MP News: हेमंत खंडेलवाल बने प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री मोहन यादव और वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई

भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।

मध्यप्रदेश भाजपा को अपना नया अध्यक्ष मिल गया है। भाजपा आफिस में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत विजय खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। इस मौके पर नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बीजेपी के इस पर्व की प्रक्रिया पूरी हुई। मैं मानता हूं कि जो दायित्व सौंपा गया है, वो अहम है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा में अनुशासन की बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बड़ा होता है। सब मिलकर काम करते हैं। इस वजह से यहां पर सभी का सम्मान होता है। भाजपा का परिवार कई वर्षों से कांग्रेस के विरुद्ध झंडा बुलंद करता आया है और आगे भी करता रहेगा उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आएगी। भाजपा उनके रग रग में है। हेमंत खंडेलवाल ने ये भी मैसेज देने की कोशिश की पार्टी सर्वोपरी है और अनुशासन सबसे बड़ा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी से जो दाएं-बाएं होगा, उसको दिक्कत होगी। सत्ता और संगठन दोनों मिलकर काम करेंगे। इसके पहले 27 प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूत किया है।

बद्रीलाल दवे पहले अध्यक्ष थे। सुंदरलाल पटवा भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने। मेरे स्वर्गीय पिता भी कुशाभाऊ ठाकरे के पद पर चलते थे। आज हमारे बीच कई लोग नहीं है, मैं उनको याद करता हूं। कई लोगों ने बीजेपी को आगे ले जाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी को बुलंदियों पर बरकार रखना है, आगे भी ले जाना है। बीजेपी किसी भी कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुरूप पद पर बैठाती है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु आज हम नरेंद्र मोदी जी के कारण हैं। अमित शाह, जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में हमें काम करना है।

पहले एक मिथक था कि हम पांच साल पूरा नहीं कर पाते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने इस मिथक को तोड़ा है। वो कल्याणकारी योजनाएं लेकर आए और वो मिथक टूट गया। इस समय सीएम मोहन यादव भी हमारे प्रदेश में रोजगार और उद्योगों को लाने का काम कर रहे हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि, आरएसएस से जुड़ाव और सामान्य वर्ग से आने की पहचान ने उन्हें इस पद के लिए स्वाभाविक पसंद बना दिया।

खंडेलवाल की नियुक्ति को संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक रणनीतिक निर्णय माना जा रहा है, जो भाजपा के वैचारिक मूल्यों और मौजूदा नेतृत्व की कार्यशैली के बीच तालमेल स्थापित करता है। उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वी. डी. शर्मा ने खंडेलवाल को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस मौके पर खंडेलवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई। बुधवार को भोपाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में खंडेलवाल के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। खंडेलवाल का चयन निर्विरोध रहा, जिसे पार्टी के भीतर अनुशासन औरएकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। निवर्तमान अध्यक्ष वी.डी. शर्मा का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। शर्मा ने पांच वर्षों से अधिक समय तक इस पद पर रहते हुए पार्टी को कई राजनीतिक उपलब्धियां दिलाईं। पहले सामने आई गुटबाजी और कई नामों की अटकलों के बीच खंडेलवाल के नाम पर बनी सर्वसम्मति से यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा ने एक बार फिर आंतरिक सहमति और अनुशासन को प्राथमिकता दी है।

व्यक्तिगत और राजनीतिक पृष्ठभूमि
1964 में मथुरा में जन्मे हेमंत खंडेलवाल कानून स्नातक हैं और व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। वे वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार खंडेलवाल के पुत्र हैं। 2008 में अपने पिता के निधन के बाद बैतूल से सांसद बने और 2013 में विधायक चुने गए। 2023 में उन्होंने एक बार फिर विधानसभा में वापसी की। उनकी 41 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। भाजपा खेमे में इसे अनुशासन और समन्वय का प्रतीकात्मक संदेश माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि खंडेलवाल की नियुक्ति से भाजपा को एक स्थिर और समन्वित नेतृत्व मिलेगा ।




Weather Update Today : मप्र के 18 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल में सुबह से बारिश

मध्य प्रदेश में लगातार बारिश का दौर चल रहा है। बुधवार को 18 जिलों में अति भारी या भारी बारिश होने का अलर्ट है। भोपाल में सुबह से जोरदार बारिश हो रही है। 8 जिले ऐसे हैं, जहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिन तक प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहेगा। इसकी वजह से पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर चलेगा। बुधवार को जिन आठ जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट है, उनमें नीमच, मंदसौर, रतलाम, सीधी, सिंगरौली, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं। भोपाल, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, राजगढ़, देवास, सीहोर, विदिशा, रायसेन, शिवपुरी, निवाड़ी, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, शहडोल और अनूपपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

अगले चार दिन में और स्ट्रांग होगा सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, एक मानसून टर्फ एमपी के ऊपर से गुजर रही है। वहीं, एक अन्य टर्फ और एक लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) भी एक्टिव है। इस वजह से तेज बारिश का दौर चल रहा है। यह सिस्टम और स्ट्रॉन्ग होगा। इससे अगले 4 दिन तक तेज बारिश जारी रहेगी। 5 जुलाई को सिस्टम सबसे ज्यादा स्ट्रॉन्ग रहेगा। इस दिन के लिए कुल 48 जिलों में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है।

बालाघाट में पौने 2 इंच बारिश

प्रदेश में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। राजधानी भोपाल में दोपहर में कुछ देर के लिए बारिश हुई। वहीं, बालाघाट में सबसे ज्यादा पौने 2 इंच पानी बरस गया। सीधी में सवा इंच, श्योपुर-सिवनी में 1 इंच, बैतूल, शिवपुरी-मंडला में पौन इंच और पचमढ़ी, छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर में आधा इंच पानी गिरा। दतिया, गुना, नर्मदापुरम, छतरपुर, रायसेन, जबलपुर, रीवा, टीकमगढ़, उमरिया, मऊगंज, शाजापुर, आगर-मालवा, देवास, सीहोर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा।

प्रदेश में अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम

2 जुलाई : नीमच, मंदसौर, रतलाम, सीधी, सिंगरौली, मंडला,डिंडौरी और बालाघाट में अति भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है। भोपाल, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, राजगढ़, देवास, सीहोर, विदिशा, रायसेन, शिवपुरी, निवाड़ी, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, शहडोल और अनूपपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

3 जुलाई : सिंगरौली में अति भारी बारिश हो सकती है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, गुना, विदिशा, नीमच, छतरपुर, दमोह, जबलपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, कटनी, उमरिया, शहडोल, मंडला और अनूपपुर में भारी बारिश का अलर्ट है।

4 जुलाई : जबलपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। ग्वालियर, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, धार, राजगढ़, हरदा, सीहोर, विदिशा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, कटनी, मैहर, सिंगरौली, निवाड़ी, छतरपुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड में भारी बारिश का अलर्ट है।

5 जुलाई : नीमच, मंदसौर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर,दमोह, सतना, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, सिवनी और मंडला में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, जबलपुर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, मऊगंज, रीवा, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर में भारी बारिश हो सकती है।




Mp Weather Today : मध्य प्रदेश के 11 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी

मध्यप्रदेश में मानसून के एक्टिव होने के बाद से ही पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर चल रहा है। रविवार को ग्वालियर, चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे के दौरान साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं, 1 जुलाई से स्ट्रॉन्ग सिस्टम बनेगा। इससे प्रदेश के आधे से ज्यादा जिलों में अति भारी या भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश होगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

इसलिए लगातार हो रही बारिश

मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ में एक लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) एक्टिव हो गया है। जिसका असर अगले 1-2 दिन में एमपी में भी देखने को मिलेगा। वहीं, प्रदेश में अभी टर्फ की एक्टिविटी बनी हुई है। यह टर्फ जिन हिस्सों से गुजर रही है, वहां भारी बारिश का अलर्ट है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी सक्रिय है। इन सभी वजहों से मध्यप्रदेश तरबतर हो रहा है।

सीधी में सवा इंच से ज्यादा हुई बारिश

शनिवार को सतना के चित्रकूट में तेज बारिश हुई। वहीं, सीधी में सवा इंच से ज्यादा पानी गिर गया। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दतिया, गुना, ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, छतरपुर के खजुराहो, नौगांव, बालाघाट, बुरहानपुर, सीहोर, बड़वानी, डिंडौरी, शाजापुर, आगर-मालवा, देवास समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

1-2 जुलाई को अति भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने 1 जुलाई को 6 जिलों में अति भारी और 26 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 2 जुलाई को 5 जिलों में अति भारी और 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

प्रदेश में अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

29 जूनः गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

30 जून: ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़,छतरपुर, दमोह, सतना, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। अगले 24 घंटे में यहां साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है। भोपाल, जबलपुर, इंदौर-उज्जैन समेत अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

1 जुलाई: गुना, शिवपुरी, श्योपुर, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 24 घंटे के दौरान इन जिलों में 8 इंच तक बारिश हो सकती है। मुरैना, भिंड, दतिया, ग्वालियर, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, शहडोल, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और सिंगरौली में भारी बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में भी बारिश का दौर बना रहेगा।

2 जुलाई: नीमच, मंदसौर, सिवनी, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का अलर्ट है। श्योपुर, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, कटनी, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में भारी बारिश होने की संभावना




Sagar News : खाद्य मंत्री गोविंद राजपूत ने प्रदेश के सभी पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश के सभी पेट्रोल पंप की गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रतलाम में हुई घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि उपभोक्ताओं को हर हाल में गुणवत्तायुक्त पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। राजपूत ने वरिष्ठ अधिकारियों को ऑयल कंपनियों के साथ बैठक कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि रतलाम में कई वाहनों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के पेट्रोल पंप शक्ति फ्यूल पॉइंट डोसीगांव से डीजल भरवाया गया था। डीजल में पानी होने से वाहन बंद होने की घटना प्रकाश में आई है। खाद्य विभाग जिला रतलाम के अधिकारियों द्वारा पंप की तत्काल ही जांच की गई। जांच में पेट्रोल एवं डीजल के सैंपल लेकर बीपीसीएल लैब मांगलिया इंदौर भेजे गए हैं। इस प्रकरण में मोटर स्पिरिट और उच्च व्यय डीजल (प्रदाय तथा वितरण का विनियम और अनाचार निवारण) आदेश 2005 के प्रावधानों के तहत दोषी पंप संचालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 377 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। पंप पर उपलब्ध पेट्रोल 5995 ली. एवं डीजल 10657 लीटर जब्त कर पंप को सील किया गया है।

अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण रश्मि अरूण शमी ने इस घटना के परिपेक्ष्य में 27 जून को ही इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों की गत दिवस बैठक ली। उन्होंने घटना के संबंध में तत्काल विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश बीपीसीएल को दिए। वर्तमान में वर्षा के मौसम को देखते हुए ऑयल कंपनियों को प्रदेश के समस्त पेट्रोल पंपों का निर्धारित चेकलिस्ट अनुसार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

शमी ने कहा कि निरीक्षण में यह आवश्यक रूप से देखा जाएगा कि पेट्रोल पम्पों के भूमिगत टैंकों में पानी का रिसाव तो नहीं हो रहा है। यदि ऐसा पाया जाता है तो पानी के रिसाव को रोकने संबंधी एवं उपभोक्ताओं को सही गुणवत्ता का डीजल और पेट्रोल प्रदाय करने की समस्त कार्रवाई करें। बैठक में सख्त निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पेट्रोल पंप की जांच की जाये, जिसमें प्रतिदिन सुबह किए जाने वाला निरीक्षण एवं समय-समय पर किए जाने वाले नियमित निरीक्षणों की जांच रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज की जाए। इस संबंध में जरूरी साफ्टवेयर का निर्माण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सभी आयल कंपनी के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में उनकी तरफ़ से कोई समस्या नहीं आएगी और पेट्रोल पंपों की संघन जांच की जाएगी। पेट्रोल पंपों पर आवश्यक नागरिक सुविधाओं जैसे निःशुल्क हवा, पेय जल, महिला एवं पुरुष के लिए पृथक-पृथक शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश ऑयल कंपनियों को दिए गए। साथ ही पेट्रोल पम्पों पर उपलब्ध शौचालयों की प्रतिदिन साफ सफाई करने के भी निर्देश भी दिए गए हैं।

दल बनाकर सभी पेट्रोल पंपों की कराएं जांच

शमी ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले सभी पेट्रोल पंप की खाद्य, राजस्व, नापतौल एवं ऑयल कंपनी के अधिकारियों का दल बनाकर जांच कराएं। जांच में पेट्रोल पम्पों के भूमिगत टैंकों में किसी प्रकार का जल रिसाव रोकने तथा पेट्रोल पंप के नोजल से सही गुणवत्ता का डीजल एवं पेट्रोल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी स्थिति में किसी भी उपभोक्ता को पानी मिश्रित अथवा खराब गुणवत्ता का पेट्रोलियम उत्पाद प्रदाय नहीं किया जाए। इस दौरान खाद्य आयुक्त कर्मवीर शर्मा भी उपस्थित रहे।




Mp Weather Today : प्रदेश के 12 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव होने की वजह से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बौछारें पड़ रही है। शनिवार को भी 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। रीवा, ग्वालियर और चंबल संभाग में असर सबसे ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश की चेतावनी दी है। यहां अगले 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

पांच दिन तक मौसम में कोई बदलाव नहीं

उत्तर-पूर्व और दक्षिणी हिस्से से दो टर्फ गुजर रही है। इसलिए उत्तरी और दक्षिणी जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अगले 5 दिन तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। कहीं अति भारी तो कहीं भारी बारिश हो सकती है।

20 जिलों में बारिश, नौगांव में सबसे ज्यादा

प्रदेश में शुक्रवार को 20 से अधिक जिलों में बारिश हुई। छतरपुर के नौगांव में सबसे ज्यादा 1 इंच पानी गिरा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भोपाल, बैतूल, दतिया, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रतलाम, उज्जैन, खजुराहो, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, टीकमगढ़, बालाघाट, उमरिया, मऊगंज समेत कई जिलों में बारिश का दौर बना रहा।

प्रदेश में 1 दिन लेट पहुंचा मानसून

इस बार देश में मानसून 8 दिन पहले ही आ गया था। वहीं, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में यह तय समय से पहले पहुंच गया। ऐसे में अनुमान था कि मध्यप्रदेश में यह जून के पहले सप्ताह में ही आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पिछले 15 दिन से मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में एक ही जगह पर ठहरा रहा। इस वजह से एमपी में इसकी एंट्री नहीं हो पाई। 13-14 जून को मानसून आगे बढ़ा। बावजूद यह प्रदेश में 1 दिन लेट हो गया। हालांकि, 3 दिन में ही मानसून ने प्रदेश के 53 जिलों को कवर कर लिया। वहीं, एक के ठहराव के बाद बाकी बचे 2 जिले- भिंड और मऊगंज में भी मानसून एंटर हो गया। इस तरह 5 दिन में ही मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। एमपी में मानसून के प्रवेश की सामान्य तारीख 15 जून ही है। पिछले साल यह 21 जून को एंटर हुआ था। मानसून के एक्टिव होने के बाद से ही पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर चल रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि जून की सामान्य बारिश का आंकड़ा मानसून पार कर लेगा।

एमपी में अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

28 जून: ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है।

29 जून: रीवा, सीधी, सिंगरौली, गुना, अशोकनगर में भारी बारिश की संभावना है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर में भी बारिश होने का अलर्ट है। पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट है।

30 जून: मंडला, बालाघाट और शहडोल में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिरने का अनुमान है। सीहोर, विदिशा, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दमोह, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, अनूपपुर, सतना, सीधी में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।

1 जुलाईः गुना, अशोकनगर, सतना, शहडोल में अति भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, सीहोर, विदिशा, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, कटनी, दमोह, पन्ना, रीवा, मऊगंज में भारी बारिश की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।




Mp Weather Today : मध्य प्रदेश के 16 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, मौसम बदलेगा

अलग-अलग स्थानों पर बनी पांच मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, सागर, ग्वालियर-चंबल संभाग के जिले शामिल हैं। यहां अगले 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक पानी गिर सकता है। इससे पहले मंगलवार को 20 से अधिक जिलों में बारिश हुई।

इन जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार के लिए जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है, उनमें ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, रायसेन, देवास, धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में बारिश का यलो अलर्ट है।

अगले चार दिन के लिए अलर्ट

मध्यप्रदेश के ऊपर से दो टर्फ गुजर रही है। इसके अलावा साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी एक्टिव है। इस वजह से पूरे प्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि सिस्टम की वजह से प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है। अगले चार दिन तक कई संभागों में तेज बारिश हो सकती है।

प्रदेश के 18 जिलों में बारिश हुई

मंगलवार को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहा। 9 घंटे में उज्जैन में 2.1 इंच पानी गिर गया। वहीं, सतना में 1 इंच, नर्मदापुरम, छतरपुर के नौगांव और बालाघाट के मलाजखंड में आधा इंच बारिश हुई। भोपाल, बैतूल, गुना, जबलपुर, राजगढ़, दमोह, मंडला, सागर, उमरिया, शाजापुर, आगर-मालवा, सीहोर, रतलाम, शिवपुरी समेत कई जिलों में भी बारिश का दौर बना रहा। बारिश की वजह से प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट हुई है। इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा है। यहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

प्रदेश में अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

25 जूनः ग्वालियर, शिवपुरी, सीहोर, सागर, दमोह, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रीवा और सीधी में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 24 घंटे में साढ़े 4 इंच तक बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत अन्य जिलों में भी बारिश का यलो अलर्ट है।

26 जून: भोपाल, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, विदिशा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, दमोह, जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है। अन्य जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा।

27 जूनः सागर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सीधी, सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में भी बारिश होने की संभावना है।

28 जून: ग्वालियर, शिवपुरी, सीहोर, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, रीवा और सीधी में भारी बारिश होने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत अन्य जिलों में भी बारिश का दौर बना रहेगा।




Bhopal News : तंत्र मंत्र का भय दिखाकर महिला से 40 लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार, दो फरार

भोपाल क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक महिला को तंत्र-मंत्र का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपए ठग लिए थे। आरोपियों ने महिला को डराते हुए कहा था कि अगर पूजा-पाठ नहीं कराओगी तो मौत हो जाएगी। महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी अंकित सिंह सहित उसके दो साथियों मोहित और सनी अवस्थी को भी गिरफ्तार किया है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार महिला भोपाल की रहने वाली है। उसने पुलिस में शिकायत की थी कि एक व्यक्ति ने घर में बड़ी पूजा न कराने पर माता-पिता और भाई की मृत्यु हो जाने का डर दिखाकर 20 लाख रुपए नकद और करीब 20 लाख के सोने-चांदी के जेवर ठग ले गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घटना करीब एक सप्ताह पहले की है। क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार देर शाम अशोका गार्डन क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अंकित सिंह को धरदबोचा। इसके बाद प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के मकान मालिक सनी अवस्थी और अंकित सिंह के मामा मोहित सिंह को गुजरात के कच्छ से पकड़कर भोपाल लाई है।

मकान मालिक ने गिरवी रखवाए थे जेवर

पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी अंकित सिंह ने महिला से ठगे गए जेवर अपने मकान मालिक सनी अवस्थी के जरिए आईडीएफसी और आईआईएफएल गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखवाया था। सनी भी पूरे गिरोह में अहम भूमिका निभा रहा था।

लेन-देन और गिरवी रखे के दस्तावेज भी मिले

पुलिस को जालसाज गिरोह के पास से महिला के साथ रुपए के लेनदेन के सबूत भी मिले हैं। आरोपियों ने नकदी के अलावा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कराए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी अंकित सिंह का भाई आसू सिंह और रूप पार्टनर लकी पाण्डेय कुछ नकदी और सोने के कुछ जेवर लेकर फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। मुख्य आरोपी 25 वर्षीय अंकित सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है। उसका मामा मोहित सिंह भी बलिया का रहने वाला है। अंकित सिंह प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि मोहित सिंह वर्तमान में कच्छ में फल का ठेला लगा रहा था। अंकित सिंह का मकान मालिक सनी अवस्थी भी भोपाल में प्राइवेट जॉब करता है। इसी ने अपने आईडी पर दोनों कंपनियों के जेवर गिरबी रखवाया था।




Weather News : प्रदेश में भारी बारिश की संभावना

मानसून ने इंदौर समेत पूरे प्रदेश में ठंडक घोल दी है। इंदौर में रविवार को दिनभर हल्की बारिश हुई और रविवार सुबह से भी रिमझिम का दौर जारी है। कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है तो कई क्षेत्रों में मौसम साफ भी है। मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश में मानसून की बारिश जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर समेत पूरे प्रदेश में अगले दो दिन अच्छी बारिश के आसार हैं।

जून के महीने में अच्छी बारिश की संभावना

इंदौर में जून के महीने में दिन के तापमान में खासी गिरावट होती है। पिछले 5 साल के आंकड़े यही बताते हैं। 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 में जून में कम गर्मी पड़ी थी। पारा 39.6 से 41.1 डिग्री के बीच ही रहा था। पिछले साल 40.6 डिग्री तक पारा पहुंचा था। इंदौर में जून के महीने में कोटे की 20 प्रतिशत तक बारिश हो जाती है। पिछले साल करीब 4 इंच पानी गिरा था। इस साल इससे अच्छी बारिश की उम्मीद है। बारिश के ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो साल 1980 में यहां जून महीने में 17 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। वहीं 24 घंटे में सर्वाधिक 5 इंच बारिश का रिकॉर्ड 23 जून 2003 को बना था।

पूरा प्रदेश मानसून से भीगा

रविवार को प्रदेश के 22 से ज्यादा जिलों में पानी गिरा। मौसम विभाग के अनुसार, टीकमगढ़ में 9 घंटे के दौरान 2 इंच बारिश हो गई। मंडला में डेढ़ इंच, नर्मदापुरम में 1.4 इंच, ग्वालियर में 1 इंच, भोपाल-रायसेन में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। इधर, खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हेलीकॉप्टर की रविवार दोपहर पिपरिया हेलीपैड पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इसके बाद वे परिवार के साथ सड़क मार्ग से पचमढ़ी हिल स्टेशन पहुंचे। उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में पालकी हॉल से एम्बुलेंस गेट तक निर्मित टनल परिसर की छत का पीओपी रविवार सुबह 8 बजे अचानक गिर गया। कुछ दिन से टनल परिसर की छत से पानी का रिसाव हो रहा था, जिससे पीओपी ने छत छोड़ दी। भोपाल में रविवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। वहीं, रतलाम, पचमढ़ी में आधा इंच बारिश हुई। बैतूल, धार, इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, शिवपुरी, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, खजुराहो, निवाड़ी, सागर, सिवनी, उमरिया समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा।




Mp Weather : प्रदेश में जारी रहेगी बारिश, आज 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम रहेगा बदला

मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री होने के बाद लगातार बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में भारी बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर आ गए हैं। शनिवार को प्रदेश में 20 से अधिक जिलों में बारिश हुई। वहीं, रविवार को ग्वालियर, चंबल, सागर-रीवा संभाग के 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन-जबलपुर में भींग सकते हैं। इससे पहले शनिवार को सीधी में 2 इंच बारिश हो गई। वहीं, रतलाम में सवा इंच से ज्यादा पानी गिरा। सतना में पौन इंच, रीवा-खजुराहो में आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई। इसके अलावा भोपाल, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, छिंदवाड़ा, दमोह, मंडला, नौगांव, सागर, उमरिया, बालाघाट में भी बारिश दर्ज की गई। आंधी-बारिश की वजह से दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी और पन्ना में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है। भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, सतना, रीवा, मऊगंज में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा।

प्रदेश में इसलिए हो रही तेज बारिश

मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि प्रदेश के ऊपर से एक लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) गुजर रहा है। वहीं, पश्चिमी हिस्से से टर्फ की एक्टिविटी है। ये दोनों ही सिस्टम स्ट्रॉन्ग है। इस वजह से पूर्वी और उत्तरी हिस्से में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ भी सक्रिय है, जो पूरे प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश करा रहे हैं।

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

22 जून: ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी और पन्ना में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिर सकता है। भिंड, दतिया, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, सतना, रीवा, मऊगंज में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रहेगा।

23 जून : शिवपुरी, अशोकनगर और सागर में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, गुना, पन्ना में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। विदिशा, रायसेन, दमोह, छतरपुर, सतना, रीवा और मऊगंज में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत अन्य जिलों में आंधी-बारिश हो सकती है।

24 जून : शहडोल, सागर, गुना, अशोकनगर औ शिवपुरी में अति भारी बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर, दतिया, विदिशा, राससेन, दमोह, पन्ना, कटनी, उमरिया, अनूपुपर में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम बदला रहेगा।

25 जून : पन्ना में अति भारी बारिश और गुना, अशोकनगर, सागर, दमोह, छतरपुर में भारी बारिश का अलर्ट है। अन्य जिलों में भी मौसम बदला रहेगा।




Bhopal News : पूर्व सीएस इकबाल सिंह और एलएम बेलवाल के खिलाफ लोकायुक्त जांच शुरू

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी और बैंस के करीबी, आजीविका मिशन के पूर्व सीईओ ललित मोहन बेलवाल के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि यह प्राथमिक जांच होने के बाद अगर प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार का मामला सामने आएगा, तब आपराधिक प्रकरण की जांच शुरू होगी। अभी प्राथमिकी दर्ज करने से पहले की जांच शुरू हुई है। पूर्व विधायक पारस सखलेचा ने नयंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में मध्य प्रदेश में वर्ष 2018-19 से 2021-22 के बीच टेक होम राशन (टीएचआर) घोटाला उजागर होने के बाद लोकायुक्त संगठन में बैंस और ललित मोहन बेलवाल के खिलाफ शिकायत की थी।

वर्ष 2023 में पारस सखलेचा ने बैंस और बेलवाल के खिलाफ पोषण आहार योजना और ग्रामीण आजीविका मिशन में कथित तौर पर 500 करोड़ का भ्रष्टाचार किए जाने की शिकायत की थी। जब टेक होम राशन घोटाला हुआ, तब बैंस पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव थे और टेक होम राशन उनके विभाग के अधीन ही आता है।

सखलेचा का तर्क- जांच हुई तो बहुत बड़ा घोटाला निकलेगा

पूर्व विधायक सखलेचा ने अपनी शिकायत में कहा है कि सीएजी ने लगभग 500 करोड़ का घोटाला मात्र चार वर्षों में पाया है। यदि सभी जिलों जांच की गई तो यह घोटाला इससे कई गुना बड़ा निकलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इकबाल सिंह बैंस ने पंचायत विभाग के अपने कार्यकाल में 2017 में अपने चहेते बेलवाल को वन विभाग से प्रतिनियुक्ति पर लाकर आजीविका मिशन का सीईओ बनाया था। इसके बाद पोषण आहार बनाने वाली सातों फैक्ट्री का कार्य एग्रो इंडस्ट्री कारपोरेशन से लेकर आजीविका मिशन को दे दिया। दिसंबर 2018 में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार बनने पर सातों फैक्ट्री का कार्य पुन: एग्रो इंडस्ट्रीज कारर्पोशन को सौंपा गया।

रिटायर होने के बाद संविदा पर आ गए बेलवाल

इतना ही नहीं बैंस ने मुख्य सचिव बनने के बाद बेलवाल को सेवानिवृत्ति होने पर संविदा आधार पर फिर से आजीविका मिशन का सीईओ बना दिया था। उन्होंने शिकायत में कहा है कि बेलवाल को लेकर बैंस का प्रेम देखकर लगता है कि बैंस भी इस पूरे घोटाले में शामिल हैं। इसलिए उनके खिलाफ भी जांच की जाए। हालांकि अभी तक बैंस के खिलाफ कोई भ्रष्टाचार नहीं पाया गया है, जबकि बेलवाल पर आजीविका मिशन में भर्ती को लेकर पहले से प्रकरण दर्ज हैं। लोकायुक्त संगठन ने महिला एवं बाल विकास विभाग, आजीविका मिशन और अन्य संबंधित विभागों एवं कार्यालयों में जानकारी मांगने के बाद जांच पंजीबद्ध की है।

उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास विभाग छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती और 11 से 14 साल तक की स्कूल नहीं जाने वाली किशोरियों में टेक होम राशन देता है। सीएजी ने भ्रष्टाचार उजागर करते हुए मुख्य सचिव को कथित घोटाले की जांच एक स्वतंत्र एजेंसी से कराने और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा था।