Indore News : पिता से ₹3 लाख ऐंठने के लिए व्यक्ति ने रची खुद के अपहरण की साजिश

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने खुद के अपहरण की झूठी कहानी रचकर अपने ही पिता से तीन लाख रुपए की फिरौती वसूलने की कोशिश की। बुधवार को युवक के पिता आनंद यादव थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी कि उनका बेटा यश राठौर लापता है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें वॉट्सऐप कॉल पर किसी ने तीन लाख रुपए की फिरौती की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और साइबर सेल की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस ने सुपर कॉरिडोर इलाके से यश राठौर को उसके तीन दोस्तों के साथ पकड़ लिया।

कर्ज चुकाने के लिए रचा झूठा अपहरण

एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि यश राठौर ने कार की किश्त नहीं चुका पाने के कारण यह झूठी साजिश रची थी। पकड़े गए अन्य तीन युवक आदर्श चक्रवर्ती, धर्मेंद्र लोधी और राहुल मेहरा हैं। चारों ने मिलकर यश के पिता से फिरौती वसूलने का प्लान बनाया था। यश ने एक अर्टिगा कार किराए पर चलाने के उद्देश्य से ली थी और अपने माता-पिता से कहा था कि वह नगर निगम में कार अटैच करके अच्छी कमाई कर रहा है। लेकिन वास्तविकता यह थी कि गाड़ी से कोई आमदनी नहीं हो रही थी और कर्जदाता लगातार पैसे मांग रहे थे। ऐसे में यश ने कार को गिरवी रख दिया और पैसे की जुगाड़ के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी बना डाली।

माली हालत भी ठीक नहीं, घबराए परिजन पहुंचे थाने

यश के माता-पिता सिलाई का छोटा-मोटा काम करते हैं और घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही अच्छी नहीं है। बेटे के लापता होने और फिरौती की खबर मिलते ही वे घबरा गए और तुरंत थाने पहुंचे। पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की और यश समेत चारों युवकों को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई, जिससे पुलिस भी चौंक गई कि महज किश्त चुकाने के लिए युवक ने इतनी बड़ी योजना बना डाली।

एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दर्जनों केस

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों में से राहुल मेहरा पर पहले से ही एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। बाकी दोनों युवकों आदर्श चक्रवर्ती और धर्मेंद्र लोधी के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही, झूठी सूचना देने और कानून का दुरुपयोग करने के आरोप में भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।




Indore News : शहर में मृत जानवरों को दफनाने के बजाय उनका दाह संस्कार किया जाएगा

इंदौर नगर निगम ने शहर में मृत जानवरों को जमीन में गाड़ने की परंपरा को खत्म करते हुए उनके विधिवत अंतिम संस्कार की नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए निगम ने हरियाणा की माइक्रोटेक कंपनी से पांच साल का करार किया है। यह कंपनी अंतिम संस्कार प्लांट का निर्माण, संचालन और रखरखाव करेगी। योजना पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अब तक मृत जानवरों को गड्ढा खोदकर जमीन में दफनाया जाता था, जिससे बदबू और भूजल प्रदूषण की समस्याएं उत्पन्न होती थीं। इस समस्या के समाधान के लिए निगम ने निजी कंपनियों से प्रस्ताव मांगे थे, जिनमें से पांच कंपनियों ने रुचि दिखाई और अंततः हरियाणा की कंपनी को चुना गया।

इंदौर बनेगा मध्य प्रदेश का पहला ऐसा शहर

नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि इस योजना के लागू होने के बाद इंदौर मध्य प्रदेश का पहला ऐसा शहर बन जाएगा, जहां मृत जानवरों का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से अंतिम संस्कार किया जाएगा। भविष्य में इस प्लांट में पालतू जानवरों का भी अंतिम संस्कार संभव होगा, जिसके लिए शुल्क निर्धारित किया जाएगा। इस पहल से न केवल स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि शहर में बढ़ते प्रदूषण को भी रोका जा सकेगा। यह योजना स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

भोपाल और ग्वालियर में पहले से मौजूद है यह सुविधा

भोपाल और ग्वालियर जैसे शहरों में पहले ही एनिमल इंसीनरेटर की सुविधा उपलब्ध है। भोपाल में 5 करोड़ की लागत से एक इंसीनरेटर लगाया गया है, जो प्रतिदिन 35–40 मृत जानवरों का अंतिम संस्कार कर सकता है। इसकी क्षमता प्रति घंटे 300 किलो और पूरे दिन में लगभग 4 टन शवों के अंतिम संस्कार की है। इसमें डबल स्क्रबर टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया है, जो धुएं को ठंडा कर उसमें मौजूद हानिकारक कणों को फिल्टर करती है। ग्वालियर के केदारपुरा क्षेत्र में भी दो इंसीनरेटर 7–8 करोड़ रुपये की लागत से लगाए जा चुके हैं, जिससे वहां भी जमीन और भूजल को प्रदूषण से बचाया जा रहा है।

देश के अन्य शहरों में भी है अंतिम संस्कार की सुविधा

दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में मृत जानवरों के अंतिम संस्कार की यह व्यवस्था पहले से लागू है। दिल्ली, आगरा और कोटा जैसे शहरों में यह सिस्टम सफलतापूर्वक काम कर रहा है। खासकर आगरा में अंतिम संस्कार के बाद पशु अस्थियां परिजनों को विसर्जन के लिए सौंपी जाती हैं। यह व्यवस्था न केवल धार्मिक भावना का सम्मान करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी बेहद जरूरी मानी जा रही है। अब इंदौर भी इस आधुनिक सुविधा से लैस हो जाएगा, जिससे यह शहर एक नई मिसाल कायम करेगा।




Indore News : अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों के पॉजिटिव पाए जाने से कोविड के मामले फिर बढ़े

इंदौर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटों में चार नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही इस वर्ष अब तक कुल 16 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 11 मरीज इंदौर के निवासी हैं। वर्तमान में शहर में 9 एक्टिव केस हैं और सभी संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों के सैंपल वायरस के वैरियंट की जांच के लिए भोपाल भेजे हैं ताकि संक्रमण के प्रकार की पहचान की जा सके।

मरीजों की हालत सामान्य, अस्पताल में भर्ती की जरूरत नहीं

स्वास्थ्य विभाग ने राहत की बात यह बताई है कि सभी मरीजों की हालत सामान्य है और किसी को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी है। हाल ही में सामने आए चार मामलों में से एक मरीज 43 वर्षीय महिला है, जो यूनाइटेड किंगडम से इंदौर लौटी है। दूसरी संक्रमित महिला की उम्र 30 वर्ष है और वह केरल से लौटने के बाद पॉजिटिव पाई गई है।

संपर्क में आने से संक्रमण की पुष्टि, सभी होम आइसोलेशन में

30 वर्षीय महिला, उस व्यक्ति की पत्नी हैं जो पहले ही केरल से लौटने के बाद संक्रमित पाए गए थे। महिला को पति के संपर्क में आने के बाद सैंपलिंग के तहत जांच की गई थी और उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। तीसरे मरीज 50 वर्षीय पुरुष हैं, जो हाल ही में मुंबई से लौटे थे। चौथी संक्रमित महिला 53 वर्ष की हैं और इंदौर की ही निवासी हैं। चारों मरीजों में संक्रमण के लक्षण हल्के हैं और वे होम आइसोलेशन में रहकर इलाज ले रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने की सतर्कता बरतने की अपील

मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी (CMHO) डॉ. बीएस सेतिया ने बताया कि जिन मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री है, उनमें यात्रा के दौरान संक्रमण की आशंका जताई जा रही है। सभी संक्रमितों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भोपाल भेजे गए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सक्रिय वायरस का कौन-सा वैरियंट है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी में कोरोना के लक्षण नजर आएं तो तुरंत जांच कराएं और पूरी सतर्कता बरतें।




Indore News : शूटिंग अकादमी मोहसिन खान गर्ल्स क्राइम केस

इंदौर की शूटिंग एकेडमी में हुए दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में एक और वीडियो सामने आया है। शूटिंग एकेडमी का ट्रेनर मोहसिन खान इस वीडियो में बता रहा है कि उसके कई लड़कियों से संबध थे। उसने इंदौर के साथ अन्य जिलों की लड़कियों के साथ भी गलत काम किए हैं। वहीं दूसरी ओर एसआईटी की टीम ने मोहसिन के बैंक खातों की जानकारी निकाल ली है और केस का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाने की तैयारी शुरू की जा रही है। पुलिस ने केस को संवेदनशील क्राइम के प्रकरणों में शामिल किया है। इसमें पांच एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। मोहसिन के साथ गैंगरेप के आरोपी इमरान और फैजान फरार हो चुके हैं।

जावद की लड़की को तलाश रहे हिंदूवादी संगठन, एक और केस दर्ज करवाने की तैयारी

पुलिस के मुताबिक मोहसिन ने पूछताछ में मंदसौर के पास जावद की एक अन्य लड़की का नाम कबूला है। मोहसिन ने बताया कि जावद में वह एक लड़की से मिलने जाता था। यह पता चलने के बाद अब हिंदू संगठन उस लड़की की जानकारी निकाल रहे है। संगठनों का प्रयास है कि वह भी मोहसिन के खिलाफ केस दर्ज करवाए और उसे भी न्याय मिले।

मप्र के कई जिलों की लड़कियों को शिकार बनाया

नए वीडियो में मोहसिन कबूल करता दिखाई दे रहा है कि उसके कई लड़कियों से रिलेशन थे। इंदौर ही नहीं दूसरे जिलों की लड़कियों से भी टच में था। अब तक उसने 25 से 30 लड़कियों के साथ गलत काम किया है। इधर, पुलिस ने मोहसिन को 7 दिन की रिमांड पर लिया है। मामले की जांच एक 6 सदस्यीय एसआईटी कर रही है।

जावद की लड़की को तलाश रहे हिंदूवादी संगठन, एक और केस दर्ज करवाने की तैयारी

पुलिस के मुताबिक मोहसिन ने पूछताछ में मंदसौर के पास जावद की एक अन्य लड़की का नाम कबूला है। मोहसिन ने बताया कि जावद में वह एक लड़की से मिलने जाता था। यह पता चलने के बाद अब हिंदू संगठन उस लड़की की जानकारी निकाल रहे है। संगठनों का प्रयास है कि वह भी मोहसिन के खिलाफ केस दर्ज करवाए और उसे भी न्याय मिले।

फैजान और इमरान फरार

सोमवार को एक और पीड़िता ने गैंगरेप का केस दर्ज करवाया है। पीड़िता की शिकायत पर अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने यह केस दर्ज किया है। यह मोहसिन पर पांचवीं एफआईआर है, जिसमें उसके साथ ही उसके दोस्त फैजान और इमरान को भी आरोपी बनाया है। फैजान और इमरान आपस में भाई हैं। मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता के कोर्ट में बयान कराए हैं। पूछताछ में मोहसिन ने सामूहिक दुष्कर्म की बात कबूली है। इसमें उसके साथ उसके भाई इमरान व दोस्त फैजान का भी नाम लिया है। गैंग रेप में मोहसिन के साथ आरोपी बने फैजान खान व भाई इमरान की तलाश में अन्नपूर्णा पुलिस की एक टीम ने महू, खजराना व अन्य इलाकों में दबिश दी, लेकिन दोनों नहीं मिले। बताते हैं दोनों शहर छोड़ भाग निकले हैं।

अकाउंट में नहीं मिला ट्रांजेक्शन

वहीं दूसरी ओर एसआईटी की टीम ने मोहसिन के बैंक खातों की जानकारी निकाल ली है। फिलहाल उसके अकांउट में फंडिंग जैसा ट्रांजेक्शन सामने नहीं आया है। उसके अकांउट में जो लेन-देन हुआ है वह क्लास में आने वाली लड़कियों की फीस के बाद स्टाफ की सैलरी है। हालांकि, अभी मोहसिन से और पूछताछ की जा रही है कि वह दूसरे अकांउट तो हैंडल नहीं कर रहा था।

शूटिंग एकेडमी के लाइसेंस जांच रही निगम टीम

एसीपी शिवेंदु जोशी व टीआई अजय नायर की एक टीम मोहसिन की शूटिंग एकेडमी से लेकर उसके यहां शूटिंग सीखने आने वाले स्टूडेंट्स, शूटिंग एकेडमी के लिए जरूरी लाइसेंस और नगर नगम व लेबर विभाग के दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी है। एफआईआर में दर्ज जानकारी के आधार पर इसके खिलाफ साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है, ताकि फास्ट ट्रैक में भी इसे ले जा सकें।

मोबाइल, लैपटॉप और डीवीआर सिस्टम से साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस

शूटिंग की आड़ में युवतियों से दुष्कर्म करने वाले आरोपी मोहसिन खान के प्रकरणों को पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील क्राइम के प्रकरणों में शामिल किया है। आरोपी पर दर्ज पांच एफआईआर में एक स्पेशल टीम गठित कर उसे फास्ट ट्रैक में ले जाने वाले प्रकरणों की तर्ज पर ही जांच की जा रही है। इधर, आरोपी का 7 दिन का रिमांड मिला है। एडिशनल डीसीपी जोन 4 आनंद यादव ने बताया, महिला संबंधी अपराध होने के कारण इस पूरे प्रकरण को संवेदनशील अपराध के प्रकरणों की श्रेणी में लिया है। जांच टीमें मोबाइल, लैपटॉप और डीवीआर सिस्टम से टेक्निकल साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।




एमपी में मुस्लिम लड़के और हिंदू लड़की की नहीं हो सकेगी शादी, कोर्ट का बड़ा फैसला

मध्यप्रदेश में मुस्लिम लड़के और हिंदू लड़की की शादी पर बड़ी खबर सामने आई है। लव जिहाद ठहराई जा रही शादी अब नहीं हो सकेगी। बहुचर्चित अंकिता राठौर-हसनैन अंसारी मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। जबलपुर के अपर कलेक्टर और विवाह अधिकारी कोर्ट ने शादी का आवेदन खारिज कर दिया है। हसनैन के आवेदन में जो पता दिया गया है वहां वह रहता ही नहीं है।

अंकिता राठौर-हसनैन अंसारी की शादी का प्रदेशभर में विरोध किया जा रहा था। परेशान होकर एमपी हाईकोर्ट में याचिका लगाई जिसपर दिसंबर 2024 में कोर्ट ने स्पेशल हिंदू मैरिज एक्ट के अंतर्गत शादी की अनुमति दे दी थी। हाईकोर्ट के इस फैसले के खिलाफ हिंदू संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही थी।

केस में अब नया मोड़ आ गया है। जबलपुर के अपर कलेक्टर और विवाह अधिकारी कोर्ट ने शादी का आवेदन ही खारिज कर दिया है। हसनैन अंसारी ने जो पता बताया वहां वह कई सालों से नहीं रह रहा। आवेदन में उसने 10 साल पुराना पता बताया था। इसके आधार पर शादी का आवेदन खारिज कर दिया गया है। स्पेशल मैरिज एक्ट 1954 की धारा 5 के तहत यह निर्णय लिया गया।
बता दें कि इंदौर की अंकिता राठौर और जबलपुर के सिहोरा के हसनैन अंसारी ने पिछले साल 7 अक्टूबर को शादी करने के लिए आवेदन दिया था। हिंदूवादी संगठन इसका विरोध करते हुए अंकिता को उसके अभिभावकों के सुपुर्द करने की मांग कर रहे थे।




इंदौर – उज्जैन में दौड़-दौड़ कर जमीन खरीद रहे हैं लोग, बना रहे हैं घर-बंगला, ये है बड़ी वजह

दुनिया का हर शख्स चाहता है कि उसका सपनों का आशियाना हो। इस पूरी दुनिया में एक जगह हो, जिसे वो अपना कह सके। जहां वो अपनी मर्जी से जी सके। ऐसे में एक इंसान अपनी जिंदगी में पैसे सेव करता है, ताकि वो अपने लिए घर खरीद सके। कुछ लोग जमीन खरीदते हैं और उसके बाद अपना आशियाना बनाते हैं तो कुछ सीधे बना-बनाया फ़्लैट खरीद लेते हैं। इस बीच एक खबर सामने आई है, जिसके मुताबिक़, साल 2024 में मध्यप्रदेश में प्रॉपर्टी खरीदने में लोगों ने काफी दिलचस्पी दिखाई।

अधिकारीयों के मुताबिक, साल 2024 में सबसे अधिक प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन उज्जैन और इंदौर में देखने को मिले। इसके पीछे ख़ास वजह है। अधिकारीयों के मुताबिक, 2028 में लगने वाले सिंहस्थ की वजह से यहां प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के मामले काफी बढ़े हैं। 2024 में मालवा और नीमर क्षेत्र के 15 डिस्ट्रिक्ट में कुल 5 लाख 79 हजार एक सौ 45 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुए. इसकी वजह से सरकार को 4496.25 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ. इसमें इंदौर और उज्जैन सबसे आगे रहे।

2028 में बदलेगी तस्वीर
अधिकारियों के मुताबिक़, 2028 में होने वाले सिंहस्थ की वजह से लोग यहां प्रॉपर्टी खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। मेले की वजह से यहां रोड, मेट्रो रेल और कई तरह के डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू हो रहे हैं। लोग प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट कर रहे हैं। रजिस्ट्रार डिपार्टमेंट के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल इंदौर में 175,737 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुए थे जो 2023 के मुकाबले 3,289 ज्यादा थे।

सरकार को हो रहा मुनाफ़ा
इंदौर के अलावा उज्जैन का भी ऐसा ही हाल रहा। उज्जैन में 2024 में 79,229 प्रॉपर्टी रजिस्टर हुए थे जो 2023 के मुकाबले 4,278 ज्यादा थे। प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन में हुई बढ़त की वजह से सरकार को काफी फायदा हो रहा है। इंदौर की वजह से सरकार को 2439.10 रुपए का फायदा हुआ तो वहीं उज्जैन की वजह से सरकार को 483.95 करोड़ का फायदा हुआ था।




Indore: वर्ष 2024 राजनीतिक घटनाक्रम

वर्ष 2024 राजनीतिक रुप से भी इंदौर और मालवा निमाड़ के लिए बीत रहा साल सुर्खियों मेें रहा। यहां हुए राजनीतिक घटनाक्रमों की चर्चा पूरे देशभर में हुई। खासतौर पर भाजपा के लिए यह साल शुभ रहा। इंदौर के लोकसभा चुनाव में सर्वाधिक वोटों से जीत का रिकार्ड इंदौर से मना। इंदौर में सबसे ज्यादा नए भाजपा सदस्य बने। कांग्रेस छोड़कर कई पूर्व विधायक व बड़े नेता भाजपा में शामिल हुए।

बम ने नामांकन तिथि के अंतिम दिन थामा भाजपा का दामन

इंदौर में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अक्षय बम को कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित किया था। भाजपा की तरफ से शंकर लालवानी मैदान में थे। नामांकन तिथि के अंतिम दिन अक्षय बम विधायक रमेश मेंदोला के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपना नाम वापस ले लिया। इस घटनाक्रम से राजनीतिक गरमा गई,क्योकि कांग्रेस से डमी उम्मीदवार ने भी नामांकन नहीं भरा था। कांग्रेस ने इंदौर में बगैर उम्मीदवार के चुनाव लड़ा।

बम को भाजपा में लाने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ी भूमिका निभाई। इसके बाद बम ने भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी पूरे देश में सर्वाधिक वोटों से चुनाव जीते। उनकी जीत का अंतर 11.75 लाख था। इतने वोटों की बढ़त से पूरे देश में सिर्फ उनकी ही रही।

विजयवर्गीय का कांग्रेस कार्यालय में स्वागत पड़ा मंहगा

नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बीएसएफ टेकरी में सर्वाधिक पौधे लगाने का रिकार्ड बनाने का शहरवासियों से आव्हान किया। वे कांग्रेस पदाधिकारियों को आमंत्रित करने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन भी पहुंचे। वहां कांग्रेसियों ने उनका बुके देकर और गुलाब जामुन खिलाकर स्वागत किया। यह बात कुछ कांग्रेसियों को नागवार गुजरी। राजनीति गरमाने के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव को सात दिन के निलंबित कर दिया गया।

कांग्रेस के तीन पूर्व विधायक हुए भाजपा में शामिल

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के तीन पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाला पटेल और अंतर सिंह दरबार ने भाजपा का दामन थाम लिया। शुक्ला और पटेल का नाम लोकसभा चुनाव के दावेदारों की पैनल में था। उन्होंने मेयर का चुनाव भी लड़ा था। संजय अपना दूसरा विधानसभा चुनाव कैलाश विजयवर्गीय से हार गए थे। इसके अलावा महू विधानसभा से बागी उम्मीदवार के रुप में चुनाव लड़ने वाले अंतर सिंह दरबार भी भाजपा में आ गए।

कुछ दिनों बाद विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी बने राम किशोर शुक्ला ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। इसके अलावा इंदौर के चार नंबर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े राजा मंधवानी भी भाजपा में शामिल हो गए।

विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री के सामने उठाया नशा बेचने वालों का मुद्दा

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दशहरा मैदान में हुए एक आयोजन में इंदौर में अवैध नशा और ब्राउनशुगर बेचने का मुद्दा दमदारी से उठाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान से इंदौर में नशा आता है और तस्करों की पूरी सूची उनके पास है। उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस को इस मामले में सख्ती बरतने को कहा था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाद में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेगी।

इंदौर जिले में भाजपा एक भी सीट नहीं हारी

इंदौर जिले में विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक रिकार्ड बनाया। जिले की सभी 9 सीटे भाजपा ने जीत ली। तीन नंबर, राऊ विधानसभा और देपालपुर में मुकाबला टसल वाला माना जा रहा था, लेकिन एक भी सीट कांग्रेस इंदौर जिले में नहीं जीत पाई। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी राऊ विधानसभा सीट से चुनाव नहीं जीत पाए।

इंदौर में सबसे ज्यादा भाजपा के सदस्य बने

भाजपा के देशव्यापी सदस्यता अभियान में इंदौर ने बाजी मारी। इंदौर में सबसे ज्यादा छह लाख सदस्य भाजपा पदाधिकारियों ने बनाए। एक नंबर विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा नए सदस्य भाजपा से जुड़े। इंदौर में सबसे ज्यादा सदस्य बनने की घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की। इसे भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे की बड़ी उपलब्धि माना गया।




Indore Weather News : इंदौर में सीजन का सबसे ठंडा दिन, चलेगी शीत लहर

indore weather news update today imd mausam temperature

INDORE WEATHER

इंदौर में पिछले 24 घंटों से चल रही तेज सर्द हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान 4 डिग्री कम होकर 21.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि रात का तापमान 2 डिग्री कम होकर 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भले ही कोल्ड डे घोषित नहीं किया गया, लेकिन दिनभर ठंड का असर महसूस किया गया। सोमवार सुबह से भी ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे कंपकंपी का माहौल बना हुआ है।

विजिबिलिटी कम हुई, कोहरा जमा हुआ

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साल की आखिरी रात को तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वर्तमान में बने सिस्टम के अनुसार, मध्य प्रदेश में नए साल के पहले दिन से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने की संभावना है, जिससे बर्फीली हवाओं के चलते पूरे प्रदेश में ठिठुरन का माहौल बन जाएगा। इंदौर में रविवार से बारिश बंद हो गई है और मौसम साफ हो गया है, लेकिन तापमान में गिरावट जारी है। सोमवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, विजिबिलिटी 1100 मीटर रही, हवा की गति 8 किमी प्रति घंटा थी और बादल भी छाए हुए थे, जिससे ठंड का असर बढ़ गया।

शीतलहर का प्रभाव रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में 20 से 22 दिनों तक शीतलहर और कोल्ड डे का असर रह सकता है। शुरुआती दिनों में ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में शीतलहर का प्रभाव रहेगा, जिसके बाद इंदौर और आसपास के हिस्सों में भी इसका असर दिखाई देगा।




Indore News : महिला कैदियों को हेयर रिमूव्हल क्रीम और शैम्पू मिलेगा, दूध-सलाद और चाय भी ज्यादा मिलेगी

indore news Female inmates happily apply cream and powder in Indian jail

जेल का प्रतिकात्मक फोटो।

प्रदेश की जेलों में 43 हजार से अधिक कैदी फिलहाल बंद हैं, जिसमें इंदौर की सेंट्रल और जिला जेल भी शामिल है। प्रदेश सरकार 1 जनवरी से सुधारात्मक सेवाएं एवं बंदी गृह अधिनियम लागू करने जा रही है, जिसमें कैदियों को कई तरह की सुविधाएं मिलेगीं, वहीं उनके खाने के मैन्यू में भी बदलाव होगा। महिला कैदियों को जहां हेयर रेमूव्हल क्रीम के लिए शैम्पू मिलेगा, तो अन्य कैदियों को सलाद- दूध सहित अन्य सामग्री दी जाएगी।

एक जनवरी से लागू होंगे नए नियम

पिछले दिनों ही नया अधिनियम मंजूर होकर उसका गजट नोटिफिकेशन भी कुछ समय पूर्व कर दिया गया और अब 1 जनवरी से जेल विभाग का नाम बदलकर बंदी गृह एवं सुधारात्मक हो जाएगा। इसी तरह जेल को भी सुधारात्मक संस्था और बंदी गृह कहेंगे। इसी तरह जेल अधिकारी के पदनाम भी बदल जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश की जेलों में 1900 महिला कैदी और लगभग 41 हजार पुरुष कैदी बंद हैं। सभी जेलों में क्षमता से अधिक कैदी भरे हुए हैं, जिसके चलते अब नई बैरकें बनाने, महिला बंदियों के लिए सेब्रेट वार्ड सहित ओपन जेल के प्रावधान भी किए जा रहे हैं। इंदौर सहित प्रदेशभर में 133 जेल हैं, जिनमें 11 केन्द्रीय जेल और 8 ओपन, 42 जिला जेल, 72 उपजेल शामिल हैं।

महिला कैदियों के लिए विशेष सुविधाएं

महिला कैदियों को शैम्पू, हेयर रिमूव्हल क्रीम मिलेगा, तो साथ ही कैदियों को दूध और चायपत्ती भी अब अधिक मात्रा में दी जाएगी, तो खाने में सलाद भी 60 ग्राम मिलेगा, जिससे 3 करोड़ रुपए से अधिक का जेल महकमे का खर्चा बढ़ेगा। इसी तरह चाय के लिए दूध 60 मिलीग्राम की बजाय अब 80 मिलीग्राम प्रति बंदी मिलेगा और चायपत्ती भी 4 ग्राम से बढ़कर 6 ग्राम प्रति बंदी रोजाना दी जाएगी। खाने के तेल की मात्रा भी 30 मिलीग्राम प्रति बंदी होगी और विशेष अवसरों पर जो भोजन मिलता है उसके लिए भी 75 मिलीग्राम प्रति बंदी अतिरिक्त खाद्य तेल उपलब्ध कराया जाएगा। इंदौर में सांवेर रोड पर बड़ी जेल का निर्माण भी प्रगति पर है।




Indore News : विधायक गोलू शुक्ला ने की इंदौर की मुस्लिम बस्तियों के नाम हिंदू नामों पर करने की मांग, प्रस्ताव भेजा


Indore: MLA Golu Shukla demanded to name Muslim settlements of Indore with Hindu names, sent the proposal to t

गोलू शुक्ला विधायक भाजपा।

इंदौर के तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोलू शुक्ला ने अपने क्षेत्र के मुस्लिम नामों की बस्तियों के नाम हिन्दू नामों पर करने की मांग मेयर पुष्य मित्र भार्गव से की है। उन्होंने नए नामों के नामकरण के प्रस्ताव भी तैयार करा लिए। शुक्ला का कहना है कि कुछ बस्तियों के नाम इतने अट पटे है कि उन्हें बोलना उचित नहीं रखता, इसलिए उनके नाम बदलना चाहिए।

विधायक की इस मांग से राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस नेता कह रहे है कि विधायक को नाम बदलने का अधिकार नहीं है। जो नाम वर्षों से प्रचलन में है। उन्हें कैसे बदला जा सकता है।

गोलू ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की बस्ती मियां भाई की चाल का नाम श्रीराम नगर, फिरोज गांधी नगर में महाराष्ट्रीयन समाज के लोग ज्यादा तादाद में रहते है। इस कारण उसका नाम नाम जय मल्हार नगर होना चाहिए। गोलू का कहना है कि जबरन काॅलोनी नाम अटपटा लगता है। उसका नाम सरस्वती नगर और हाथीपाला का नाम बजरंग नगर होना चाहिए।

दो नामों से गलफत

विधायक ने कहा कि इंदौर में दो खातीपुरा है। एक खातीपुरा कृष्णपुरा ब्रिज के पास है तो दूसरा सुखलिया क्षेत्र में। एक जैसे दो नामों से गलफत रहती है। इस कारण मेरी विधानसभा क्षेत्र के खातीपुरा इलाके का नाम रघुनाथ पुरम करने की मांग की है।

आपको बता दे कि विधायक गोलू शुक्ला ने विधानसभा चुनाव हिन्दूत्व के एजेंडे पर लड़ा था और खुद को सनातनी विधायक के रुप में प्रोजेक्ट करते है। इस बार वे मुस्लिम बस्तियों के नाम बदलने की मांग को लेकर फिर सुर्खियों में आ गए है। गोलू के विधानसभा क्षेत्र में 25 प्रतिशत अल्पसंख्यक वोटबैंक है।