Dewas News : जिला अस्पताल में प्रसव के एक दिन बाद महिला की मौत

देवास जिला अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्रसूति के एक दिन बाद एक महिला की अचानक मौत हो गई। वह रात में अपने पलंग से नीचे फर्श पर मृत पाई गई। महिला ने एक दिन पहले ही स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। घटना के बाद पति और अन्य परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, सुनीता बड़ोले उम्र 30 वर्ष निवासी भिकुपूरा तहसील उदयनगर को बुधवार को उनके पति श्याम बड़ोले जिला अस्पताल लाए थे। महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। यह उसकी तीसरी डिलीवरी थी। अस्पताल स्टॉफ के अनुसार डिलीवरी के बाद महिला की हालत सामान्य थी, उसको 25 नंबर प्री लेबर रूम में शिफ्ट कर दिया था। लेबर रूम में वह अपने पलंग पर सो रही थी। कल देर रात अचानक वह पलंग से गिर गई थी। महिला के आसपास अन्य प्रसूताएं भी अपने पलंग पर सो रही थीं। सूत्रों के मुताबिक बताया गया है कि प्रसूता सुनीता रेंगते हुए प्री लेबर रूम के मुख्य दरवाजे तक आई उसने शोर भी किया, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ देर के बाद महिला के पति श्याम बड़ोले को अंदर बुलाया, उसने देखा कि उसकी पत्नी नीचे गिरी हुई थी और उसकी मौत हो गई थी।

मृतका के पति श्याम ने बताया कि वह मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है। उसकी बड़ी लड़की और पत्नी को लेकर कल सुबह प्रसूति के लिए गांव से बागली लेकर आया, वहां से उन्होंने देवास जाने के लिए कहा, लेकिन वहां एंबुलेंस की व्यवस्था भी नहीं थी। उन्होंने निजी वाहन किराए पर लिया और वे जिला चिकित्सालय आए यहां दोपहर करीब 4.30 बजे उसकी पत्नी को नार्मल डिलीवरी से लड़की हुई थी। उसकी लड़की को एनआईसीयू में कमजोर होने पर रखा था। उसने बताया कि सुनीता स्वस्थ्य थी, रात में करीब 12 बजे उसके पति को गार्ड ने बाहर कर दिया था। उसकी पत्नी के साथ कोई नहीं था। देर रात करीब 2 बजे वह पलंग से गिरी थी। उसने बताया कि उसे अलसुबह करीब 3 बजे अस्पताल में बुलाया वह गया तो उसकी पत्नी मृत अवस्था में फर्श पर मिली। पति ने बताया कि आसपास की मरीजों को भी यह नहीं पता चल पाया कि महिला कब और कैसे गिरी। उसने आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्टाफ से सवाल किए तो उन्हें सिर्फ यही कहा गया कि जांच की जाएगी। उनका कहना है कि डिलीवरी के बाद पत्नी पूरी तरह स्वस्थ थी, फिर अचानक क्या हुआ, इसका जवाब नहीं मिल रहा।

कार्डियक इफ्यूजन से हुई मौत

जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. अजय पटेल ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। पलंग से गिरने की बात आसपास किसी को पता नहीं चली, इसलिए प्रारंभिक जांच में हार्ट के पास तरल पदार्थ जमा होने यानी कार्डियक इफ्यूजन को मौत का कारण बताया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।




Dewas News : प्रशासन ने खाली कराई स्कूल की 15 हेक्टेयर जमीन, 45 परिवारों ने बना लिया था घर

तहसील के पुनर्वास बड़ौदा स्थल पर सीएम राइज स्कूल के लिए चिह्नांकित भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बुधवार को की गई। यह भूमि राजस्व विभाग में चरनोई भूमि के नाम से आवंटित थी जिस पर दिन व प्रतिदिन छोटे-छोटे मकान बनाकर फिर बड़े आकार में रूप दे दिया जाता था।

कई बार दिया नोटिस

सतवास तहसीलदार हरिओम ठाकुर ने कई बार अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस थमाया, इसके बावजूद अतिक्रमण को नहीं हटाया गया था। बुधवार को नोटिस अवधि पूर्ण होने के बाद प्रशासन ने सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक कार्रवाई की। पुलिस-प्रशासन, नगर परिषद, फायर ब्रिगेड का सहयोग लिया गया था।

सीएम राइज स्कूल के लिए आवंटित थी जमीन

यह भूमि सीएम राइज स्कूल के निर्माण के लिए आवंटित की गई थी, लेकिन इस पर करीब 45 परिवारों ने लंबे समय से कच्चे-पक्के मकान बना लिए थे। साथ ही सरकारी यात्री प्रतीक्षालय में भी दुकानों का संचालन हो रहा था। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते 7-8 जेसीबी मशीनो के माध्यम से कार्रवाई की है।

3 एसडीएम, 12 थाने का भारी पुलिस बल लगा

कन्नौद एसडीओपी केतन अडलक के अनुसार कार्रवाई में जिले के 12 थाने का भारी पुलिस बल लगाया गया था और मौके पर बागली, कन्नौद और खातेगांव के एसडीएम भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। साथ ही सतवास नगर परिषद की फायर ब्रिगेड और वज्र वाहन को भी इस कार्य में लगाया गया थाl

बाढ़ प्रभावितों ने भी किया अतिक्रमण

इस जगह उन लोगों ने भी अतिक्रमण कर रखा था जो डूब प्रभावित क्षेत्र से आते हैं, इन लोगों को एनएचडीसी ने भूमि भी आवंटित की थी, जहां इन लोगों का पहले से मकान है, इसके बावजूद लोगों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा था।

कई वर्षों से था अतिक्रमण

कन्नौद एसडीएम प्रवीण प्रजापति के अनुसार यह अतिक्रमण कई वर्षों से था, जिससे सरकारी भूमि का उपयोग अवरुद्ध हो रहा था। सीएम राइज स्कूल के लिए प्रस्तावित इस स्थान को अतिक्रमण मुक्त कराकर जल्द ही स्कूल का निर्माण कार्य प्रारंभ करने की योजना बनाई गई है। क्षेत्र में करीब 15 हेक्टेयर जमीन का अतिक्रमण हटाया गया है।




Dewas News: भाजपा नेता को गोली मारने वाला रिटायर्ड फौजी सुरेंद्र भदौरिया देवास से गिरफ्तार

Retired soldier Surendra Bhadoria, who shot BJP leader, arrested from Dewas

थाना नागझिरी जहां हुई थी वारदात

उज्जैन जिले में हामूखेड़ी में भाजपा नेता और बिल्डर प्रकाश यादव को गोली मारने वाले रिटायर्ड फौजी सुरेंद्र भदौरिया को पुलिस ने देवास से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह अपने किसी परिचित के घर जाकर छिप गया था। एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस ने उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हामूखेड़ी में पड़ोसियों के बीच बच्चों को लेकर हुए विवाद में बात इतनी आगे बढ़ी थी कि साधारण मारपीट के बाद गोलीकांड हो गया। रिटायर्ड फोजी सुरेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बिल्डर एवं भाजपा के नेता प्रकाश यादव पर गोली चला दी थी। इसके पहले दोनों परिवारों के बीच विवाद में मारपीट भी हुई थी, जिसमें भदौरिया की मां को भी गंभीर चोंट लगने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जिसमें से पांच आरोपी शुक्रवार की सुबह तक पकड़ा गए थे, जबकि मुख्य आरोपी सुरेंद्र व एक अन्य फरार हो गए थे। मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने सुरेंद्र को देवास से लोकेशन मिलने पर घेराबंदी कर पकड़ लिया, जबकि एक अन्य साथी अब भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी करने के बाद गोली कांड में उपयोग की गई रिवॉल्वर भी बरामद कर जब्त कर ली है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 190, 191 और 132 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।




Dewas News: रामघाट पर डूब रही लड़की को होम गार्ड/sderf टीम ने जिंदा बचाया

 

Home Guard/SDERF team saved the drowning girl at Ramghat alive.

महिला को डूबने से बचाया

 

संभाग में लगातार हो रही बारिश के कारण शिप्रा नदी का जलस्तर दो दिन से लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह शिप्रा नदी के रामघाट पर पुलिस चौकी के सामने स्नान कर रही छतरपुर निवासी महिला संगीता पति कृष्ण कुमार सेन एकाएक गहरे पानी में डूबने लगी। उसे डूबता देख घाट पर तैनात एसडीईआरएफ जवान महेश सोलंकी द्वारा तत्काल नदी में उतरकर उसे बचाया गया।

 

जिला सेनानी संतोष कुमार जाट ने बताया कि रामघाट पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीईआरएफ और होमगार्ड के 30 जवानों को शिफ्टवार तैनात किया गया है। एक दिन पहले देवास डेम से शिप्रा में पानी छोड़े जाने पर रामघाट पर एकाएक जलस्तर बढ़ा है, जिससे सिद्धाश्रम और आनृसिंह घाट पर स्नान कर रहे लगभग 40 श्रद्धालुओं का जिंदगी जोखिम में आ गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए एसडीईआरएफ की क्यूआरटी और रामघाट पर तैनात जवानों ने तत्काल घाट खाली कराकर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजा और स्नान को पूर्णतः प्रतिबंधित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की। रामघाट के दूसरे किनारे दानीगेट रपट पर खड़े चारपहिया और दोपहिया वाहन भी पानी में डूबने लगे, जिन्हें रामघाट डीआरसी ने रस्सों की मदद से डूब प्रभावित क्षेत्र से निकालकर ऊंचाई वाले स्थान पर भेजा।




Mp Lok Sabha Election 2024 चौथे चरण की 8 सीटों पर मतदान देवास उज्जैन रतलाम इंदौर

वोट जरूर डालें

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपन राजन ने एक वीडियो जारी कर लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने वीडियो साझा कर कहा कि आज प्रदेश के 8 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है, आप सभी से अनुरोध है कि मतदान केंद्र पर वोटर पर्ची के साथ कोई भी पहचान पत्र लेकर जाएं और वोट जरूर डालें। मतदाता सूची में आपका नाम होना जरूरी है।

पोलिंग बूथों के बाहर लगी लाइनें

रतलाम और खंडवा में मतदान शुरू होने से पहले ही वोटरों की लाइन लग गई हैं। सुबह छह बजे से ही लोग मतदान करने के लिए घरों से बाहर निकलकर पोलिंग बूथ पहुंचे और जल्द मतदान करने के लिए लाइन में गए।

खंडवा के 90 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता धनपाल जैन सुबह से ही मतदान केंद्र पहुंच गए। उनकी जिद थी कि वे सबसे पहले मतदान करेंगे। यह वाक्या खंडवा के बूथ क्रमांक 165 का है।

आठ सीटों पर 74 प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की आठ सीटों पर 74 प्रत्याशी चुनावी मैदान हैं। इनमें 69 पुरुष और 5 महिलाएं हैं। सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवार इंदौर में और सबसे कम पांच खरगोन में हैं। लेकिन, इंदौर में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं है। इन आठ सीटों पर एक करोड़ 63 लाख 70 हजार 654 मतदाता मतदान करेंगे।

Mp Lok Sabha Phase 4 Election Live: चौथे चरण की आठ सीटों पर मतदान शुरू, धार में आंधी-बारिश से बूथ का टेंट गिरा

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आज मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान होगा। सुबह सात बजे से सभी पोलिंग बूथ पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। इससे पहले सुबह छह बजे मॉक पोल शुरू किया गया। सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

इन आठ सीटों पर मतदान

आज सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन, रतलाम, मंदसौर, खंडवा और धार सीट पर मतदान है। इनमें से ज्यादातर जिलों में मौसम भी खराब है। धार के मनावर में आंधी और बारिश के कारण एक बूथ का टेंट गिर गया।




Dewas News: संदिग्ध व्यक्ति शादी समारोह से तीन बच्चों को उठा ले गया

Dewas News: Suspicious person took away three children from the program

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू।

देवास जिले के खातेगांव क्षेत्र के मोहल्ला के रहने वाले तीन बच्चों को संदिग्ध व्यक्ति दावत के कार्यक्रम से उठा ले गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है, पुलिस लगातार बच्चों को ढूंढने का प्रयास कर रही है। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चों को ले जाते हुए नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस व्यक्ति की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार खातेगांव के मोहल्ला में रहने वाले तीन बच्चों को शादी समारोह से एक संदिग्ध व्यक्ति उठाकर ले गया। इसके बाद परिजन खातेगांव थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस द्वारा टीम बनाकर बच्चों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।

तीनों नाबालिक बच्चे उमेरा शेख, हिनाया शेख और रोमना शेख दावत के कार्यक्रम में गए थे। जहां से एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें उठाकर ले गया, परिजनों ने आसपास के मोहल्लों में बच्चों को ढूंढने का प्रयास किया। जब बच्चे नहीं मिले तो खातेगांव थाने में केस दर्ज कराया है। बच्चों को ले जाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस संदिग्ध व्यक्ति की तलाश कर रही है।




देवघर के कैलकुलेटर ब्वॉय अंश ने बनाये दो नये विश्व रिकॉर्ड

देवघर के कृष्णापुरी के रहने वाले कैलकुलेटर ब्वॉय व गूगल ब्वॉय के नाम से मशहुर अंश राज ने दो नये विश्व रिकॉर्ड बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. वह सफलता का परचम ना सिर्फ देश, बल्कि विदेश में भी लहरा रहा है. अपनी छोटी सी उम्र में ही अंश ने गणित के जटिल प्रश्नों को हल करते हुए अभी तक आठ विश्व रिकॉर्ड बनाकर कीर्तिमान बनाया है. उन्होंने ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है. उसने 1901 से लेकर 2099 तक के 200 सालों के बीच के पूछे गये कहीं से भी 36 तिथियों का दिन खेलते-खेलते महज पांच मिनट पांच सेकंड में मानसिक गणना कर बिना कोई गलती किये सही जवाब देकर सबों को चौका दिया. उससे 16 जनवरी 1901 का दिन से लेकर एक सितंबर 2098 का भी दिन पूछा गया. ऐसे 36 कठिन सवालों (तिथि ) का जवाब अंश ने बड़ी ही सहजता और सरलता से लिखकर दिया. इस अद्भुत रिकॉर्ड को 25 जनवरी 2024 को ओएमजी बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया गया. अंश ने वर्ल्ड ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया है. इसमें 80 संख्याओं का घन केवल छह मिनट और आठ सेकेंड में हल कर सभी को चौका दिया. किसी भी संख्या का घन लिखने जैसे 88 का घन 681472 लगभग छह या सात संख्याओं का होता है. यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अंश ने महज सात वर्ष चार महीने की उम्र में ही बना लिया है. उसके इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को वर्ल्ड ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है. अंश के माता-पिता रितु कुमारी और आलोक कुमार बताते हैं कि अंश कुछ नया करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करता है. साथ-साथ वह काफी खेलता भी है. कई चीजों को वह कोडिंग के माध्यम से अपनी कॉपी पर भी लिखता रहता है, पर अपना मुख्य फोकस कैलकुलेशन पर ही रखता है. वैसे अन्य कई विषय भी उसे काफी प्रिय हैं और उसमें भी वह पारंगत हैं. अपनी सहायता के रूप में वह मुख्य रूप से सूरज, पेड़-पौधा सहित कैलकुलेटर का साथ लेता है. खेलने की अवस्था में वह दिन भर कैलकुलेटर से ही खेलते-खेलते कुछ गुणा भाग करते रहता है, जिसे वह किसी को देखने नहीं देता. यहां तक कि वह रात में सोने के समय भी कैलकुलेटर को अपने सिरहाने के पास ही रखता है और मौका मिलते ही मध्य रात्रि में भी कैलकुलेशन करने बैठ जाता है. गणित में उसकी इस प्रतिभा को दुनिया भी अब लोहा मान रही है. अपनी प्रतिभा के दम पर ही इसनी कम उम्र में ही अंश कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी पा चुका है. उसकी इस अद्भुत विलक्षण प्रतिभा को देखकर सभी लोग काफी आश्चर्यचकित हैं तथा आशांवित है कि अगर इसे सही दिशा मिले, तो निश्चित रूप से समाज के उत्थान में अग्रणी भूमिका निभायेगा.

अंश राज की उपलब्धियां

– इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड- एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड

– इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड- वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड्स

– गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स- हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स

– वर्ल्ड ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड्स- ओएमजी बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड




Dawas News : सोनकच्छ में बीमार तेंदुए की ग्रामीणों ने की सवारी, लेते रहे सेल्फी, वन विभाग ने किया रेसक्यू

Villagers ride sick leopard in Sonkutch, keep taking selfies, forest department rescues

सोनकच्छ के गांव में तेंदुए की सवारी

देवास जिले के सोनकच्छ के गांव इकरोता में एक तेंदुआ घुस आया। वह बीमार था और ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इसका ग्रामीणों ने फायदा उठाया। उन्होंने तेंदुए को घेर लिया। जब ग्रामीणों को लगा कि बीमार तेंदुए से उन्हें कोई खतरा नहीं है तो फिर वे पालतू जानवर की तरह उसके साथ बर्ताव करने लगे। किसी ने तेंदुए की पीठ पर बैठकर सवारी की तो किसी ने उसके साथ सेल्फी ली। ग्रामीणों ने तेंदुए के आसपास बैठकर ग्रुप फोटो भी खींचवाया।

गांव के मंदिर के पास ग्रामीणों को एक तेंदुआ नजर आया। पहले तो ग्रामीण डर गए और कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा रहा था, लेकिन जब काफी देर तक तेंदुए ने कोई हरकत नहीं की तो एक ग्रामीण उसके पास गया और उसे छूने लगा। इसके बाद भी तेंदुए ने कुछ नहीं किया।

यह देख दूसरे ग्रामीणों का डर भी तेंदुए से खत्म हो गया। फिर तो वे तेंदुए के साथ पालतू जानवर जैसा व्यवहार करने लगे। भीड़ देखकर जब बीमार तेंदुआ उठकर धीरे धीरे चलने लगा तो एक ग्रामीण उसकी पीठ पर सवारी करने की कोशिश करने लगा। कुछ ग्रामीणों ने उसके साथ सेल्फी ली।

इतना सब सहने के बाद भी तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। यह नजारा कई ग्रामीणों ने कैमरे में कैद कर लिया। जब गांव में तेंदुए के आने की खबर वन विभाग को लगी तो वे टीम सोनकच्छ रवाना हुई। कर्मचारियों ने ग्रामीणों को तेंदुए से दूर किया और उसे पिंजरे में रखा। तेंदुए की बीमार हालत देखकर रात को उज्जैन संभाग की टीम को जानकारी दी। देर रात वन विभाग की टीम उसे इलाज के लिए भोपाल ले गई।

दो साल की उम्र है

तेंदुए की उम्र दो साल की है। डाक्टरों ने बताया कि तेंदुए की पाचन शक्ति खराब हो गई थी। इसलिए वह सुस्त था और ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इस कारण उसने ग्रामीणों पर हमला नहीं किया। उपचार के बाद रात को उसने भरपेट भोजन किया।