Khandwa News:एकतरफा प्रेम बना खूनी साजिश: भाजपा नेता ने रची ‘हादसे’ की आड़ में हत्या की योजना, दो की मौत

खंडवा, 18 अप्रैल 2026
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्रेम-प्रसंग ने खौफनाक रूप ले लिया। एक भाजपा से जुड़े नेता ने अपनी प्रेमिका के परिवार को रास्ते से हटाने के लिए सड़क हादसे की आड़ में जानलेवा साजिश रच डाली। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बलेनो कार में सवार सौरभ अपनी मां सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मूंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक काली थार कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी मां सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

शुरुआत में इस घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मर्ग जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। गहन जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद इस मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि थार वाहन का चालक सनावद निवासी लवकुश है, जो भाजपा से जुड़ा सक्रिय नेता बताया जा रहा है। करीब 45 वर्षीय आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी का घायल युवती के साथ प्रेम-प्रसंग था, जबकि युवती की शादी 21 अप्रैल को कहीं और तय हो चुकी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने युवती के पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची।

ये भी पढ़ें- फोटोकॉपी वाला कन्या विवाह: जब सिस्टम ने जिम्मेदारी Xerox कर दी

बताया जा रहा है कि जब युवती का परिवार शादी की तैयारी के लिए खरीदारी करने जा रहा था, तभी आरोपी ने उनकी कार को एक बार नहीं बल्कि दो बार जानबूझकर टक्कर मारी, ताकि इसे सड़क हादसा दिखाया जा सके।

पुलिस ने दो दिन की जांच के बाद इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




Khandwa News:खंडवा में दिल दहला देने वाली वारदात, शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां की हत्या की

खंडवा। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक शराब के आदी बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत राजगढ़ के पास अस्तरिया गांव में 50 वर्षीय चंदा बाई (पति लखन) अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनका बड़ा बेटा शिवकरण (30) शराब का आदी था। सोमवार शाम उसने मां से शराब पीने और नए कपड़े खरीदने के लिए रुपये मांगे, लेकिन मां ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

लट्ठ से वार कर उतारा मौत के घाट
गुस्से में आकर आरोपी शिवकरण ने लट्ठ से अपनी मां के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते चंदा बाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के दौरान शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर रस्सियों से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।

ये भी पढ़ें- नर्मदापुरम में नवागत कलेक्टर का आगमन: सेठानी घाट पर मां नर्मदा का पूजन कर संभाला कार्यभार

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा मौके पर पहुंचे और पूछताछ में आरोपी की पहचान मृतका के बेटे शिवकरण के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें-Indore News:मध्यप्रदेश में बढ़ी तपिश: 40 डिग्री पार पहुंचा पारा, कई जिलों में लू का अलर्ट

गांव में शोक और आक्रोश
इस हत्याकांड से क्षेत्र में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया है। साथ ही यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में शराब की बढ़ती लत और उससे उपज रहे अपराधों की भयावह तस्वीर भी सामने लाती है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।




Khandwa News : गुड़ी वन क्षेत्र में वनों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

खंडवा जिले के गुड़ी वन परिक्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमणकारियों ने जंगलों को काटकर वहां कब्जा कर रखा था। यही नहीं इन अतिक्रमणकारियों पर जब भी वन अमला बेदखली की कार्रवाई करने जाता, तब ये वन अमले पर ही तीर, भाले, लाठी और गोफन लेकर हमलावर हो जाते। कई बार तो इन्होंने वन अमले को गंभीर घायल तक कर दिया। जिसके बाद इसको लेकर कई दिनों से एक बड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही थी। वहीं सोमवार सुबह अचानक वन अमले के साथ ही पुलिस और राजस्व की टीमों ने मिलकर इस क्षेत्र से करीब ढाई सौ हेक्टेयर में फैले अतिक्रमण को साफ करने की कार्रवाई शुरू की है।

बता दें कि, मौके पर मौजूद रहकर जिला कलेक्टर, खंडवा एसपी एवं एएसपी सहित खंडवा डीएफओ इस पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। जिसमें करीब 25 से अधिक जेसीबी और 700 से अधिक का अमला ड्रोन कैमरों की निगरानी और हथियारों के साथ मौके पर मौजूद है। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने एक बार फिर से जिला प्रशासन के इस संयुक्त दल पर पथराव कर हमला करने की कोशिश की। हालांकि भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने उनके हमले को नाकाम करते हुए 11 अतिक्रमण कारियों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि इस वन भूमि के पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त होने तक यह कार्रवाई जारी रहेगी।

25 जेसीबी और 670 का बल कर रहा कार्रवाई

वहीं इस पूरी कार्रवाई को लेकर खंडवा एएसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया कि, इस क्षेत्र में आज सुबह करीब 5:30 बजे से एरिया चिन्हित कर, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के सहयोग से की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान यहां करीब 220 की संख्या में पुलिस बल और 450 की संख्या में वन अमला मौजूद है। जिनके जरिए यहां सुबह से ही लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है, जो की सम्भवतः आज पूरा दिन ही जारी रहेगी, और फिलहाल 25 जेसीबी से यहां कार्रवाई की जा रही है।

पथराव करने वाले 11 लोगों को पकड़ा गया

इसके साथ ही एएसपी तारणेकर ने बताया कि, यहां अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए गोफन से पथराव करने का प्रयास भी किया था। हालांकि उन्हें पुलिस बल ने बलपूर्वक खदेड़ दिया है और उनमें से पथराव करने वाले 11 लोगों को पकड़ा गया है, जिन्हें हिरासत में लेकर यहां अब भी कार्रवाई लगातार जारी है। हलांकि जेसीबी की संख्या बढ़ने पर यह कार्रवाई जल्द ही पूरी होगी, जोकि पूरा अतिक्रमण हटाने तक जारी रहेगी।

साल 2019 से 250 हैक्टेयर में था अतिक्रमण

वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए खंडवा डीएफओ राकेश डामोर ने बताया कि,अभी फिलहाल गुड़ी रेंज के वन परिक्षेत्र क्रमांक 748 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। यहां के वन क्षेत्र में साल 2019 में करीब ढाई सौ हेक्टेयर में अतिक्रमण हुआ था। इसके बाद से यहां लगातार अतिक्रमण बेदखली की कार्रवाई की जाती रही है। आज लगभग 15 हैक्टेयर वन क्षेत्र से अतिक्रमण बेदखली की कार्रवाई कर ली गई है और आगे भी यहां कार्रवाई अभी जारी है । इस क्षेत्र में हम वन अमला और पुलिस बल की भारी संख्या के साथ ही जेसीबी और पोकलेन मशीनों से एक कंट्रोल रेंज बना रहे हैं, जिसमें बीज डालकर पौधे उगाने की भी कोशिश की जाएगी । जिससे पूरी तरह से यह क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त हो सके।




Khandwa News : रूसी नागरिक के बारे में जानकारी न देने पर ओंकारेश्वर पुलिस द्वारा मामला दर्ज

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में एक विदेशी नागरिक के बगैर किसी सूचना के धर्मशाला में रुके हुए पाए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। बता दें कि, इन दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल जारी है। और ऐसे में प्रत्येक विदेशी नागरिक की जानकारी स्थानीय थाने में दर्ज कराना अति आवश्यक है। बावजूद इसके, तीर्थ नगरी में बीते चार दिनों से यह रूसी नागरिक एक धर्मशाला में रुका हुआ था। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस ने धर्मशाला के मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए मांधाता थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें रविवार को एक मुखबिर से जानकारी मिली थी कि ओंकारेश्वर स्थित सोनी धर्मशाला में एक विदेशी नागरिक चार दिन से रुका हुआ है। इसके बाद पुलिस ने सोनी धर्मशाला का रजिस्टर चेक किया। इस दौरान वहां गुरुवार 29 तारीख से एक रुसी नागरिक डिमत्री रेविनोवीच, उम्र 35 साल, निवासी पीटसर्व रशिया का रुका होना पाया गया। हालांकि इसकी जानकारी सोनी धर्मशाला के मैनेजर शिवशंकर चौरे ने अब तक ना ही लिखित और ना ही मौखिक रूप से पुलिस को दी थी। इसके चलते धर्मशाला मैनेजर शिवशंकर चौरे द्वारा जिला दण्डाधिकारी खंडवा के आदेश का उल्लंघन करना पाया गया।

बता दें कि, 3 अप्रैल को जारी आदेश के मुताबिक होटल, लाज, धर्मशाला, मुसाफिर खाना मे बाहर से आने वाले व्यक्तियो के रुकने की जानकारी प्रबंधक एवं मालिक को संबंधित थाने पर देना अनिवार्य है। बावजूद इसके सोनी धर्मशाला के मैनेजर शिवशंकर पिता बलीराम चौरे, निवासी बड़वाह ने इस तरह की कोई सूचना नहीं दी। जिसे भारतीय न्याय संहिता 223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध मानते हुए धारा 223 बीएनएस का मामला दर्ज किया गया है। वहीं इसके पूर्व 16 फरवरी को भी बालवाड़ी निवासी राजेश ठक्कर के खिलाफ भी इसी तरह का मामला मांधाता पुलिस ने दर्ज किया था। जो कि एक फ्रांसिसी नागरिक को अपने गेस्ट हाउस में रुकवाने की पुलिस को सूचना नहीं देने को लेकर था। वहीं पुलिस को अनुसार इस तरह की लापरवाही करने पर होटल लाज धर्मशाला मुसाफिर खाना संचालकों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




Khandwa News : खंडवा के पिपलोद थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पिपलोद थाना अंतर्गत पांच साल की एक मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का बड़ा मामला सामने आया है। यही नहीं इस मामले में आरोपी मासूम का करीबी रिश्तेदार ही है। जिसने शराब के नशे में सोती हुई मासूम के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। इसकी जानकारी लगते ही परिजन ने पुलिस में शिकायत की, और मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। वहीं इस मामले में पुलिस फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस दायर कर जल्द से जल्द आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की कोशिश करने वाली है।

बता दें कि, नए कानून BNS की धारा भी इस मामले में जोड़ी गई है। इसमें दुष्कर्म का आरोपी यदि करीबी रिश्तेदार ही हो तो अलग से सजा का प्रावधान है। खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह के समय थाना पिपलोद के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्र से एक जानकारी मिली थी कि पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। इसके बाद घटनास्थल पर उनके साथ एडिशनल एसपी, डीएसपी और पुलिस बल गया था। जहां पूछताछ के बाद यह सामने आया कि उस गांव में एक ही समाज के लोग रहते हैं। वहां एक परिवार में कल एक शादी का कार्यक्रम भी था। इसमें सभी रिश्तेदार जुटे थे। इस बीच रात करीब 3:30 बजे यह छोटी बच्ची अपने घर में सो रही थी। तभी वहां बच्ची के परिवार का ही एक करीबी रिश्तेदार अंदर गया, और बालिका के साथ उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। इसकी जानकारी परिवार वालों को लड़की के रोते हुए बाहर आने पर लगी।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मुकदमा

एसपी राय ने बताया कि इस मामले की जानकारी लगते ही आरोपी को तुरन्त ही पुलिस ने हिरासत में लिया है, और एफआईआर दर्ज करके इसे गंभीर अपराध माना है। इसके चलते पुलिस इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रही है। इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर जल्द ही कोर्ट में भी मामला प्रस्तुत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच महिला टीआई सुनीता गहलोत से करवाई जा रही है। जो कि गुणवत्ता के साथ इस पूरे मामले की जांच पूरी करेंगी।




Burhanpur News : बुरहानपुर में तूफान और कंटेनर में आमने-सामने की टक्कर, नौ बाराती घायल

बुरहानपुर जिले में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर हसनपुरा के पास मंगलवार देर रात एक हादसा हो गया। निंबोला थाना क्षेत्र अंतर्गत लालमाटी इलाके में बारात से लौट रही तूफान गाड़ी और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दर्दनाक हादसे में 9 युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सभी युवक खंडवा में एक शादी समारोह में शामिल होकर बुरहानपुर लौट रहे थे। इस दौरान हसनपुरा के पास सामने से आ रहे कंटेनर से तूफान की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर सड़क किनारे पलट गया और तूफान वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के 25 जिलों में आज तेज आंधी और बारिश का अलर्ट, 17 मई तक बदला रहेगा एमपी का मौसम

अर्धनग्न हालत में मिले घायल

गर्मी के कारण अधिकतर युवक शर्ट उतारकर सफर कर रहे थे। हादसे के बाद कई घायल युवक सड़क पर अर्धनग्न अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बुरहानपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें: कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान मामला: मनोज शुक्ला ने मंत्री विजय शाह के नेम प्लेट पर कालिख पोती

दो युवक गंभीर घायल

निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले के अनुसार, सभी घायल युवक हसनपुरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल दो युवकों में एक वाहन चालक भी शामिल है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।




Khandwa News :खंडवा की रूपल जयसवाल को यूपीएससी 2024 में 512वीं रैंक मिली

यूपीएससी 2024 का रिजल्ट मंगलवार को जारी हुआ है, जिसमें खंडवा शहर की 28 वर्षीय एलएलबी ग्रेजुएट युवती रूपल जायसवाल को 512 रैंक हासिल हुई है। अपनी इस सफलता का श्रेय पहले तो रूपल ने खुद को और बाद में अपने माता पिता को दिया है। वहीं उनकी इस सफलता से पूरे परिवार और समाज मे खुशियों का माहौल है। उनके इंजीनियर पिता धनजंय अपनी बेटी की सफलता पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उनकी माता इस सफलता पर कहती हैं कि समाज में बेटा और बेटी दोनों को बराबर समझना चाहिए, क्योंकि आज उनकी बेटी ने उनके परिवार का नाम रोशन किया है। अपनी इस सफलता के बाद उन्होंने अमर उजाला से खास बातचीत में अपने अनुभव भी साझा किए।

जजेस की छुट्टियों को लेकर खुशनुमा हुआ माहौल

रूपल ने अमर उजाला को बताया कि उनका इंटरव्यू करीब 30 मिनट का रहा, जिसमें ऊनसे हायर एजुकेशन सिस्टम में रोबोटिक्स और एआई के इस्तेमाल को लेकर सवाल हुए। वहीं इस दौरान उनके लॉ फील्ड के बैकग्राउंड को देखते हुए जब ऊनसे पूछा गया कि, अदालतों में जजों को छुट्टियां अधिक मिलती हैं। क्या इन्हें कम कर देना चाहिए, जिस पर उनका जवाब था कि, शायद जज छुट्टियों में भी घर पर रहकर केस की फाइलें ही देखते हों, यहां तक कि जिन जजेस का आंध्रा में छुट्टियां बिताने का वीडियो वायरल हुआ था, क्या पता वे भी केस की फाइलें साथ ले गए हों। जिस पर हाल में सभी हंसने लगे और माहौल खुशनुमा हो गया। इससे सवाल पूछने वाली मैडम के साथ ही सभी को लगा कि वे कॉन्फिडेंट हैं जिससे शायद उनका सिलेक्शन हुआ है।

खुद को दिया श्रेय, घर में रहकर की तैयारी

अपनी खुशी को अमर उजाला के साथ शेयर करते हुए रूपल ने बताया कि यूपीएससी 2024 में उनकी 512 रैंक आई है। इसके तीन चरण थे। प्री, मेन्स और इंटरव्यू और इस समय इतने सारे बच्चों की लिस्ट में उन्हें सफलता मिली है, जिसे उन्हें बहुत खुशी हो रही है। इस सफलता का श्रेय वेसे तो हार्ड वर्क को दिया जाना चाहिए, लेकिन फिर भी वह खुद को ही क्रेडिट देती हैं। खुद के बाद उनके परिवार को इसका श्रेय जाता है। जिन्होंने उनका सपोर्ट करते हुए सफलता हासिल करने में मदद की है, क्योंकि उन्होंने घर में रहकर बगैर कोचिंग के ही, घर के शांत माहौल में रहकर इस एग्जाम की तैयारी की है।

मोबाइल और सोशल मीडिया का इस तरह किया इस्तेमाल

वहीं एग्जाम की तैयारी को लेकर उन्होंने बताया कि, वे एलएलबी ग्रेजुएट हैं, और 2022 तक वे एक लॉ फर्म में जॉब करती थीं। लेकिन वहां रहकर यूपीएससी की तैयारी करने में बंदिशें महसूस हुईं। जिसके बाद उस जॉब को छोड़कर घर पर रहकर ही तैयारी करना शुरू किया था और 2 साल की कड़ी मेहनत और प्री एग्जाम के सेकंड अटेम्प्ट और मेन्स के फर्स्ट अटेम्प्ट में ही उन्हें यह सफलता हाथ लगी है। जिसकी तैयारी के लिए मॉक टेस्ट किए, बाजार की टेस्ट सीरीज का इस्तेमाल किया और किताबें पढ़ने के साथ ही पिछले सालों के पेपर सॉल्व करने से वे सफलता तक पहुंच पाई हैं। वहीं उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रहने के मिथक को भी तोड़ते हुए, इसके पूरे इस्तेमाल के साथ अपनी तैयारी की। साथ ही फ्रेंड्स के साथ बाहर घूमने और मौज मस्ती करना भी इस दौरान उनका जारी रहा था। क्योंकि वह सब बंद करके मानसिक स्तर पर परेशानी होती है। इसलिए वह सब उन्होंने बंद नहीं किया।

असफल लोगों को कहा, इसे जिंदगी न मान लें

वहीं, अपनी दिनचर्या को लेकर उन्होंने बताया कि सुबह 8:00 बजे सो कर उठने के बाद खुद के रूटीन काम करना रहते थे। हालांकि घर के काम ज्यादा कुछ नहीं थे, इसलिए दिनभर फिर पढ़ना ही रहता था। इस दौरान थोड़ा टॉपर्स के वीडियो यूट्यूब पर वे देख लिया करती थीं और चूंकि स्कूल लाइफ में टीचर थोड़ा सख्त थीं, इसलिए तभी से डिसिप्लिन में रहना सीख लिया था। जोकि सफलता में बहुत काम आया और क्योंकि यूपीएससी के बारे में बचपन से सुन रखा था कि बहुत पावरफुल पोस्ट होती है। इसलिए इसका सपना बचपन से ही था।

हालांकि इसके लिए पहले लॉ की डिग्री लेकर जॉब किया। ताकि यदि सलेक्शन नहीं हो तो भी भविष्य सुरक्षित रहे। तैयारी के दौरान भी अक्सर मोबाइल पर फोन ना आए, इसको लेकर फ्लाइट मोड पर डालकर पढ़ाई करना होती थी और इसके अलावा उन्हें कोई खास पढ़ाई में अड़चन नहीं आई। वहीं परिवार का भी पूरा सपोर्ट था। इसलिए सफलता मिल पाई है। उन्होंने कहा कि, कई लोगों को इस एग्जाम में सफलता नहीं मिल पाई।




Khandwa News : बेटी करना चाहती थी अपनी मर्जी से शादी, पिता ने गला घोंटकर हत्या कर शव को पानी में फेंका

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद थाना अंतर्गत डैम के बैकवॉटर में बोरे में बंद मिली अज्ञात लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। बालिका अपनी पसंद के लड़के से शादी करने की जिद पर अड़ी थी, लेकिन उसके पिता को बेटी का यह प्रेम प्रसंग नागवार गुजरा, और उसने पहले तो खेत ले जाकर नाबालिग बेटी को मौत के घाट उतार दिया। फिर इस हत्या के गुनाह और सबूत को छिपाने इसमें अपने पिता को भी शामिल कर लिया। उनकी मदद से बेटी के शव को बारे में बंद कर, मोटरसाइकिल से घर से करीब 30 किलोमीटर दूर जाकर डेम के बैकवाटर में फेंका आया। खंडवा पुलिस ने लाश के साथ मिली एक बोरी और खेत में गेहूं कटाई के अवशेषों से इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली और अब हत्यारा पिता और दादा पुलिस की गिरफ्त में हैं। जिन्हें गुरुवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि 30 मार्च को थाना हरसूद पर पंकज पिता विष्णु रघुवंशी ने बताया था कि एक अज्ञात महिला का शव बोरे में बंद चारखेड़ा रेलवे ब्रिज के नीचे के बैक वाटर में तैर रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर जाकर मर्ग जांच शुरू कर शव का पंचनामा बनाया। जांच में अज्ञात मृतिका की किसी व्यक्ति द्वारा हत्या कर, सबूत छिपाने की नीयत से शव को बोरे में भरकर नदी के बैक वाटर में फेंकना सामने आया। इस मामले को सुलझाने एक टीम गठित की गई। क्षेत्र के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए। इन दौरान मुखबिर की सूचना पर अज्ञात मृतिका की शिनाख्त 16 वर्षीय बालिका, निवासी जिला हरदा के रूप में हुई। जो कि चार दिन से घर से गायब थी लेकिन परिजन ने अब तक उसकी कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। इससे पुलिस को उन पर शंका हुई।

पिता और दादा निकले आरोपी

पुलिस ने जब मृतिका के पिता से पूछताछ की, और शक की बुनियाद पर आरोपी (मृतिका के पिता) लोकेश पिता विष्णुप्रसाद मीणा, निवासी छिपाबड़ एवं आरोपी विष्णुप्रसाद पिता हरिकिशन मीणा (मृतिका के दादा), निवासी छिपाबड, जिला हरदा को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उनकी लड़की अपनी इच्छा से उसके प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी। लेकिन मृतिका के पिता को यह रिश्ता मंजूर नही था। जिस पर पिता ने उसे मानने की कोशिश भी की, लेकिन वह पसंद के लड़के से शादी करने की बात पर अड़ी रही। इसी बीच 26 मार्च को मृतिका के पास एक मोबाइल मिला, जिसका लॉक खोलने को लेकर उसने पिता को साफ इंकार कर दिया।

बेटी के मोबाइल का लॉक खोलकर न देने की बात से गुस्साए पिता ने, रात में दादा से मिलाने का कहकर मृतिका को अपने साथ छिपाबड़ स्थित खेत ले गया। जहां बालिका का एक बड़े रुमाल से गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के निशान मिटाने इस बेरहम पिता ने दादा को घटना बताई। दोनों ही शव को खेत मे गेहूं भरने के लिए रखे बोरे में भरकर, मोटर सायकल से चारखेड़ा तक लाए। जहां नदी के ब्रिज से शव को बैक वाटर के पानी में फेंक दिया। उनका यह गुनाह ज्यादा देर छुप नहीं पाया और आखिरकार हत्यारे पिता और दादा को अब जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा।

खंडवा एसपी मनोज राय ने बताया कि थाना हरसूद को सूचना मिली थी कि चारखेड़ा ब्रिज के नीचे बोरे में बंद एक युवती की लाश पड़ी है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। शव का परीक्षण करने के बाद पता चला कि यह दो से तीन दिन पुरानी लाश थी। उस समय किसी ने लाश की पहचान नहीं की। हमने तत्काल उस शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसके गले पर निशान है। जिस पर से हमने थाना हरसूद में अज्ञात व्यक्ति पर मुकदमा कायम किया।

पुलिस इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर ही रही थी कि बुधवार शाम में एक महत्वपूर्ण सुराग मिला कि छिपाबड़ में एक नाबालिक लड़की लापता है और उसके परिजनों ने उसकी कोई गुमशुदगी भी दर्ज नहीं कराई है। जब हमारी टीम ने पूछताछ की तब जाकर खुलासा हुआ कि मृतिका उन्हीं के परिवार की बेटी है। उसके पिता ने ही उसकी हत्या की थी। हत्या के बाद पिता ने दादा के साथ मिलकर लाश को बोरे में डाल बैकवॉटर में फेंक दिया था। ताकि किसी को पता ना चल पाए। दोनों ही आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




Khandwa News : खंडवा जेल में बेटी से बलात्कार के दोषी पिता ने की आत्महत्या

मध्य प्रदेश की खंडवा जिला जेल में अपनी ही नाबालिग बेटी से रेप के दोषी एक बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। करीब चार साल से जेल में बंद इस कैदी को बीते शुक्रवार को अदालत ने दोहरे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। मंगलवार देर शाम उसने जेल के बैरक नंबर 2 के पीछे जाकर, अपनी लोअर के नाड़े का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

जेल के भीतर कैदी की आत्महत्या की जांच के लिए मजिस्ट्रेट समेत कोतवाली पुलिस की टीम जेल परिसर पहुंची। मजिस्ट्रियल जांच के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। आज बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कैदी की मौत की जानकारी मिलने ही उसके परिजन भी देर शाम अस्पताल पहुंचे। दरअसल, जेल में बंद कैदी को अपनी सात साल की बेटी से दुष्कर्म के मामले में दोषी पाए जाने पर चार दिन पहले दोहरे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। मामले की सुनवाई के दौरान ही नाबालिग पीड़िता की भी मौत हो गई थी।

जेल अधीक्षक ने दी जानकारी

खंडवा की शहीद जननायक टंट्या भील जिला जेल की अधीक्षक अदिति चतुर्वेदी ने बताया कि मृतक बंदी साल 2021 से जेल में बंद था। 7 मार्च को कोर्ट ने उसे अपनी ही नाबालिग बेटी से रेप के मामले में सजा सुनाई थी। मंगलवार शाम उसने करीब 4:30 बजे जेल की बैरक के पीछे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सजा के बाद नहीं दिखा था कोई बदलाव

जेल अधीक्षक ने बताया कि सजा सुनाए जाने के बाद भी बंदी के व्यवहार में कोई विशेष परिवर्तन नजर नहीं आया था। लेकिन, मंगलवार को अचानक उसने आत्महत्या कर ली। बंदी ने जेल की बैरक के पीछे अपनी लोअर के नाड़े से फांसी लगाई। इस घटना को लेकर जेल प्रशासन ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के माध्यम से जुडिशल इंक्वायरी भी करवाई है। ऐसे सजायाफ्ता कैदियों पर जेल प्रशासन विशेष नजर रखता है, लेकिन इस बंदी ने कोई असामान्य व्यवहार नहीं किया था। फिर भी उसने आत्महत्या कर ली, जिससे जेल प्रशासन भी स्तब्ध है।




खंडवा में पानी के अंदर से निकले रहस्यमयी पत्थर, चिपक रही है चुंबक

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में लोहे के तत्व मौजूद होने वाले पत्थर मिले हैं, इनसे चुंबक चिपक रहा है। पत्थरों के मिलने से पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई है। ये पत्थर किल्लौद ब्लॉक के कुकढाल गांव से लगे बैकवॉटर में मिले हैं। ग्रामीण इन पत्थरों को लेकर जिला मुख्यालय पर खनिज विभाग के दफ्तर पहुंचे। खनिज अधिकार ने इन पत्थरों को जांच के लिे लैबोरेट्री भेजा है।

पानी खाली होने बाद दिखे पत्थर

खंडवा के किल्लौद के कुकढाल गांव का क्षेत्र इंदारी सागर बांध के पानी से घिरा हुआ है। बांध में पानी का स्तर कम होने के बाद जब जमीन खाली हुई तो वहां इस तरह के पत्थर दिखाई दिए। ग्रामीणों ने इन पत्थरों को इकट्ठा किया जिनमें चुंबक चिपक रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की लहरें टकराने से टापू के अंदर से यह पत्थर निकले हैं। इन पत्थरों में लोहे के धातु जैसा कुछ है इसमें चुंबक भी चिपक रही है।

खनिज विभाग ने दिए जांच के आदेश

कुकढाल गांव के ग्रामीण सोमवरा को इन पत्थरों को लेकर कलेक्टर कार्यालय और खनिज विभाग के दफ्तर पहुंचे। जहां कलेक्टर ने खनिज विभाग को जांच के आदेश दिए हैं। अपर कलेक्टर काशीराम बडोल ने जानकारी देते हुए बताया कि किल्लौद ब्लॉक के कुकढाल गांव में ग्रामीणों को कुछ अजीब किस्म के पत्थर मिले हैं। जिन्हें जांच के लिए जबलपुर लैब भेजा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घर लेकर आए थे ग्रामीण

वहीं जानकारी देते हुए ग्रामीण गिरवर सिंह राजपूत ने बताया कि कुछ दिनों पहले वे अमावस्या पर ग्राम कुकढाल से लगे जंगल के बैकवाटर में स्नान करने गए थे। उस दौरान उन्होंने इन पत्थरों को देखा था। छोटे होने के बाद भी वजन में भारी और अजीब नजर आने वाले पत्थरों को वे अपने घर ले आए थे। इसके बाद इन पर चुंबक लगाकर देखा, तो पत्थर चुंबक के संपर्क में आते ही चिपकने लगे। कुछ पत्थर ऐसे भी थे, जो बिना मशीन के तराशे हुए नजर आ रहे थे। बता दें कि कुकढाल में जहां लोह तत्व मिश्रण वाले पत्थर पाए गए हैं, वह वन विभाग का क्षेत्र है।