इटारसी परिक्षेत्र के सोनतलाई बीट क्षेत्र में मादा बाघ मृत मिला

नर्मदापुरम | वनमंडल नर्मदापुरम अंतर्गत परिक्षेत्र इटारसी की बीट सोनतलाई क्षेत्र में एक मादा बाघ मृत पाया गया। वनमंडलाधिकारी नर्मदापुरम, सामान्य वनमंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बीते दो दिनों से उक्त बाघ की लगातार निगरानी की जा रही थी।
बुधवार 21 जनवरी को बाघ को पूर्व में देखे गए स्थान पर ही निष्क्रिय अवस्था में पाए जाने पर वन अमले द्वारा समीप जाकर निरीक्षण किया गया, जहां मादा बाघ मृत पाई गई।

घटना की सूचना के बाद मुख्य वन संरक्षक, वृत्त नर्मदापुरम, वनमंडलाधिकारी नर्मदापुरम, सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व के चिकित्सकों की टीम, एनटीसीए द्वारा मनोनीत चिकित्सक, डॉग स्क्वाड, तहसीलदार इटारसी, ग्राम पंचायत रानीपुर के सरपंच तथा वन अमले की उपस्थिति में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के अनुरूप विधिवत पोस्टमार्टम की कार्यवाही संपन्न की गई।

मृत्यु के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि हेतु बाघ का विसरा अधिकृत प्रयोगशाला भेजने के लिए सुरक्षित किया गया है। चिकित्सकीय दल द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण में बाघ की मृत्यु संभवतः पेट में संक्रमण के कारण होना प्रतीत होती है।

पोस्टमार्टम के दौरान बाघ के सभी अवयव सुरक्षित पाए गए, जिससे अवैध शिकार या अंग-चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसकी पुष्टि के लिए सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व के डॉग स्क्वाड द्वारा आसपास के क्षेत्र में सघन खोजबीन भी कराई गई।

सभी औपचारिकताओं के पूर्ण होने के पश्चात, संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में बाघ का समस्त अवयवों सहित राख होने तक विधिवत शवदाह किया गया। बाघ की मृत्यु का वास्तविक और अंतिम कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही सुनिश्चित किया जाएगा।




इटारसी में कांग्रेस की किसान खेत न्याय यात्रा कल

Kisan Nyay Yatra

जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कल 19 सितंबर, शुक्रवार को इटारसी में कांग्रेस की किसान खेत न्याय यात्रा आयोजित होने जा रही है। इस यात्रा में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, लोकसभा पूर्व प्रत्याशी संजय शर्मा और कांग्रेस के कद्दावर नेता मानक अग्रवाल शामिल होंगे।

यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने पूरी तैयारी की है। वहीं, नगर कांग्रेस के युवा भी इसमें सक्रिय रूप से शामिल होकर कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पुरानी इटारसी के आजाद चोक से लेकर तुलसी चोक तक कांग्रेस के झंडों और बैनर-पोस्टरों से पूरे मार्ग को सजाया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने बताया कि किसान खेत न्याय यात्रा और वोट चोर गद्दी छोड़ यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोपहर 2 बजे इटारसी पहुंचेंगे और यात्रा की शुरुआत पुरानी इटारसी आजाद चोक से होगी। यात्रा ओबरब्रिज होते हुए बाजार स्थित तुलसी चोक तक पहुंचेगी, जहां विशाल आमसभा का आयोजन किया गया है।

इस दौरान सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता आम जनता को प्रदेश सरकार की नीतियों में हुई गलतियों के बारे में जागरूक करेंगे। यात्रा में युवा वर्ग और महिलाओं की बड़ी संख्या भी शामिल होगी। आमसभा के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष लगभग तीन से चार घंटे इटारसी में रुकेंगे।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार ने इस यात्रा के महत्व और इसमें जनता की भागीदारी के बारे में जानकारी दी।

ये भी पढ़े गमले में लौकी उगाने का आसान तरीका | घर पर ऑर्गेनिक लौकी कैसे उगाएं