Mp News: बचेगी कांग्रेस या खिलेंगे बीजेपी के 29 कमल, चार हॉट सीटों पर रहेंगी सबकी निगाहें

एमपी लोकसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव के परिणाम मंगलवार को आएंगे। इससे पहले मध्य प्रदेश की 29 सीटों को लेकर आए एग्जिट पोल में भाजपा की प्रचंड जीत का अनुमान जताया गया है। ऐसे में देखना होगा कि भाजपा क्लीन स्वीप कर इतिहास बनाएगी या फिर कांग्रेस अपनी लाज बचाने में कामयाब होती है। इस बीच सबकी नजर प्रदेश की चार हॉट सीटों पर है। ये राजगढ़, गुना, विदिशा और छिंदवाड़ा सीटें  हैं। पिछली बार भाजपा ने 28 सीट जीती थी, छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस के नकुलनाथ ने जीत हासिल की थी। इस बार छिंदवाड़ा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की साख दांव पर लगी है।

कांग्रेस के 27 प्रत्याशी हैं मैदान में

मध्य प्रदेश में अब तक कोई भी पार्टी सभी सीटें नहीं जीत सकी है। इस बार भाजपा ने सभी 29 सीटें जीतने का दावा किया है। कांग्रेस 27 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इंदौर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने नामांकन वापसी के अंतिम दिन नाम वापस ले लिया था। वहां पर भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं है। वहीं, दूसरी सीट खजुराहो है। यहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट को कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी को दिया था। सपा ने मीरा यादव को प्रत्याशी बनाया, लेकिन उनका नामांकन ही निरस्त हो गया। इसके बाद इंडी गठबंधन ने यहां पर इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक पार्टी के आरबी प्रजापति को समर्थन दिया है।

छिंदवाड़ा पर सबकी नजरें 

2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 29 सीटों में से भाजपा ने 28 सीटें जीती थी। सिर्फ छिंदवाड़ा सीट कांग्रेस के पास गई थी। इस बार एक्जिट पोल के रुझानों में छिंदवाड़ा सीट भी भाजपा के जीतने का अनुमान लगाया गया है। इस बार यहां से फिर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ प्रत्याशी हैं। वहीं, भाजपा की तरफ से विवेक बंटी साहू है। भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए पूरा जोर लगा दिया। अमित शाह, सीएम और पूर्व सीएम शिवराज ने लगातार रैली और रोड शो किया। शाह ने छिंदवाड़ा में रात गुजार कर रणनीति भी बनाई। नाथ के करीबियों को तोड़ कर भाजपा में शामिल कराया। ऐसे में अब इस सीट के परिणाम पर ही सबकी नजरें टिकी हुई है। पिछले चुनाव में नकुलनाथ को 5.47 लाख वोट मिले थे। उनको 37 हजार 536 वोट से जीत मिली थी।

राजगढ़ में राजा की किस्मत दांव पर

राजगढ़ सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 33 साल बाद चुनाव लड़ रहे हैं। वे यहां से दो बार सांसद रह चुके हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने राजगढ़ सीट छोड़ दी थी। उनके सामने भाजपा सांसद रोडमल नागर प्रत्याशी हैं। दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने के कारण यह सीट बेहद खास बन गई है। 2019 में भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव हारने के बाद दिग्विजय सिंह के लिए इस बार का चुनाव बेहद अहम हो गया है। उन्होंने अपने प्रचार में अपना आखिरी चुनाव होने की बात कर जनता से साथ देने की अपील की है। वहीं, भाजपा ने मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ा है। पिछली बार भाजपा सांसद रोडमल नागर को 8.23 लाख वोट मिले थे। उन्होंने 4.31 लाख वोट से जीत दर्ज की थी।

विदिशा में शिवराज बनाएंगे जीत का रिकॉर्ड? 

विदिशा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मैदान में है। पांच बार के सांसद, 6 बार के विधायक और चार बार प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खड़े होने से सीट को सेफ माना जा रहा है। शिवराज के सामने कांग्रेस के भानु प्रताप शर्मा चुनाव लड़ रहे है। विदिशा लोकसभा क्षेत्र हिंदू महासभा, जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमेशा इस लोकसभा सीट पर कब्जा रहा है। इस सीट पर टिकट मिलने के बाद से ही शिवराज ने लगातार सभाएं की। इस सीट पर उनके कितने मार्जिन से जीतने की चर्चा हो रही है? पिछली बार भाजपा के रमाकांत भार्गव को 8 लाख 53 हजार वोट मिले थे। उन्होंने पांच लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी।

गुना में सिंधिया की साख दांव पर 

गुना लोकसभा सीट पर भाजपा ने सांसद केपी यादव का टिकट काट कर ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव प्रत्याशी है। सिंधिया को 2019 में कांग्रेस में रहते केपी यादव ने चुनाव हराया था। जिसके बाद 2020 में सिंधिया अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार सिंधिया अपनी पिछली बार का दाग मिटाने के लिए चुनाव लड़ रहे है। गुना हाईप्रोफाइल सीट को सिंधिया राजपरिवार का गढ़ माना जाता है। पिछली बार भाजपा प्रत्याशी केपी यादव को गुना-शिवपुरी सीट पर 6 लाख 14 हजार 49 वोट मिले थे। उन्होंने सवा लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी।




Bhopal News: प्रदेश के आठ दिग्गज बन रहे माननीय, कई दिग्गज झेल रहे अस्तित्व संकट

 

एमपी लोकसभा चुनाव

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में आठ मौजूदा सांसदों के टिकट काटे हैं। इसमें भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, बालाघाट से ढाल सिंह बिसेन, ग्वालियर से विवेक शेजवलकर, धार से छतरसिंह दरबार, विदिशा से रमाकांत भार्गव, झाबुआ से गुमान सिंह डामोर, सागर से राजबहादुर सिंह और गुना से केपी यादव शामिल हैं। इनमें सिर्फ गुना से सांसद केपी यादव को छोड़ दे तो पार्टी ने ना तो इन नेताओं का प्रचार में कहीं नाम लिया ना ही कहीं उपयोग किया। गुना में यादव वोट बैंक को साधने के लिए जरूरी अमित शाह ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि गुना को दो नेता मिल रहे हैं। उन्होंने कहा था कि केपी यादव की चिंता वे करेंगे। वहीं, चुनाव के दौरान यादव बड़े नेताओं के साथ मंच पर जरूर दिखे, लेकिन गुना में सिंधिया के लिए प्रचार करते नजर नहीं आए। पार्टी ने भी उनको बैतूल लोकसभा सीट पर काम की जिम्मेदारी सौंप दी। अब ये सभी सांसद भूतपूर्व हो जाएंगे तो उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

 

ये सांसद बनाएंगे हैट्रिक

 

भाजपा ने कई सीटों पर सांसदों को रिपीट किया है। इसमें कुछ तो तीसरी बार मैदान में हैं। इसमें राजगढ़ सांसद रोडमल नागर, मंदसौर से सुधीर गुप्ता और रीवा से जनार्दन मिश्रा। इसमें नागर के सामने पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह हैं। इन तीनों सांसदों को हैट्रिक बनाने की चिंता सता रही है। इसके अलावा विदिशा में शिवराज सिंह चौहान, टीकमगढ में वीरेंद्र खटीक और मंडला में फग्गन सिंह कुलस्ते पांच से आठ बार चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं।

संगठन में मिल सकती है जगह 

 

इस बार जिन सांसदों के टिकट काटे गए हैं, उनको लेकर भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि पार्टी सभी का ध्यान रखेगी। चुनाव के बाद पार्टी सभी का उपयोग करेगी। संगठन में बहुत काम काम है। उनकी भूमिका केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन तय करेगा।




Mp News: रिमांड खत्म होने के बाद सीबीआई ने चारों आरोपियों को कोर्ट में किया पेश

 

MP News: CBI produced all four accused in the court after the remand ended, sent them to jail in the Nursing C

सीबीआई

मध्य प्रदेश के नर्सिंग फर्जीवाड़े से जुड़े रिश्वत मामले में सीबीआई ने रिमांड खत्म होने के बाद चार आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने चारों आरोपियों राहुल राज, ओम गोस्वामी, रवि भदौरिया, जुगल किशोर शर्मा को जेल भेज दिया। इससे पहले नौ आरोपियों को कोर्ट ने जेल भेज दिया था। सीबीआई ने नर्सिंग कॉलेज की जांच में ही घोटाले होने पर अपने ही चार अधिकारियों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। हाईकोर्ट ने कॉलेजों की जांच सीबीआई को सौंपी थी। सीबीआई की जांच टीम ने ही कॉलेज संचालकों से रिश्वत लेकर उनके कॉलेज को सूटेबल लिस्ट में शामिल किया था। रिश्वत मामला सामने आने के बाद हाईकोर्ट ने सूटेबल लिस्ट के कॉलेजों की दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं।  

 

चार आरोपियों ने जमानत का आवेदन लगाया 

 

इस मामले में आरोपी प्रीति तिलकवार, सचिन जैन, राधारमण शर्मा, वेद शर्मा के अधिवक्ता ने जमानत आवेदन पेश किया। जिस पर शिकायतकर्ता रवि परमार ने अपने वकील आशीष निगम, लोकेंद्र सिंह के साथ कोर्ट में आपत्ति प्रस्तुत की। कोर्ट ने चारों आरोपियों के जमानत आवेदन खारिज कर दिया। अब इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 14 जून की तारीख तय की गई है। 

नर्सिंग काउंसलिंग खत्म करने की चर्चा

 

नर्सिंग कॉलेज की मान्यता देने में बड़ी गडबडी सामने आने के बाद अब सरकार नर्सिंग काउंसलिंग खत्म करने की तैयारी कर रही है। केंद्र सरकार राज्य नर्सिंग एंड मिडवाइफरी आयोग विधेयक पारित कर चुकी है। सरकार काउंसलिंग की जगह आयोग का गठन करने की तैयारी कर रही है। यह आयोग शिक्षा के साथ ही नर्सिंग के लिए तालमेल, उत्कृष्टता और अनुसंधान पर भी फोकस करेगा। इसके माध्यम से कॉलेजों के मापदंड समेत प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 

कई अफसरों पर गिर सकती है गाज 

 

प्रदेश सरकार ने नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाडे पर सख्ती शुरू कर दी है। इसमें पटवारी, राजस्व अधिकारियों के साथ ही अब 19 एसडीएम भी जांच के घेरे में आ सकते हैं। सरकार इन अधिकारियों को भी नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है। वहीं, इस मामले के शिकायतकर्ता रवि परमार ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े में अभी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि इस फर्जीवाड़े में कई बड़े अधिकारी शामिल हैं जिनके नाम सामने आना बाकी हैं।




Mp News: एग्जिट पोल के रुझान सुखद, वीडी, शिवराज, नरोत्तम ने जताया 400 पार का पूरा भरोसा

 

MP News: CM said- Exit poll trends are pleasing, VD, Shivraj, Narottam expressed full confidence of crossing 4

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

लोकसभा चुनाव 2024 के शनिवार को आए एग्जिट पोल को लेकर भाजपा नेताओं की बांछें खिल गई हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इन पर संतोष प्रकट करते हुए कहा कि एग्जिट पोल के रुझान आनंददायी हैं। यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और देश को बधाई देना चाहता हूं, खासकर आभार मानता हूं। यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जैसा कि हमारा अभियान चला था फिर एक बार मोदी सरकार, अभी तक जो रुझान आ रहे हैं। वो अपने आप में अत्यंत आनंददायी हैं।

 

सीएम ने कहा कि ऐसे नतीजे तो पूर्व प्रतीक्षित है, यद्यपि हम सब जानते हैं कि एक बार रिजल्ट आने के बाद इसका जो आनंद आता है, वो अलग बात है। चार तारीख को रिजल्ट भी आएगा, आज रुझान आए हैं। रुझान बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश में 29 की 29 सीट, साथ ही देश भर में 370 से ऊपर सीटें आ रही हैं। ये यशस्वी प्रधानमंत्री की नेतृत्व में जो कहा था, वो करके दिखा रहे हैं। मैं अपनी ओर से देश वासियों-प्रदेश वासियों का आभार मानता हूं, उम्मीद करता हूं आपका प्रेम बना रहेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश फिर आगे बढ़ेगा।

छिंदवाड़ा में भी कमल : वीडी

 

एग्जिट पोल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे जो देश के सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं ऐसा मानता हूं कि जो परिणाम 4 जून को आएंगे, वह इस एग्जिट पोल से भी ज्यादा साकार रूप में दिखाई देंगे। इस बार 400 पार का नारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। इन आंकड़ों से दिखाई देता है कि प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता ने आशीर्वाद दिया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के अथक मेहनत और परिश्रम और गरीब कल्याण की नीति को देखते हुए भी जनता ने आशीर्वाद दिया है। हमारी ओर से प्रधानमंत्री जी को अग्रिम बधाई। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 29 की 29 सीटें जीत रही हैं, छिंदवाड़ा में भी कमल खिल रहा है। एग्जिट पोल में 61% प्रतिशत वोट शेयर दिखाया जा रहा है, लेकिन मैं ये मानता हूं कि चार जून के परिणाम के बाद यह 65% प्रतिशत तक पहुंचाया जाएगा।

पीएम मोदी के प्रति जनता का अदभुत विश्वास : शिवराज

 

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चार जून को भारतीय जनता पार्टी 370 और एनडीए के साथ 400 पार जाएगी और यह मैं नहीं बल्कि देश की जनता कह रही है। देश की जनता का प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रति जो विश्वास है वो अद्भुत और अभूतपूर्व है। पूर्व सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में भी भाजपा 29 की 29 सीटों पर विजयी पताका लहराएगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मैदान में उतरी है। हम भारी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। विपक्ष हो या खरगे साहब सब जानते हैं, उनको अच्छी तरह से पता है कि उनके सारे दावे हवा हो रहे हैं। उनके कार्यकर्ता काउंटिंग में तो चले जाएं इसलिए ऐसा बोलकर अपना दावा पेश कर रहे हैं।

 

 

देश ने अवसरवादियों को नकारा : नरोत्तम

 

एग्जिट पोल के नतीजों पर पूर्व गृह मंत्री व भाजपा न्यू जॉइनिंग टोली के संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि देश ने एक बार फिर अवसरवादियों को नकार दिया है। यह तय है कि अंतिम परिणाम में भाजपा गठबंधन चार सौ अधिक सीटो पर जीत दर्ज करेगी और मोदी जी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा एग्जिट पोल के नतीजों ने बता दिया है कि देश ने अवसरवादियों को नकार कर फिर प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास करके राष्ट्रभक्त सरकार के लिए वोट दिया है। भाजपा गठबंधन तो 400 सीटें जीतेगी ही, मध्यप्रदेश में भी भाजपा सभी 29 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।




Mp News: खुले बोरवेल में हादसे रोकने के लिए सरकार बना रही कानून

 

MP News: Government is making a law to prevent accidents in open borewells, now there will be provision for pu

खुले बोरवेल में दुर्घटनाएं रोकने सरकार बना रही कानून

मध्य प्रदेश सरकार खुले बोरवेल में गिरने से बच्चों की मौत की घटनाओं को रोकने के लिए कानून बना रही है। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) ने प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोरवेल हादसा होने पर अभी आईपीएसी की धाराओं में लापरवाही की धाराओं के तहत कार्रवाई होती है। लेकिन नए कानून के तहत सख्त सजा का प्रावधान भी किया जा रहा है। इससे संबंधित विधेयक विधानसभा के मानसून सत्र में रखा जा सकता है। 

 

 

अभी कोई कानून नहीं

 

बता दें, अभी असफल बोरवेल को खुला छोड़ने और उसमें कोई हादसा होने पर कार्रवाई के लिए कोई कानून नहीं है। नए कानून में ऐसे बोरवेल को बंद कराने का दायित्य भू स्वामी और बोरवेल ड्रील करने वाली एजेंसी का होगा। ऐसे सूखे या असफल बोरवेल के खुले होने के संबंध में सीएम हेल्पलाइन या किसी शिकायत से मिलती है तो उसको बंद पहले बंद कराया जाएगा। इसका दायित्व भू स्वामी और ड्रिलिंग एजेंसी होगा। पहले उनको बोरवेल बंद कराने के लिए कहा जाएगा। इसमें असफल रहने पर उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। इसको लेकर अभी राशि का निर्धारण नहीं हुआ है। वहीं, दूसरा यदि ऐसे बोरवेल में कोई हादसा हो जाता है तो अभी आईपीएसी की धाराओं में लापरवाही के तहत कार्रवाई होती है। इस कानून के तहत भू स्वामी और ड्रिलिंग एजेंसी के लिए सजा का प्रावधान किया जा रहा है। अभी सजा को लेकर चर्चा चल रही है। 

200 ड्रिलिंग एजेंसियां रजिस्ट्रर 

 

प्रदेश सरकार ने बोरवेल की जानकारी के साथ ही उनको ड्रील करने वाली एजेंसी के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए एमपी ई सर्विस एप बनाया है। इस पर बोरवेल करने वाली एजेंसियों का रजिस्ट्रशन कराया जा रहा है। पिछले एक महीने में इस एप पर करीब 200 ड्रिलिंग एजेंसियों ने रजिस्ट्रशन कराया है। इन ड्रिलिंग एजेंसियों को बोरवेल करने संबंधी जानकारी भी एप पर देना अनिवार्य होगा। 

देश में 37 से ज्यादा दुर्घटनाएं 

 

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार देश में पिछले दो से तीन सालों में 37 से ज्याादा खुले बोरवेल में गिरने वाली दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रदेश में भी इन दुर्घटनाओं की संख्या एक दर्जन से ज्यादा है। हाल ही में रीवा में खुले बोरवेल में हादसा होने के बाद मुख्य सचिव ने अधिकारियों की बुलाई बैठक के बाद सख्त कानून बनाने के निर्देश दिए थे। लोक स्वास्थ्यं एवं यांत्रिकी विभाग के सचिव पी नरहरि ने बताया कि ऐसे मामलों में अभी कोई सजा का कानून नहीं है। इस कानून के बनने के बाद जुर्माना और सजा का प्रावधान किया जाएगा। इसमें भू स्वामी के साथ ही ड्रील एजेंसी के दायित्व तय किए जाएंगे। अभी नए कानून के प्रावधानों को लेकर चर्चा चल रही है। इस मानसून सत्र में अधिनियम बनाने के लिए विधेयक को विधानसभा में पेश किया जा सकता है।




Bhopal News:भोपाल के मिलन रेस्टोरेंट में लगी आग, घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई

 

Bhopal News: Fire broke out in Milan restaurant in Bhopal, chaos broke out after the incident.

भोपाल एमपी नगर में मिलन रेस्टारेंट में लगी आग

राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित मिलन रेस्टारेंट की ऊपरी मंजिल के हिस्से में शनिवार रात को आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने के समय ऊपरी मंजिल पर बना गोदाम बंद था। 10 दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया।  

 

आग रात पौने 11 बजे रेस्टारेंट के ऊपरी मंजिल के हिस्से में लगी। आग की लपटों ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना के बाद आसपास के दमकल स्टेशनों से 10 गाडियों को आग पर काबू पाने बुलाया गया। गनीमत थी कि आग लगने के समय रेस्टारेंट बंद था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।




BHopal News: भाजपा मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव की सभी 29 सीटें जीतेगी, सीएम मोहन यादव & वीडी शर्मा

 

BJP will win all 29 seats of Madhya Pradesh Lok Sabha election CM Mohan Yadav Vd Sharma

सीएम मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने की प्रेसवार्ता।

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम चार जून को आएंगे। इससे पहले भोपाल स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया को संबोधित किया। इसमें उन्होंने प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया। इसके साथ ही कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी अपनी सीट छोड़कर भाग गए। राहुल गांधी की अमेठी पैतृक सीट थी। एक बार हारे तो उस सीट को ही छोड़कर भाग गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री की सुनामी चल रही है। पूरे देश में 400 सीट की गूंज है। लोकसभा चुनाव के परिणाम शोध के विषय बनेगा। 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के उनकी सीट छोड़कर भागने से उनके कार्यकर्ताओं का मनोबल नीचे गिर गिया है। उनमें दमदारी ही नहीं बची। प्रदेश में 29 सीटों में से 27 पर कांग्रेस चुनाव लड़ी। उनमें चुनाव लड़ने की हिम्मत ही नहीं है। राहुल गांधी के प्रधानमंत्री से खुली चर्चा करने के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डिबेट उससे की जाती है, जो बराबरी का हो। वह कहीं बराबरी में नहीं है। ना भाषा शैली ना अन्य मामलों में। भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस विधायकों को कैबिनेट में जगह देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य कौन जानता है। वोट प्रतिशत को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव के परिणाम साफ दिख रहे है। कांग्रेस इतने निचले स्तर पर चली गई कि अब वह चुनाव आयोग पर ही सवाल उठाने लगी है। 

नर्सिंग घोटाले पर यह बोले

 

नर्सिंग घोटाले में प्रदेश सरकार के तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की भूमिका की जांच करने को लेकर पूछे सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर सीबीआई की जांच चल रही है, जो कोर्ट और सीबीआई कहेगी हमारी सरकार वैसा ही काम करेगी। 

 

ऐतिहासिक सफलता मिलेगी : शर्मा

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि 2024 का चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ। इसमें प्रधानमंत्री को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी। प्रदेश की सभी 29 सीटें भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मेहनत में लगे हैं। इस बार भाजपा 80 प्रतिशत बूथों पर जीतेगी। 

पार्टी को मिलेंगे 10 प्रतिशत अधिक वोट 

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने बूथ विजय अभियान चलाया था। जब 4 जून को परिणाम आएंगे तो उसमें 80 प्रतिशत बूथों पर भारतीय जनता पार्टी विजय हासिल करेगी। हमने हर बूथ पर चुनाव जीतने का संकल्प लिया था और हर बूथ पर पिछली बार से 10 प्रतिशत ज्यादा वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन जनता ने बहुत प्यार पार्टी को दिया। मुझे उम्मीद है कि इस बार न सिर्फ प्रचंड जीत होगी और बल्कि पिछले लोकसभा चुनाव से 10 प्रतिशत ज्यादा यानी करीब 68 प्रतिशत वोट पार्टी को मिलेंगे। 

प्रधानमंत्री ने की आठ जनसभाएं, मुख्यमंत्री ने 180 

 

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश में चुनाव के दौरान आठ जनसभा और दो रोड शो किए। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने चार जनसभाएं, एक रोड शो, एक क्लस्टर और 1 प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 7 जनसभाएं, 1 शक्ति केंद्र सम्मेलन, 1 प्रबुद्धजन सम्मेलन और 2 क्लस्टर बैठक को संबोधित किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 6 जनसभा 1 सामाजिक बैठक को संबोधित किया। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लगभग 180 से अधिक आम सभाएं और 58 रोड शो किए। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के 12 राज्यों में 72 लोकसभा सीटों पर प्रचार किया। शर्मा ने कहा कि मैंने चुनाव के दौरान 29 लोकसभा क्षेत्रों की 171 विधानसभाओं एवं 192 अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता की।

 

10 हजार से ज्यादा शक्ति केंद्रों पर नुक्कड़ सभाएं

 

शर्मा ने कहा कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव के दौरान 12 हजार शक्ति केंद्रों में से 10 हजार 99 शक्ति केंद्रों पर पथ सभाओं (नुक्कड़ सभा) का आयोजन किया गया, जिसमें 2070 पार्टी नेताओं ने सभाएं ली और करीब 20 लाख लोग इन पथ सभाओं में शामिल हुए। इसी तरह प्रधानमंत्री ने प्रत्येक बूथ पर 370 वोट हासिल करने का लक्ष्य दिया था। इसके लिए पार्टी की तरफ से कई अभियान चलाए गए।




Mp News:उमंग सिंघार का दावा- प्रदेश में बराबरी पर रहेगी कांग्रेस, बोले

MP News: Umang Singhar claims - Congress will be on equal footing in the state, says - BJP's claims exposed

उमंग सिंघार (फाइल फोटो)

लोकसभा चुनावों के नतीजों का दिन करीब आने के साथ ही कांग्रेस के जीत के दावे भी तेज होने लगे हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश की आधी से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज कराएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि भाजपा के 400 पार के दावे की हवा निकल चुकी है। भाजपा नेताओं ने भी इस जुमले से कन्नी काटना शुरू कर दी है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार अल्प प्रवास पर दतिया पहुंचे थे। उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिस पार्टी का आधार 40 पार्टियों के गठबंधन पर टिका हो, उसके 400 पार के दावे सिर्फ मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता झूठ से ऊब चुकी है और चार जून को फैसला सामने आ जाएगा। सिंघार ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस अपना बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने प्रदेश की आधी सीटों पर कांग्रेस का झंडा लहराने का दावा किया है।

भाजपा मान चुकी हार

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा नेता अपने बयान जाल में खुद ही घिरे हुए हैं। बड़बोलेपन में 400 पार का दावा उछाल चुके भाजपा नेता अब बैकफुट पर हैं। उन्होंने अपनी हार स्वीकार करना शुरू कर दिया है। हार की गर्त से बचने भाजपा ने साम, दाम, दंड, भेद सारे हथकंडे अपनाए लेकिन पब्लिक अपना फैसला सुना चुकी। अब बस एपान होने का इंतजार है।

वादों पर खरी नहीं भाजपा

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता से किए वादे पूरे नहीं कर पा रही है। नर्सिंग घोटाले से लेकर किसानों की समस्याएं और लाड़ली बहना के नाम पर किए जाने वाले छलावे पर अब कांग्रेस प्रदेश सरकार को घेरेगी। सिंघार ने कहा कि इन सारे मुद्दों को इस बार विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा।




Mp News: एमपी सरकार ने किर्गिस्तान में रहने वाले छात्रों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए

 

MP Mews: MP government issues helpline numbers to help students living in Kyrgyzstan

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश सरकार किर्गिस्तान में रहकर अध्ययन कर रहे छात्रों की सुरक्षा और उनके कुशलक्षेम के लिए सजग है। हाल ही में किर्गिस्तान में स्थानीय स्तर पर विवाद के कारण अशांति की स्थिति निर्मित हुई है। वर्तमान में किर्गिस्तान में मध्यप्रदेश के लगभग 1200 विद्यार्थी अध्ययनरत होकर हॉस्टलों में निवासरत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों को सुरक्षा के लिए आश्वस्त किया है। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि शीघ्र होने वाली परीक्षा के बाद सभी विद्यार्थी अपने घर वापस आ जाएंगे। 

 

राज्य सरकार ने जारी किए हेल्पलाईन नम्बर

 

किर्गिस्तान में रह रहे बच्चों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाईन नम्बर जारी किए हैं।  विद्यार्थी किसी भी अप्रिय स्थिति में एवं किसी के साथ किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर स्वयं अथवा उनके परिजन सहायता के लिए हेल्प लाईन नम्बर 011-26772005 (मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली) एवं 0755-2708055, 0755-2708059 (वल्लभ भवन, सिचूवेशन रूम, भोपाल ) पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।

भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने की छात्रों से मुलाकात

 

भारतीय दूतावास के दो अधिकारियों ने छात्रों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम लिया है। 22 मई को भारतीय राजदूत स्वयं छात्रों से मिले हैं। साथ ही छात्रों के अभिभावकों को सूचित किया है कि पिछले 24 घंटे में किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है एवं वर्तमान में वहां स्थिति नियंत्रण में है। 




Mp News: एक और सीबीआई इंस्पेक्टर गिरफ्तार, अब तक 13 को कोर्ट में पेश किया, 10 दिन की रिमांड मिली

 

MP News: Another CBI inspector arrested, till now 13 have been produced before the court, got 10 days remand.

सीबीआई
– फोटो : पीटीआई

 

प्रदेश के नर्सिंग घोटाले की जांच में घोटाला सामने आया है। नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े की जांच में जुटी सीबीआई ने कॉलेजों को क्लीन चिट देने की कोशिश में जुटे अपने ही अफसरों, बिचौलियों व अन्य पर बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने शनिवार और रविवार को मध्य प्रदेश और राजस्थान में छापामार कार्रवाई की थी। इसमें 29 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं, सीबीआई के चार अधिकारियों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनको कोर्ट के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने सभी को 29 मई तक रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया। सीबीआई की तरफ से मिली जानकारी में बताया गया है कि मप्र हाईकोर्ट के निर्देश पर मध्य प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों की जांच के लिए सीबीआई और एसीबी भोपाल की सात कोर टीम बनाई गई थी। वहीं, तीन से चार अन्य टीमें जांच में मदद करने के लिए बनाई गई थीं। टीम में सीबीआई के अधिकारी, मध्य प्रदेश नर्सिंग कॉलेज के नामित सदस्य और पटवारी शामिल थे। इस टीम का काम हाईकोर्ट के निर्देश पर यह जांचना था कि  क्या नर्सिंग कॉलेज बुनियादी सुविधाओं और संकाय के संबंध में नर्सिंग कॉलेजों के लिए निर्धारित मानदंडों और मानकों को पूरा करते हैं? 

 

सबसे पहले निरीक्षक राहुल राज को दबोचा

 

अलग-अलग टीमें यह जांच कर रही थीं। इस दौरान सीबीआई के निरीक्षक राहुल राज के भ्रष्टाचार की गतिविधियों में शामिल होने का संदेह हुआ। राहुल राज नर्सिंग घोटाले में शामिल कॉलेज संचालकों से मिलीभगत कर उनके पक्ष में रिपोर्ट बनाकर दे रहा था और बदले में रिश्वत ले रहा था।

सीबीआई के तीन अफसर रिश्वतखोरी में शामिल

 

इसके बाद सीबीआई की आंतरिक विजिलेंस टीम सक्रिय हुई और 23 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इसमें इंस्पेक्टर राहुल राज समेत सीबीआई के तीन अधिकारी भी शामिल हैं। इसके बाद सीबीआई ने राहुल राज को 10 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। साथ ही रिश्वत देने वाले अनिल भास्करन और उसकी पत्नी सुमा अनिल भास्करन को भी पकड़ा।

इंदौर, भोपाल, रतलाम से लेकर जयपुर तक छापे

 

सीबीआई की दिल्ली टीम ने भोपाल, इंदौर, रतलाम और राजस्थान के जयपुर में 31 जगह छापेमारी की। इस दौरान सीबीआई ने 2 करोड़ 33 लाख रुपये नगद, चार सोने के बिस्किट, 36 डिजिटल डिवाइस और 150 मामले से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। 

 

 

इन्हें किया गिरफ्तार

 

सीबीआई की तरफ से बताया कि मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें राहुल राज, इंस्पेक्टर, सीबीआई, सुशील कुमार मजोका, इंस्पेक्टर, एमपी पुलिस शामिल हैं, जो सीबीआई से जुड़े हुए हैं और दलाल के रूप में काम कर रहे ओम गोस्वामी, रवि भदौरिया और जुगल किशोर और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश किया गया, जिनको कोर्ट ने 29 मई तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया। सीबीआई ने रिश्वतखोरी में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है।