फिल्मी अंदाज में ट्रैप: महिला अफसरों ने पकड़ा रिश्वतखोर आरक्षक, थाना प्रभारी हटाए गए

कटनी। कटनी जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में अवैध वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में महिला पुलिस अधिकारियों ने वेश बदलकर ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया और आरक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया।

वेश बदलकर किया ट्रैप ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि थाना स्टाफ वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रहा है। विशेष रूप से ट्रैक्टर चालकों से 500 से 1000 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी शिवा पाठक और एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

सोमवार सुबह करीब 5 बजे महिला अधिकारियों ने वेश बदलकर ट्रैक्टर चालक के साथ सफर किया। पहले से चिन्हित 500 रुपए चालक को दिए गए थे।

500 रुपए लेते ही दबोचा

जैसे ही ट्रैक्टर स्लीमनाबाद मोड़ के पास पहुंचा, बहोरीबंद थाने के मोबाइल वाहन चालक आरक्षक लक्ष्मण पटेल ने वाहन रोक लिया और कार्रवाई का भय दिखाकर 500 रुपए की रिश्वत ले ली।

इसी दौरान मौके पर मौजूद महिला अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूरी घटना की वीडियोग्राफी भी की गई।

थाना प्रभारी हटाए, कई निलंबित

इस कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।

साथ ही आरक्षक लक्ष्मण पटेल, उपनिरीक्षक संतराम गोटिया और हवलदार रमेश सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि थाना प्रभारी के खिलाफ पहले से कई शिकायतें लंबित थीं। आरोप था कि थाने में आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होता और अवैध वसूली का चलन बढ़ गया था।

इससे पहले भी एक मामला सामने आया था, जिसमें ऑनलाइन माध्यम से अवैध वसूली की गई थी। वहीं एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मी पैसे मांगते नजर आए थे।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह ऑपरेशन न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का जवाब है, बल्कि यह भी संदेश देता है कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जाएगी।




Katni News : कटनी के एक लॉज में बैतूल के एक युवक की मौत

कटनी जिले में सोशल मीडिया फ्रेंडशिप के बाद लॉज में हुई एक युवक की संदिग्ध मौत ने पुलिस विभाग हड़कंप मचा दिया है। मृतक युवक की पहचान बैतूल निवासी पवन गुप्ता के नाम से हुई है जो अपनी इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने शुक्रवार को ही कटनी पहुंचा था, लेकिन चंद घंटों बाद ही दर्पण लॉज उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक पवन गुप्ता अपनी इंस्टाग्राम में दोस्त बनी एक युवती से मिलने कटनी पहुंचा था, दोनों के बीच लंबे वक्त से बातचीत हुआ करती थी। इसलिए आज सुबह पवन अपने घर बैतूल से कटनी पहुंचा और दर्पण लॉज में कमरा बुक किया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लॉज में मिलने पहुंची युवती नीतू पहारिया ने बताया कि उसकी और पवन को दोस्ती डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम में हुई थी। मुझसे मिलने कटनी पहुंचा था। पवन बैतूल के चिचौली में रहने वाला है, जो कटनी के दर्पण लॉज में 11 बजे रुके हुए थे। मैं 1 बजे मिलने पहुंची थी। तभी कमरे में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टर ने बताया वो नहीं रहे। पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए लॉज और अस्पताल दोनों जगह छानबीन शुरू कर दी है।

कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के साथ एक युवती लॉज में मौजूद थी, जिससे पुलिस पूछताछ करेगी। अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है, लेकिन पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों पर हुई मौत नज़र अंदाज़ नहीं कर रही। युवक की लॉज में संदिग्ध हालात में मौत हुई है जिसके चलते कुठला पुलिस लॉज के रूम को क्राइम सीन मनाते हुए सील किया है। वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही पुलिस कार्रवाई शुरू कर देगी।




Katni News : बच्चों को शराब देने के मामले ने पकड़ा तूल

स्कूली बच्चों को शराब पिलाने वाला मामला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक तरफ जिला शिक्षा अधिकारी ने आरोपी शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी किया तो वहीं दूसरी ओर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिव्यांशु सिंह ने शिक्षक की शिकायत नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (NCPCR) में की है।

ये भी पढ़ें: बुजुर्ग महिला की पीड़ा सुनकर कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता

जानकारी के मुताबिक, 18 अप्रैल की दोपहर एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिसमें एक शख्स सात नाबालिग बच्चों को कप में शराब पिलाते दिखाई दे रहा था। वायरल वीडियो कटनी कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के पास पहुंचा तो उन्होंने तीन सदस्यीय टीम बनाकर जांच करने के निर्देश जारी किए। जिला शिक्षा अधिकारी पृथ्वीपाल सिंह ने जिले के छह विकासखंडों में वायरल वीडियो की पुष्टि कराई। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा शख्स लाल नवीन प्रताप सिंह है जो बड़वारा विकासखंड के बरही संकुल अंतर्गत ग्राम खिरहनी प्राथमिक शाला में शिक्षक पद पर पदस्थ है। इसके बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।

ये भी पढ़ें: पराली जलाने पर भैरोंदा और बुधनी के 111 किसानों पर 5,90,000 रुपये का जुर्माना लगाया

वहीं, वायरल वीडियो को लेकर कटनी युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा ने नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स और एसपी कटनी को आपराधिक मुकदमा पंजीबद्ध करने को लेकर शिकायती पत्र लिखा है। दिव्यांशु ने कहा कि यह घोर निंदनीय घटना है, जिसने शिक्षक जगत को शर्मसार किया है। जिला प्रशासन ने शिक्षक को सस्पेंड करने की दिखावटी कार्रवाई की है, जिससे वे संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने शिक्षक पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर, शिक्षक पर आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।