Mp News: राज्य में तीसरे चरण के 127 उम्मीदवारों में से 14% पर आपराधिक मामले, 7% पर गंभीर मामले
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
मप्र लोकसभा चुनाव।
मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के 127 प्रत्याशियों में से 18 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से नौ पर गंभीर आपराधिक मामले हैं। देश में तीसरे चरण के उम्मीदवारों में भाजपा के गुना से प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया संपत्ति के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।
तीसरे चरण में नौ सीटों भोपाल, बैतूल, सागर, विदिशा, राजगढ़, गुना, भिंड, मुरैना, ग्वालियर में सात मई को मतदान होगा। इन सीटों पर 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 18 प्रत्याशी यानी 14 प्रतिशत पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। नौ पर यानी 7 प्रतिशत पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसको लेकर एडीआर ने रिपोर्ट जारी की है। जिसके अनुसार तीन लोकसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां पर तीन या उससे अधिक प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें ग्वालियर के 19 प्रत्याशियों में तीन, विदिशा में 13 प्रत्याशियों में तीन, भोपाल 22 प्रत्याशियों में 4 पर केस दर्ज हैं। इसमें भाजपा, कांग्रेस, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी और एक निर्दलीय प्रत्याशी शामिल है।
सिंधिया संपत्ति के मामले में दूसरे स्थान पर
तीसरे चरण में देश भर में सिंधिया संपत्ति के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे चरण में देश में 95 सीटों पर 1352 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें गुना से भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया 424 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पहले स्थान पर 1361 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ साउथ गोवा से भाजपा प्रत्याशी पल्लवी श्रीनिवास है।
देनदारी में एमपी के रमेश गर्ग टॉप पर
वहीं, तीसरे चरण के देश भर के प्रत्याशियों में देनदारी में एमपी की मुरैना सीट से बसपा प्रत्याशी टॉप पर हैं। यहां पर बहुजन समाज पार्टी ने रमेश गर्ग को प्रत्याशी बनाया है। उनकी कुल संपत्ति 16 करोड़ है, लेकिन उन पर देनदारी 351 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, विवादित देनदारी करीब 1 करोड़ रुपये है।
सात मई को होगा नौ सीटों पर मतदान
मध्य प्रदेश में चार चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में छह सीटों पर 19 अप्रैल, दूसरे चरण में छह सीटों पर 26 अप्रैल और तीसरे चरण में नौ सीटों पर सात मई को मतदान होगा। इसके बाद चौथे चरण में 13 मई को आठ सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतगणना 4 जून को देशभर में एक साथ होगी।
Mp Lok Sabha Election: कांग्रेस की युवा टीम भी चुनावी मैदान में उतरी
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
भोपाल में युवाओं की टीम भी सक्रिय हुई है।
– फोटो : सोशल मीडिया
लोकसभा चुनाव 2024 के कांग्रेस पार्टी के भोपाल से प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव लगातार प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। जहां एक दिन पहले महिला कांग्रेस उनके प्रचार में जुट गई है। वहीं अब युवा भी तेजी के सक्रिय हो रहे हैं। युवाओं की टीम भोपाल संसदीय क्षेत्र के सातों विधानसभा चुनाव में पहुंचकर जनता के हित से जुड़ी कांग्रेस की नीतियों को आम मतदाताओं के बीच पहुंचा रही है। इस टीम को मतदाताओं का भी भरपूर जन समर्थन मिल रहा है।
सीहोर पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव
इधर कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव शुक्रवार को भोपाल संसदीय क्षेत्र के सीहोर जिले में अपना चुनाव प्रचार अभियान तेज किया। सीहोर पहुंचे श्रीवास्तव का आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत कर अपना समर्थन दिया। श्रीवास्तव ने इस इलाके के विभिन्न क्षेत्रों में भारी संख्या में मौजूद मतदाताओं से कहा कि भाजपा की प्रदेश में 20 वर्षों से सरकार है। राजधानी से सटे सीहोर क्षेत्र को बड़ा विकास करना था, परंतु भाजपा नेताओं मंत्रियों का ध्यान सिर्फ धन बटोरने में लग रहा और 20 वर्षों बाद भी सीहोर की जनता मूलभूत सुविधाओं और विकास के लिए तरसती रही।
जीत हो या हर अब जनता की सेवा ही लक्ष्य
अरुण श्रीवास्तव ने लोगों को आश्वस्त कराया कि जीत हो या हार अब मैं भोपाल संसदीय क्षेत्र के दो पिछड़े इलाके सीहोर और बैरसिया के विकास के लिए सतत संघर्ष करूंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गरीब महिलाओं को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये की मदद से उनका जीवन स्तर सुधरेगा, वहीं नौजवान किसान और मजदूर भाइयों के लिए भी कांग्रेस की उत्कृष्ट योजनाओं से उनका जीवन उज्जवल बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ गारंटियां ही ला रही है परंतु आम जनता के बीच इन गारंटियों का पता ही नहीं चल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस को विजय बनाने की अपील की। इस दौरान पर सीहोर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती बलबीर तोमर और भारती जी विशेष रूप से उपस्थित थे। साथ ही युवक कांग्रेस महिला कांग्रेस और छात्र संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी साथ चल रहे थे। श्रीवास्तव ने आज मंडी क्षेत्र, ग्राम सेमलू राजूखेड़ी ग्राम निपानिया ग्राम सरखेड़ी में दोपहर तक जनसंपर्क किया।
Mp Lok Sabha Election:मतदान पर बोले सीएम यादव
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
सीेएम मोहन यादव ने कम मतदान को लेकर कारण भी बताए।
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में छह सीटों पर मतदान हुआ। मत प्रतिशत बीते लोकसभा चुनाव से कम रहा। हालांकि सीएम मोहन यादव ने दावा किया है कि भाजपा को वोट देने लोग निकले हैं। मौसम, विवाह जैसे कारणों से वोटिंग परसेंट कम रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दूसरे चरण के 6 सीटों पर मतदान के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन ने पूरी ताकत के साथ मतदाताओं को वोट करने निकालने का प्रयास किया। चुनाव में वोटर्स ने भी बढ़ चढ़कर भाजपा के लिए वोट किया है। भाजपा बहुत अच्छी स्थिति से जीतने वाली है। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे चरण की 12 सीटों के मतदान रिकॉर्ड जीत दिलवा रहे हैं।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट के बैलेट पेपर से चुनाव के साथ ही वीवीपैट वेरिफिकेशन की मांग खारिज करने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय का निर्णय विपक्ष के मुंह पर तमाचा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार का ठीकरा कभी चुनाव आयोग तो कभी ईवीएम पर फोड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस फैसले से सीख लेने की जरूरत है। सीएम ने कहा कि हम कोर्ट का हमेशा सम्मान करते हैं। उनकी सरकारों ने कोर्ट के फैसलों को बार-बार पलटा है।
मुख्यमंत्री ने कम मतदान को लेकर कहा कि प्रदेश में विवाह, फसल कटाई, कई जगह बारिश के साथ ही मौसम के कारण वोटिंग कम हुई है। फिर भी मध्य प्रदेश में बहुत अच्छा मतदान हुआ है। कांग्रेस के मुकाबले 20 प्रतिशत से ज्यादा की लीड ले रहे हैं।
रीडर पद पर पूर्व प्रभारी कुलपति द्विवेदी और प्रो. श्रीवास्तव की नियुक्ति निरस्त
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
मप्र हाईकोर्ट – फोटो : फाइल फोटो
हाईकोर्ट ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल के पूर्व प्रभारी कुलपति संजय द्विवेदी तथा प्रोफेसर पवित्र श्रीवास्तव की साल 2009 में रीडर पद पर हुई नियुक्तियों को नियम विरुद्ध माना है। हाईकोर्ट जस्टिस विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा है कि नियुक्तियों में नियम का पालन नहीं किया गया। एकलपीठ ने दोनों की नियुक्ति को निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं। बता दें कि वर्तमान में संजय द्विवेदी मास कम्यूनिकेशन विभाग में प्रोफेसर हैं तो पवित्र श्रीवास्तव पीआर विभाग के प्रमुख हैं।
प्रोफेसर आशुतोष मिश्रा की तरफ से दायर की गई याचिका में कहा गया था कि माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय में साल 2009 में विभिन्न विभागों में नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किए गए थे। याचिकाकर्ता ने भी दो विभाग में नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। याचिका में कहा गया था कि नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करते हुए रीडर के पद पर अनावेदकों की नियुक्ति की गई है।
याचिका में कहा गया था कि नियुक्ति प्रक्रिया के तहत विश्वविद्यालय अधिनियम 1990 की धारा 33(2) (क) के अनुसार सिलेक्शन कमेटी में तत्कालीन विभाग अध्यक्षों को शामिल करना अनिवार्य था। इसका चयन प्रक्रिया में पालन नहीं किया गया। संचार विभाग की तत्कालीन अध्यक्ष प्रोफेसर दविंदर कौर उप्पल तथा जनसंपर्क तथा विज्ञापन विभाग के अध्यक्ष शशिकांत शुक्ला को शामिल नहीं करते हुए सिलेक्शन कमेटी ने पांच उम्मीदवारों के साक्षात्कार लेकर संजय द्विवेदी तथा पवित्र श्रीवास्तव को रीडर पद पर चयनित कर लिया।
याचिका की सुनवाई के दौरान एकलपीठ ने पाया कि नियुक्ति प्रक्रिया का पालन नहीं करते हुए अनावेदकों का चयन किया गया है। एकलपीठ ने अनावेदकों की नियुक्तियों को निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं। एकलपीठ ने पुनः विज्ञापन जारी करके नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करने निर्देश जारी किए हैं। याचिकाकर्ता की तरफ से अधिवक्ता नित्यानंद मिश्र ने ने पैरवी की।
Mp News:पूर्व पीएम के बेटे ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
भोपाल में लाल बहादुर शास्त्री के बेटे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल शास्त्री ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सोमवार को राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चुनाव आते ही भाजपा सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग शुरू कर देती है।
अनिल शास्त्री ने कहा कि सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा विपक्ष के नेताओं को परेशान करवाया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से यह हो रहा है। उन्होंने कहा कि चारों तरफ ऐसा लगने लगा है कि जो भाजपा के साथ हैं वह स्वच्छ है। जो विरोध में है वो भ्रष्ट है। कांग्रेस प्रत्याशी को एक प्रत्याशी के खिलाफ नहीं चार-चार कैंडिडेट से लड़ना पड़ता है। एक भाजपा का कैंडिडेट, दूसरा ईडी, तीसरा सीबीआई और चौथा इनकम टैक्स डिपार्टमेंट। इस तरह की लड़ाई बराबर की लड़ाई नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की परिभाषा यह है कि जब चुनाव होता है तो बिल्कुल फ्री और फेयर होना चाहिए। चुनाव आयोग को हमने देखा किस तरह से कमिश्नर्स का अपॉइंटमेंट हुआ। एक इलेक्शन कमिश्नर जिनको इस्तीफा देने को कहा गया। उसके बाद उनके चहेते को कमिश्नर नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के कैंडिडेट को हराया गया। महाराष्ट्र में सरकार गिराकर भाजपा ने अपनी सरकार बनाई। अजीत पवार, छगन भुजबल, जिनके खिलाफ केसेस चल रहे थे। भाजपा में शामिल होते ही सारे मामले वापस ले लिए गए।
भतीजे पर नहीं था एजेंसियों का प्रेशर
शास्त्री ने भतीजे के भाजपा में शामिल होने पर कहा- उन पर एजेंसियों का प्रेशर नहीं था। विभाकर को ईडी का कोई फोन नहीं आया, न ही सीबीआई और इनकम टैक्स का फोन आया। शायद उनको ऐसा लगा कि कांग्रेस में उनका भविष्य नहीं है। काफी दिनों से उत्तर प्रदेश में लगे हुए हैं। जो उन्होंने किया वह गलत किया मैं उनका समर्थन नहीं करता।
पीएम मोदी पर जमकर बरसे शास्त्री
अनिल शास्त्री ने इस बीच पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वाकई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीना 56 इंच का है तो वे चीन पर वार करें। अनिल शास्त्री ने कहा कि भाजपा ने बहुत खतरनाक परिपाटी शुरू कर दी है। देश के लोकतंत्र को इससे खतरा है।
राहुल गांधी के वादे चुनावी जुमले नहीं
शास्त्री ने आगे कहा कि कांग्रेस की गारंटी आपके सामने है। राहुल गांधी की गारंटी चुनावी जुमले नहीं है। मोदी की गारंटी चुनावी जुमले हैं। अनिल ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड की चर्चा किसी ने नहीं की, सब इस पर शांत है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भाजपा को वोट देने का मतलब दिक्कतों का सामना करना है। देश में आज महंगाई-बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं, लेकिन इन पर कोई बात नहीं करना चाहता। अनिल शास्त्री ने आगे कहा कि मोदी सरकार आने के बाद भारत के नेपाल, श्रीलंका सहित पड़ोसी मुल्क से रिश्ते खराब हुए हैं। भाजपा को इंदिरा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री से विदेश नीति सीखना चाहिए। चीन हमारी धरती पर कब्जा कर रहा है। पीएम मोदी 56 इंच सीने की बात करते है उन्हें चीन पर प्रहार करना चाहिए।
Bhopal News:भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने भरा नामांकन, सीएम बोले
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
भोपाल में भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा के नामांकन भरने से पहले सभा को सीएम ने संबोधित किया
भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ रोड शो किया और जनसभा को संबोधित किया। भवानी चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल लोकसभा सीट हर बार जीत के नए रिकॉर्ड बना रही है। प्रदेश की सबसे हॉट सीट छिंदवाड़ा को लेकर उन्होंने कहा कि ‘अबकी बार छिंदवाड़ा पार।’ सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस बार भी भोपाल में गाड़ा गया खंबा सबसे अलग दिखना चाहिए। हमारा भाजपा का परिवार लगातार बढ़ता जा रहा है और कांग्रेस के लोगों को रात-दिन सपने आ रहे हैं, उन्हें बिजली के झटके लग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो श्रीराम और श्रीकृष्ण की संस्कृति वाले लोग हैं। कांग्रेस हमेशा से इस संस्कृति की विरोधी रही है, इसलिए कभी भी श्रीराम के मंदिर को बनने में साथ नहीं दिया। हमेशा से विरोध जताया। कांग्रेस की संस्कृति तो विरोध करने वाली संस्कृति ही है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से अड़ंगे लगाए हैं। उन्होंने तो सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी गलत ठहराया, लेकिन देश के हिंदू-मुसलमान भाइयों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में आज हमारे आराध्य भगवान श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं।
रामनवमी पर कांग्रेस दुखी थी : शिवराज
वहीं, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब बादल गरजते हैं तो आज भी हड्डियां दुखती हैं और कर्फ्यू वाली माता मंदिर का मैदान याद आता है। वह हमारा संघर्ष का इतिहास था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। रामनवमी पर भगवान रामलला का सूर्य तिलक हुआ। देश में कोई मंदिरों और घरों में रंगोलियां बनाकर पूजन-अर्चन कर रहा था तो कोई बेटियों को पूजकर खुशियां मना रहा था, लेकिन देश में सिर्फ एक पार्टी कांग्रेस दुखी थी। सभा के पहले मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पार्टी नेता एवं प्रत्याशी आलोक शर्मा ने साथ कर्फ्यू वाली माता मंदिर भवानी चौक में पूजन अर्चन किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का विसर्जन तय है।
विकास के संकल्प के साथ जनता की सेवा करेंगे : शर्मा
वहीं, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व भोपाल लोकसभा से पार्टी प्रत्याशी आलोक शर्मा ने कहा कि 2015 में आपका आशीर्वाद महापौर चुनाव में मिला था और महापौर के रूप में जो बन सका, मैंने भोपाल की जनता की सेवा करने का काम किया। सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी के साथ हम जनता के बीच में जा रहे हैं। मध्य प्रदेश और भोपाल में जो विकास हुआ है भोपाल हेरिटेज सिटी, डिजिटल सिटी, ग्लोबल सिटी एवं मेट्रो सिटी बना तो यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार के रहते बना है। आपने मुझे सांसद के रूप में आशीर्वाद दिया तो हम भोपाल-सीहोर की जनता के सपनों का साकार करेंगे और विकास के संकल्प के साथ जनता की सेवा करेंगे।
कांग्रेस ने किया सनातन का अपमान-पचौरी
वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस पार्टी तो सनातन संस्कृति की विरोधी पार्टी है। भगवान श्रीरामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में नहीं जाने का फैसला भी सनातन का अपमान है। मैंने भी कांग्रेस इसलिए छोड़ी कि इन सनातनी संस्कृति के विरोधियों के बीच में अब नहीं रहना। प्रदेश की सभी 29 सीटों को भाजपा जीतकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डालेगी, ताकि 2047 तक देश विकसित एवं विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सके।
पूर्व महापौर सहित सैकड़ों कांग्रेसियों ने ज्वाइन की भाजपा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री व न्यू ज्वॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समक्ष जनसभा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व महापौर सुनील सूद, बीडीए के पूर्व उपाध्यक्ष नील शर्मा, पार्षद प्रियंका मिश्रा एवं युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनिल मिश्रा, पूर्व पार्षद सुधीर गुप्ता सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सभी का स्वागत किया।
50 रुपये का ये सर्टिफिकेट जेल जाने से बचाएगा
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
गाड़ी चलाते समय अपने साथ गाड़ी से जुड़े सभी ज़रूरी कागज़ात रखना कितना ज़रूरी है, ये बात तो आप जानते ही होंगे। आप चाहें तो इन कागज़ात की हार्ड कॉपी रखने की बजाय, उन्हें डिजीलॉकर में भी स्टोर कर सकते हैं. गाड़ी चलाते समय आपके पास प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और इंश्योरेंस पेपर होना ज़रूरी होता है.
प्रदूषण प्रमाणपत्र की कीमत
PUC Certificate: समय-समय पर प्रदूषण प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना बहुत ज़रूरी होता है. इसे करवाने में आपको सिर्फ 50 से 100 रुपये ही खर्च करने पड़ते हैं. वहीं, अगर आप गाड़ी बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के चलाते हैं या फिर एक्सपायर हो चुके पीयूसी को रिन्यू करवाए बिना गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाते हैं, तो आपको जुर्माना भरना पड़ सकता है, जेल भी जाना पड़ सकता है. आप यकीनन नहीं चाहेंगे कि सिर्फ 50-100 रुपये की वजह से आपको जेल जाना पड़े और बेइज्जती सहनी पड़े.
पीयूसी न होने पर चालान और जेल
मोटर वाहन अधिनियम, 1993 की धारा 190 (2) के तहत, अगर आप दिल्ली में बिना वैध पीयूसी प्रमाणपत्र के पकड़े जाते हैं, तो आपका चालान कटना तय है. इसके लिए आपको 6 महीने तक की जेल या 10,000 रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकता है. साथ ही, ड्राइवर का लाइसेंस भी तीन महीने के लिए रद्द किया जा सकता है.
प्रदूषण प्रमाणपत्र कहां से बनवाएं?
अगर आपके पास प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं है, तो जेल जाने से बचने के लिए जल्द से जल्द पीयूसी करवा लें. प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया बहुत आसान है. इसके लिए आप अपने आस-पास के पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच केंद्र देख सकते हैं. वहां से आप अपने वाहन का प्रदूषण प्रमाणपत्र जांच करवाकर नया प्रमाणपत्र ले सकते हैं. इसमें ज़्यादा समय भी नहीं लगता है.
Bhopal News: दमोह में सरपंच की कार ने बाइक सवार को कुचला, एक की मौत
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
घटनास्थल पर खड़ी कार
दमोह जिले के जेरठ मार्ग पर गुरुवार रात भोपाल के एक सरपंच की कार ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल है। उसके दोनों पैरों में फ्रेक्चर हुआ है।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर चालक और मालिक की तलाश की जा रही है। घटना पथरिया थाना अंतर्गत जेरठ मार्ग पर रात करीब 9:00 बजे घटित हुई है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि दशरथ ठाकुर और मोहन ठाकुर, दोनों 26 वर्ष, बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। तभी जेरठ मार्ग के समीप एक काले कलर की एसयूवी ने उसे टक्कर मार दी। कार भोपाल पासिंग थी और नेम प्लेट पर सरपंच लिखा था। कार के चालक ने दोनों बाइक सवारों को सामने से सीधी टक्कर मार दी। बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल हो गए। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही जेरठ चौकी प्रभारी आनंद कुमार अहिरवार घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने 108 की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टर ने दशरथ ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। दूसरे घायल मोहन ठाकुर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके दोनों पैर फ्रेक्चर हैं। सिर में भी कई जगह चोट आई है। पुलिस ने कार के चालक और मालिक की तलाश शुरू कर दी है क्योंकि घटनास्थल पर कार में कोई नहीं मिला था।
Mp Congress: अब Nsui प्रभारी बदले, राष्ट्रीय सचिव महावीर गुर्जर और रितु बराला बनीं Mp प्रभारी
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
राष्ट्रीय सचिव महावीर गुर्जर और रितु बराला को मध्यप्रदेश एनएसयूआई का प्रभारी बनाया गया है। – फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में लोकसाभ चुनाव चार चरणों में होने हैं। जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं वैसे-वैसे कांग्रेस में बदलाव का दौर देखने को मिल रहा है। जहां कांग्रेस ने मितेंद्र दर्शन सिंह को यूथ कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया था तो वहीं, एनएसयूआई प्रभारी बदले गए हैं।
राष्ट्रीय सचिव महावीर गुर्जर और रितु बराला को मध्यप्रदेश एनएसयूआई का प्रभारी बनाया गया है। महावीर गुर्जर छात्र संघ में राजस्थान विश्वविद्यालय में महासचिव रहे हैं। वहीं, रितु बराला छात्र संघ में राजस्थान के महारानी महाविद्यालय में अध्यक्ष रही हैं। एनएसयूआई नेता रवि परमार ने बताया कि लंबे समय के बाद एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी बदले गए हैं। पूर्व प्रदेश प्रभारी नितीश गौड़ का कार्यकाल बहुत बेहतर रहा, उनके कार्यकाल में मध्यप्रदेश एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने छात्रहितों में सैकड़ों मुद्दों पर लड़ाई लड़ी। नीतीश गौड़ के कार्यकाल काफी सराहनीय रहा और मध्य प्रदेश एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने वाला था।
रवि परमार ने नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी महावीर गुर्जर और रितु बराला को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता नवनियुक्त प्रभारीगण के नेतृत्व में चौगुनी ऊर्जा के साथ छात्रहित में निरंतर लड़ाई लड़ेंगे। नवनियुक्त प्रभारियों को छात्रसंघ चुनाव का भी अनुभव है। क्योंकि महावीर गुर्जर छात्रसंघ में राजस्थान विश्वविद्यालय में महासचिव रहे हैं, वहीं रितु बराला भी छात्रसंघ में राजस्थान के महारानी महाविद्यालय में अध्यक्ष रही हैं तो दोनों प्रभारियों के नेतृत्व में हम सबसे पहले मध्यप्रदेश में छात्र चुनाव करवाने की मांग को लेकर लड़ाई लड़ेंगे। परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश एनएसयूआई के नवनियुक्त प्रभारियों के अनुभव से मध्य प्रदेश में संगठन मजबूत होगा और छात्र हितों में संघर्षरत युवाओं का उत्साहवर्धन होगा।
Mp News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी गुड़ी पड़वा और नये साल की बधाई
written by Denva Post Bureau | 30/04/2024
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को गुड़ी पड़वा और नव संवत्सर की हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में भिन्न-भिन्न भाषा भाषी, धर्मावलंबी और पंथों के अनुयायी रहते हैं। प्रदेश वासी सभी त्योहार मिलकर मनाते हैं। भारतीय त्योहार नागरिकों को परस्पर जोड़ने का कार्य करते हैं। ये त्योहार पारंपरिक भारतीय नव वर्ष के प्रारंभ होने के अवसर पर मनाए जाते हैं। गुड़ी पड़वा भी इन्हीं त्योहारों में से एक है।
विक्रम संवत 2081 लगेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंगलवार से विक्रम संवत 2081 प्रारंभ हो रहा है। इस वर्ष के संवत का नाम पिंगला है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस वर्ष के शासकीय कैलेंडर में विक्रम संवत को स्थान दिया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि गुड़ी पड़वा पर्व और विक्रम संवत 2081 पिंगला पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।