Khandwa News: आधी रात को अपराधियों को गिरफ्तार करने आ रही पुलिस को देखकर बदमाश सहमे

The miscreants were shocked to see the police coming to arrest the criminals at midnight

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान

मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाए रखने और आसामाजिक तत्वों की धर पकड़ के साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से शनिवार और रविवार की दरमियानी रात प्रदेशव्यापी नाइट कांबिंग ऑपरेशन पूरे प्रदेश भर में चलाया गया। इसी के चलते प्रदेश के खंडवा जिले में भी देर रात नगर के तीनों थानों के पुलिस बल को पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय के द्वारा पहले तो पुलिस कंट्रोल रूम में इस अभियान से संबंधित जानकारी दी गई, जिसके बाद रात करीब 12 बजे एसपी मनोज राय और एएसपी महेंद्र तारणेकर सहित जिले के सभी थानों में से कुल 260 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों का बल नाइट कांबिंग ऑपरेशन हेतु गश्ती पर निकला। जिसमें पुलिस अधीक्षक सहित 6 राजपत्रित अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस बल ने कई हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के घर जाकर उन्हें चेक किया, तो वहीं कई बदमाशों और उनके परिजनों को भी अपराध से दूर रहने की समझाइश दी गई।

वहीं इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि आज पूरे जिले में नाइट कांबिंग पेट्रोलिंग चलाई जा रही है और डिजी सर के आदेश पर पूरे प्रदेश में ही यह अभियान आज चलाया जा रहा है। इसी के तहत खंडवा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी जिले में अलग-अलग टीमें बनाकर, जितने भी जिले के गिरफ्तारी वारंटी है, स्थाई वारंटी हैं या इनामी बदमाश हैं, साथ ही गंभीर अपराधों के ऐसे अपराधी जो फरार चल रहे हैं, साथ ही जिला बदर के प्रभावशील अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें अलग-अलग थानों की अलग-अलग टीमें लगातार चेकिंग भी कर रही हैं, और ऐसे लोगों के घरों पर जाकर तलाश भी कर रही हैं।

वहीं एसपी राय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यही है कि जो भी असामाजिक तत्व बाहर घूम रहे हैं, उनके खिलाफ इस अभियान के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई कर सकें। साथ ही उन्होंने बताया कि बकरा ईद को लेकर भी पूर्व के वर्षों में जो गौवंश से जुड़े मामलों में आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, उन्हें भी पुलिस चेक कर रही है। और यह सुनिश्चित किया जाएगा की उस तरह की कोई अवैध गतिविधि में वे संलिप्त नहीं रहें। साथ ही त्यौहार को लेकर जितने धार्मिक स्थल हैं, उन सभी धार्मिक स्थलों की भी हम चेकिंग कर रहे हैं। ताकि किसी तरह कि वहां पर अप्रिय स्थिति नहीं बने। साथ ही बकरा ईद को लेकर भी बाहर से पुलिस फोर्स मंगाया गया है, जिसके चलते त्योहार को पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच शांति के साथ मनाया जाएगा।

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान

खंडवा जिले में चलाया गया नाइट कांबिंग गश्त अभियान




Khandwa News: खेतों में केले की फसल के बीच छिपाकर बेची जा रही थी अवैध हाथ निर्मित महुआ शराब

Burhanpur Crime Illegal hand-made Mahua liquor was being sold from fields by hiding it among banana crop

खेतों से जब्त की गई अवैध शराब

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की नेपानगर थाना पुलिस अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी बीच ग्राम डवालीखुर्द में केले के फसल के बीज खेतों में छिपा कर रखी गई अवैध कच्ची हाथ भट्टी महूआ शराब को जब्त किया है। वहीं इसे बेचने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है।

बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल के अनुसार रविवार को थाना नेपानगर पर मुखबिर से ग्राम डवालीखुर्द में भारी मात्रा में अवैध कच्ची महूआ शराब विक्रय करने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी ने टीम बनाकर बताए गए स्थान पर दबिश दी। जहां पुलिस टीम को एक महिला कच्ची महुआ शराब भारी मात्रा में लेकर खड़ी हुई दिखी। पूछताछ में उसने अपना नाम रेखा बाई पति अनिल जाति भीलाला (35) निवासी डवालीखुर्द बताया। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर उसके घर के सामने केली के खेत में 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई जो कि 15-15 लीटर वाली 4 केनों में बेचने के लिए भरकर रखी गई थी। इसके बाद आरोपी रेखा बाई को गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ थाना नेपानगर में अपराध क्रमांक 426/2024 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का पंजीबद्ध किया गया।




Khandwa News: बिहार से गांजा लाकर इंदौर में किया जा रहा अवैध कारोबार

The illegal business of hashish was being carried out in Indore by bringing it from Bihar

पुलिस गिरफ्त में आया इंदौर का चरस तस्कर

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने लोगों को नशे का आदि बनाने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार से चरस की खेप लाकर इंदौर में नशे का काला कारोबार करता था। इसके लिए वह इंदौर से खंडवा का सफर बस से करने के बाद, खंडवा से बिहार तक का सफर ट्रेन के जरिए पूरा करता था। इस बार बिहार से नशे की खेप लाते हुए जब वह खंडवा रेलवे स्टेशन पर उतरा तो पुलिस को इसकी भनक लग गई। पुलिस की टीम ने स्टेशन से बाहर निकलते ही पार्किंग एरिया में उसे पकड़ लिया । इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के पास से 18.5 लाख की चरस जब्त की है।

इंदौर में बिकती थी 300 से 500 रुपये की पुड़िया

जानकारी के अनुसार आरोपी कुछ महीने पहले ही इसी तरह के अपराध में 10 साल की सजा काटकर आया है। जेल से निकलने के बाद वह फिर नशे के काले कारोबार में लिप्त हो गया। फिलहाल पुलिस ने उसे एक दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में उसने इंदौर के चंदन नगर में 300 से 500 रुपए में पुडिया बनाकर चरस बेचना बताया है। आरोपी युवक समीरूद्दीन शेख पिता सरफुद्दीन शेख (35) चंदन गुरु अखाड़े की गली बड़वाली चौकी मल्हारगंज इंदौर का का रहने वाला है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

आरोपी से 18.5 लाख की चरस जब्त

खंडवा सीएसपी अरविंद तोमर ने बताया कि आरोपी के पास मिले कपड़े के थैले की तलाशी ली गई तो इसमें एक प्लास्टिक की थैली में चरस मिला। आरोपी से 3 किलो 700 ग्राम चरस बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 50 हजार रुपए है। उस पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस से बचने करता था बस का इस्तेमाल

इंदौर निवासी समीरुदीन शेख को एनडीपीएस एक्ट में दस साल की सजा हुई थी। कुछ माह पहले ही वह जेल से छूटा है। इसके बाद फिर चरस के इस काले कारोबार में लग गया। पुलिस से बचने के लिए वह बस में बैठकर खंडवा आता था और यहां से ट्रेन में सवार होकर बिहार जाता था। इस बार बिहार से वापस आते समय वह खंडवा की कोतवाली पुलिस के हाथ लग गया।




Burhanpur News : खेत में काम कर रहे मजदूरों पर तेंदुए ने किया हमला

 

Burhanpur News : Leopard attacked the workers working in the field

तेंदुए के हमले में घायल हुए मजदूरों का इलाज करते डॉक्टर

 

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के आदिवासी बहुलता वाले क्षेत्र में रविवार सुबह तेंदुए ने खेत में काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया। इस दौरान एक नाबालिग सहित तीन लोग इस हमले में घायल हुए हैं। एक घायल का तो कान ही शरीर से अलग हो गया। सूचना मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को बचाया। तेंदुए के पीछे कुत्ते लपक पड़े, जिसका वीडियो भी कुछ ग्रामीणों ने बनाकर वायरल कर दिया। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही वन अमला भी मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों के परिजनों को तत्काल दो-दो हजार रुपये की सहायता राशि भी उपलब्ध कराई है। हालांकि, फिलहाल क्षेत्र में तेंदूए के इस हमले से दहशत का माहौल बना हुआ है ।

 

बुरहानपुर जिले के धूलकोट क्षेत्र के दवाटिया गांव में रविवार सुबह खेत पर मजदूरी करने गए तीन लोगों पर तेंदूए ने हमला कर दिया। तेंदूए ने इस हमले में एक शख्स के कान पर हमला किया था, जिससे उसका कान शरीर से अलग हो गया। वह अपने कान के हिस्से को दोबारा जुडवाने के लिए जिला अस्पताल में साथ लेकर पहुंचा। हालांकि डॉक्टरों ने उसका कान वापस से शरीर से नहीं जुड़ने की बात कही, जिससे वह मायूस हो गया। धूलकोट के दवाटिया क्षेत्र में खेत में काम करने गए तीन आदिवासी मजदूरों पर तेंदूए ने हमला कर दिया था। एक 15 वर्षीय नाबालिग सहित दो अन्य मजदूर भी घायल हो गए। घायलों का नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया गया। जहां से सभी घायलों को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना पर धुलकोट रेंजर एमडी माणिकपुरी ने तत्काल घायलों के परिजनों को दो-दो हजार की आर्थिक सहायता राशि भी दी।

रविवार हुए तेंदुए के हमले में यह हुए हैं घायल

रविवार सुबह तेंदुए ने खेर में काम कर रहे मजदूरों पर हमला किया था । तेंदुए के इस हमले में मेहरबान(15) निवासी बोरी बुजुर्ग को सिर में गंभीर चोट आई। वहीं बोरी बुजुर्ग में ही खेत में काम कर रहे मांगीलाल कोतबाल (50) पर पीछे से तेंदुए ने हमला किया था । इनके साथ ही मांगीलाल की पीठ पर और सामने सीने के आसपास चोट लगी है । इसी तरह ग्राम दवाटिया में भी तेंदुए ने हमला किया था । इसमें वुधा पिता पोटला (42) का कान शरीर से अलग हो गया था ।

ग्रामीणों पर हमले के बाद तेंदुए पर लपके कुत्ते

 

ग्राम दवाटिया में मजदूर वुधा खेत में काम कर रहा था, तभी उस पर तेंदुए ने हमला कर उसका कान काट लिया। दो कुत्ते तेंदुए के पीछे लपक गए। इसका कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया। यह वीडियो वायरल भी हो गया। वन रक्षक कमलेश रघुवंशी ने बताया कि तेंदुए के बदा पर हमले के बाद कुत्ते तेंदुए के पीछे दौड़े थे।

तेंदुए के हमले में घायल हुए मजदूरों का इलाज करते डॉक्टर

तेंदुए के हमले में घायल हुए मजदूरों का इलाज करते डॉक्टर।




Khandwa News: कच्चे मकान में प्लास्टर करने के लिए मिट्टी निकालने गई महिलाओं पर खदान ढह गई

 

The mine collapsed on the women who had gone to extract soil to plaster their kutcha houses

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण

 

खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नांदिया खेड़ी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई, तो वहीं दो अन्य घायलों का फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को गांव की पांच महिलाएं घरों की लीपा-पोती करने के लिए पास ही के नाले में खदान से सफेद मिट्टी निकालने गई थीं। इस दौरान खदान धंसने से तीन महिलाएं इसकी चपेट में आ गई। जिसमें एक महिला दुर्गा बाई पत्नी अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो महलिाएं पेमल बाई पत्नी सतीश व सजनी बाई को ग्रामीणों ने निकालकर घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है, जिन्हें मामूली चोटें आई है।

 

हादसे के वक्त मौजूद थी पांच महिलाएं

 

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त खदान में पांच महिलाएं काम कर रही थीं। वहीं घटना में घायल पेमलबाई के पति सतीश ने बताया कि मिट्टी की खदान के भीतर खुदाई करने के दौरान यह हादसा हुआ है। एक महिला की खदान में दबने से मौत हो गई है। दो महिलाओं को गांव वालों ने बाहर निकाल लिया था, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। अन्य दो महिलाएं को हल्की चोंटे आई है।

आदिवासी बहुलता वाले गांव में बने हैं कई सारे कच्चे मकान

 

बता दें कि ग्राम नांदिया खेड़ी, पंधाना ब्लाक का अंतिम गांव है, जो कि आदिवासी बहुलता वाला गांव है। गांव में पीएम आवास योजना के बावजूद अब भी कई कच्चे मकान बने हुए हैं। गर्मी के समय बड़े चूहे इन मकानों की मिट्टी से बनी दीवार को कुरेद देते हैं। जिससे की मकान की नींव कमजोर हो जाती है। इसलिए वर्षा से पहले उसकी मरम्मत के लिए महिलाएं मिट्टी लेने गांव के बाहर गई थीं। यह मिट्टी अलग तरह की होती है, जिसे निमाड़ में पांढर माटी के नाम से भी जाना जाता है। इस मिट्टी की लिपाई पुताई से घरों की सुंदरता भी बढ़ जाती है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश महिलाएं इसी मिट्टी का उपयोग कच्चे घरों की लीपा-पोती में करती हैं।




Khandwa News: खंडवा में देर रात बदमाशों ने कूलर मैकेनिक से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया

 

The miscreants had robbed the cooler mechanic late at night by assaulting him in khandwa

पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए लूट के आरोपी

 

शहर के शिक्षक नगर के पास मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम देने के इस मामले में फरियादी ने थाने में अपने साथ हुई लूट की घटना की रिपोर्ट 1 जून को लिखवाई थी। हालांकि मिली जानकारी के अनुसार फरियादी रात में हुई घटना के बाद दिन में इस लूट की वारदात की रिपोर्ट लिखाने के लिए अपने परिजनों के संग परेशान होता रहा, इसके बाद देर शाम उसकी रिपोर्ट लिखी गई थी।

 

बदमाशों ने मारपीट कर लूटा था सामान

 

इधर मोघट थाना प्रभारी संजय पाठक ने बताया कि 1 जून को रात्रि 10.20 बजे फरियादी मोहम्मद अफसर पिता मोहम्मद अयाज उम्र 21 साल निवासी हाटकेश्वर वार्ड खंडवा ने रिपोर्ट लिखायी थी कि दिनांक 31 मई एवं 1 जून की मध्य रात्री करीब 01.30 बजे 02 अज्ञात बदमाशों के द्वारा पुरानी कंट्रोल दुकान शिक्षक नगर के पास उसके साथ बदमाशों ने मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, ब्लड प्रेशर बेल्ट, आधार कार्ड, घड़ी एवं नगदी 2500 रुपये, कुल कीमत 15000 रुपए की लूट कर फरार हो गए थे। जिसके बाद इन मामले में अज्ञात बदमाशों पर प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसी टीवी फुटेज खंगाले गए।

आरोपियों से हुआ लूट का माल जब्त

 

वहीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जिसके बाद आरोपी प्रेम उर्फ दुख्खु पिता सजन उम्र 32 साल निवासी गाड़ीखाना (गांधीनगर) एवं तुषार सारसर पिता धीरज सारसार जाति मेहतर उम्र 20 साल निवासी गांधी नगर गाड़ीखाना खण्डवा की पहचान की गई। दोनों आरोपियों से लूट का मोबाइल सहित ब्लड प्रेशर बेल्ट, आधार कार्ड, घड़ी एवं नगदी 2500 रुपये कुल कीमती 15000 रुपये का माल भी जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था, जहां से दोनों को ही जेल भेज दिया गया।




Khandwa News: पिता ने मिट्टी का तेल डालकर मां को आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई, पिता को आजीवन कारावास

Mother died due to the father setting her on fire after pouring kerosene on her, father got life imprisonment

कोर्ट का फैसला हत्यारे को मिला आजीवन कारावास

मध्यप्रदेश के खंडवा नगर के इंदौर नाका क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति को अपनी पत्नी को जलाकर मारने के जुर्म में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। साथ ही कोर्ट ने उस पर जुर्माना भी लगाया है। खंडवा एडीपीओ हरिप्रसाद बांके के अनुसार आरोपी अपनी पत्नी के साथ दहेज को लेकर अक्सर मारपीट करता था। इसी बीच एक दिन उसने पत्नी पर घासलेट डालकर जिंदा जला दिया। पीड़िता ने आप बीती मृत्यु से पहले दिए बयान में बताई थी। वहीं, इसकी शिकायत मृतका की बेटी ने पुलिस से की थी।

खंडवा नगर के रहने वाले श्याम सेन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। न्यायालय ने उस पर अर्थदंड भी लगाया है। श्याम ने अपनी पत्नी पिंकी को घासलेट डालकर जिंदा जला दिया था। पिंकी के बयान और परिजनों के सबूत से श्याम सेन को यह सजा मुकर्रर हुई है। एडीपीओ हरिप्रसाद बांके ने बताया कि मृतका पिंकी की लड़की रानी ने थाना पदमनगर में इसको लेकर रिपोर्ट लिखाई थी। जानकारी के अनुसार पिंकी की दूसरी शादी आरोपी श्याम सेन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी श्याम पिंकी के साथ मारपीट करता रहता था।

बेटी ने बताई पिता की करतूत

आरोपी की पुत्री रानी ने बताया कि उसका पिता बार-बार दहेज और नाना से रुपए लाने के लिए मां पिंकी को तंग करते थे। गणेश चतुर्थी के पहले पिता श्याम को उसके नाना नानी और अन्य लोगों ने कर्जा लेकर 33 हजार रुपये दिये थे। लेकिन, पिता उसकी मां को और रुपये लाने की बात को लेकर मारपीट करता रहता था। 24 नवंबर 2019 की शाम को भी पिता ने मां के साथ विवाद किया। बात बढ़ने पर उन्होंने मां पर कुप्पी में भरा घासलेट उड़ेलकर आग लगा दी।

मौत से पहले दिया बयान

एडीपीओ बांके के अनुसार विवेचना के दौरान घायल पिंकी के विडियोग्राफी कथन लिए गए थे। जिसमें उसने आरोपी द्वारा उसके साथ की गई घटना के बारे में बताया था। कार्यपालिक दण्डाधिकारी ने भी पिंकी के मृत्युकालीन कथन लिए थे। जिसमें भी पीड़िता ने घटना के बारे में बताया था। पिंकी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी श्याम को गिरफ्तार किया और अनुसंधान पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया था।




Burhanpur News : बच्ची के रेपिस्ट गौरव के तीन मंजिला मकान और दुकान पर चला प्रशासन का बुलडोजर

 

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर नगर के प्रतापपुरा क्षेत्र में सात साल की मासूम की दुष्कर्म के बाद हुई हत्या को लेकर शहर में आक्रोश बना हुआ है, वहीं इसको लेकर लगातार आरोपी को फांसी दिए जाने और उसके घर पर बुलडोजर चलाए जाने की मांग को लेकर आम लोगों ने प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद गुरुवार को प्रतापपुरा क्षेत्र की घनी बस्ती के बीच बने आरोपी के तीन मंजिला मकान पर और इस क्षेत्र की उसकी मैकेनिक की दुकान पर प्रशासन का बुलडोजर आखिर चल ही गया। जिला प्रशासन ने आरोपी की अतिक्रमण कर अवैध रूप से रखी गई मैकेनिक की दुकान को तोड़ दिया, तो वहीं उसके तीन मंजिला मकान को भी खंडहर बना दिया।

 

बुरहानपुर नगर के शिकारपुरा थाना क्षेत्र में बीते दिनों मासूम बालिका के साथ हुए घटनाक्रम के बाद से ही लोगों में आक्रोश पनपा हुआ था, तो वहीं शहर में इसको लेकर प्रदर्शन भी किए गए थे। जिला प्रशासन पर दबाव बनाया गया था कि आरोपी का मकान ढहाया जाए। इसके बाद जिला प्रशासन ने आरोपी के प्रतापपुरा क्षेत्र के तीन मंजिला मकान की नपती करवाई थी, जिसमें 167 स्क्वायर फीट मकान का निर्माण अवैध और नियम विरुद्ध पाया गया था। इसके बाद गुरुवार को जिला प्रशासन का अमला पहुंचा। इस दौरान घनी बस्ती होने के चलते लोगों को अपने घरों में रहने की सलाह दी गई। इससे किसी तरह की कोई जनहानि ना हो। इसके बाद प्रशासन ने आरोपी की मैकेनिक की दुकान को नेस्तनाबूद कर दिया, तो वहीं उसके घर को भी खंडहर बना दिया।

परिवार कर चुका पलायन, जारी रहेगी करवाई

 

बता दें कि गुरुवार शाम तक चली कार्रवाई के बाद शुक्रवार को भी यह कार्रवाई जारी रहेगी और खंडहर हुए मकान के अतिक्रमण के हिस्से को ढहाया जाएगा। वहीं जिला प्रशासन की कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर ताला लगा हुआ मिला था। मिली जानकारी के अनुसार रूपचंद कलनारायण का परिवार अपने बेटे की इस करतूत के बाद से ही गहरे सदमे में था, तो वहीं लोगों के आक्रोश का भी उन्हें डर था। साथ ही बेटे गौरव की करतूत के बाद उन्हें पहले ही आभास था कि करीब दो साल पहले ही बनाए गए उनके मकान को तोड़ा जा सकता है। इसको लेकर पूरा परिवार पलायन कर चुका था, और घर पर ताला लगा हुआ था।

यह था पूरा मामला

 

बता दें कि बीते दिनों एक मासूम बालिका का शव क्षेत्र के ही एक खंडहर में मिला था। इसके बाद जांच करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया था, जिसमें पास ही के रहने वाले गौरव उर्फ खुशाल द्वारा इस बालिका को चॉकलेट दिलाने के बहाने बुलाकर इसके साथ दुष्कर्म किया गया था, और दुष्कर्म की घटना को छुपाने के लिए गला घोट कर बालिका की जान ली गई थी। इसके बाद उसका शव पास के ही खंडहर में फेंक दिया गया था।




Khandwa News:चाय-बीड़ी देने वाले किसान ने उसे लूट लिया, लात मारी और पैसों से भरा बैग लेकर भाग गया

 

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक किसान के साथ लूट का अजीब मामला सामने आया है। इसमें पीड़ित किसान ने चाय की गुमटी पर मिले जिन दो अनजान युवकों को चाय पिलाते हुए अपनी दास्तां सुनाई, उन्होंने ही कुछ देर बाद मौका देखकर उसे लूट लिया। अपने साथ हुई लूट की घटना के बाद किसान ने शहर के कोतवाली थाने में दोनों अनजान युवकों के खिलाफ एक लाख रुपये की लूट करने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

खंडवा जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कृष्ण कुंज कॉलोनी के समीप एक किसान के साथ एक लाख की लूट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार हरसूद थाना क्षेत्र के ग्राम दमदमा के 55 वर्षीय किसान रामकरण पिता नर्मदा खंडेल ट्रैक्टर की किश्त जमा करने घर से निकले थे। थैली में एक लाख रुपये थे। वे दोपहर में करीब 12 बजे हरसूद रोड पर नहाल्दा फाटे के पास चाय की दुकान पर रुके, जहां दो युवकों से उनकी बातचीत हुई थी। किसान ने दोनों को चाय भी पिलाई, बातों-बातों में किसान रामकरण ने उन्हें बताया था कि वे अपने ट्रैक्टर की किश्त जमा करने थैली में पैसे लेकर जा रहे हैं।

चाय पीने के बाद जब रामकरण अपनी बाइक लेकर वहां से आगे बढे, तब कृष्ण कुंज कॉलोनी के पास दोनों युवक उनका पीछा करते हुए आए। इस दौरान उनमें से एक युवक ने किसान से बोला कि दादा मुझे बीड़ी पिला दो। इस पर श्री कृष्ण सरोवर कॉलोनी के गेट के पास छांव देखकर किसान ने मोटरसाइकिल खडी कर ली। किसान के अनुसार इस दौरान एक युवक उनके साथ बैठ कर बीड़ी पीने लगा और दूसरा युवक मोटरसाइकिल लेकर आगे ही खड़ा रहा। वहीं आरोपियों की बाइक पर नम्बर भी नहीं था। इधर किसान की पैसे की थैली बाइक के हैंडल पर टंगी थी।

बीडी पीने के बाद किसान उठा, एक युवक ने उन्हें लात मार दी और उनका बेग लेकर वह युवक आगे बाइक लेकर खडे व्यक्ति के साथ बैठ कर भाग गया। इधर इस मामले में कोतवाली टीआई दिलीप सिंह देवड़ा और प्रधान आरक्षक लतेश पाल तोमर घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने किसान रामकरण से उसके साथ हुई घटना की जानकारी ली। वहीं टीआई देवड़ा ने बताया कि अज्ञात बदमाशों पर लूट का केस दर्ज किया गया है। लूट करने वाले युवक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखने के साथ ही लोगों से भी पूछताछ कर रहे हैं।

 




Khandwa News:बहन से छेड़छाड़ करने वाले युवक को दोस्तों के साथ मिलकर मार डाला, अब तीनों को आजीवन कारावास

 

The young man who molested his sister was killed along with his friends, now all three got life imprisonment

अदालत(सांकेतिक)

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लंगोटी में तीन युवकों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी थी, जिसको लेकर अब इन युवकों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। साथ ही इन्हें एक हजार रुपये के जुर्माने से भी दंडित किया गया है।

 

बता दें कि इनमें से एक युवक की बहन से छेड़छाड़ करने के चलते उसने अपने दो दोस्तों संग मिलकर घर के सामने ही रहने वाले युवक से पहले मारपीट की, इसके बाद उसके पेट में चाकू घोंपकर उसे गंभीर घायल कर दिया था। इसी बीच घायल युवक का भाई मौके पर पहुंच गया, जिसे देखकर मारपीट करने वाले तीनों युवक भाग खड़े हुए। हालांकि घायल युवक की बाद में मौत हो गई थी, जिसको लेकर पुलिस ने धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों युवकों को हिरासत में लिया था।

खंडवा जिले के हरसूद न्यायालय के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पुष्पक पाठक ने हत्या के आरोपी तीन युवकों को आजीवन कारावास की सजा के साथ ही 1000-1000 रुपये के जमाने की सजा सुनाई है। खंडवा एडीपीओ हरिप्रसाद बांके ने बताया कि ग्राम लंगोटी के रहने वाले गणेश ने पुलिस को सूचना दी थी कि 22 नवंबर 2020 को, शाम के लगभग सात बजे उनके घर के सामने रहने वाले तीन लोगों ने मिलकर उसके भाई अशोक को मार डाला था। घटना के समय वे दुकान पर गुटका लेने गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें मालूम चला कि तीन लोग मिलकर उनके भाई के साथ मारपीट कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अशोक ने आरोपी की बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। इसको लेकर उसके भाई ने अपने दो दोस्तों के संग मिलकर युवक अशोक के साथ मारपीट करते हुए, उसके पेट में चाकू घोंपकर उसे गंभीर घायल कर दिया था।

खंडवा एडीपीओ हरिप्रसाद बांके के अनुसार मारपीट के दौरान मृतक के भाई गणेश के मौके पर पहुंचने से मारपीट करने वाले तीनों युवक भाग खड़े हुए थे, लेकिन बाद में घायल अशोक की मौत हो गई थी। उसके भाई गणेश ने थाना खालवा थाने में रिपोर्ट लिखाई थी।पुलिस ने अनुसंधान पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया था। अब न्यायालय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरसूद पुष्पक पाठक ने दिनेश पिता गोपाल (24), जितेन्द्र पिता मनीराम (23) और श्याम पिता राजाराम (24) सभी निवासी ग्राम बागका थाना खालवा को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा दी है।