Mp News : विधायक फंड पर सियासत, कांग्रेस विधायक ने सरकार पर लगाया पक्षपात का आरोप, दिग्गी बोले- कोई भेदभाव नहीं
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
डॉ. विक्रांत भूरिया
मध्य प्रदेश सरकार ने विधायकों को 15-15 करोड़ रुपए तक के विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे है। इस पर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया है। कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि आपने शपथ लेते हुए वादा किया था कि आप न तो किसी भय से, न ही किसी पक्षपात से प्रभावित होकर अपने दायित्य का निर्वहन करेंगे। भूरिया ने कहा कि लेकिन आपकी मौजूदा कार्यनीति से पक्षपात साफ नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि आप पूरे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री है। सभी विधायक आपके लिए समान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक को अबतक विधायक निधि नहीं मिली है न विकास कार्यों के प्रपोजल मांगे है।
दिग्गी बोले- यह भेदभाव उचित नहीं है
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भड़के और कहा की केवल भाजपा के विधायकों को 15-15 करोड़ और सांसदों को 50 -50 करोड़ विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार दे रही है। मुख्यमंत्री क्या ये सही है? यह भेदभाव तो उचित नहीं है। प्रदेश में कर दाताओं का पैसा है केवल भाजपा का नहीं है।
विधायकों से मांगे 15 करोड़ रुपए के प्रस्ताव
अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने है। चुनाव की घोषणा से पहले सांसद और विधायकों अपने निर्वाचन क्षेत्र में करोड़ो रुपए के विकास कार्य का शिलान्यास और भूमिपूजन करेंगे। इसके लिए सरकार ने विधायकों से 15-15 करोड़ और सांसदों से 50 करोड़ रुपए के प्रस्ताव देने को कहा है। इसका फरवरी माह में विधानसभा सत्र में लेखानुदान में प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को प्रस्तावों को आगामी वित्तीय वर्ष की कार्य योजना शामिल करने के निर्देश दिए है।
Mp News : सोमवारा में बांटे जाएंगे 1100 क्विंटल लड्डू, राम नाम लिखकर तालाब में छोड़ें पत्थर
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
बांटने के लिए तैयार हो रहे लड्डू
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को उत्सव के रूप में मनाने भोपाल में पूरी तैयारी है। अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा उपाध्यक्ष आलोक शर्मा ने बताया कि प्रभुराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 11 क्विंटल राम लड्डू बनना शुरू हो गए हैं। इसे कर्फ्यू वाली माता मंदिर पर सोमवारा में बांटा जाएगा। इससे पूरे भोपाल का मुंह मीठा कराएंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार को सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और भजन की प्रस्तुति होगी। इसके बाद दो घंटे आतिशबाजी होगी।
भोपाल का बड़ा तालाब हुआ राममय
शनिवार शाम को बड़ा तालाब शीतलदास की बगिया में राम नाम के पत्थरों को प्रवाहित किया गया। यहां पर राम लिखे पत्थर पानी पर तैरने लगे। इस पर मौजूद बच्चों ने जय श्रीराम का जय घोष किया। आलोक शर्मा ने बताया कि भगवान राम के नाम की शक्ति को नई पीढ़ी को बताने की जिम्मेदारी हमारी है। इसको लेकर बड़े तालाब में राम नाम के पत्थरों को छोड़कर रामसेतू बनाया गया। इसके माध्यम से बच्चों को बताया गया कि भगवान राम कण कण में बसे हैं।
स्कूल, कॉलेज और समाज ने निकाली रैली
भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को भव्य मनाने के लिए शनिवार को अलग-अलग स्कूल, कॉलेज और समाज की तरफ से भगवा झंडा फहराते हुए रैली निकाली गई। इसमें भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण जी की झांकी भी निकाली गई। ढोल नगाड़ों पर युवा झूमते देखे गए।
द्दष्टि बाधित बच्चों ने दी राम भजनों की प्रस्तुति
इंटरनेशनल एसोसिएट फॉर द ब्लाइंड भोपाल संस्था के दृष्टिबाधित बच्चों के द्वारा अयोध्या में होने जा रहे रामलाल के महापर्व के उपलक्ष में राम भजनों की प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से मंत्र मुग्ध कर दिया और अपनी अंतर्मन की आंखों के माध्यम से राम का सान्निध्य व स्वरूप के दर्शन करवाए।
5100 दीपकों से महाआरती
विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर जन जागृति समिति द्वारा रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को भव्य मनाने के लिए रविवार को सवा लाख सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ 5100 दीपकों से महाआरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दोपहर दो बजे अयोध्या बायपास पर कार्यक्रम का आयोजन होगा।
Mp News : मंत्री सारंग के नेतृत्व में निकली श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा यात्रा
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
मंत्री विश्वास सारंग समेत अन्य नेता यात्रा में शामिल
22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले श्रीराम लला के नवीन बाल विग्रह के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में रामलला प्राण प्रतिष्ठा जनजागरण यात्रा निकाली गई। नरेला विधानसभा अंतर्गत अशोका गार्डन स्थित श्री मनसा देवी धाम मंदिर से शुरू हई यात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों के साथ बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा के दौरान विभिन्न मार्गों पर रहवासियों ने पुष्प व मोतियों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। मुस्लिम समाज बंधुओं ने भी यात्रा का स्वागत किया। लगभग तीन किलोमीटर लंबी यात्रा हजारों रामभक्तों की भीड़ के साथ दो घंटे में संपन्न हुई, इस अवसर पर पूरा शहर राममय हो गया।
मुस्लिम समाज ने भी किया यात्रा का स्वागत
यात्रा को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। जिन मार्गों से यात्रा निकल रही थी, वहां पर पुष्प व मोतियों की वर्षा कर लोग यात्रा का स्वागत कर रहे थे। इस दौरान मुस्लिम समाज ने भी यात्रा का जोरदार स्वागत किया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष और प्रतीक्षा के बाद प्रभु श्रीराम अयोध्या के भव्य राम मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक क्षण के लिये हर भारतीय उत्सुक है। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे राष्ट्र में उमंग और उत्साह है। 22 जनवरी को क्षेत्र में भव्य दीपोत्सव मनाया जायेगा।
राममय होगा नरेला परिवार
मंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम भारत के जनमानस में रचे बसे हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम जी अपने जन्मभूमि पर वर्षों बाद लौट रहे हैं। इस निमित्त प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर नरेला विधानसभा में भी वृहद स्तर पर मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 22 जनवरी के बाद भी निरंतर चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा पर नरेला विधानसभा राममय होगी, समस्त क्षेत्रों में शोभायात्रा समेत अनेक धार्मिक आयोजन किये जायेंगे।
कारसेवकों को किया सम्मानित
मंत्री ने यात्रा के समापन पर अयोध्या में कार सेवा करने वाले नरेला विधानसभा में निवासरत कारसेवकों राजू शर्मा, रमेश अग्रवाल और एचएल झा को सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीद कार सेवकों का श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंत्री श्री सारंग ने कहा कि अयोध्या में प्रभु राम के भव्य मंदिर निर्माण में कारसेवकों ने अहम भूमिका निभाई है। उनका यह योगदान सदैव स्मरण किया जायेगा।
श्रीराम दरबार रहा आकर्षण का केन्द्र
यात्रा अशोका गार्डन स्थित श्री मनसा देवी धाम से प्रारंभ होकर पंजाबी बाग, परिहार चौराहा, शहंशाह गार्डन, प्रभात चौराहा से विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः श्री मनसा देवी धाम कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम दरबार सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें प्रभु श्रीराम, माता सीता, हनुमान एवं लक्ष्मण की वेशभूषा में तैयार हुए नौनिहाल रथ पर विराजमान रहे। हर मार्ग में रहवासियों ने अपने घरों से निकलकर उनपर पुष्पों व मोतियों की वर्षा की और उनकी आरती उतारी। यात्रा में भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, विश्व हिंदू परिषद के संघठन मंत्री श्री खगेन्द्र भार्गव भी उपस्थित रहे।
Republic Day 2024 : राज्यपाल मंगूभाई पटेल भोपाल में और सीएम डॉ. मोहन यादव उज्जैन में ध्वजारोहण करेंगे
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव।
26 जनवरी को मध्य प्रदेश के राज्यपाल डॉ. मंगू भाई पटेल भोपाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में ध्वजारोहण करेंगे। इसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार प्रदेश के 30 जिलों में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और 22 जिलों में कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला रीवा, मंत्री कुंवर विजय शाह खंडवा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर, मंत्री प्रहलाद पटेल मंदसौर, मंत्री राकेश सिंह जबलपुर, मंत्री करण सिंह वर्मा सीहोर, उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम, मंत्री संपतिया उइके मंडला, तुलसीराम सिलावट देवास, एदल सिंह कंषाना श्योपुर, निर्मला भुरिया झाबुआ, गोविंद सिंह राजपूत सागर, विश्वास सारंग विदिशा, नारायण सिंह कुशवाह ग्वालियर, नागर सिंह चौहान अलीराजपुर, प्रद्यूमन सिंह तोमर गुना, राकेश शुक्ला भिंड, चैतन्य कश्यप रतलाम, इंदर सिंह परमार शाजापुर, कृष्णा गौर हरदा, धर्मेंद्र लोधी छिंदवाड़ा, दिलीप जायसवाल अनूपपुर, गौतम टेटवाल राजगढ़, लखन सिंह पटेल दमोह, नारायण सिंह पंवार बैतूल, नरेंद्र शिवाजी पटेल रायसेन, प्रतिमा बागरी सतना, दिलीप अहिरवार छतरपुर और राधा सिंह सिंगरौली में ध्वजारोहण करेंगी।
Bhopal News : वीरा राणा सीएस बनीं, बंदोपाध्याय कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
वल्लभ भवन – फोटो : सोशल मीडिया
राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना के आदेश जारी किए है। वीरा राणा को मध्य प्रदेश शासन का मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, उनको माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से मध्य प्रदेश लौटे आईएएस संजय बंदोपाध्याय को कर्मचारी चयन मंडल मध्य प्रदेश का अध्यक्ष बनाया गया है। बता दें, 30 नवंबर को मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल समाप्त हुआ था। उसके बाद वीरा राणा को अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया था। अब उन्हें विधिवत तौर पर सीएस बनाया गया है। मार्च 2024 में वे सेवानिवृत्त हो जाएंगी।
Bhopal News : भोपाल में हादसे के बाद विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
(सांकेतिक फोटो)
राजधानी के कमला नगर इलाके में बुधवार रात हादसे के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान वहां से निकल रहे पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया तो एक पक्ष ने उन पर ही हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी के सिर और दूसरे के हाथ में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा चार-पांच अन्य लोगों को हल्की चोट लगी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायल के बयान होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का सही खुलासा हो पाएगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुधवार रात करीब आठ बजे नेहरू नगर स्थित पुलिस पेट्रोल पंप के पास दो वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन चालक एक-दूसरे के साथ विवाद करने लगे। इस दौरान सड़क पर भारी भीड़भाड़ लग गई। घटना के समय वहां से मोटर सायकिल पर गुजर रहे कुछ पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इस पर एक पक्ष को लगा कि वह दूसरे पक्ष के लोग हैं, इसलिए उनके साथ विवाद करने लगे। इसी बीच, पास के एक रेस्टॉरेंट की तरफ से दौड़कर आए युवक ने रॉड से हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के सिर और दूसरे के हाथ में गंभीर चोट लगी। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कमला नगर पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल के लिए रवाना किया। हमले में घायल होने वाले दोनों युवक पुलिस विभाग के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। कमला नगर पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी की तरफ से शिकायत नहीं मिली है। घायलों के बयान होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का सही खुलासा हो पाएगा।
Mp News : राम मंदिर निर्माण के दिन प्रदेश में रहेगा ड्राई डे, सीएम मोहन यादव ने दिया आदेश
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
अयोध्या राम मंदिर।
मध्यप्रदेश में 22 जनवरी को ड्राय डे रहेगा। इसके आदेश सीएम मोहन यादव ने दिए हैं। इस दिन पूरे प्रदेश भर की वाइन शॉप बंद रहेंगी। साथ ही कई जिलों में कलश यात्रा, रामलीला, प्रभातफेरी निकाली जाएगी। 22 जनवरी को मंदिरों समेत घरों पर दीप जलाए जाएंगे।
अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इसको लेकर देशभर में उत्सव की तैयारी की जा रही है। राजधानी भोपाल में अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में हिंदू उत्सव समिति धर्म ध्वजा यात्रा आयोजित कर रही है। यह यात्रा भवानी चौक सोमवारा से प्रारंभ होकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकलेगी। यात्रा में बैंडबाजों के साथ आतिशबाजी भी होगी।
धर्मध्वजा यात्रा भवानी चौक सोमवार से दोपहर में प्रारंभ होगी। जो लखेरापुरा चौक, लोहा बाजार, छोटे भैया कॉर्नर, घोड़ा नक्कास, हमीदिया रोड से तलैया स्थित राम मंदिर पहुंचेगी। जहां भगवान श्री राम की पूजा कर धर्मध्वजा को समर्पित किया जाएगा। वहीं, गायत्री मंदिर भोपाल में 2400 दीप जलाकर आरती की जाएगी।
22 जनवरी को घोषित हो सकती है छुट्टी
प्रदेश सरकार अयोध्या में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा के दिन अवकाश घोषित कर सकती है। इसको लेकर तैयारी की जा रही है। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रदेश की पंचायतों में एक सप्ताह तक राम कथा सप्ताह मनाया जाएगा। प्रदेश में 21 जनवरी तक कई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।
Mp News : रामेश्वरम बस हादसे में मध्य प्रदेश के दो श्रद्धालुओं की मौत पर सीएम ने जताया दुख
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
सीएम मोहन यादव
Rameshwaram bus accident news: मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी बस शुक्रवार को तमिलनाडु के रामेश्वरम जाते समय पलट गई। बस में मध्यप्रदेश के 21 यात्री सवार थे। हादसे में मध्यप्रदेश के उज्जैन और धार जिले की एक-एक महिला की मौत हो गई है। 19 यात्री घायल हैं। इनमें चार की हालत गंभीर है। सभी घायलों को मदुरै के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। घायलों का रामेश्वरम और मदुरै के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बस दुर्घटना का समाचार मिलते ही उज्जैन कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन कलेक्टर और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर और सीएसपी को उज्जैन से मदुरै भेजा गया है। बस में मध्यप्रदेश के 21 यात्री सवार थे। दुर्घटना में उज्जैन और धार जिले की एक-एक महिला की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश पर उज्जैन के डिप्टी कलेक्टर और सीएसपी को मदुरै भेजा गया है।
Mp News : मकर संक्रांति उत्तरायण पुण्यकाल उत्सव मनाया जाएगा, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर में आयोजन
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
मध्य प्रदेश सरकार – फोटो : Social Media
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार 11 से 15 जनवरी के मध्य आधुनिक विज्ञान से जोड़कर मकर संक्रांति उत्तरायण पुण्यकाल उत्सव उज्जैन, ग्वालियर एवं भोपाल में मनाया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशानुसार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने कार्यक्रम आयोजन संबंधी रूपरेखा तैयार कर निर्देश प्रसारित कर दिये हैं। आयोजन मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया जा रहा है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की तरफ से जारी आदेशानुसार उज्जैन में 11 से 15 जनवरी तक प्रतिदिन 150 विद्यार्थियों को वराहमिहीर खगोलीय वेधशाला ग्राम डोंगला, डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर वेधशाला में भ्रमण कराया जायेगा। विद्यार्थियों का चयन कलेक्टर/जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। वैज्ञानिक युवा संवाद कार्यक्रम 15 जनवरी को शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में होगा।
भोपाल में सेंटर फॉर क्रिएटिव लर्निंग, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद 11 से 15 जनवरी के बीच प्रतिदिन 300 विद्यार्थियों के लिये साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एण्ड मेथमेटिक्स (एसटीईएम) शो तथा वैज्ञानिक युवा संवाद का आयोजन होगा। इसमें कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। विद्यार्थियों का चयन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा किया जाएगा। ग्वालियर में 11 से 15 जनवरी तक प्रतिदिन 50 विद्यार्थियों को तारामंडल का भ्रमण कराया जाएगा।
Mp News : शिवराज बोले- आप सीएम हैं तो आपके पैर भी कमल जैसे हैं, वरना फोटो गायब हो जाती है
written by Denva Post Bureau | 22/01/2024
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा के बैनर पोस्टर से फोटो गायब होने पर दर्द छलका है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो भोपाल के नीलबड़ स्थित ब्रह्माकुमारी सुख शांति भवन के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का है। जिसमें पूर्व सीएम रविवार को शामिल हुए। वीडियो में पूर्व सीएम कह रहे हैं कि जीवन में जब हम लक्ष्य तय कर दूसरों के लिए काम करते हैं तो जिंदगी आनंद से भर जाती है। मैं लगातार काम कर रहा हूं, ये अच्छा हुआ कि राजनीति से हटकर काम करने का मौका भी थोड़ा मिल रहा है। राजनीति में भी बहुत अच्छे समर्पित कार्यकर्ता हैं। मोदीजी जैसे नेता हैं, जो देश के लिए जीते हैं। लेकिन कई लोग ऐसे भी होते हैं, जो रंग देखते हैं। शिवराज ने कहा कि आप मुख्यमंत्री हैं तो भाई साहब आपके चरण भी कमल के समान हैं, बाद में नहीं रहे तो होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब होते हैं जैसे गधे के सिर से सींग। यह बड़ा मजेदार क्षेत्र है।
— Piyush Babele||पीयूष बबेले (@BabelePiyush) January 8, 2024
पूर्व सीएम शिवराज के वीडियो को पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबले ने वीडियो को शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने ज्ञानप्राप्ति लिख आगे लिखा कि मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब हो जाते है जैसे गधे के सिर से सींग।