Women Empowerment Maha Sammelan : भोपाल में जुटेंगी दो लाख महिलाएं, 24 नामचीन हस्तियां करेंगी शिरकत

महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को लेकर भोपाल में तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर 24 प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहेंगी, जिनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, महिला केंद्रीय मंत्री, प्रदेश की महिला मंत्री, महिला सांसद-विधायक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और दोनों उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में प्रस्ताव पीएमओ को भेज दिया है, जिसकी स्वीकृति एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के 16 जिलों से दो लाख महिलाओं को लाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए 5 हजार बसों का अधिग्रहण किया गया है, जिनमें से भोपाल से 710 बसें रवाना होंगी। संभावना है कि बसों की संख्या बढ़ सकती है, जिसके चलते कुल 7 हजार बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई है।

संगठन की तैयारियां तेज

भारतीय जनता पार्टी द्वारा सम्मेलन में सभी महिला जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष भी शामिल हैं। 200 किमी की परिधि में आने वाले जिलों से महिलाओं को भोपाल लाया जाएगा। एक बस में 40 महिलाएं रहेंगी और प्रत्येक बस में एक गाइड तैनात किया जाएगा, जो वापसी के समय व्यवस्थाएं संभालेगा ताकि जाम की स्थिति ना बने। महिलाओं को बस में ही नाश्ता और भोजन दिया जाएगा। जंबूरी मैदान में तैयारियों का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। VIP पार्किंग मुख्य पंडाल के पास होगी, जबकि अन्य पार्किंग महात्मा गांधी स्कूल परिसर और भेल दशहरा मैदान में की गई है। 1000 अस्थायी टॉयलेट बनाए जा रहे हैं। एयरपोर्ट रोड से जंबूरी मैदान तक प्रत्येक चौराहे पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी रहेगी।

महिलाओं को सौपी जाएगी जिम्मेदारियां

भाजपा प्रदेश कार्यालय में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और महामंत्री भगवानदास सबनानी ने तैयारियों की समीक्षा कर रहे है। प्रत्येक प्रमुख व्यवस्था (आवास, भोजन, मंच, मेडिकल आदि) के लिए 1 प्रभारी और 10 सहायिकाएं नियुक्त की गई हैं। हर गेट पर 2 महिला कर्मियों की तैनाती होगी। गुरुवार को भोपाल जिले की बैठक में महिलाओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। जिला स्तर पर भी सूची भेजी जाएगी, जिसमें नाम और मोबाइल नंबर सहित जानकारी रहेगी कि किस महिला को कौन-सी जिम्मेदारी दी गई है।




Bhopal News : प्रधानमंत्री के भोपाल आगमन की तैयारियां जोरों पर, एक हजार महिलाएं आएंगी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला महासम्मेलन में शामिल होंगे। इसे लेकर तैयारी तेज हो गई है। महिला महासम्मेलन की तैयारियों की कमान बीजेपी की एक हजार महिला कार्यकर्ता संभालेंगी। इसे लेकर 27 मई को प्रदेश भाजपा कार्यालय में बड़ी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में एक्टिव महिला कार्यकर्ताओं को टोली दायित्व सौंपा जाएगा। इससे पहले शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में 31 मंडलों की बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी

जानकारी के मुताबिक पार्टी अगले तीन दिन में कमेटी बनाएगी और इन्हीं कमेटियों की जिम्मेदार महिला कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जानकारी के लिए बतादे कि यह कार्यक्रम लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

महिला मोर्चा की बैठक में बनी रणनीति

महासम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की महिला मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवान सबनानी, मोहन सरकार में मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना जाचक एवं मनोज राठौर भी मौजूद रहे। बैठक में आयोजन संबंधी टोली बनाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सभी 31 मंडलों से दो-दो महिला प्रतिनिधियों को बुलाया गया था। यहां तय हुआ है कि 27 मई की शाम पार्टी की 1000 महिला कार्यकर्ताओं की बैठक होगी, जिसमें दायित्व सौंपे जाएंगे। पीएम मोदी महिला सम्मेलन में आ रहे हैं, इसलिए सभी प्रमुख कार्य महिलाओं को ही सौंपने का निर्णय लिया गया है।

हर मंडल से 20 नाम तय किए

पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए पार्टी ने भोपाल की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपने के लिए हर मंडल से 20 नाम तय किए हैं। इसमें से दो महिला कार्यकर्ताओं को शनिवार की बैठक में बुलाया गया था। अब प्रदेश संगठन के साथ होने वाली बैठक में सभी मंडलों से आने वाली महिला प्रतिनिधियों के साथ 1000 महिला कार्यकर्ता, पदाधिकारी को बुलाया गया है।




PM Modi Address to Nation: आज रात आठ बजे पीएम मोदी देश को संबोधित करेंगे, ऑपरेशन सिंदूर के बाद होगा पहला बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह देश के नाम पहला संबोधन होगा। भारतीय सेना की सख्त चेतावनियों के बाद अब पीएम मोदी के संबोधन पर पूरी दुनिया की नजरें हैं।




Mp News : दिग्गी बोले- कांग्रेस ने शुरू की तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया, मोदी को श्रेय नहीं मिलना चाहिए

26/11 मुंबई आतंकी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है। सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले की नींव कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में रखी थी और मौजूदा केंद्र सरकार इसका श्रेय नहीं ले सकती। दिग्विजय सिंह ने कहा कि तहव्वुर राणा 26/11 हमलों में शामिल था और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तभी संभव हो सकी जब यूपीए सरकार ने समय रहते उसकी भूमिका को जांच में शामिल किया और उसे अमेरिका में गिरफ्तार करवाया गया। 14 साल की सजा पूरी करने के बाद अब उसे भारत लाया गया है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी या उनकी सरकार का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कार्रवाइयों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और जो भी सरकारें देशहित में कदम उठाएं, उन्हें ईमानदारी से श्रेय मिलना चाहिए।

बता दें 26/11 हमले के सिलसिले में तहव्वुर राणा को अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था। उसे हाल ही में भारत प्रत्यर्पित किया गया है, जिसे लेकर केंद्र सरकार ने इसे बड़ी कूटनीतिक जीत बताया है। लेकिन कांग्रेस का कहना है कि यह कार्रवाई उन्हीं की सरकार के समय शुरू की गई प्रक्रिया का परिणाम है। इससे पहले भी कांग्रेस ने विभिन्न सुरक्षा मामलों में केंद्र सरकार पर श्रेय लेने के आरोप लगाए हैं।

तहव्वुर राणा, जो पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक हैं, पर 26/11 हमलों की साजिश रचने, हत्या, आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने और जालसाजी के गंभीर आरोप हैं। राणा को गुरुवार को भारत लाया गया और दिल्ली की अदालत ने उसे 18 दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि राणा की भूमिका केवल मुंबई तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह अन्य भारतीय शहरों में भी बड़े पैमाने पर आतंकी हमलों की योजना बना रहा था।




Ashoknagar News : पीएम मोदी आज ईसागढ़ के आनंदपुर धाम जाएंगे, गुरुजी महाराज मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप शुक्रवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में ईसागढ़ तहसील के आनंदपुर धाम आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी गुरुजी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे और आनंदपुर धाम स्थित मंदिर परिसर का भ्रमण भी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि हम देश की सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में शुक्रवार दोपहर करीब 3:15 बजे मध्य प्रदेश के ईसागढ़ में गुरुजी महाराज मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद आनंदपुर धाम में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

बता दें, आध्यात्मिक और पारमार्थिक उद्देश्य से स्थापित आनंदपुर धाम 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां आधुनिक गौशाला संचालित है, जिसमें 500 से अधिक गौवंश है। आनंदपुर ट्रस्ट यहां कृषि कार्य भी कर रहा है। श्री आनंदपुर ट्रस्ट ग्राम सुखपुर तहसील ईसागढ़ में 1977 से चैरिटेबल अस्पताल संचालित है। यहां मरीजों के लिए 125 बिस्तरों की व्यवस्था है। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 600 मरीजों की ओपीडी संचालित है। यहां एमडी फिजिशियन, डेंटल स्पेशलिस्ट, एमएस जनरल सर्जरी, एम.एस. आर्थोपेडिक, कॉर्डियोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट तथा नेत्र सर्जन पदस्थ हैं। वर्ष में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी यहां आयोजित किए जाते हैं। ट्रस्ट द्वारा आनंद प्राथमिक विद्यालय सुखपुर, आनंद माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर तथा आनंद मिडिल स्कूल ग्राम सुखपुर में संचालित हैं, जिसमें 62 शिक्षक-शिक्षिकाएं पदस्थ हैं एवं 1215 छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं।

श्री आनंदपुर ट्रस्ट के अन्य महत्वपूर्ण सत्संग केंद्र श्री प्रयागधाम जिला पुणे (महाराष्ट्र), श्री आनंदपुर सत्संग ट्रस्ट जम्मू, अमरधाम चैम्बूर मुंबई (महाराष्ट्र), विवेक धाम बेंगलुरू (कर्नाटक), स्वरूप धाम पथरीताल गोंडा (उ.प्र.), आनंदधाम पंचगुणी जिला सतारा (महाराष्ट्र), आनंदधाम वसंतकुंज (दिल्ली) तथा श्री संतनगर जिला धौलपुर (राजस्थान) में संचालित है। मध्य प्रदेश में पुनीत धाम जिला शिवपुरी, परमधाम जिला ग्वालियर और सुखधाम जिला इंदौर में ट्रस्ट के सत्संग केंद्र स्थापित हैं। श्री आनंदपुर ट्रस्ट एवं इसके अन्य आश्रमों में वैशाखी, गुरु पूर्णिमा, दीपावली, मकर संक्रांति और श्री परमहंस जी का जन्मोत्सव पर्व मनाया जाता है।




Mp News : शराबबंदी के बाद पीएम का आज किसी धार्मिक स्थल पर पहला दौरा, पीतांबरा माई के करेंगे दर्शन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को नवरात्रि के छठे दिन दतिया स्थित पीतांबरा माई के दर्शन करेंगे। धार्मिक नगरों एवं ग्राम पंचायतों में शराबबंदी लागू होने के बाद किसी धार्मिक स्थल का ये मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पहला दौरा होगा। लोकमाता अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में 24 जनवरी को हुई कैबिनेट में 19 धार्मिक नगरों और ग्राम पंचायतों में शराबबंदी के फैसले को मंजूरी दी गई थी। सभी 19 धार्मिक स्थलों पर एक अप्रैल से शराबबंदी लागू हो गई है। इसमें उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मंडलेश्वर, ओरछा, मैहर, चित्रकूट, दतिया, पन्ना, मंडला, मुलताई, मंदसौर और अमरकंटक की संपूर्ण नगरीय सीमा में एवं सलकनपुर, कुंडलपुर, बांदकपुर, बरमानकलां, बरमानखुर्द और लिंगा की ग्राम पंचायत सीमा में समस्त बार एवं मदिरा दुकानों को बंद किया जा चुका है।

पीतांबरा पीठ के दर्शन करेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार सुबह दतिया पहुंचकर मां पीतांबरा पीठ के दर्शन करेंगे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके बाद दतिया स्थित स्टेडियम में धन्यवाद सभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 9.30 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल से दतिया के लिए प्रस्थान करेंगे। सुबह 10.45 बजे मुख्यमंत्री दतिया पहुंचकर पीतांबरा माई के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।

अशोकनगर में तैयारियां का लेंगे जायजा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को अशोकनगर जिले की तहसील ईसागढ़ की ग्राम पंचायत आनंदपुर स्थित श्री आनंदपुर ट्रस्ट भी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12.40 बजे हेलीकॉप्टर से दतिया से दोपहर 01.10 बजे आनंदपुर ट्रस्ट हेलीपेड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री श्री आनंदपुर ट्रस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 अप्रैल को प्रस्तावित भ्रमण की तैयारियों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे आनंदपुर ट्रस्ट हेलीपेड से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।