Bhopal News : अरेरा कॉलोनी में सराफा कारोबारी के घर डकैती, वृद्धा को चाकू मारकर 1.30 करोड़ लूटे

Bhopal News: Bullion trader's house looted in Arera Colony, old woman stabbed and looted Rs 1.30 crore

लूट (सांकेतिक फोटो)
– फोटो : सोशल मीडिया

राजधानी की पॉश अरेरा कॉलोनी में तीन नकाबपोश बदमाशों ने सराफा कारोबारी के घर लूट की वारदात कर डाली। आरोपी घर में मौजूद वृद्ध महिला को चाकू अड़ाकर पहले जेवर उतरवाए और फिर अलमारी में रखे 1.30 करोड़ रुपये लूट ले गए। हालांकि, घर से बाहर भागते समय दूसरे बंगले के चौकीदार ने एक संदेही को दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक मामले की जांच जारी थी।

हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार घटना अनुश्री अस्पताल के पीछे ई-4, अरेरा कॉलोनी में रहने वाले सराफा कारोबारी सुशील धनवानी के घर हुई। उनकी न्यू मार्केट अनमोल ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार शाम को सुशील और परिवार के अन्य सदस्य अपने काम पर थे, जबकि उनकी पत्नी कीर्ति धनवानी (60) घर पर अकेली थी। शाम करीब 6.50 बजे तीन नकाबपोश बदमाश उनके घर पहुंचे। घंटी बजाने पर कीर्ति ने जैसे ही दरवाजा खोला, वैसे ही तीनों बदमाश अंदर घुस गए और उनके गले पर चाकू अड़ा दिया। उसके बाद बदमाशों ने कीर्ति के पहने हुए सारे गहने उतरवा लिए और अलमारी की चाबी छीन ली। चाबी लेने के बाद बदमाश सीधे अलमारी के पास पहुंचे और उसे खोलकर अंदर रखे करीब 1.30 करोड़ रुपये लेकर भाग निकले।

छह मिनट के भीतर दिया वारदात को अंजाम

यह पूरी वारदात सामने वाले बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कैमरे में शाम 6.50 मिनट पर बदमाश अंदर दाखिल होते और 6.56 मिनट पर बाहर निकलते हुए दिखाई दिए हैं। इस दौरान सामने वाले बंगले का चौकीदार बाहर टहल रहा था। उसने धनवानी के बंगले पर अनजान लोगों को देखा तो पूछताछ के लिए मौके पर पहुंचा। संदेह होने पर उसने एक बदमाश को पकड़ना चाहा तो वह धक्का देकर भागने लगा। इस बीच बंगले के अंदर से कीर्ति की आवाज सुनाई दी। उसके बाद चौकादीर ने अन्य लोगों की मदद से दूसरे बदमाश को दबोच लिया, लेकिन उसका साथी भागने में सफल रहा।

जल्द खुलासा होगा

पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने कहा कि अरेरा कॉलोनी में लूट हुई है, जिसमें एक संदेही को पकड़ा गया है। लूटी गई रकम जमीन के सौदे की बताई जा रही है। कुल रकम कितनी थी, इसको लेकर सत्यापन किया जा रहा है। वारदात के तरीके से इसमें किसी परिचित के शामिल होने का अंदेशा है, जिसे रकम की जानकारी थी और यह रकम कहां रखी होगी, इसका भी पता होगा। पकड़े गए संदेही से पूछताछ जारी है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।




Bhopal News : राजधानी में आज से चलेंगी स्कूल और सिटी बसें, किसी ने रोका तो लगेगा NSA

MP News: School and city buses will run in the capital from today, if anyone stops them, NSA will be imposed

जिला प्रशासन ने बस संचालकों के साथ बैठक की

ड्राइवरों की हड़ताल के बीच राजधानी में बुधवार से स्कूल व सिटी बसें चलाने का फैसला किया गया। इसमें तय किया गया कि इन बसों को रोकने वालों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। जो बस ऑपरेटर व ड्राइवर बसें नहीं चलाएंगे उन पर भी कार्रवाई होगी।

भोपाल के संभागायुक्त पवन शर्मा की अध्यक्षता में सिटी बस संचालकों एवं स्कूल बस संचालकों की मंगलवार को बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह एवं पुलिस आयुक्त हरि नारायण चारी मिश्रा उपस्थित रहे। बैठक में सिटी बस संचालकों एवं स्कूल बस संचालकों के साथ चर्चा कर संभागायुक्त शर्मा ने निर्देश दिए कि बुधवार से स्कूल एवं सिटी बसें चलाई जाएं। कलेक्टर आशीष सिंह ने बैठक में ऑपरेटर्स से कहा कि आप निश्चिंत होकर बसें चलाएं। प्रशासन एवं पुलिस का आपको संपूर्ण सहयोग रहेगा। उन्होंने कहा कि सिटी व स्कूल बसें चलाने में यदि किसी ने व्यवधान उत्पन्न किया तो उस पर रासुका की कार्रवाई की जाएगी। निर्देश का पालन नहीं करने पर संबंधित ऑपरेटर के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी एवं ड्राइवर का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।




Bhopal News : नए साल में मंत्रियों ने संभाला पदभार, प्रहलाद बोले

MP News: Ministers took charge in the new year, Prahlad said - will give two lakhs for houses to tribals

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने पदभार ग्रहण कर समीक्षा बैठक की

डॉ. मोहन यादव कैबिनेट के कई मंत्रियों ने सोमवार को मंत्रालय पहुंचकर अपने विभाग का पदभार ग्रहण किया। मंत्रियों को शनिवार को सीएम ने विभागों का आवंटन कर दिया था। सोमवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल वल्लभ भवन पहुंचे और अपने विभाग का विधिवत पूजा अर्चना के बाद पदभार संभाला। इसके बाद प्रहलाद पटेल ने अपने विभाग की समीक्षा बैठक भी ली और जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर विभाग के राज्य मंत्री राधा सिंह भी मौजूद थी। पटेल ने का कि आदिवासियों को मकान के लिए दो दो लाख रुपये देने और श्रम विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति करने का एलान किया। वहीं, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने वल्लभ भवन एनेक्सी 3 के कक्ष क्रमांक 216 ई, में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। वहीं, सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवाओं के लिए आकांक्षाओं को पूरा करना प्राथमिकता में है। वहीं, राज्यमंत्री नगरीय प्रशासन प्रतिभा बागरी ने भी पदभार ग्रहण किया।

प्रधानमंत्री आदिवासी न्याय महाअभियान चलेगा

मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि केंद्र और राज्य की सभी योजनाओं में प्रदेश ने अदभुत काम किया है। 5936 अमृत सरोवर बनाकर देश में नंबर-1 स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि समीक्षा बैठक में तय किया गया है कि मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आदिवासी न्याय महाअभियान चलाया जाएगा। इसमें सहरिया, बैगा और भारिया के परिवारों को पीएम आवास की तर्ज पर मकान दिए जाएंगे। 100 की आबादी में रहने पर भी उन तक सड़क पहुंचाने का काम किया जाएगा। पीएम आदिवासी न्याय महाभियान में मकान के लिए दो लाख रुपये प्रति परिवार दिए जाएंगे। शौचालय का प्रावधान अलग से होगा और मनरेगा की राशि मिलेगी। अभी तक आदिम जाति विकास मंत्रालय की सूची में 16 जिलों का उल्लेख था, लेकिन ग्रामीण विकास विभाग के सर्वेक्षण में यह जिले 22 है। यह अनुशंसा भी हमने की है कि इसका पुन: सर्वेक्षण करके करेंगे। उन्होंने बताया कि अन्य कामों के लिए 100 दिन का रोडमैप तैयार करेंगे।

श्रम विभाग में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा

पटेल ने बताया कि श्रम विभाग लेबर मैनेजमेंट केस पोर्टल पर सभी लंबित प्रकरण 100 दिन में आ जाएंगे। इसके बाद सभी लेबर केस पोर्टल पर होंगे। दूसरा न्यायालय के निर्णय के कारण डीपीसी होने में गतिरोध था। इसके चलते कई रिक्तियां श्रम विभाग में है। उन्होंने बताया कि हमने तय किया है कि पद नाम परिवर्तन द्वारा पदोन्नति से रिक्त पदों की पूर्ति जल्द की जाएगी। इसके अलावा मजदूरों को कौशल प्रशिक्षण केंद्र के जरिए ट्रेनिंग देकर गति बढ़ाने का काम किया जाएगा।




Bhopal News : हत्या के प्रयास में सजा काट रहा कैदी हमीदिया अस्पताल से फरार, इलाज के लिए लाया गया

MP News: Prisoner serving sentence for attempt to murder absconds from Hamidia Hospital, brought him for treat

कैदी फरार

राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल से हत्या के प्रयास में सजा काट रहा बदमाश फरार हो गया है। कैदी नदीम खान को जेल से हाथ में दर्द के इलाज के लिए शनिवार दोपहर अस्पताल लाया गया था। उसके हाथ में रॉड डली हुई है। उसके हाथ में लगातार दर्द होने की शिकायत के बाद जेल के डॉक्टरों ने एक्सरे कराने की सलाह दी थी। कैदी को लेकर जेल प्रहरी दीपेश इंगले लेकर आया था। एक्सरे रूम से नदीम खान फरार हो गया। उस पर 16 से ज्यादा केस है। अभी वह हत्या के प्रयास में सात साल की सजा काट रहा था। वह जहांगीराबाद का निगरानी बदमाश है। कैदी के फरार होने की सूचना जेल प्रहरी ने कोहेफिजा थाने में दी। वहीं, जेल प्रहरी दीपेश इंगले को लापरवाही पर निलंबित करने के लिए भोपाल जेल अधीक्षक ने होशंगाबाद जेल अधीक्षक को लिखा है। दीपेश भोपाल जेल में अटैचमेंट पर हैं।

कैदी नदीम खान के खिलाफ लूट, चोरी, हत्या का प्रयास, अड़ीबाजी और मारपीट समेत कई मामले दर्ज है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक एक अन्य बदमाश पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में कोर्ट ने आरोपी को सात साल की सजा सुनाई।




School Winter Holidays:शिक्षा विभाग ने शीतकालीन अवकाश में किया बदलाव; जानिए जनवरी में कब बंद रहेंगे स्कूल

Madhya Pradesh Education Department made changes in winter vacations

मध्य प्रदेश शीतकालीन अवकाश का बदला समय।
– फोटो : social media

मध्य प्रदेश शासन शिक्षा विभाग ने शीतकालीन अवकाश में परिवर्तन कर दिया है। काफी समय से दिसंबर माह में पांच दिन का अवकाश होता आ रहा है। इस बार शिक्षा विभाग ने इसमें बदलाव करते हुए नए वर्ष 2024 में एक जनवरी से चार जनवरी तक सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में अवकाश रखे जाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि अब तक शिक्षा विभाग शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर क्रिसमस के दिन से 31 दिसंबर तक घोषित करता था, किंतु इस वर्ष यह अवकाश निरस्त कर दिया गया है। अब नए वर्ष 2024 से 1 से 4 जनवरी तक अवकाश रखे जाने के आदेश विगत दिनों जारी किए गए हैं। 25 दिसंबर को क्रिसमस का अवकाश रहेगा।

स्कूली शिक्षा विभाग के इस बदलाव को लेकर स्कूल संचालकों में आश्चर्य है। वहीं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बदलाव को लेकर कुछ भी बता पाने में असमर्थ हैं। ईसाई मिशनरी स्कूलों में वर्षों से 25 दिसंबर क्रिसमस से 31 दिसंबर तक अवकाश रखा जाता है, लेकिन नए आदेशों के बाद इन स्कूलों में भी अवकाश को लेकर निर्णय ले लिया गया है।




Mp Corona Update : राजधानी भोपाल में दो नए संक्रमित मिले, एक्टिव केस बढ़कर 10 हुए

MP CORONA UPDATE: Two new infected people found in the capital Bhopal, active cases increased to 10.

Corona became deadly again
– फोटो : social media

मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को 32 लोगों की जांच में दो कोरोना संक्रमित मिले। दोनों मरीज वैक्सिनेटेड हैं। दोनों में कोई गंभीर लक्षण नहीं है।

भोपाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 11 पर पहुंच गई है। इसमें एक मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुका है। अभी 10 सक्रिय केस हैं। इनमें से दो मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।

दिसंबर माह में स्वास्थ्य विभाग ने करीब 100 लोगों की जांच की है। इसमें 10 प्रतिशत संक्रमित मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दूसरी बीमारी से पीड़ित मरीजों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाके में नहीं जाने की सलाह दी है।




Mp News : पीएम मोदी ने देवास की रूबीना से की बात, कहा- मैं एसएचएसजी की दो करोड़ महिलाओं को करोड़पति बनाना चाहता हूं

MP News: PM Modi spoke to Rubina of Dewas, said- I want to make two crore women of SHGs millionaires.

पीएम मोदी ने देवास की रुबिका से बात की।
– फोटो : सोशल मीडिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि देश में काम कर रहे स्वसहायता समूहों की दो करोड़ महिलाओं को लखपति बनाना उनका सपना है। विकसित संकल्प यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश के देवास जिले के हितग्राहियों के साथ सरकारी कार्यक्रमों के हितग्राहियों से वर्चु्अल बातचीत के दौरान मोदी ने अपने इस मिशन के लिए महिलाओं को साथ देने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं स्वसहायता समूहों से जुड़ी दो करोड़ महिलाओं को लखपति बनाना चाहता हूं। मोदी ने देवास की रुबीना खान से पूछा कि क्या वह इन प्रयासों में उनकी मदद करेंगी। जब रुबीना से पूछा कि वह अपने समूह की कितनी महिलाओं को लखपति बनाना चाहेंगी। इस पर उन्होंने कहा कि मैं देश की हर महिला को लखपति बनाना चाहूंगी। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि “यह तो राजनीतिक जवाब हो गया।” यह सुनते ही ग्रुप की सभी सदस्य हंस पड़ी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल से वर्चुअली इस बातचीत के साक्षी बने।

दो बार चौंके पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके पास बहुत-से काम हैं, लेकिन इस तरह की पहल में उनका सहयोग चाहिए होगा। इस पर सभी ने एकमत होकर कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को पूरा करने के लिए मिलकर काम करना चाहेंगी। रुबीना ने कहा कि वह आजीविका मिशन के तहत बने स्वसहायता समूहों से जुड़ी 1.03 लाख महिलाओं की ओर से प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देना चाहती हैं। इस पर पीएम मोदी ने आश्चर्य जताया और यह आंकड़ा दोहराने को कहा। रुबीना ने यह भी बताया कि स्वसहायता समूह से जुड़ने के बाद उसने अपनी सोसाइटी से पांच हजार रुपये का कर्ज लिया और अपने घर से कपड़े बेचने शुरू किए। उसका पति मोटरसाइकिल पर जाकर कपड़े बेचने लगा। जब काम बढ़ा तो उन दोनों ने मिलकर सेकंड हैंड मारुति वैन खरीदने का फैसला किया। मोदी ने चौंकते हुए फिर दोहराने को कहा कि रुबीना ने किस वाहन को खरीदा है?

मोदी ने कहा- मेरे पास एक साइकिल तक नहीं

मोदी ने कहा कि तुम्हारे पास मारुति वैन है और मेरे पास तो एक साइकिल तक नहीं है। इस पर समूह की सभी महिलाएं एक साथ हंस पड़ी। रुबीना ने बताया कि उनका कारोबार चल पड़ा और अब उन्होंने देवास में एक दुकान ली है और अच्छा काम कर रहे हैं। रुबीना ने पीएम मोदी को यह भी बताया कि क्लस्टर रिसोर्स परसन (सीआरपी) के तौर पर उसे और समूह की अन्य महिलाओं को सरकारी कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी मिल रही है। अब जिले के 40 गांवों में एसएचजी बनाकर उसका लाभ ले रही हैं।

कोविड-19 की बात करते हुए रुबीना ने कहा कि शुरुआती प्रतिरोध के बाद उनके समूह की महिलाओं ने खतरनाक वायरस से निपटने के ली मास्क, सैनिटाइजर और किट्स बनाए और सभी ने उससे 60 से 70 हजार रुपये कमाए। इस पर मोदी भी हतप्रभ रह गए। इस तरह का काम करते हुए उन्होंने न केवल राष्ट्र सेवा की बल्कि मुश्किल समय में कमाने के रास्ते भी खोज निकाले।

देश को आत्मनिर्भर बनाने में महिलाओं का आत्मविश्वास जरूरी

प्रधानमंत्री के पूछने पर रुबीना ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं और दसवीं तक पढ़ी हैं। उसका एक बेटा भी है। मोदी ने बेटियों को और पढ़ाने की सलाह भी दी। रुबीना ने पीएम मोदी को यह भी बताया कि उसने अपने बेरोजगार बेटे के लिए एक टवेरा वाहन खरीदा है। बैंक अधिकारियों की एक टीम उनके गांवों में आई थी और उसने ही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सबको दी। मोदी ने रुबीना के आत्मविश्वास को सराहा और कहा कि महिलाओं का यह आत्मविश्वास ही देश को आत्मनिर्भर बना सकता है।




Mp News : सीएम शिवराज का नया आवास बी8-74, मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद खाली किया सीएम हाउस

MP News: CM Shivraj's new residence B8-74, vacated CM House after offering prayers in the temple.

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास खाली कर दिया। उन्होंने बंगले को खाली करने से पहले मंदिर में पूजा अर्चना की। गौशाला में गौमाता के दर्शन किए। साथ ही मुख्यमंत्री निवास में पदस्थ सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें विदाई दी। अब शिवराज का नया ठिकाना लिंक रोड नंबर-1 स्थित बी8-74 होगा।

वहीं, शिवराज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में रहते हुए कई विकास कार्य किए। आने वाले समय में भी प्रदेश में खूब विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 18 साल में प्रगति और प्रकाश जन कल्याण का इतिहास रचा गया है। आज आनंद और प्रसन्नता के साथ सीएम आवास से जा रहा हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री यादव और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि वह प्रदेश को खूब ऊंचाईयों तक ले जाएं। सीएम की पत्नी साधना सिंह ने कहा कि बंगले से उनकी कई यादे जुड़ी हैं। शिवराज अपने परिवार के साथ एक कार में बैठकर रवाना हुए। कार को बड़े बेटे कार्तिकेय चला रहे थे।

पूर्व सीएम शिवराज अपने आवास में शिफ्ट होने से पहले पूजा अर्चना किया। उनके प्रवेश पर पत्नी साधना ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। पूर्व सीएम ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जब वह सांसद थे, तब भी उनको यह घर आवंटित था। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री रहते हुए भी काम किया। उन्होंने कहा कि यहा पर रहकर भी जनता के लिए खूब काम किया। आगे भी यहां रहकर जनता की सेवा का महायज्ञ खूब चलता रहेगा।

उन्होंने कहा, कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो जिम्मेदारी सौंपेगी उसे करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक जवाबदारी गर्व के साथ पूरी करके आया हूं। आनंद का क्षण है। प्रदेश को विकास और प्रगति की इतनी ऊंचाईयों पर ले गए हैं कि मन आत्मसंतोष से भरा हुआ है। एक नहीं अनेक योजना लाड़ली बहना योजना भी शामिल है। हम अपनी बहन बेटियों के लिए योजना बना पाएं। उसका भी आत्मसंतोष है। अब नई सरकार हमारी मोहन यादव जी के नेतृत्व में आगे बढ़ाएगी। हां, पुराने लोगों से मिलकर थोड़े जरूर भावुक थे। क्योंकि सीएम आवास में इतने लंबे समय तक रहे तो साथ काम करने वाले गले भी मिले, हाथ भी मिलाए। फोटो भी खिंचवाएं, अब यहां से सेवा, प्रगति और विकास की ओर पार्टी के काम का नया अध्याय शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि भाई और मामा परमानेंट हैं।

2005 में अलॉट हुआ था बी-8 बंगला

शिवराज सिंह चौहान को 74 बंगला स्थित बी-8 बंगला 2005 में सांसद बनने पर अलॉट हुआ था। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बनने पर मुख्यमंत्री निवास में शिफ्ट हो गए थे। इसके बाद से वह 2018 तक श्यामला हिल्स पर ही रह रहे थे। इस बीच कांग्रेस की सरकार बनने पर वह अपने बी-8 बंगले में शिफ्ट हो गए थे। 2020 में दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर श्यामला हिल्स पर ही रह रहे।

श्यामला हिल्स से नीचे आकर रहने वाले अकेले पूर्व सीएम

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लिंक रोड नंबर-1 स्थित बी-8 बंगले में शिफ्ट होते है तो वह श्यामला हिल्स से नीचे आकर रहने वाले अकेले पूर्व मुख्यमंत्री होंगे। अभी प्रदेश के तीन पूर्व सीएम श्यामला हिल्स पर ही रह रहे हैं। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल है। तीनों के सरकारी बंगले श्यामला हिल्स पर ही है।




Mp News : पूर्व सीएम उमा ने मंत्री चेतन्य काश्यप पर कसा तंज, कहा- नेता साथ तो इसमें कौन सी बड़ी बात

MP News: Former CM Uma took a jibe at Minister Chetanya Kashyap, said - What is the big deal if a leader with

पूर्व सीएम उमा भारती
– फोटो : सोशल मीडिया

पूर्व सीएम उमा भारती ने विधायक और मंत्री चेतन्य कश्यप को नसीहत दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि हाल ही में मंत्री बने तथा रतलाम के एक संपन्न जैन व्यवसायी चेतन कश्यप ने अपनी संपत्ति 296 करोड़ घोषित की हैं। अभी कुछ दिनों पहले मध्य प्रदेश के अखबारों में उनकी तारीख लिखी थी कि वो अपना विधायक का वेतन नहीं लेते जो कि साल का करीब 12 लाख रुपए होता है। उमा भारती ने लिखा कि 296 करोड़ रुपए वाला व्यक्ति अगर सरकार के 12 छोड़ देता है तो इसमें कौन सी बड़ी बात हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि चेतन्य कश्यप सरकार को वेतन वापस करने के बजाए यह राशि अभावग्रस्त लड़कियों की शिक्षा पर खर्च करें। हमें यह याद रखना पड़ेगा कि सभी विधायक बड़े व्यवसायी नीं होते और ना वो राजनीत से अपना व्यवसाय बढ़ाते हैं। उन्होंने लिखा कि यदि विधायकों और सांसादों को ईमानदारी की राह पर चलाना आसान बनाना है तो चेतन कश्यप जैसे पूंजीपति विधायकों को छोड़कर सभी विधायक की तनखा एवं अन्य भत्ते आज की सभी परिस्थितियों को देखकर मिलना चाहिए।




Mp News: लोकसभा चुनाव के लिए अभी से तैयार हो जाएं, प्रकोष्ठों की बैठक में बोले पीसीसी चीफ जीतू पटवारी

MP News: Get ready for Lok Sabha elections now, said PCC Chief Jitu Patwari in the meeting of cells.

प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रकोष्ठ अध्यक्षों की बैठक ली।
– फोटो : सोशल मीडिया

लगातार चली प्रदेश कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारियों, संगठन मंत्रियों, मोर्चा संगठनों की बैठकों के बाद चौथे दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के लगभग 15 विभागों और 50 प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर पार्टी गतिविधियों और लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। बैठक के बाद पटवारी ने विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ वन-टू-वन चर्चा की।

पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र दो पटरियों पर चलता हैं एक सत्ता पक्ष और दूसरा विपक्ष। हम 20 साल से सत्ता में नहीं हैं, हमने काफी संघर्ष का दौर देखा है और अभी भी हमारे सामने संघर्ष है। सत्ता पक्ष के पास साधन-संसाधन बहुत होते हैं और विपक्ष में साधन-संसाधनों का अभाव होता है। हमारी भूमिका विपक्ष में रहकर जनता की सेवा करना है, जनहित के मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाना और सत्ता पक्ष से पूरा कराने की हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हमें हर हाल में पार्टी संगठन और विपक्ष में रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जनता के साथ खड़े रहना है और पार्टी का सम्मान बनाए रखना है।

उम्मीद से विपरीत रहे विधानसभा परिणाम

पटवारी ने विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए कार्य करें। लोकसभा चुनाव हमारे सामने हैं हम सभी को मिलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि हमें विधानसभा चुनाव में जो परिणाम देखने को मिले हैं उसकी उम्मीद किसी को नहीं थी, इसलिए हम हताश और निराश न होकर पूरी ताकत और मजबूती के साथ आगे अपना कार्य करें और लोकसभा चुनाव में निश्चित ही अच्छे परिणाम हमारे सामने आएंगे।

वो समय भी देखा है

बैठक में विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभारी जेपी धनोपिया ने कहा कि मप्र कांग्रेस के सभी विभाग और प्रकोष्ठ तन्मयता के साथ काम कर रहे हैं। वहीं पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष बनने से नौजवानों में अद्भुत ऊर्जा, जोश और उमंग का संचार हुआ है, निश्चित ही संगठन को मजबूती मिलेगी। पार्टी ने 1977 का वह समय भी देखा है जब हमें बहुत कम सीटें मिली थीं, हम सभी मिलकर युवा शक्ति के साथ पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे और संगठन को और अधिक सशक्त बनाकर फिर सत्ता में आएंगे। संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा कि मप्र कांग्रेस कमेटी में कार्यरत विभाग और प्रकोष्ठ की संगठन में महत्वूपर्ण भूमिका रही है। संगठन को बल और शक्ति मिलती है।