Shahdol News : किसानों से धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी शहडोल से गिरफ्तार

शहडोल जिले में किसानों से किराए पर ट्रैक्टर लेकर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित राहुल साहू ने शिकायत दर्ज कराई कि बहादुर गरासिया नामक व्यक्ति ने उसका ट्रैक्टर किराए पर लिया और बाद में उसे चोरी कर लिया। जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ने अन्य किसानों से भी इसी तरह की धोखाधड़ी की थी, जिससे क्षेत्र में किसान समुदाय में चिंता का माहौल व्याप्त हो गया है। पुलिस ने चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया की 11 फरवरी 2023 को पीड़ित राहुल साहू, जो ग्राम मसियारी का निवासी है, उसने अपनी शिकायत में बताया कि बहादुर गरासिया, जो कुंडखेड़ा, जिला नीमच का निवासी है, उसने किराए पर ट्रैक्टर लिया और फिर उसे वापस नहीं किया। इसके बाद, पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि गरासिया ने पप्पू चंदेल के साथ मिलकर शहडोल एवं उमरिया के कुल सात किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर धोखाधड़ी की है।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी, बहादुर गरासिया (48 वर्ष), को नीमच से गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, पुलिस चार बिना नंबर के ट्रैक्टरों को सतना और नीमच से बरामद किया है। राहुल साहू ने कहा कि मैंने कभी सोचा नहीं था कि मुझे अपना ट्रैक्टर किराए पर देने पर धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ेगा। अब मुझे उम्मीद है कि पुलिस इस मामले में पूरी सच्चाई सामने लाएगी।

हालांकि, कुछ स्थानीय किसान इस मामले को लेकर पुलिस कार्रवाई की प्रशंसा कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग यह भी आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि ऐसे धोखाधड़ी के मामलों में और भी आरोपी हो सकते हैं। जयसिंहनगर थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत पर जांच की गई जांच में चीज स्पष्ट हुई ,जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो विशेष टीमों का गठन किया गया और आरोपियों के ठिकाने पर टीम पहुंची और वहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।




Shahdol News : शहडोल में पुलिस ने मवेशी तस्करी की कोशिश नाकाम की, 30 मवेशी बरामद

शहडोल जिले के सोहागपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए दो नामजद आरोपियों और एक अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से कुल 30 मवेशियों को बरामद किया, जिनमें से दो मवेशियों की दम घुटने से मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, सोहागपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जमुआ के कुंदन किंग होटल के सामने मोहित सिंह निवासी बुढ़ार और पंकज मिश्रा निवासी सोहागपुर अवैध तरीके से मवेशियों को ट्रक में भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल रहे।

पुलिस ने ट्रक क्रमांक एनएल 1 एजे 0964 की तलाशी ली। इसमें 30 मवेशी बंधे हुए पाए गए। इनमें से दो मवेशी मृत अवस्था में थे। सोहागपुर पुलिस ने जीवित मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते हुए उन्हें मुक्त कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र मणी पाण्डेय ने बताया कि हमारी पुलिस टीम ने मौके पर त्वरित कार्रवाई की, जिससे इस क्रूरता का प्रयास नाकाम हुआ। हम आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।

चार दिन पहले वन विभाग ने की थी कार्रवाई

शहडोल जिले में वन विभाग ने शनिवार के दिन बड़ी कार्रवाई की थी। विभाग ने बाघ के नाखूनों की तस्करी करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने यह नाखून एक मृत पड़े बाघ से निकाले थे। बाघ संजय गांधी टाइगर रिजर्व में मृत पड़ा था। आरोपियों के पास से 5 नाखून और 2 बाइक जब्त की गई है।




Shahdol News : शादी के बाद दुल्हन के लिए गिफ्ट लेने गए दूल्हे की हादसे में मौत

जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक हृदय विदारक घटना में दूल्हा समेत दो युवकों की मौत हो गईं। शादी के अगले ही दिन दूल्हे की मौत से मातम पसर गया। शादी के बाद दूल्हा अपनी पत्नी के लिए तोहफा लेने बाइक से गया था। ये बाइक उसको शादी में ही मिली थी। तोहफा लेकर लौटते समय विपरीत दिशा से आ रही बाईक से उसकी टककर हो गई। हादसे में दूल्हा और सामने से आ रही बाइक सवार युवक की मौत हो गईं। हादसे के जानकारी मृतक (दूल्हा) के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। घर में मौजूद नई नवेली दुल्हन का सुहाग शादी के चंद घंटे बाद ही उजड़ गया।

ब्यौहारी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम झिरीया निवासी दीपेंद्र साकेत पिता कमलेश साकेत 22 वर्ष की गत 20 अप्रैल को सीधी जिला के मगरोहर गांव में बारात गईं थी। विवाह के बाद कल 21 अप्रैल की दोपहर एक बजे विदाई के बाद बारात घर लौटी। दूल्हे को शादी में एक मोटर साइकिल भी उपहार में मिली थी। जिसमें सवार होकर वह कल शाम अपनी पत्नी के लिए सुहागरात का तोहफा लेने गांव से ब्यौहारी गया था। वहां से तोहफा लेकर लौटते समय घर से करीब दो किलोमीटर पहले ग्राम सराई सांधा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी बाइक टकरा गईं। टककर इतनी तेज थी कि इस हादसे में बाइक में सवार दूल्हा समेत सामने वाली बाइक के चालक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

ये भी पढ़ें- मां और बेटी की हत्या का आरोपी मकान मालिक गिरफ्तार

इस हृदय विदारक हादसे के बाद बारात वाले घर की सारी खुशियां मातम में बदल गईं। घर के कमरे में सज संवरकर जो दुल्हन अपने जीवन साथी का इंतजार कर रही थी, उसे यह मनहूस खबर मिली कि उसका सुहाग अब उजड़ गया है। घर में चीखने और रोने की आवाजें गुजने लगीं।

ये भी पढ़ें- महिला स्वसहायता समूह द्वारा संचालित गेहूं खरीदी केंद्रों पर पहली बार पहुंची समूह की महिलाएं

थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि पुलिस द्वारा मार्ग कायम कर मामले कि जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। ब्यौहारी अस्पताल में दोनों शवों का पोस्ट मार्टम कराया जा रहा है। उसके बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।




Shahdol News : बैंक में जमा करते समय 500 रुपये के 11 नकली नोट मिले

कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली नोट का कारोबार लगातार सामने आ रहा है। बैंक में पैसा जमा करने के दौरान यह दूसरी बार नकली नोट पकड़े गए हैं, इस बार तो मामला हैरान कर देने वाला है, क्योंकि नोटों में अंकित नंबर लगभग एक ही सीरियल के हैं। बीते माह एक युवक एटीएम में नोट जमा करा रहा था, उस दौरान भी मशीन ने बैंक को अलार्म बजाकर यह जानकारी दी कि एटीएम में नकली नोट जमा कराई जा रही है। दोनों ही मामलों पर पुलिस ने जमा कर रहे खाता धारकों पर मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। वहीं सवाल यह उठ रहा है कि आखिरकार पुलिस यह नकली नोट आ कहां से रहे हैं उन्हें पकड़ने में नाकाम क्यों है।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित इंडियन बैंक में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक किसान द्वारा बैंक में जमा कराए जा रहे रुपयों में नकली नोट पाए गए। सोहागपुर थाना क्षेत्र के जमुई गांव निवासी किसान सूर्यांश सिंह बघेल जो खेती-बाड़ी का काम करते हैं। उन्हें फसल बेचने के बाद जो पैसा मिला उसे उन्होंने बैंक जमा किया। किसान द्वारा लाए गए एक लाख रुपये में से बैंक कर्मियों ने नकली नोटों की पहचान की, जिनकी संख्या 500 सौ की 11 नोट थी। सभी नकली नोटों का सीरियल नंबर एक ही था, जिस पर बैंक कर्मियों ने मामले की शिकायत कोतवाली में की, कोतवाली पुलिस मामला दर्ज के मामले की पड़ताल में शुरू कर दी है।

इंडियन बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि खाताधारक सूर्यांश सिंह बघेल बैंक पहुंचे थे और उन्होंने एक लाख रुपये अपने खाते में जमा करवाएं। जब हमारे कर्मचारियों ने नोटों को मशीन में डालकर गिनती की तो उसमें 500 सौ के 11 नोट नकली मिले। इसके बाद हमने पुलिस को मामले की शिकायत की पुलिस ने किसान पर मामला दर्ज कर लिया है।

सोहागपुर क्षेत्र के जमुई गांव के रहने वाले किसान के परिजनों ने बताया कि वह अपने खेत को अधिया में एक दूसरे व्यक्ति को दे रखा है। जब फसल बिकी तो उस व्यक्ति ने किसान सूर्यांश को एक लाख रुपये दिए, जिन्हें वह बैंक में जमा करने पहुंचे थे। उन नोटों की गड्डी में बैंक कर्मचारियों ने बताया कि 11 नोट नकली हैं। किसान के परिजनों ने कहा कि हमें तो कुछ पता ही नहीं है, जिसने नोट दिया पुलिस उसे क्यों नहीं पकड़ रही है।

बीते माह भी कोतवाली थाना क्षेत्र के बुढार रोड में स्थित एक बैंक के एटीएम में नोट जमा कराने एक युवक पहुंचा था, नोट जमा करते वक्त बैंक का एटीएम ने सायरन बज कर बैंक कर्मचारियों को बताया कि उनके एटीएम में नकली नोट जमा हो रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा कर्मी ने खाता धारक को मौके से पकड़ कर पुलिस को सूचना दी थी। कोतवाली थाना क्षेत्र में इन दिनो नकली नोट के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन यह नोट आखिर आ कहां से रहे हैं पुलिस अब तक यह पता लगाने में नाकाम है।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि पुराने मामले पर युवक पर मामला दर्ज किया गया था, एटीएम में नकली नोट जमा करते वक्त बैंक कर्मचारियों ने हमें सूचना दी थी,लेकिन वह नोट युवक के पास जहां से आए थे अभी हम वहां तक नहीं पहुंच पाए हैं। अब किसान पर मामला दर्ज किया गया है,मामले की जांच जारी है।500 के11 नोट नकली मिले है।




Shahdol News : फुटपाथ दुकानदारों को हटाने के लिए राजस्व विभाग का आदेश, व्यापारी बोले

शहडोल में संभागीय मुख्यालय के पास स्थित ग्राम सिंहपुर में सड़क किनारे वर्षों से गुमठी और ठेले पर दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले फुटपाथ व्यापारियों को प्रशासन द्वारा बलपूर्वक हटाने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व विभाग के आदेश पर नायब तहसीलदार ने इन दुकानदारों को नोटिस जारी कर 10 अप्रैल तक मोहलत दी है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

करीब एक दर्जन से अधिक दुकानदारों को यह नोटिस थमाया गया है, जिनमें से कई पिछले 40 वर्षों से इसी स्थान पर दुकान चला रहे हैं। इन दुकानों में साइकिल और बाइक रिपेयरिंग, जूते-चप्पल, कपड़े और किराने की दुकानें शामिल हैं। इन व्यापारियों का कहना है कि यही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है और किसी तरह परिवार का गुज़ारा इसी से होता है।

व्यापारियों का आरोप- एकतरफा कार्रवाई

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कार्रवाई पक्षपातपूर्ण तरीके से की जा रही है और एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि सिंहपुर में कई अन्य स्थानों पर भी शासकीय भूमि पर दुकानें संचालित हो रही हैं, लेकिन नोटिस सिर्फ इन्हीं दुकानदारों को जारी की गई है। सिंहपुर निवासी अब्दुल सलामत ने बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से यहां दुकान चला रहे हैं। पहले उन्होंने साइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाई, अब उनके पुत्र बाइक रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा, कभी भी प्रशासन द्वारा कोई नोटिस नहीं दी गई थी, अचानक अब नोटिस थमा दी गई है।

इसी तरह, दुकानदार नुरुल, रिजवान, मोहम्मद सवाब, मोहम्मद नईम,आकिब, सत्यम गुप्ता, संदीप पांडे आदि ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्हें कहीं और रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। यदि प्रशासन निर्माण कार्य करना चाहता है तो वे स्वेच्छा से स्थान खाली करने को तैयार हैं, लेकिन जबरन हटाया जाना अन्यायपूर्ण है।

प्रशासन पर सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कार्रवाई सत्ता से जुड़े कुछ लोगों के दबाव में की जा रही है, जो नहीं चाहते कि ये व्यापारी यहां अपना व्यवसाय जारी रखें। वहीं, शासकीय अस्पताल प्रबंधन द्वारा अब तक कोई आपत्ति या नोटिस इन दुकानदारों को नहीं दी गई है। प्रशासन की यह कार्रवाई अब विवाद का विषय बनती जा रही है और स्थानीय स्तर पर असंतोष पनप रहा है। पीड़ित परिवारों की मांग है कि प्रशासन उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे या मानवीय आधार पर पुनर्विचार करे।




Shahdol News : नाबालिग से सामूहिक बलात्कार के दो आरोपी गिरफ्तार

जिले के सीधी थाना क्षेत्र में एक नाबालिक के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता अपने परिवार के साथ थाने पहुंची, लेकिन लाइट न होने और महिला सब इंस्पेक्टर के न होने की वजह से पीड़िता को 8 घंटे का इंतजार करना पड़ा। महिला सब इंस्पेक्टर शहडोल से वहां पहुंची और लाइट आने के बाद पीड़िता की रिपोर्ट शनिवार की शाम तकरीबन 7:00 बजे सीधी थाने में दर्ज की गई। पुलिस ने मामले पर दो आरोपियों के विरुद्ध पीड़िता की शिकायत पर अपराध दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

शिकायत में बताया गया कि घटना पीड़िता के साथ उस समय घटी जब वह अपने खेत में बने मकान में एक 4 वर्षीय भाई के साथ सो रही थी। माता-पिता दूसरे गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे। शुक्रवार की रात तकरीबन 9:00 बजे दो आरोपी पीड़िता के दरवाजे को खटखटाते हुए उसे खुलवाया, तब पीड़िता को लगा कि उसके माता-पिता कार्यक्रम से लौट आए हैं। पीड़िता ने खेत में बने मकान का दरवाजा खोल दिया। तभी दोनों आरोपी अंदर घुस आए और 4 वर्षीय भाई के सामने ही पीड़िता के साथ हैवानियत करते रहे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों आरोपी उसी गांव के रहने वाले हैं और पीड़िता दोनों को पहचानती है।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया

थाना प्रभारी सीधी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि जब पीड़िता के साथ खेत में बने उसके घर में दोनों आरोपियों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया तब पीड़िता का 4 वर्षीय भाई उसके साथ सो रहा था। वह अचानक नींद से जागा और मदद की गुहार लगाने लगा। पीड़िता ने बयान में यह बात पुलिस को बताई है। पीड़िता का मासूम भाई रो रो कर आरोपियों से बहन से दूर रहने की गुहार लगाता रहा लेकिन आरोपी घटना को अंजाम देते रहे। आसपास में कोई घर भी मौजूद नहीं था। थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि मामले पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लाइट न होने की वजह से एफआईआर में कुछ देरी हुई है, लेकिन सीधी थाने में ही शनिवार की शाम एफआईआर दर्ज की गई है।




Shahdol News : साइबर सेल की तत्परता से सरकारी शिक्षक को डिजिटल गिरफ्तारी से बचाया

शहडोल जिले के एक शासकीय शिक्षक को मुंबई साइबर ब्रांच से आई एक फर्जी कॉल के चलते डिजिटल अरेस्ट की स्थिति का सामना करना पड़ा। लेकिन शहडोल की साइबर टीम ने समय रहते उनकी मदद की और उन्हें इस समस्या से बाहर निकाल लिया। यह मामला तब सामने आया जब शासकीय हाईस्कूल बोडरी के प्राचार्य शिशिर कुमार मिश्रा को एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसमें उन्हें अश्लील गालियों का आरोप लगाते हुए उन्हें दो दिनों के भीतर मुंबई साइबर ब्रांच में हाजिर होने का निर्देश दिया गया।

प्राचार्य मिश्रा ने बताया, कॉल करने वाले ने मुझे कहा कि मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है और तुरंत कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने मुझसे मोटी रकम मांगी और कहा कि अगर मैंने नहीं दिया तो मुझे अरेस्ट किया जा सकता है। एक घंटे तक डर के साए में रहे प्राचार्य ने अंततः अपने स्थानीय साइबर ऑफिस में जाकर मदद मांगी।

साइबर सेल का सक्रिय हस्तक्षेप

साइबर सेल प्रभारी सत्य प्रकाश मिश्रा ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया,हमने तुरंत मामले की जांच की और प्राचार्य को समझाया कि यह कॉल पूरी तरह से फर्जी है। ऐसे ठग अक्सर लोगों को डराकर पैसे वसूलते हैं। उनकी टीम ने चंद मिनटों में मामले को सुलझाया और प्राचार्य को आश्वस्त किया कि उन्हें चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

विशेषज्ञों की राय

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के साइबर ठगी के मामलों में वृद्धि हो रही है। साइबर सुरक्षा यह एक गंभीर समस्या है। लोगों को ऐसे धोखेबाजों से सावधान रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से पहले सोच-समझकर काम लेना चाहिए। इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि साइबर ठगी के मामलों में जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। शहडोल साइबर सेल की तत्परता ने एक शासकीय शिक्षक को न केवल मानसिक तनाव से बचाया, बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान किया। ऐसे मामलों में स्थानीय पुलिस और साइबर टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जो लोगों को सुरक्षित और सुरक्षित रखने के लिए तत्पर हैं।

इस घटना के माध्यम से यह संदेश भी मिलता है कि जब भी कोई संदिग्ध कॉल आए, तो तुरंत किसी विशेषज्ञ या पुलिस से संपर्क करना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार न हो।




Shahdol News: रेत का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर जब्त, युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने गोहपारू पुलिस पर लगाए आरोप

Shahdol News Tractor seized for illegally transporting sand Youth Congress President accuses Gohparu police

जब्त ट्रैक्टर

शहडोल जिले में रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जैतपुर पुलिस ने चंद्रपुर स्कूल के पास से जब्त किया है। पुलिस को देखकर चालक फरार हो गया, पुलिस ने मामले पर आरोपी के विरुद्ध कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर की सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर जिसमें रेत लोड है। वो भाटिया से चंद्रपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम चंद्रपुर स्कूल के पास पहुंची तभी सामने से एक नीले रंग का ट्रैक्टर पुलिस को आता दिखाई दिया, जिसमे रेत लोड थी। पुलिस को देखकर चालक वाहन से कूदकर भाग गया। पुलिस ने आरोपी का पीछा भी किया। लेकिन आरोपी को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही। जब्त ट्रैक्टर को पुलिस ने थाने में खड़ा करवा लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पता तलाश करने में पता लगा कि ट्रैक्टर में चालक अर्जुन गुप्ता था। जो पुलिस को देखकर भाग गया। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध खनिज अधिनियम मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की है। जैतपुर थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई है। यह रेत कुनूक नदी से लोड कर ट्रैक्टर में उसका परिवहन किया जा रहा था, जिसे जब्त किया गया है और चालक फरार है तलाश जारी है।

लोगों ने बताया कि जिले में रेत का काला कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। वहीं, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने गोहपारू पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाते हुए श्री गौतम ने कहा कि पुलिस की शह पर गोहपारू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े रेत का अवैध उत्खनन स्थानीय माफिया कर रहे हैं। आरोप लगाते हुए उन्होंने यह भी बताया कि थाना प्रभारी का चालक और एक आरक्षक थाना प्रभारी के कहने पर गोहपारू क्षेत्र में रेत माफियों से मिलीभगत कर दिनदहाड़े नदियों से अवैध खनन कर परिवहन कर रहे हैं। इसके बदले पुलिस मोटी रकम ले रही है।