दोनों के बयान दर्ज कर छोड़ दिया गया।

पति ने लगाए गंभीर आरोप

एसडीओ और पत्नी को घर में बंद करने वाले पति ने पुलिस थाने पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पति का कहना है कि उसकी पत्नी वन विभाग में पदस्थ है और उसे पति की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। इसके बाद 2014 में उसकी दूसरी शादी मेरे साथ हुई। आरोपी एसडीओ की पोस्टिंग भी पहले टीकमगढ़ में ही थी। यहीं पर पोस्टिंग के दौरान दोनों की जान पहचान हुई थी। इसके बाद से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। उसे इस बात का पता तब चला जब पत्नी का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और शक होने पर जब उसने पत्नी का मोबाइल चेक किया तो चैटिंग ने सब उजागर कर दिया। मोबाइल चैटिंग के जरि ही उसे पता चला था कि शुक्रवार रात को एसडीओ घर पर मिलने के लिए आने वाले हैं।

महिला कर्मचारी की सफाई

वहीं इस पूरे मामले में महिला कर्मचारी ने बताया कि उसकी विभागीय जांच चल रही है। 4 फरवरी को उसकी पेशी है, अपना जवाब बनवाने के लिए अधिकारी को बुलाया था। उसका कहना था कि काम के कारण वह लेट हो गए थे तो रात को पहुंचे थे। वहीं उसके पति ने उसे बदनाम करने के लिए यह सब किया है




MP में 16 प्राइवेट स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी गई है, उमा भारती की मां का स्कूल माता बेटी बाई का नाम भी शामिल

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में 16 प्राइवेट स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी गई है. इन स्कूलों को शिक्षा विभाग ने मान्यता रद्द की है, जिसमें मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की मां का माता बेटी बाई स्कूल का नाम भी शामिल है। इन स्कूलों में खेल मैदान, लैब, टॉयलेट और पुस्तकालय न होने के कारण इसकी मान्यता रद्द कर दी गई है।

इस लिस्ट में उमा भारती की मां का स्कूल शामिल

मान्यता रद्द की गई स्कूलों की लिस्ट में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की मां की स्कूल ‘माता बेटी बाई’ का नाम भी शामिल है। यह स्कूल टीकमगढ़ के बड़ागांव धसान में संचालित होता है। बता दें कि इस स्कूल को उमा भारती के भाई हर्बल सिंह लोधी चलाते थे।

55000 बच्चों का भविष्य खतरे में

16 प्राइवेट स्कूलों की मान्यता रद्द होने से उनमें पढ़ने वाले तकरीबन 55000 बच्चों का भविष्य खतरे में आ गया है। यह सभी स्कूल 12 तक संचालित होते थे। इन स्कूलों की मान्यता निरस्त होने से बच्चों के परिजन भी चिंतित हैं।

इन कारणों से स्कूल की रद्द हुई मान्यता

नियमानुसार, हायरसेकंडरी स्कूलों में बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त खेल मैदान, प्रैक्टिकल के लिए लैब, स्कूल परिसर में टॉयलेट और पुस्तकालय की व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन टीकमगढ़ के इन 16 प्राइवेट स्कूलों में कुछ भी नहीं मिला। दरअसल, शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम जब मौके पर पहुंची तो इन स्कूलों में लैब, टॉयलेट जैसी व्यवस्थाएं नहीं थी। जिसके बाद जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी बी एल आठया ने अपनी रिपोर्ट जे ड्डी सागर को सौंप दी।जे ड्डी सागर ने इन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इनकी मान्यता रद्द कर दी। सभी स्कूल टीकमगढ़ जिले के गली मोहल्लों में संचालित होते थे।

इन स्कूलों की मान्यता रद्द

जिन स्कूलों की मान्यता रद्द की गई है उसमें सरोज हायरसेकंडरी स्कूल टीकमगढ़, माता बेटी बाई हायरसेकंडरी स्कूल बड़ागांव धसान, सूर्य सागर दिगम्बर स्कूल, श्री राम बालसंस्कार, हनुमत हाईस्कूल, जी एल व्यास कान्वेंट स्कूल, टीकमगढ़ पब्लिक स्कूल बालाजी पब्लिक हाईस्कूल कुंडेश्वर, कल्पना हाईस्कूल पलेरा सहित अन्य स्कूलों की मान्यता रद्द की गई है।