जिले के समस्त रोजगार सहायक एवं सहायक सचिव एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर

नर्मदापुरम। जिले के समस्त रोजगार सहायक एवं सहायक सचिव एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। यह जानकारी जिला अध्यक्ष मनोज मालवीय द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि 20 मई को मध्यप्रदेश स्तरीय रोजगार सहायक-सहायक सचिव महासम्मेलन का आयोजन भोपाल के जंबूरी मैदान, भेल पिपलानी में किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है।

मनोज मालवीय ने बताया कि नर्मदापुरम जिले के सभी रोजगार सहायक एवं सहायक सचिव सम्मेलन में शामिल होने के लिए भोपाल रवाना होंगे। इसी कारण जिलेभर में एक दिवसीय सामूहिक अवकाश रहेगा।

संगठन की ओर से इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ एवं जनपद पंचायत स्तर के सीईओ को पूर्व में सूचना दे दी गई है। संगठन ने बताया कि सम्मेलन में रोजगार सहायकों एवं सहायक सचिवों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर चर्चा की जाएगी।




जनपद पंचायत माखननगर के प्रतिनिधियों ने किया दो दिवसीय पंचायत एवं ऐतिहासिक स्थलों का अध्ययन दौरा

संजय गांधी एवं युवा नेतृत्व तथा पंचायत ग्रामीण विकास प्रशिक्षण संस्था पचमढ़ी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत माखननगर के अधिकारियों, सरपंचों, सचिवों एवं सहायक सचिवों ने दो दिवसीय अध्ययन दौरे में विभिन्न ग्राम पंचायतों और ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया। यह प्रशिक्षण 4 दिसंबर से प्रारंभ हुआ।
पहले दिन प्रतिनिधि दल ने भीमबेटका (अब्दुल्लागंज) की प्राचीन गुफाओं का भ्रमण कर वहां की ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद रायसेन जिले की जनपद पंचायत अब्दुल्लागंज के ग्राम पंचायत क्षेत्र का दौरा किया, जहां चल रहे पंचायत विकास कार्यों का अवलोकन किया गया। टीम ने सांची स्थित विश्व प्रसिद्ध स्तूप एवं अन्य ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन किए तथा वहां के ‘नंदन फलोद्यान’ जैसे नवाचारों से परिचित हुए।
दूसरे दिन 5 दिसंबर को भोजपुर ग्राम पंचायत का विजिट किया गया। प्रतिनिधियों ने भोजपुर स्थित भगवान भोलेनाथ के प्राचीन मंदिर के दर्शन किए और स्थानीय पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास तथा छोटे-छोटे कदमों से ग्राम उन्नयन के मॉडल पर विस्तृत जानकारी दी गई।

इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर राजेंद्र कुशवाहा, जनपद अधिकारी घनश्याम मीणा सहित सरपंच कृष्ण कुमार झा, विशाल मालवीय, नरेंद्र मालवीय, लखन कीर, अनिल कहार, तथा सचिव सुरेंद्र सिंह तोमर, पवन, श्रुति, गोविंद यादव, लालजीराम मीणा, जीवन यादव, दुलारे मालवीय, विनोद यादव शामिल रहे।
सहायक सचिवों में मनोज मालवीय, राघवेंद्र तोमर, संदीप सिंह ठाकुर, सोनू चौहान, ललित पटेल, महेश चौरे, प्रवीण राजपूत, राजकुमार यादव, आशीष मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रमाण पत्र हासिल किए।
अध्ययन दौरे ने प्रतिभागियों को पंचायत विकास से जुड़े नए आयामों, नवाचारों और व्यवहारिक ज्ञान से समृद्ध किया।




Murena News : मनरेगा में 48 फर्जी जॉब कार्ड से 20 करोड़ का भ्रष्टाचार, 4 पंचायत सचिव सहित 10 पर गिरी गाज

मुरैना जिला पंचायत सीईओ ने फर्जी जॉबकार्ड से करोड़ों की राशि हड़पने वाले 4 पंचायत सचिवों को निलंबित करने के साथ ही छह जीआरएस को बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई से जिले के अन्य सचिव और जीआरएस के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

मनरेगा मजदूरों के 48 जॉब कार्ड बनाकर दो साल में निकाल ली गई 20 करोड़ मजदूरी

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिसमें बताया गया था कि “एक गांव में फर्जी नाम से मनरेगा मजदूरों के 48 जॉब कार्ड बनाकर दो साल में 20 करोड़ मजदूरी निकाल ली गई। ये मनरेगा में मजदूरी तो कर रहे है, लेकिन वोटर लिस्ट में कहीं भी इनके नाम नहीं है। जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू की।

जांच के दौरान चार पंचायतों के सचिव और आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायक दोषी पाए गए। इनके नाम सबलगढ़ जनपद की ग्राम पंचायत कढावना के पंचायत सचिव अखलेश चतुर्वेदी, कैलारस जनपद की पंचायत बहराना के बासुदेव, जौरा जनपद की पंचायत सिंघोरा के राजेंद्र कुशवाह और मुरैना जनपद की पंचायत नायक पुरा के लोकेन्द्र सिंह है। जिपं सीईओ ने इनको तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

इसी प्रकार सबलगढ़ जनपद की ग्राम पंचायत कढावना के ग्राम रोजगार सहायक बैजनाथ सिंह, पहाड़गढ जनपद की ग्राम पंचायत जडेरु के रोजगार सहायक मुकेश सिंह, निचली बहराई के भूपेन्द्र सिंह, कुकरोली पंचायत के लक्ष्मण सिंह, जौरा जनपद की ग्राम पंचायत सिंघोरा के जितेंद्र गुर्जर तथा मुरैना जनपद की ग्राम पंचायत नायकपुरा की रोजगार सहायक को बर्खास्त किया गया है।

जिला पंचायत CEO की जांच कराई गई तो शिकायत सही मिली

इस मामले में जिला पंचायत CEO कमलेश कुमार भार्गव ने बताया “पिछले दिनों शिकायत मिली थी कि कुछ लोग फर्जी जॉब कार्ड बनाकर मनरेगा से राशि हड़प रहे हैं। जब इसकी जांच कराई गई तो शिकायत सही मिली। मामले में 4 सचिव और छह जीआरएस के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।”




Murena News : विदेश यात्रा की फोटो अपलोड करना पड़ा महंगा, रोजगार सहायक आया लोकायुक्त के रडार पर

मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारी को विदेश यात्रा का फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। लोकायुक्त पुलिस की तिरछी नजर रोजगार सहायक राम अवतार धाकड़ पर पड़ गई। बता दें कि मुरैना में राम अवतार धाकड़ रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने मलेशिया की यात्रा का फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। सौरभ शर्मा प्रकरण के बाद विदेश यात्रा करने वाले सरकारी कर्मचारी जांच एजेंसी की रडार पर हैं।

लोकायुक्त पुलिस ने राम अवतार धाकड़ के ठिकानों पर छापा मारकर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी, बोलेरो, ट्रैक्टर, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मकान, कैश, देशी पिस्टल, सोने- चांदी का जेवर मिला है। देशी पिस्टल मिलने पर राम अवतार धाकड़ के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त डीजी जयदीप प्रसाद ने बताया कि रोजगार सहायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। दबिश के दौरान 2 लाख कैश और दस्तावेज बरामद किए गए। दस्तावेज का मूल्यांकन करने पर डेढ़ करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति का खुलासा हुआ।

रोजगार सहायक निकला करोड़पति

बताया जा रहा है कि रोजगार सहायक लग्जरी जीवन जीता है। रोजगार सहायक को विदेश यात्रा का भी शौक है। अब तक उसने पांच बार मलेशिया की यात्रा कर लिया है। लोकायुक्त विभाग के महानिदेशक जयदीप प्रसाद ने बताया कि भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ लगातार करवाई हो रही है। राम अवतार धाकड़ सौरभ शर्मा का प्रकरण सामने आने के बाद सुर्खियों में आ गया था। विदेश यात्रा करने वाले सरकारी कर्मचारियों पर जांच एजेंसी लगातार नजर रख रही है।