Indore News : इंदौर में एक बुजुर्ग ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
पिता के शव के पास बैठा बेटा।
इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में मंगलवार सुुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से खुुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन व आस पड़ोसी जागे तो देखा कि अपने रुम मेें बुजुर्ग विजय शुुक्ला लहुलूहान हालत में है।
उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वे लंबे समय से बीमारी अन्य कारणों से अवसाद मेें थे। पुलिस को उसके कक्ष से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
यह घटना विजय नगर क्षेत्र में हुई। 65 वर्षीय विजय शुक्ला घर में पलंग पर लेटे हुए थे। लेटे हुए उन्होंने 12 बोर की बंदूक की नाल अपनी ठोड़ी पर लगाई और ट्रिगर दबा दिया। गोली सिर के आर पार हो गई। आवाज सुनकर बेटा जागा तो पिता को देख वही जमीन पर बैठ गया और रोने लगा। वह कुछ समझ नहींं पा रहा था।आसपास के लोग भी आ गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और परिजनों से आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश की।आत्महत्या के उपयोग में लाई गई बंदूक लाइसेंसी थी। आत्महत्या से पहले विजय ने अपनी बेटी को मैसेज भी किया था।
Indore News : तीन तलाक मामले में मप्र हाईकोर्ट की टिप्पणी
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
इंदौर हाईकोर्ट
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने तीन तलाक मामले में सुनवाई करते हुए महत्वपूर्ण टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि तीन तलाक समाज के लिए बुरा है। कानून निर्माताओं को यह महसूस करने में कई साल लग गए। हमें अब देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की आवश्यकता का अहसास होना चाहिए।
बडवानी जिले के राजपुर निवासी मुस्लिम महिला ने अपने पति, सास और ननद के खिलाफ तीन तलाक व दहेज प्रताड़ना के मामले में प्रकरण दर्ज कराया था। जिसे निरस्त करने की मांग इंदौर हाईकोर्ट में की गई थी। यह तर्क दिया गया था कि तीन तलाक की धारा सिर्फ पति पर लगाई जाती है, लेकिन इन धाराअेां में पति की मां और बहन पर भी केस दर्ज हुआ है। कोर्ट ने दोनों के खिलाफ तीन तलाक का केस निरस्त कर दिया, लेकिन कोर्ट ने तीन तलाक पर टिप्पणी भी की।
कोर्ट ने कहा कि समाज में कई कट्टरपंथी, अंधविश्वासी और अति-रूढ़िवादी प्रथाएं प्रचलित हैं जो आस्था और विश्वास के नाम पर छिपी हुई हैं। मुस्लिम पर्सनल लाॅ में तीन तलाक विवाह विच्छेद को दिखाता है। मुस्लिम व्यक्ति तीन बार तलाक बोलकर अपनी शादी खत्म करने के लिए सक्षम है। पति भविष्य में यदि गलती सुधारे भी तो पीडि़त महिला को हलाला के अत्याचारों का सामना करना पड़ता है। अब तीन तलाक के खिलाफ कानून बन गया। यह समानता दर्शाने के लिए बड़ा कदम है। कानून निर्माताअेां को यह समझने में कई साल लग गए कि समाज के लिए तीन तलाक बुरा है। नया कानून नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता के महत्व को बताता है। अब देश में समान नागरिक संहिता के महत्व को समझना होगा।
Indore News: गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम में मौजूद अतिथि और गुरुजन।
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
कार्यक्रम में मौजूद अतिथि और गुरुजन।
रविवार को गुरु पूर्णिमा (Guru Purnima) के अवसर पर इंदौर में कई बड़े आयोजन हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 10.30 बजे इंदौर आएंगे और 11 बजे यूनिवर्सिटी सभागृह में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 21 जुलाई को सुबह 10:30 बजे वायुयान द्वारा इंदौर आयेंगे। वे यहाँ देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के सभागृह में आयोजित गुरू पूर्णिमा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे दोपहर 12:30 बजे वायुयान द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प पर इंदौर जिले में गुरु पूर्णिमा के कई बड़े आयोजन रखे गए हैं। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की विशेष मौजूदगी में कम्पेल के विद्यालय में गुरुपूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री सिलावट ने गुरुजनों का सम्मान किया और स्कूली बच्चों को कॉपी और स्टेशनरी आदि उपयोगी सामग्री भी वितरित की। उन्होंने बच्चों को गुरुजनों का महत्व भी बताया।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार करेगी हरसंभव मदद
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक मालिनी गौड़ भी विशेष रूप से मौजूद थी। बच्चों को गुरुओं की सीख से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की दिशा में संकल्प दिलाया गया। सिलावट ने इस अवसर पर स्कूली बच्चों से रूबरू चर्चा की। बच्चों को जीवन में गुरुजनों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे राष्ट्र के निर्माण में अपना सहयोग करें। बच्चों के बेहतर भविष्य निर्माण के लिए पूरी मदद दी जाएगी। राज्य सरकार हर तरह से उनके साथ है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों का बेहतर भविष्य गुरुजनों द्वारा ही बनाया जाता है। बच्चा जब सफलता हासिल करता है और जीवन में नई ऊचाइयों को प्राप्त करता है तो माता-पिता के अलावा सबसे ज्यादा खुशी गुरुजनों को होती है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों को हमेशा सम्मान किया जाना चाहिए। उनकी सीख जीवन में हर वक्त बड़ी काम आती है। मंत्री तुलसीराम सिलावट ने विद्यालय के छात्रों से वार्तालाप कर अनेक प्रश्न भी पूछे।
इस अवसर पर इंदौर जनपद के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया (कान्हा पटेल), रवि दुबे, श्याम निमाडी, ब्रजमोहन राठी, सुरेश टेलर, प्रेम बोरवेल, सुधीर भजनी, नारायण चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी सुषमा वैश्य, जनपद सीईओ प्रियंका टैगोर, कम्पेल कॉलेज प्राचार्य खण्डेलवाल तथा प्रोफेसर व बीआरसी हरिओम वैष्णव, सरपंच ओम कंट्रोल वाले आदि गणमान्य नागरिक, शिक्षक तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।
Indore News: पेड़ों की अवैध कटाई पर इंदौर कलेक्टर और नगर निगम को हाईकोर्ट का नोटिस
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
मल्हार आश्रम का दृश्य।
इंदौर में पेड़ों की अवैध कटाई पर इंदौर कलेक्टर और नगर निगम को हाईकोर्ट ने नोटिस दिया है। समाज सेवी डॉ.अमन शर्मा द्वारा उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर के समक्ष जनहित याचिका प्रस्तुत की गई। याचिकाकर्ता की और से पैरवी अभिभाषक अभिनव धनोड़कर ने की।
मध्यप्रदेश सरकार, केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी इसमें नोटिस दिया गया है। सभी से चार सप्ताह में जवाब मांगा गया है। अगली सुनवाई 20 अगस्त 2024 को होगी।
मल्हार आश्रम और एमओजी लाइन का विवरण दिया गया
अभिभाषक धनोड़कर ने बताया कि मल्हार आश्रम और एमओजी लाइन समेत शहर में कई जगह अवैध कटाई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दायर याचिका में एमओजी लाइन और मल्हारगंज आश्रम में हुई पेड़ कटाई को लेकर संपूर्ण विवरण दिया गया है। याचिका में पेड़ों की कटाई की अनुमति को लेकर एक समिति बनाने का भी उच्च न्यायालय से आग्रह किया गया है।
इसी के चलते मध्यप्रदेश वृक्षों परिरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 4 एवं 6 के माध्यम से चुनौती दी गई। इसमें याचिकाकर्ता के द्वारा यह बताया गया की अधिनियम की धारा 4 के अंतर्गत नगर निगम के आयुक्त ही वृक्ष अधिकारी के रूप नियुक्त किए गए है। इंदौर शहर के विकास कार्य भी नगर निगम द्वारा ही किया जा रहा है। वृक्ष अधिकारी बिना सोचे समझे विकास कार्य की ओर अग्रसर होकर वर्षों पुराने/प्रचीन और बड़े पेड़ों को धड़ल्ले से काटने का कार्य कर रहे हैं।
500 रुपए मुआवजा शुल्क लेकर पेड़ों की कटाई करवाना गलत
याचिकाकर्ता द्वारा अधिनियम की धारा 6 के अंतर्गत वर्णित प्रक्रिया को भी याचिका के माध्यम से चुनौती दी गई। धारा 6 के अतिरिक्त भी एक और प्रक्रिया को अपना लिया गया है, जिसमें निरीक्षक नामक एक पद पर नियुक्ति दी गई है और पेड़ों की कटाई को लेकर 100 रुपए आवेदन शुल्क और 500 रुपए का मुआवजा शुल्क भी प्रक्रिया में शामिल कर दिया गया है जो पूर्णत: विधि के विपरीत है।
Indore News: आष्टा दुर्घटना में व्यापारी की मौत
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
INDORE NEWS
सोमवार रात को इंदौर के स्कीम नंबर 78 में रहने वाले एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार, भागवतसिंह राजपूत (47), आष्टा रोड पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल भागवतसिंह को उनके दोस्त मुकेश ने एमवाय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार में पत्नी और एक बेटा बेटी को छोड़ गए
पुलिस ने बताया कि घटना इंदौर-आष्टा रोड पर हुई थी। भागवतसिंह रात में कार से उतरे थे, तभी एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल भागवतसिंह को उनके दोस्त मुकेश ने अपनी कार से एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें इलाज शुरू किया लेकिन, देर रात इलाज के दौरान भागवतसिंह की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बताया कि भागवतसिंह इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरोपी बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
Indore News: नर्मदा नदी आईआईटी मानचित्रण केंद्र का उद्घाटन।
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
आईआईटी में केंद्र का उद्घाटन।
आईआईटी इंदौर में ‘जल शक्ति मंत्रालय’ की ‘नर्मदा नदी क्षेत्र प्रबंधन’ परियोजना के अंतर्गत नर्मदा नदी क्षेत्र प्रबंधन अध्ययन केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव एवं डीआरडीओ के चेयरमैन डॉ. समीर वी. कामत ने किया। इस उद्घाटन में आईआईटी इंदौर के शासी मंडल के अध्यक्ष डॉ. के. सिवन, आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रोफेसर सुहास एस. जोशी, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर विनोद तारे भी उपस्थित रहे।
यह केंद्र एक ऐसी परियोजना पर काम करेगा, जिसमें मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के लगभग 1,000 किलोमीटर के पूरे क्षेत्र की मैपिंग की जाएगी। इसके लिए, नर्मदा नदी क्षेत्र के 3-डी मॉडल के रूप में एक प्रोटोटाइप भी बनाया गया, ताकि नदी क्षेत्र की मैपिंग और इसके पर्यावरण के संरक्षण में विभिन्न जटिलताओं और चुनौतियों को दर्शाया जा सके। साथ ही, नर्मदा नदी क्षेत्र पर किए गए विभिन्न वैज्ञानिक अध्ययनों को भी गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर, डॉ. कामत ने नर्मदा नदी क्षेत्र के अध्ययन और मध्य प्रदेश राज्य में जल प्रबंधन पर एक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रोफेसर मनीष गोयल के नेतृत्व में आईआईटी इंदौर के संकाय सदस्यों प्रोफेसर प्रीति शर्मा, प्रोफेसर किरण बाला और प्रोफेसर मयूर जैन की टीम के प्रयासों की सराहना की।
समाज की मदद करने वाली परियोजना
वहीं, डॉ. सिवन ने समाज की बेहतरी के लिए इस परियोजना पर काम करने के महत्व पर प्रकाश डाला और इस पर कहा कि इस तरह की परियोजनाएं पर्यावरण पुनरुद्धार के साथ-साथ नदी संबंधी वाणिज्यिक गतिविधियों के संदर्भ में समाज को सीधे तौर पर मदद करेंगी। आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर विनोद तारे, जिन्होंने ‘नमामि गंगे’ परियोजना की शुरुआत की, ने एकीकृत नदी क्षेत्र प्रबंधन के महत्व और नर्मदा नदी की स्वच्छता को संरक्षित करने के लिए स्थायी पद्धतियों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इसके साथ, उन्होंने नीतियाँ बनाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस दौरान, प्रोफेसर जोशी ने कहा, हम नर्मदा नदी क्षेत्र से संबंधित ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए सहयोगात्मक परिवेश को बढ़ावा देने हेतु विशेषज्ञों, पेशेवरों और शिक्षाविदों को एक साथ लाएंगे। हमें इस महत्वपूर्ण जल संसाधन को संरक्षित करने के लिए एकीकृत प्रबंधन दृष्टिकोण और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता है।
नर्मदा को संरक्षित करने का प्रयास
संस्थान में नर्मदा नदी क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण समस्याओं पर प्रकाश डालने तथा विशेषज्ञ व्याख्यानों और सहयोगात्मक चर्चाओं के माध्यम से संभावित समाधानों पर चर्चा करने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में अलीराजपुर जिले के विशेष संदर्भ के साथ नर्मदा नदी क्षेत्र में सामुदायिक पारिस्थितिकी तंत्र का पुनःस्थापन, नर्मदा का जीर्णोद्धार करने के लिए सामाजिक नेतृत्व में अभियान, नर्मदा नदी क्षेत्र में वन भूमि का महत्व, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भू-जल पुनरुद्धार गतिविधियां तथा नर्मदा नदी क्षेत्र में पर्यावरण संबंधी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। आईआईटी इंदौर में परियोजना का नेतृत्व कर रहे संकाय सदस्य प्रोफेसर मनीष गोयल ने कहा, सार्वजनिक चर्चा ने सभी प्रतिभागियों को अपने विचार साझा करने और नर्मदा नदी क्षेत्र के स्थायी प्रबंधन के लिए आगे का मार्ग प्रशस्त करने में सहयोग करने के लिए एक मंच प्रदान किया है।
Indore: सूर्योदय के साथ इंदौर में 11 लाख पौधे लगाने का अभियान शुरू
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
इंदौर मेें पौधारोपण शुरू
इंदौर में रविवार सुुबह छह बजे से रेवती रेंज में 11 लाख पौधेे लगाने का अभियान शुरू हो गया। सूर्योदय होने के बाद शंख बचते ही मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने पौधे लगाए। इसके बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने पौधे लगाए।बारिश के कारण आयोजन स्थल पर थोड़ा कीचड़ भी हो गया था, लेकिन लोगों के उत्साह मेें कोई कमी नहीं आई।
शहर के विभिन्न संगठन, संस्थान व शहरवासी शाम छह बजे तक 11 लाख पौधे लगाएंगे और इंदौर विश्व रिकार्ड बनाएगा। अभी तक एक दिन में सबसे ज्यादा पौधे लगाने का रिकार्ड आसाम सरकार के नाम पर है। वहां एक दिन में 9 लाख 26 हजार पौधे लगाए गए है।
मंत्री अमित शाह होंगे शामिल
11 लाख पौधे एक साथ लगाने के अभियान में केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। वे साढ़े 11 बजे रेवती रेंज जाएंगे। उनके आगमन के मद्देनजर सुबह 9 बजे सुपर काॅरिडोर, वीआईपी रोड, अरविंदो अस्पताल तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
मंत्री शाह दोपहर में अटल बिहारी वाजपेई काॅलेज में जाएंगे। वहां वे मध्य प्रदेश के 55 जिलों में प्रधानमंत्री काॅलेज आफ एक्सीलेंस का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे पितृ पर्वत पर भी जाएंगे। वहां वे भोज करेंगे। वहां भी वे एक पौधा लगाएंगे। उनके आगमन के मद्देनजर शहर के विभिन्न मार्गों पर होर्डिंग व कटआउट लगाए गए है।
कलेक्टर, कमीश्नर ने भी खोदे गड्ढे
रेवती रेंज पर शनिवार शाम कलेक्टर आशीष सिंह और निगमायुक्त शिवम वर्मा, अपर आयुक्त दिव्यांक सिंह ने भी गेती चलाकर खड्ढे खोदे। इसके बाद अन्य अधिकारी भी श्रमदान में जुट गए।
14 जुलाई को टेकरी के चढ़ाई वाले हिस्से में बीएसएफ, पुलिस और स्काउट गाडइ के सदस्य पौधे लगाएंगे। कई स्कूल काॅलेजों के विद्यार्थी भी वहां आएंगे।
Indore: 280 टन का भार सहा इंदौर का खजराना पुल, लोड टेस्ट में पास, अब शुरू होगा आवागमन
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
खजराना ब्रिज का लोड टेेस्ट
इंदौर के खजराना ब्रिज का लोड टेस्ट में पास हो गया। 24 घंटे तक ब्रिज की भुजा पर 280 टन का बोझ रखा गया। इसके बाद ब्रिज की भारवहन क्षमता को अफसरों ने परखा। यह ब्रिज 280 टन के हिसाब से डिजाइन हुआ है।
अब जल्दी ही ब्रिज की एक भुजा से ट्रैफिक शुरू हो जाएगा। डेढ़ साल पहल इंदौर के खजराना चौराहे पर इस ब्रिज का निर्माण शुरू हुअा था। ब्रिज पर 50 करोड़ रुपये इंदौर विकास प्राधिकरण ने खर्च किए हैै।
गुरुवार सुबह से ब्रिज का लोड टेस्ट शुरु किया गया। ब्रिज पर कुल 260 टन वजन रखना था। इसके लिए रेती से भरे डंपरों का उपयोग किया गया। पहले 24 प्रतिशत लोड रखकर जांच की गई। फिर धीरे धीरे 50, 75 और 100 प्रतिशत लोड ब्रिज पर रखा गया। शु्क्रवार सुबह तक ब्रिज पर 270 वजन लेकर डंपर खड़े रहे।
भार वाहन क्षमता जांचने के लिए ब्रिज के निचले हिस्से में उपकरण लगाए गए थेे। लोड हटाने के लिए भी यहीं प्रक्रिया अपनाई गई। कलर और विद्युत सज्जा में दस दिन का समय लगेगा। इसके बाद ब्रिज की एक भुजा से आवागमन शुरू हो जाएगा।
ब्रिज की एप्रोच रोड का काम भी चल रहा है। इस चौराहे से मेट्रो ट्रेक भी गुजर रहा हैै।इस कारण ब्रिज की दोनो भुजाएं अलग-अलग बनाई गई। मध्य मेें मेट्रो का ट्रेक रखा गया है। ब्रिज की दूसरी भुजा पर चार माह के भीतर ट्रैफिक शुरू हो जाएगा। इंदौर के रिंग रोड पर यह चौथा ब्रिज है। रिंग रोड के पालदा, पिपलियाहाना और बंगाली काॅलोनी चौराहे पर ब्रिज बन चुके है।
देनवापोस्ट की खबरें आपको कैसी लगती हैं? google my business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने केे लिए इसी लिंक पर क्लिक करेंं
Indore News: क्लब बार होटल रेस्तरां नियम
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
क्लब में पार्टी के दौरान डांस करती युवतियां।
इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने सभी रेस्टोरेन्ट बार, होटल बार एवं क्लब बार में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया है। उन्होंने कहा है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले बार संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपराधों पर नियंत्रण के लिए सख्ती
नियमों के मुताबिक रेस्टोरेन्ट, पर्यटन, होटल, रिसोर्ट तथा क्लब बार लायसेंस के अन्तर्गत परिसर में विदेशी मदिरा की बिक्री का समय प्रातः 10 बजे से रात्रि 11:30 बजे तक एवं उपभोग का समय रात्रि 12 बजे तक नियत है। समय-समय पर आबकारी विभाग, पुलिस विभाग व अन्य अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान बार निर्धारित समय के बाद भी देर रात तक संचालित होना पाए जाते हैं। कई रेस्तरां, होटल और बार देर रात तक खुले रहने के कारण, उनमें अप्रिय घटनाएं होने की संभावनाएं रहती हैं। इसके साथ स्टूडेंट्स के बार में आने की शिकायतें और अपराधियों के द्वारा हंगामे करने के मामले भी लगातार सामने आते हैं।
निजता के अधिकार का ध्यान रखना होगा
जारी आदेशानुसार इंदौर जिले में संचालित समस्त रेस्तरां बार (एफ.एल.-2), होटल बार (एफ.एल.-3) एवं सिविलियन क्लब बार (एफ.एल.-4) को निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। इसके अनुसार बार परिसर के प्रवेश द्वार, मदिरा संग्रहण काउन्टर, डायनिंग परिसर, निकासी द्वार व पार्किंग में क्लोज सर्किट टेलीव्हिजन (सीसीटीवी) कैमरें अनिवार्यतः लगवाएंगे तथा उक्त स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे के निगरानी संकेत प्रदर्शित करेंगे, जिससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि बार में आने वाले लोगों को यह पता रहेगा कि उन पर निगरानी रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरे उन क्षेत्रों में नहीं लगाए जाएंगे जिसमें व्यक्ति की निजता के अधिकार का उल्लंघन हो एवं सूचना प्रोद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत एकांतता का उल्लंघन होता हो।
अधिकारियों को देना होगा लाइव एक्सेस
सीसीटीवी कैमरे व उनके एक्सेस का उद्देश्य, रेस्तरां बार (एफ.एल.-2), होटल बार (एफ.एल.-3) एवं सिविलियन क्लब बार (एफ. एल.-4) का नियमानुसार संचालन, उनमें होने वाले अपराध को रोकने, व्यक्ति व संपत्ति की सुरक्षा, संरक्षण व संरक्षा है। सभी बार अनुज्ञप्तिधारी आधुनिक AI तकनीक एवं उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अपने अनुज्ञप्त परिसर में स्थापित करवाकर, उक्त सीसीटीवी कैमरों का रात्रि 12 बजे से प्रातः 4 बजे तक का लाइव एक्सेस, संबंधित आबकारी, अन्य संबंधित अधिकारियों तथा आबकारी नियंत्रण कक्ष इंदौर पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। इस आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार अनुज्ञप्ति के निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी।
Bhojshala: भोजशाला को लेकर जैन समाज की याचिका हाईकोर्ट ने खारिज की, समाज ने जताया था दावा
written by Denva Post Bureau | 23/07/2024
इंदौर हाईकोर्ट
इंदौर हाईकोर्ट में शुक्रवार को जैन समाज की याचिका पर सुनवाई हुई। याचिका में समाज ने धार की भोजशाला पर अपना हक जताया था। समाज का कहना था कि खुदाई में जैन तीर्थंकर की मूर्तियां मिली हैं। इसके अलावा अन्य प्रमाण भी एएएसआई को मिले हैं, जो बताते हैं कि भोजशाला जैन गुरुकुल रही होगी।
याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि याचिका निर्धारित प्रारूप में नहीं है, इसलिए याचिका खारिज की जा रही है। कोर्ट ने कहा कि निर्धारित प्रारूप में फिर से याचिका लगाई जा सकती है।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट में धार भोजशाला की याचिका लगी हुई है। हिंदू और मुस्लिम समाज इस पर अपना हक जता रहा है। कोर्ट ने एएएसआई को भोजशाला का सर्वे कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है। इस मामले में गुरुवार को ही सुनवाई हुई थी जिसमें विशेषज्ञों ने रिपोर्ट तैयार करने के लिए समय मांगा है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 22 जुलाई को होगी।