Harda News:सिराली में बड़ा हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो दर्जन मजदूर घायल, कई नाबालिग लड़कियां शामिल

हरदा। जिले के सिराली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब 4 बजे खुदिया और जिनवानिया गांव के बीच हुई।

सूचना मिलते ही डायल 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराली ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

तीन मजदूरों की हालत गंभीर

अस्पताल में डॉ. आर के चौधरी और डॉ. रूपेंद्र गुर्जर ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
तीन मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सिराली में जारी है।

ये भी पढ़ें- Rajgarh: रामगढ़ PHC में बड़ा फर्जीवाड़ा: बिना एक भी डिलीवरी के जारी हुए 250+ जन्म प्रमाण पत्र, 6 गिरफ्तार

नाबालिग लड़कियां भी हादसे का शिकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल मजदूरों में अधिकांश नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। ये सभी नीमढाना और पदाल्दा गांव की निवासी बताई जा रही हैं।
मजदूर खुदिया गांव में काम करने के बाद जिनवानिया लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

स्टेयरिंग फेल होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल होना या संतुलन बिगड़ना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पदाल्दा गांव से करीब 60 मजदूरों को पहले एक पिकअप वाहन में लाया गया था, इसके बाद उन्हें दो अलग-अलग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर कार्यस्थल तक पहुंचाया गया। इसी दौरान एक ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे ने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था, खासकर नाबालिग श्रमिकों के परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




Harda News : हरदा में जली मोटर को लेकर किसान ने स्कॉर्पियो से मजदूर की हत्या

हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के करताना चौकी के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना हुई। यहां एक खेत मालिक ने अपने खेत में काम करने वाले मजदूर की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। मृतक का नाम विक्रम केवट (52) है, जो गोयत गांव का रहने वाला था। वह पिछले चार पांच साल से खेत मालिक अनिल लाठी के यहां सिंचाई का काम कर रहा था।

विक्रम के बेटे ललित केवट ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच खेत मालिक अनिल लाठी खेत पर आया और मोटर के बारे में पूछताछ की। जब विक्रम ने बताया कि मोटर जल गई है, तो अनिल गुस्से में आ गया। उसने स्कॉर्पियो से पहले विक्रम को टक्कर मारी, फिर रिवर्स कर गाड़ी उसके पेट पर चढ़ा दी। विक्रम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अनिल लाठी मौके से भाग गया था, लेकिन पुलिस ने उसे तलाश कर हिरासत में ले लिया है।

हरदा एसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि जांच में पाया गया कि यह हत्या जानबूझकर की गई है। घटनास्थल पर स्कॉर्पियो के टायर के निशान और विक्रम के शरीर पर गहरी चोटें मिली हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी पर हत्या का केस दर्ज किया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।




Harda News : कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने मंत्री विजय शाह के समर्थन में इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट

देश भर में एक ओर तो सोशल मोडिया से लेकर सड़कों तक कांग्रेस पार्टी भाजपा के बड़बोले मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफ़िया कुरैशी पर दिए विवादित बयान का विरोध कर रही है, लेकिन दूसरी ओर मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक ऐसे कांग्रेस विधायक भी हैं, जो अपनी पार्टी के खिलाफ जाते हुए मंत्री विजय शाह के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट लगा रहे हैं। ये विधायक हरदा की टिमरनी विधानसभा से आने वाले अभिजीत शाह हैं, जो कि मंत्री विजय शाह के सगे भतीजे हैं। इस मामले में विधायक का कहना है कि उनके पिता के देहांत के बाद परिवार के बड़े और मुखिया अब उनके काका मंत्री विजय शाह ही हैं। उन्होंने ही परिवार को संभाला है और वे मंत्री शाह के साथ हैं।

बता दें कि कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने मंत्री विजय शाह जो कि मकड़ाई रियासत के राजा भी हैं, उनके समर्थन का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। अपनी इस पोस्ट में कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने लिखा है कि मकड़ाई रियासत स्वतंत्र भारत की उन विरले रियासतों में से थी, जिसने देश की एकता और अखंडता के पवित्र उद्देश्य को सर्वोपरि मानते हुए, किसी शर्त या विरोध के बिना, स्वेच्छा से अपनी समस्त भूमि, सत्ता और अधिकार भारत मां के चरणों में समर्पित कर दी। यही नहीं, अभिजीत शाह ने अपने पोस्ट में लिखा कि यह निर्णय केवल एक राजनीतिक कदम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और मातृभूमि के लिए सर्वोच्च त्याग का प्रतीक था। शब्द गलत हो सकते हैं, पर उस परिवार का कोई भी सदस्य देश द्रोही नहीं हो सकता।

इधर इस पूरे मामले पर हरदा जिला कांग्रेस सहित आसपास के जिलों में भी घमासान मचा हुआ है। वहीं इस विवाद पर किसान कांग्रेस अध्यक्ष मोहन विश्नोई ने बताया कि कांग्रेस विधायक का यह कृत्य पार्टी लाइन के खिलाफ है। उन्होंने इस पर उनके इस्तीफे की मांग तक की है। इधर दूसरी ओर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने इसे विधायक के परिवार का मामला बताया है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह भोपाल के किसी अस्पताल में पत्नी का इलाज कराने गए हैं। हालांकि उन्होंने फोन पर बताया कि उन्होंने किसी व्यक्ति का समर्थन नहीं किया, बल्कि परिवार के बारे में लिखा है।




Bhopal News : विजय शाह अपनी अभद्र भाषा के कारण पहले ही अपना मंत्री पद गँवा चुके

कर्नल सोफिया को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर भाजपा संगठन के लिए परेशानी खड़ी करने वाले मंत्री विजय शाह का विवादों से पुराना नाता है। बिगड़े बोल के कारण एक बार वे अपना मंत्रीपद भी गंवा चुके है। पिछले साल जंगल में आग जलाकर पार्टी करने की पोस्ट के बाद भी उनकी किरकिरी हुई थी। अब कर्नल सोफिया को आंतंकियों की बहन बताने वाले बयान को लेकर वे खुद की पार्टी और विपक्ष के निशाने पर आ चुके है। उनके बयान को लेकर केंद्रिय नेतृत्व भी नाराज है। अब फिर उनकी कुर्सी पर तलवार लटकी है।

मंत्री विजय शाह की गिनती है भाजपा के सीनियर मंत्रियों में होती है। वर्ष 1998 से वे हरसूद विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे है और सातवीं बार विधायक है। आदिवासी नेता होने के कारण उन्हें गौर सरकार, शिवराज और मोहन सरकार में मंत्रीपद भी मिला है। इतना अनुभव होने के बावजूद उनके विवादित बयानों के कारण भाजपा को कई बार ड्रेमेज कंट्रोल करना पड़ा है।

विधानसभा चुनाव के समय अपने प्रतिद्वंदी उम्मीदारों को धमकाने के आरोप भी उन पर लगते रहे है। आठ साल पहले उन्होंने झाबुआ में आदिवासी कन्या छात्रावास में ट्रेकसूट वितरण के दौराना छात्रावास की युवतियों और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह को लेकर अशोभनीय टिप्पणी कर दी थी। तब उन्हें अपना मंत्रीपद गंवाना पड़ा था।

पुलिस ने पिटाई कर पैर कर दिया था फ्रैक्चर

1998 में पहला चुनाव जीतने के बाद विजय शाह ने खंडवा में पुलिस हिरासत में एक ढोलक बजाने वाले युवक की मौत का मुद्दा उठाया था। तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। प्रदर्शन के दौरान शाह ने एक थाना प्रभारी को चांटा मार दिया था। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेर कर शाह की डंडों से पिटाई कर दी। तब शाह का पैर फ्रैक्चर हो गया था।




Harda News : सीएम यादव की वर्चुअल मौजूदगी में 47 जोड़ों का हुआ विवाह

मध्य प्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी विकासखंड अंतर्गत आने वाले नयागांव में आदर्श यदुवंशी समाज के द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन करवाया गया था। बुधवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर हुए इस आयोजन में कुल 47 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। खास बात यह रही के प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम यादव ने संबोधित करते हुए सभी नवदंपतियों को उनके सफल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं और बधाई भी दीं।

सीएम ने कहा कि वे खुद प्रत्यक्ष रूप से इस विवाह समारोह में शामिल होना चाहते थे, लेकिन प्रदेश के कई शहरों में बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह आयोजनों के चलते वे इनमें शामिल नहीं हो सके। हालांकि उनका आशीर्वाद सभी के साथ है। वहीं नयागांव में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन के अवसर पर हरदा भाजपा जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, जिला पंचायत सीईओ सविता झानिया, एसडीएम टिमरनी महेश बडोले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहकर व्यवस्था बनाते दिखे।

सीएम ने वर्चुअल जुड़कर वर वधु को दिया आशीर्वाद

वहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजन में शामिल सभी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बहुत सी योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं के कारण महिलाओं का समाज में सम्मान बढ़ा है। सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों और स्थानीय निकायों में आरक्षण की सुविधा भी दी है, जिससे सभी क्षेत्रों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि महिला स्वयंसहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। अपनी आय बढ़ने से इन महिलाओं के जीवन में खुशहाली आई है और उनके जीवन स्तर में सुधार आया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यदुवंशी समाज द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने पर आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं भी दी और उनके इस प्रयास की सराहना की।

इधर इस कार्यक्रम को लेकर जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि इस आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर वर वधू को आशीर्वाद दिया है। इसके अलावा खिरकिया और सिराली नगर में तथा रहटगांव, अबगांवखुर्द तथा मकड़ाई में भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किये गए हैं।




Harda News : हरदा में बिजली विभाग के अधिकारी ने किसान की फसल नष्ट कर दी

मध्य प्रदेश में बेलगाम होते मोहन सरकार के अधिकारियों की दबंगई रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा क्षेत्र का है, जहां बिजली विभाग के एक अधिकारी ने न सिर्फ एक किसान की फसल को बर्बाद कर दिया, बल्कि अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए उस किसान पर ही मामला भी दर्ज करा कर उसे हिरासत में ले लिया गया। वह भी ऐसे समय, जब लगातार तीन दिन की छुट्टियां हैं, जिससे उसे इन दिनों जमानत ही ना मिल सके। हालांकि मामले की जानकारी लगते ही टिमरनी विधायक अभिजीत शाह पीड़ित किसान के पक्ष में करताना पुलिस चौकी पहुंचे। वहां वे उस अधिकारी पर मामला दर्ज करने को लेकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उनका साथ देने बड़ी संख्या में किसान भी एकजुट हुए। करीब तीन घंटे चले इस धरने के बाद आश्वासन दिया गया कि उस अधिकारी को सस्पेंड किया जाएगा। साथ ही सुबह किसान को भी जमानत दे दी जाएगी।

ये भी पढ़ें- शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद, युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

हरदा जिले की टिमरनी तहसील के अंतर्गत आने वाली करताना पुलिस चौकी क्षेत्र में किसान मोहित राजपूत के खेत मे मूंग की फसल लगी हुई थी। इसी बीच इस किसान की खेत में खड़ी फसल को रौंदते हुए बिजली का खंभा लगाने बिजली विभाग के जेई संदीप डूडी खेत पहुंचे, जिन्हें किसान ने जब फसल खराब होने का हवाला देते हुए रोका, तो जेई साहब को गुस्सा आ गया और उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत करताना पुलिस चौकी में कर दी। बिजली विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने भी तुरन्त किसान को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन किसान को थाने से जमानत नहीं देते हुए हिरासत में ले लिया गया। इस बीच किसान ने टिमरनी विधायक अभिजीत शाह से मदद मांगी।

ये भी पढ़ें-गढ़ा स्कूल को मिली नई पहचान, अब स्कूल का नाम रखा गया बागेश्वर धाम

जानकारी लगते ही अभिजीत शाह मौके पर पहुंचे और जब उनके निवेदन करने पर भी बात नहीं बनी। तब विधायक अपने समर्थकों संग चौकी के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उसके बाद हरदा विधायक डॉ. आरके दोगने ओर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओम पटेल भी धरना स्थल पर पहुंचे। वहां पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और किसान की रिहाई के साथ ही बिजली विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। हालांकि करीब तीन घंटे चले इस धरने के बाद विधायक की मांग मानते हुए सुबह किसान को जमानत देने के साथ ही बिजली अधिकारी को सस्पेंड करने का भी आश्वासन जिला प्रशासन के द्वारा दिया गया। उसके बाद विधायक का धरना समाप्त हुआ।