Chhindwara News : जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हाड़ के जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवाद
written by Denva Post Bureau | 27/03/2025
छिंदवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुनहार के जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश के ग्राम निवासी तिलौकी पासाक, मुन्तालाल कुशवाहा, शिवशंकर और रामगोपाल कोरी सहित कई लोगों ने उनके जाति प्रमाण पत्र की सत्यता पर सवाल उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संजय पुनहार मूलरूप से गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और उनके पिता डब्ल्यूसीएल में कर्मचारी थे। आरोप है कि उन्होंने गलत तरीके से जाति प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के जाति प्रमाण पत्र को लेकर शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, संजय पुनहार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि मेरा जन्म छिंदवाड़ा जिले में हुआ है और मैं यहां पढ़ाई के साथ वर्षों से निवास कर रहा हूं। मेरे जाति प्रमाण पत्र को लेकर की गई शिकायत झूठी और पूरी तरह से फर्जी है। शिकायत की प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय, अनुसूचित जनजाति आयोग, मुख्यमंत्री, लोकायुक्त, सीबीआई और सांसदों को भी भेजी गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। फिलहाल आरोप की जांच शुरू हो गई है और इस मामले में जल्दी जांच पूरी होने के बाद कलेक्टर फैसला ले सकते हैं। फिलहाल इसमें सच्चाई कितनी है यह जांच के बाद पता चलेगा।
Punishment For Crime : मासूम से बलात्कार करने वाले को आजीवन कारावास
written by Denva Post Bureau | 27/03/2025
अपर सत्र न्यायालय जुन्नारदेव ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक जघन्य मामले में आरोपी अजय साहू (38 वर्ष) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने इसके साथ ही 5000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। विशेष लोक अभियोजक श्रीमती गंगावती इहेरिया ने इस केस में मजबूत पैरवी की, जिसके चलते न्यायालय ने आरोपी को कठोर दंड देने का फैसला किया।
जानकारी के मुताबिक, घटना 10 नवंबर 2023 की है। पीड़िता अपनी मां से कहकर फोटोकॉपी कराने परासिया मार्केट गई थी, तभी आरोपी अजय साहू ने उसे रास्ते में रोका। पीड़िता अजय को मामा कहती थी। अजय ने झूठ बोला कि तेरी मां ने कहा है, तुझे न्यूटन दिखाने ले चलूं। वह बहला फुसलाकर मासूम को अपनी मोटरसाइकिल पर न्यूटन रोड ले गया। यहां पर उसने अपने पुराने बहाने दोहराए- गुरुजी से मिलवाएंगे, पढ़ाई में मन लगेगा, नंबर अच्छे आएंगे और इसी बहाने से बच्ची को तामिया ले गया।
साजिश के तहत ‘कड़वा पानी’, फिर हैवानियत
तामिया पहुंचते ही आरोपी ने मासूम को धोखे से कड़वा पानी पिलाया। इससे बच्ची को अजीब-सी नींद आने लगी। फिर आरोपी उसे गेस्ट हाउस के एक लॉज में ले गया, जहां उसने दोबारा वही पानी पिलाकर बच्ची की बेहोशी का फायदा उठाया और अपनी हवस का शिकार बनाया। जब मासूम ने बार-बार मां के पास जाने की गुहार लगाई, तो उसने उसे डराया, धमकाया और चुप रहने पर मजबूर किया। उसने बच्ची को जबरदस्ती नहलाया, कपड़े पहनाए और उसे घर छोड़ने के रास्ते में मां को फोन करके झूठ बोला कि वो जाप कर रही है।
हिम्मत ने दिलाया इंसाफ
घर पहुंचने के बाद, डरी-सहमी बच्ची ने पूरी हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद मां-बेटी सीधे थाना परासिया पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला थाना तामिया को सौंपा गया, जहां आरोपी पर धारा 376 IPC और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। अभियोजन पक्ष ने इस मामले में सारे जरूरी सबूत और गवाह पेश किए। कोर्ट ने तमाम पहलुओं को सुनने के बाद अपराध की गंभीरता को समझा और आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
Mp News : छिंदवाड़ा में खेलते समय टैंक में गिरा पांच साल का बच्चा, डूबने से मौत
written by Denva Post Bureau | 27/03/2025
छिंदवाड़ा जिले के रोहनाकला गांव में एक दर्दनाक हादसे में पांच साल के मासूम की पानी से भरे टांके में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पहले पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वे राजी हुए।
जानकारी के अनुसार, संजीव माहौर का पांच वर्षीय बेटा घर के सामने खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पानी भरे टांके के पास पहुंच गया। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने के कारण वह टांके में गिर गया। परिजनों को जब बच्चा आसपास नहीं दिखा, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद परिवार वालों ने टांके को देखा तो उसमें बच्चा नजर आया। तुरंत ही उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन जब मासूम को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम की मौत की खबर से गांव में भी मातम छा गया। बच्चे की मौत से गमगीन परिजन पोस्टमॉर्टम कराने को तैयार नहीं थे। लेकिन पुलिस के समझाने के बाद वे इसके लिए मान गए। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटा रही है।
Chhindwada News : अमरवाड़ा ब्लॉक के उमरिया और बिलहरा गांव के खेतों में लगी आग
written by Denva Post Bureau | 27/03/2025
छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा ब्लॉक के गांव उमरिया और बिल्हरा के खेतों में लगी आग ने गेहूं की खड़ी फसल खाक कर दी। अमरवाड़ा और चौरई ब्लॉक की सीमा पर स्थित इन दोनों गांवों की सीमाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। आग बिल्हरा की ओर से लगी और उमरिया की तरफ बढ़ी। इससे करीब 60 एकड़ में लगी फसल जलकर खाक हो गई। इससे दोनों गांवों के करीब 11 किसानों को 25 लाख से अधिक का नुकसान होने का अनुमान जताया जा रहा है।
अमरवाड़ा एसडीएम के मुताबिक सूचना मिलते ही दमकल के जरिए आग पर काबू पा लिया गया है। पटवारी को मौके पर भेजकर नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आग से किसान जरासंध चंद्रवंशी, अनुभव सिंह परिहार, चैन सिंह पटेल, आकाश चंद्रवंशी, रामेश्वर दुबे, राज राजपूत, सर्वलाल चंद्रवंशी, बाबू पटेल, सनी पटेल, करण चंद्रवंशी सहित अन्य किसानों के खेतों में खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है।
देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
उमरिया और बिल्हरा की अमरवाड़ा से दूरी 20 किमी है। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने स्थानीय व्यवस्था बनाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
Chhindwara News : बेलगाम के पास भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दंपत्ति की मौत
written by Denva Post Bureau | 27/03/2025
छिंदवाड़ा के चौरई में बेलगांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मोहित वर्मा और उनकी पत्नी रोशनी वर्मा की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वे अपनी पल्सर बाइक से बेलगांव से चौरई की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोहित वर्मा और रोशनी वर्मा रात के समय अपनी बाइक से चौरई की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक पीछे से आए एक अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पति-पत्नी बाइक से उछलकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी, लेकिन जब तक मदद पहुंची, दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही चौरई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपी वाहन चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने रोड सेफ्टी नियमों को सख्ती से लागू करने और अंधेरे वाले इलाकों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मोहित और रोशनी की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दंपती की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि वह जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर, सीसीटीवी कैमरे और पुलिस की गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
Mp News : गार्ड और ऑपरेटर को बंदूक के बल पर शौचालय में बंधक बनाया, सांवरी स्थित बिजली सबस्टेशन की घटना
written by Denva Post Bureau | 27/03/2025
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के 132 केवी उपकेन्द्र पटनिया में देर रात 6-7 अज्ञात बदमाशों ने बंदूक और लोहे की रॉड दिखाकर डकैती की। आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड नंदकिशोर चंद्रवंशी और ऑपरेटर रामप्रसाद गाडरे व नितेश पवार को बंधक बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें शौचालय में बंद कर दिया। इसके बाद स्टोर रूम का ताला तोड़कर 9 नग 132 केवी आइसोलेटर कॉपर रॉड चुरा ली, जिसकी कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
जूनियर इंजीनियर की सतर्कता से हुआ खुलासा
डकैती का खुलासा रात 2:30 बजे तब हुआ जब जूनियर इंजीनियर आकस्मिक निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने कंट्रोल रूम और यार्ड में किसी कर्मचारी को न देखकर आवाज लगाई, जिससे शौचालय से दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। तुरंत कनिष्ठ यंत्री ने सहायक यंत्री को सूचना दी और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
हालांकि, सांवरी पुलिस ने इस डकैती को चोरी मानते हुए मामला दर्ज किया और चोरी की गई कॉपर रॉड की कीमत 81 हजार रुपये बताई। इस पर धारा 331(4) व 305 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
हर घंटे अपडेट अनिवार्य, पर नहीं हुआ था अपलोड
132 केवी उपकेन्द्र में सुरक्षा के लिए हर घंटे व्हाट्सएप पर फोटो अपडेट करने की अनिवार्यता है। लेकिन रात 1:11 बजे के बाद 2:15 बजे तक कोई भी अपडेट नहीं किया गया, जिससे उपकेन्द्र प्रभारी कनिष्ठ यंत्री आदेश कुमार मर्सकोले को संदेह हुआ और उन्होंने निरीक्षण करने का निर्णय लिया, जिससे मामला उजागर हुआ।
तीन घंटे तक बंधक रहे कर्मचारी, बड़ा हादसा टला
मध्यप्रदेश ट्रांसको के कर्मचारियों ने बताया कि तीन घंटे तक तीनों कर्मचारी शौचालय में बंद रहे। इस दौरान अगर कोई तकनीकी फॉल्ट हो जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उपकेन्द्र में गड़बड़ी होने पर सुधार कार्य में तीन से चार महीने लग सकते थे। सौभाग्य से, इस बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया गया।
Chhindwada News : एमपी में फिर फैला वायरस, पॉजिटिव मिले पांच सेंपल, सर्वेलेंस क्षेत्र घोषित हुआ 10 किमी का एरिया
written by Deepak Sharma | 27/03/2025
मध्यप्रदेश में खतरनाक रोग बर्ड फ्लू का खतरा बढ़ता जा रहा है। छिंदवाड़ा जिले में शहर के बाद अब पास के गांव भी संक्रमण के दायरे में आ गए हैं। बड़गोनाजोशी में बर्ड फ्लू की एंट्री हो गई है, पोल्ट्री फॉर्म के पांच सेंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। रोग की रोकथाम के लिए गांव के 10 किमी की परिधि सर्वेलेंस क्षेत्र घोषित किया गया है। बिल्ली आदि किसी भी पशु पक्षी को संक्रमित पाए जाने पर तत्काल आइसोलेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
छिंदवाड़ा में मटन मार्केट में बर्ड फ्लू की सेंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिलेभर में हड़कम्प मच गया। बर्ड फ्लू की एंट्री के साथ ही जिले में कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले भर में पोल्ट्री फॉर्म व अन्य स्थानों से सेंपल लिए जा रहे हैं।
इस बीच मोहखेड़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम बड़गोनाजोशी (सालीमेटा) के दुर्गेश गढ़वाल पोल्ट्री फॉर्म के पांच सेंपल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। इसके बाद जिला प्रशासन के साथ ही पशु चिकित्सा विभाग सतर्क हो गया। गांव में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए सभी चिकन शॉप, बैकयार्ड पोल्ट्री फॉर्म को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एक किमी की परिधि क्षेत्र को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया है। इसके साथ ही ग्राम बड़गोनाजोशी के 10 किमी की परिधि क्षेत्र को सर्वेलेंस क्षेत्र घोषित किया गया है। वहीं एक किमी के क्षेत्र में होटल व ढाबा संचालकों को पोल्ट्री के अंडे एवं मांसाहारी भोजन बेचने पर पाबंदी लगाई गई है। 21 दिन तक यह आदेश लागू होगा।
जिला प्रशासन ने बर्ड फ्लू की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद तत्काल सभी चिकन शॉप व बैकयार्ड पोल्ट्री फार्म बंद करवा दिए हैं। इसके साथ ही संक्रमित क्षेत्र में चिकन एवं पोल्ट्री प्रोडक्ट की बिक्री एवं परिवहन को पूर्णत: प्रतिबंधित किया है। संक्रमित क्षेत्र में पाई गई सभी मुर्गियों एवं अंडों को पशु चिकित्सा विभाग एवं नगर निगम के सहयोग से नष्ट किया जाएगा।
बीमार होने पर तत्काल आइसोलेट
संक्रमित क्षेत्र की बिल्लियों एवं अन्य पशुओं पर विशेष नजर रखनी होगी। उनके बीमार होने पर तत्काल उन्हें आइसोलेट कर किसी एक निश्चित व्यक्ति के संरक्षण में रखा जाएगा, जिसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को देनी होगी।
जिला प्रशासन ने संक्रमित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को आगामी आदेश तक चिकन, अंडा का उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। पोल्ट्री फॉर्म, बैकयार्ड पॉल्ट्री, चिकन शॉप, अंडा शॉप को रोज डिसइन्फेक्टेड एवं सेनेटाइजेशन किया जाएगा।
संक्रमित क्षेत्र, जहां पर बर्ड फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई वहां के चिकन शॉप मालिकों एवं पशु पालकों के परिवार एवं उनके संपर्क में आए व्यक्तियों के स्वैब नमूने लिए जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।