Mandla News : लोन के नाम पर महिलाओं से लाखों रुपए ठगे

लोन दिलाने के झांसे में फंसा कर महिलाओं से लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को मंडला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रोशन कुमार चौधरी उर्फ अरविंद कुमार मेहता ने खुद को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का प्रतिनिधि बताकर भोली-भाली महिलाओं को 1.20 लाख रुपए का ब्याजमुक्त लोन दिलाने का लालच दिया और उनसे बीमा शुल्क के नाम पर ठगी की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मंडला और जबलपुर जिले के बीजाडांडी, मनेरी, टिकारिया, कुण्डम और बरेला क्षेत्र की लगभग 235 महिलाओं को अपना शिकार बनाया। प्रत्येक महिला से उसने 1550 रुपए बीमा शुल्क के नाम पर वसूले। इस प्रकार आरोपी ने कुल 3 लाख 64 हजार 250 रुपए की ठगी की। इसके अलावा, महिलाओं से आधार कार्ड, समग्र आईडी और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी भी ली, जो संभवतः अन्य फर्जीवाड़ों में इस्तेमाल की जा सकती थी।

इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा 7 जून 2025 को हुआ, जब ग्राम झुरकी की 15 महिलाओं ने बीजाडांडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी निवास के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने आरोपी को जबलपुर के ग्वारीघाट क्षेत्र से धर दबोचा। आरोपी के पास से पुलिस ने सुजुकी सियाज कार, पल्सर बाइक, दो मोबाइल फोन और कई फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 11.77 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कई जालसाजी के तरीके अपनाए। उसने अपनी मां के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और दूसरों के आधार कार्ड पर अपनी फोटो चिपका कर खुद को वैध दर्शाने की कोशिश की।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर यह भी पता चला कि आरोपी रोशन कुमार पर पहले से ही पाटन, शहपुरा, कंटगी, माढोताल और बरेला थानों में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े कुल चार मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि उसके साथ इस ठगी में और कौन-कौन शामिल थे और महिलाओं से प्राप्त दस्तावेजों का उसने आगे क्या उपयोग किया। मंडला पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मानते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी योजना या लोन ऑफर के झांसे में न आएं, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।




Mandla News : कान्हा टाइगर रिजर्व में बाइसन के हमले में वनरक्षक गंभीर रूप से घायल

कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत फेन अभयारण्य में वन्यप्राणी गणना के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक जंगली बायसन ने ड्यूटी पर तैनात वनरक्षक दिलीप कुमार रजक पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वनरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें पहले बिछिया अस्पताल, फिर मंडला जिला अस्पताल और अंततः जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना शनिवार सुबह बाबूझिरिया बीट की है, जहां वनरक्षक दिलीप रजक ‘फेज-4 ट्रांजेक्ट लाइन सर्वे’ के तहत वन्यप्राणियों की गणना कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक बायसन ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बायसन के तेज सींगों की चपेट में आकर दिलीप रजक के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पास ही मौजूद अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल सूचना परिक्षेत्र अधिकारी रेवाराम झरिया को दी।

रेवा झरिया ने तुरंत घायल वनरक्षक को बिछिया अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्बुलेंस से मंडला जिला चिकित्सालय लाया गया। सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के अनुसार, दिलीप रजक की रीढ़ की हड्डी और पसलियों में फ्रैक्चर है, साथ ही पेट में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

कान्हा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर (कोर) पुनीत गोयल ने बताया कि घायल वनरक्षक जबलपुर के अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्हें मल्टीपल फ्रैक्चर और मांसपेशियों में भी गंभीर चोटें आई हैं। वन विभाग द्वारा इलाज और परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

गौरतलब है कि इस समय पूरे टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणी गणना का कार्य चल रहा है, जिसके लिए वनकर्मियों को गहन जंगलों में ट्रांजेक्ट लाइन सर्वे करना होता है। इस दौरान ऐसे जंगली जानवरों से खतरा बना रहता है, जिनकी संख्या और मूवमेंट का आंकलन इसी सर्वे के माध्यम से किया जाता है।




Mandla News : जबलपुर-मंडला गैंगरेप मामले के दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर-मंडला में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस जिस झारखंड के युवक को आरोपी मान रही थी, असल में मुख्य आरोपी मंडला का था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर नाबालिग को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। जबलपुर पुलिस ने मंडला के अभिषेक ठाकुर और हेमंत को गिरफ्तार कर शनिवार शाम कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

मामले के अनुसार जबलपुर के गढ़ा में रहने वाली 14 साल की नाबालिग की एक साल पहले स्नैपचैट पर राजन नाम के लड़के से दोस्ती हुई थी। 29 अप्रैल को वह अचानक घर से लापता हो गई और एक मई को वापस आई। उसने बताया कि एक दोस्त ने उसे कान्हा नेशनल पार्क घूमने के बहाने मंडला बुलाया। वहां एक सूने मकान में दुष्कर्म किया गया। गढ़ा थाना पुलिस ने राजन और उसके साथी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

झारखंड का राजन नहीं, मंडला का युवक निकला आरोपी

नाबालिग ने पुलिस को राजन का नाम बताया, जो झारखंड का था, लेकिन उसकी मोबाइल लोकेशन रांची में मिली। पूछताछ में लड़की ने खुलासा किया कि दुष्कर्म मंडला के एक युवक ने अपने दोस्त के घर ले जाकर किया। उसने दो मोबाइल नंबर दिए एक राजन का, दूसरा उस युवक का, जिसने बस में बात के दौरान उसे अपने साथ ले गया।

बस में शुरू हुई वारदात

नाबालिग ने बताया कि वह राजन से मिलने रायपुर जा रही थी। बस में अभिषेक ने बहाने से उसका नंबर लिया और मंडला में उसे उतारकर होटल ले गया। फिर हेमंत के घर ले जाकर दुष्कर्म किया। अगले दिन उसे रायपुर की बस में बैठाया, लेकिन बस खराब होने पर वह जबलपुर लौट आई।

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से पकड़े आरोपी

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर मंडला के अभिषेक ठाकुर (22) और उसके साथी हेमंत (35) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि शुरू में राजन पर शक था। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर अभिषेक और हेमंत को गिरफ्तार किया गया। यह जटिल केस पुलिस की सूझबूझ और तकनीक से सुलझा।




Mandla News : पिकअप और ऑटो की टक्कर में दस लोग घायल

मंडला जिले के बम्हनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पिकअप और ऑटो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दस लोग घायल हो गए। यह हादसा बम्हनी फॉरेस्ट नाका के पास उस समय हुआ जब एक पिकअप वाहन सिवनी से अस्थियां लेकर संगम की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहा ऑटो मंडला की ओर बढ़ रहा था। अचानक दोनों वाहनों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे ऑटो पलट गया और पिकअप सड़क से नीचे खेत में जा घुसा।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को बम्हनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में घायल हुए लोगों में कोहली मरावी (60) निवासी मांगा, यशवंत यादव (35) निवासी टाटरी, गहिया उईके (50) निवासी मंडला, रहिया (65) निवासी खैरलांजी, कृष्णा (44) निवासी धनवाही, शशि (40) निवासी खिमरहा, सावित्री (55) निवासी धनपुरी, हर्षिता (15) निवासी टाटरी, मंजू (60), और सेवकली उइके (60) शामिल हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। पिकअप वाहन भी दुर्घटना के बाद असंतुलित होकर खेत में जा घुसा। हादसे के बाद दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल बम्हनी पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर संतुलन खोने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चालक की जिम्मेदारी को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

यह दुर्घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि सड़कों पर तेज रफ्तार और असावधानी कितनी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है। प्रशासन से लेकर आमजन तक सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।