Maihar News: मैहर वन क्षेत्र में जंगली हाथियों की दस्तक, ग्रामीण इलाकों में दहशत

रामनगर तहसील के कई गांवों में मूवमेंट, प्रशासन अलर्ट मोड पर

मैहर/रामनगर। जिले के वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आमद से ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार हाथियों का एक दल वन मंडल उत्तर शहडोल से निकलकर वन मंडल सीधी होते हुए मैहर वन क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। वन विभाग ने फिलहाल दो हाथियों की आधिकारिक पुष्टि की है, हालांकि स्थानीय स्तर पर संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

हाथियों की गतिविधियां रामनगर तहसील के ग्राम भैंसरा, मनकेश्वर, सरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में दर्ज की गई हैं। ग्रामीणों ने देर रात खेतों और वन सीमाओं के पास हाथियों की आवाजाही देखी, जिसके बाद वन विभाग और प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। एहतियातन गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

ट्रैकर लगे हाथी की जीपीएस से निगरानी

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथियों के दल में शामिल एक हाथी पर ट्रैकर लगाया गया है। जीपीएस सिस्टम के माध्यम से उसकी लोकेशन लगातार मॉनिटर की जा रही है। विशेषज्ञों की टीम हाथियों की दिशा, गति और संभावित मार्ग का आकलन कर रही है, ताकि उन्हें आबादी से दूर सुरक्षित जंगल क्षेत्रों की ओर मोड़ा जा सके।
बिजली सप्लाई बंद, संयुक्त गश्त तेज
किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए प्रभावित गांवों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। खुले तारों या ट्रांसफॉर्मरों से हाथियों अथवा ग्रामीणों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।

वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से ग्रामीणों को घरों में रहने, खेतों में अकेले न जाने और रात में बाहर न निकलने की हिदायत दी जा रही है।

फसलों को नुकसान, जनहानि नहीं
हाथियों के मूवमेंट से कुछ किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है, हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन ने प्रभावित किसानों को सर्वे के बाद नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

अफवाहों से बचने की अपील
वन विभाग की विशेष टीम हाथियों को बिना किसी नुकसान के उनके प्राकृतिक आवास की ओर वापस भेजने की रणनीति पर काम कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन सर्विलांस और अतिरिक्त बल की मदद भी ली जा सकती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हाथियों को उकसाने, घेरने या उनके पास जाने की कोशिश न की जाए, क्योंकि इससे वे आक्रामक हो सकते हैं।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, हाथियों के पास जाकर वीडियो बनाने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सतर्क रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और लगातार निगरानी की जा रही है।




Maihar News : मैहर में एक बार फिर मानवता शर्मसार हुई – एक और बेटी हुई हैवानियत का शिकार

मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र से झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक महिला के साथ आठ दिन में दो बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, महिला के साथ मारपीट कर उससे लूट भी की गई। इससे शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि 15 जून को वह अपने बुआ के लड़के के साथ पपरा मंदिर दर्शन के लिए गई थी, तभी रास्ते में 6 अज्ञात युवकों ने उसे पकड़कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसके गहने और नकदी भी लूट लिए। आरोपियों ने किसी को भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से महिला ने शिकायत दर्ज नहीं करा सकी।

23 जून को पीड़िता दोबारा बुआ के घर जा रही थी, तो उन्हीं आरोपियों ने उसे फिर से पकड़ लिया और दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता ताला थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और लूट का केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

ताला थाना क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी एक मजदूर महिला के साथ दुष्कर्म कर उसे कुएं में फेंक दिया गया था। वह महिला गंभीर हालत में पाई गई थी, बाद में उसे रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दुष्कर्म की जानकारी दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हैं।




MP News: शराब के नशे में धुत युवक ने उचित मूल्य की दुकान पर मचाया हंगामा, लोगों से की मारपीट और खाद्यान्न वितरण मशीन लेकर भाग गया

मैहर जिले के अमरपाटन विकासखंड के अंतर्गत ग्राम मुकुंदपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नशे में धुत युवक ने उचित मूल्य की दुकान में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। युवक ने न सिर्फ कोटेदार और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, बल्कि खाद्यान्न वितरण में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ सेल (ePOS) मशीन भी उठाकर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब उचित मूल्य की दुकान पर नियमित रूप से राशन वितरण किया जा रहा था। कोटेदार और कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध करा रहे थे। तभी एक युवक नशे की हालत में दुकान में घुसा और बिना किसी कारण के कर्मचारियों से बहस करने लगा। बात बढ़ने पर उसने कोटेदार और अन्य कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब युवक दुकान में रखी ePOS मशीन को जबरन उठाकर वहां से भाग गया। इस मशीन के गायब होने के कारण तत्काल राशन वितरण प्रक्रिया बाधित हो गई, जिससे लाभार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोटेदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मशीन की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




Maihar News : नागपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, एक दर्जन यात्री घायल

मध्यप्रदेश के मैहर में शुक्रवार रात एक बस अनियंत्रित होकर नेशनल हाइवे पर दस फुट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में करीब दस यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के मऊ से नागपुर जा रही आभा ट्रैवल्स की स्लीपर बस अमरपाटन थाना क्षेत्र के झिन्ना नाला के पास अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खेत में गिर गई और पलट गई।

थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया कि बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। बस की लाइट ठीक से नहीं जल रही थी और चालक को बस पर नियंत्रण खो देना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि जौनपुर के पास बस के चालक और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद चालक बदला गया था। इसके बाद बस पूरी तरह से असंतुलित होकर अमरपाटन के पास खेत में गिर गई।

घायल यात्रियों की जानकारी

इस हादसे में घायल हुए यात्रियों में माया सरोज (31 वर्ष, गाजीपुर), अविता सरोज (16 वर्ष, आजमगढ़), प्रकाश कुमार (7 वर्ष, गाजीपुर), अंकिता वलोल (9 वर्ष, नागपुर), हर्षिता वलोल (11 वर्ष, नागपुर), रेणु सिंह (55 वर्ष, इलाहाबाद), स्वाति सिंह (28 वर्ष, इलाहाबाद), मनीष मौर्य (30 वर्ष, आजमगढ़), अच्छेलाल चौहान (36 वर्ष, मऊ) और मुकेश यादव (25 वर्ष, आजमगढ़) शामिल हैं।

दो घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी सभी की हालत सामान्य है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




Maihar News : मैहर और सतना में बारिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, हजारों क्विंटल धान बारिश में भीगा

Rain increased the problems of people in Maihar and Satna

भीगता हुआ धान

Rain Increased The Problems Of People In Maihar And Satna : मैहर और सतना जिले में आज सुबह से झमाझम बारिश देखने को मिली है। बारिश की वजह से खरीदी केंद्रों में रखी हजारों क्विंटल धान पूरी तरह भीग गई, मौसम विभाग के अलर्ट के बाद भी ये सबसे बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रदेश के 8 जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद से आज मैहर जिले में जोरदार बारिश देखना को मिली है।

शनिवार को सुबह से ही बारिश जारी है। इस बीच कुछ लापरवाही की तस्वीर भी सामने आई है। जिले में खुले में सैकड़ों खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान पूरी तरह से खराब हो चुके हैं। ऐसे में खरीदी केंद्र के बाहर रखे किसानों की धान भी पूरी तरह से खराब हो चुकी है।




Maihar News : 30000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया जेई

मैहर में लोकायुक्त की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां लोकायुक्त टीम ने बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। रिश्वतखोर जूनियर इंजीनियर ने एक राइस मिल चक्की मालिक से उसके खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज कराने की धमकी देकर 67 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। चक्की मालिक की शिकायत पर रीवा लोकायुक्त ने रिश्वतखोर जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा है।

मध्य प्रदेश के मैहर में उस वक्त विभागों में हड़कंप मच गया जब लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर दो जगहों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान कड़ाके की ठंड में रिश्वत के पैसों से जेब गर्म करने वाले घूसखोरों पर नकेल कसी गई।

मैहर के ताला में पदस्थ मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के जूनियर इंजीनियर राकेश पटेल को रीवा लोकायुक्त की टीम ने 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए को रंगे हाथों पकड़ा है। रिश्वतखोर जूनियर इंजीनियर राकेश पटेल ने राइस मिल संचालक सुशील कुमार कुशवाहा को बिजली चोरी के केस में फंसाने की धमकी दी थी। इसके लिए उसने 67 हजार रूपए रिश्वत की मांग की थी। जिसकी शिकायत फरियादी सुशील कुमार ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में की थी।

बिजली चोरी के केस में फंसाने की दी थी धमकी

शिकायतकर्ता भरड़ा गांव निवासी सुशील कुमार कुशवाहा ने बताया कि मेरी राइस मिल की चक्की है। जिसके लिए 20 एचपी का कनेक्शन लिया है। जूनियर इंजीनियर बिजली चोरी की झूठी वीडियो बनाकर फंसाने की धमकी देकर 67 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। हम तीस हजार रुपए लेकर पहुंचे थे। और इसकी शिकायत लोकायुक्त में की थी।

67 हजार में मामला हुआ था सेट

लोकायुक्त डीएसपी प्रवेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुशील कुशवाहा है। वह चक्की मालिक है। जूनियर इंजीनियर राकेश पटेल द्वारा 12 तारीख को अपनी टीम के साथ शिकायतकर्ता के यहां जाकर वीडियो बनाया गया। और उसे धमकी दी गयी थी कि बिजली चोरी का 2 लाख 90 हजार का केस बना देंगे। फिर जेई द्वारा कहा गया कि आप 67 हजार दे दो केस नही बनाएंगे। उनके द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत लोकायुक्त रीवा में की थी। जेई द्वारा दो हजार कम करके 65 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। जिसमें से 30 हजार रुपये लेते हुए आरोपी जूनियर इंजीनियर राकेश पटेल को ट्रैप किया गया है।