Mp News : मंत्री शाह मामले की एसआईटी से जुड़े अधिकारी समेत 7 आईपीएस अफसरों का तबादला

मध्य प्रदेश में एक बार फिर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। बुधवार देर रात गृह विभाग ने सात आईपीएस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इन तबादलों में मंत्री विजय शाह मामले की जांच कर रही एसआईटी के सदस्य डीआईजी डी. कल्याण चक्रवर्ती को हटाकर उन्हें छिंदवाड़ा रेंज का डीआईजी बनाया गया है। इससे पहले एसआईटी प्रमुख प्रमोद वर्मा को सागर से हटाकर जबलपुर आईजी बनाया जा चुका है। एक अन्य महत्त्वपूर्ण बदलाव में दो दिन पहले ही सागर के आईजी बनाए गए चंद्रशेखर सोलंकी का आदेश निरस्त कर दिया गया है। उन्हें वापस इंदौर एसएएफ का आईजी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह अब महिला सुरक्षा आईजी हिमानी खन्ना को सागर का नया आईजी बनाया गया है।

इसके अलावा दो जिलों में एसपी भी बदले गए हैं। राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा को बालाघाट का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि मौजूदा बालाघाट एसपी नागेंद्र सिंह को 25वीं वाहिनी एसएएफ भोपाल भेजा गया है। उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। वहीं, 24वीं वाहिनी एसएएफ जावरा रतलाम में पदस्थ अमित तोलानी को राजगढ़ का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, भोपाल में उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार पांडे को सागर में उप पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। बता दें कि हाल ही में विजय शाह से जुड़े प्रकरण की जांच कर रही एसआईटी को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कई बदलाव किए गए हैं। इससे पहले भी 2 जून को राज्य सरकार ने गलत आचरण के मामलों में 4 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे।




Bhopal News : मेट्रो की रफ्तार धीमी,7 साल में 7 किमी ट्रैक भी तैयार नहीं, मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के 12 एमडी नाराज

भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट सात साल में भी ट्रैक पर नहीं आ पाया है। भोपाल मेट्रो की डीपीआर स्वीकृत होने के सात साल बाद भी 7 किलोमीटर रूट तैयार नहीं हो सका, जबकि नागपुर में मात्र 33 महीनों में 6 किलोमीटर मेट्रो का संचालन शुरू हो गया था। यह स्थिति तब है जबकि मध्य प्रदेश रेल मेट्रो कॉरपोरेशन के 12 एमडी बदल चुके हैं। अधिकारियों के उदासीन और लचर रवैए के कारण अब तक भोपाल मेट्रो का संचालन शुरू ही नहीं हो पाया है। एम्स से सुभाष नगर तक के 7.5 किमी मेट्रो रूट निर्माण का काम वर्ष 2018 में डीपीआर स्वीकृति के बाद 2019 में शुरू हो गया था। इसके बाद से राजधानी भोपाल में मेट्रो प्रोजेक्ट का काम धीमी चाल से रहा है। सात साल में अब तक करीब सात किमी का ट्रैक भी तैयार नहीं हो पाया है। इसकी रफ्तार का अंदाजा इससे लगा सकते है कि भोपाल और नागपुर मेट्रो को एक साथ 2011 में मंजूरी मिली थी। नागपुर में काम शुरू होने के 33 माह में करीब 6 किमी के रूट पर मेट्रो का संचालन शुरू हो गया था, लेकिन भोपाल में सात साल बाद भी अभी सात किमी का ट्रैक ही तैयार नहीं हुआ है। इसका कारण प्रशासनिक उदासीनता और जमीनी अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी है।

हालांकि, मेट्रो रेल कॉरपोरेशन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि भोपाल में मेट्रो के काम में कोरोना, नेतृत्व में बदलाव, भूमि विवाद समेत कई तरीके की बाधाएं सामने आई, जिसके कारण काम की तरफ्तार धीमी हुई। अब अगस्त-सितंबर तक भोपाल में भी मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है।

वहीं, इस मामले में मेट्रो रेल कॉपरेशन का पक्ष जानने के लिए डायरेक्ट सिस्टम सोभित टंडन और प्रभारी एमडी संकेत भोंडवे से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

तीन स्टेशनों को जोड़ने से कमर्शियल रन टला

प्रारंभ में, रानी कमलापति से सुभाष नगर तक के 6.2 किमी प्राथमिकता गलियारे में छह स्टेशनों की योजना थी। इसके लिए अक्टूबर 2023 में ट्रायल रन भी शुरू कर दिया गया था। इसके बाद में, इसमें तीन और स्टेशनों एम्स, डीआरएम चौराहा और अलकापुरी को जोड़ ट्रेक को 7.5 किमी किया गया। जहां रेलवे ट्रेक पर ब्रिज रखने में काफी लंबा समय लगा, जिससे निर्माण कार्य में देरी हुई।

नेतृत्व में बार-बार बदलाव

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमपीएमआरसीएल) के प्रबंधन में बार-बार बदलाव से परियोजना की निरंतरता प्रभावित हुई है। इससे निर्णय लेने में देरी और कार्यान्वयन में बाधाएं उत्पन्न हुई हैं। जुलाई 2015 में सबसे पहले गुलशन बामरा को कॉर्पाेरशन का एमडी बनाया गया। दो माह बाद ही उनको हटाकर विवेक अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद प्रमोद अग्रवाल, संजय दुबे, नितेश कुमार व्यास, मनीष सिंह, छवि भारद्वाज, निकुंज कुमार श्रीवास्तव, मनीष सिंह, नीरज मंडलोई, सीबी चक्रवर्ती एम को बनाया गया। अभी एस कृष्ण चैतन्य अब तक कॉरपोरेशन के एमडी है।

यह भी बना लेटलतीफी का कारण

कुछ क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण से संबंधित विवाद और कानूनी चुनौतियों के कारण निर्माण कार्य में बाधाएं आई हैं। पुष्ठा मिल की भूमि पर स्वामित्व विवाद ने परियोजना की प्रगति को धीमा कर दिया है। वहीं, परियोजना की धीमी रफ्तार का कारण वित्तीय साधनों की कमी भी एक कारण बनी बनी। जिससे निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई है।

भोपाल मेट्रो का प्रथम चरण- दो लाइन और 28 स्टेशन, परियोजना की लागत- 6941 करोड़ रुपये

ऑरेंज लाइन- करोंद चौराहा से एम्स भोपाल तक। 14.99 किमी में 16 स्टेशन।

ब्लू लाइन- भदभदा चौराह से रत्नागिरी तिराहा तक। 12.91 किमी 13 स्टेशन।

कब क्या हुआ –

अक्टूबर 2018- डीपीआर को केंद्र की मंजूरी।

नवंबर 2018- टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू।

दिसंबर 2018- मृदा परीक्षण शुरू।

जनवरी 2019- सुभाष नगर से एम्स के बीच एलिवेटेड वायडक्ट का निर्माण कार्य शुरू।

अगस्त 2019- मेट्रो का संचालन 2023 तक करने की घेाषणा।

सितंबर 2019- कमलनाथ ने मेट्रो प्रोजेक्ट का नाम बदलकर भोज मेट्रो किया।

अगस्त 2021- आठ स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू।

मार्च 2022- मेट्रो डिपो के निर्माण का ठेका अलॉट किया।

मई 2023- ऑरेंज लाइन पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मंजूरी मिली।

अक्टूबर 2023- सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन के बीच ट्रायल रन किया।

दिसंबर 2023: प्राथमिकता वाले गलियारे पर ट्रैक बिछाने का काम पूरा




Rahul Gandhi On Mp Tour Today : संगठन सृजन अभियान से कांग्रेस को मिलेगा नया नेतृत्व

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 3 जून मंगलवार को ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। यह अभियान पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। गुजरात के बाद अब इसे मध्य प्रदेश में लागू किया जा रहा है, जहां राहुल गांधी भोपाल में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा करेंगे। प्रदेश में भेजे गए 61 AICC पर्यवेक्षक जिला इकाइयों को पुनर्गठित करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। हर जिले के लिए एक प्रमुख पर्यवेक्षक के साथ चार सह-पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। ये टीमें समर्पित कार्यकर्ताओं की पहचान करेंगी और जिला अध्यक्षों के लिए नामों की अनुशंसा करेंगी।

राहुल गांधी स्वयं इन पर्यवेक्षकों को दिशा-निर्देश देंगे और जिलों का आवंटन करेंगे। उनके तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 10:20 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे। सुबह 11 से 12 बजे राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल तृतीय तल) होगी। इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा।

दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक का समय राहुल गांधी का सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल प्रथम तल) के लिए तय है। इस सत्र में सांसदों और विधायकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दोपहर 12:30 से 01:30 बजे तक आ.भा.कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं नव सृजित प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव गांधी सभागार भोपाल में) होगी। यह बैठक संगठन के पुनर्गठन और प्रभावी नेतृत्व नियुक्ति पर केंद्रित होगी। दोपहर 1:30 से 2:30 बजे: विशेष परामर्श और अनौपचारिक चर्चा के लिए रखा गया है ।

दोपहर 2:30 से 4 बजे से आ भा.कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों का अधिवेशन (रविंद्र भवन सभागार, भोपाल) होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के साथ कांग्रेस उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर रही है जो भीतरघात कर संगठन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता उमंग सिंघार ने कहा है कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर पार्टी से बाहर किया जाएगा। इसके बजाय पार्टी समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में स्थान देगी।




Mp Weather Today : मध्य प्रदेश में आज भी जारी रहेगी बारिश, 38 जिलों में अलर्ट, आज भी ऐसा ही रहेगा मौसम

हरियाणा और पूर्वी बिहार में बने ऊपरी हवा के चक्रवात की वजह से मध्य प्रदेश में नमी आ रही है, जिससे हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मई के बाद जून में भी प्रदेश के किसी न किसी जिले में बारिश हो रही है। सोमवार को भोपाल, इंदौर, रतलाम-धार समेत कई जिलों में मौसम बदला रहा, जबकि मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर-चंबल के 8 जिलों में आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटा तक रहेगी। वहीं, भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत 38 जिलों में भी आंधी-बारिश का अलर्ट है।

आज प्रदेश के इन जेलों में अलर्ट

मंगलवार को जिन 8 जिलों में तेज आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट है, उनमें ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच शामिल हैं। इसी तरह भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, श्योपुर, राजगढ़, सतना, मऊगंज में भी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।

इंदौर, भोपाल, रतलाम-धार में गिरा पानी

सोमवार की शाम भोपाल और इंदौर में मौसम बदला। इसके बाद हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। रतलाम और धार में भी बारिश हुई। मौसम का मिजाज बदलने की वजह से दिन के तापमान में भी गिरावट हुई है। सोमवार को भोपाल में 36.4 डिग्री, इंदौर में 34.6 डिग्री, ग्वालियर में 38.7 डिग्री, उज्जैन में 36 डिग्री और जबलपुर में पारा 37.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। रीवा, खजुराहो और सीधी में ही पारा 40 डिग्री के पार रहा। वहीं, प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा सबसे कम 29.8 डिग्री रहा। बता दें कि पचमढ़ी में ही मंगलवार को मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट होनी है।

6 जून तक ऐसा ही रहेगा प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि मानसून से पहले प्रदेश में प्री-मानसून की एक्टिविटी जारी है। दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से प्रदेश में कहीं तेज आंधी चल रही है तो कहीं बारिश हो रही है। अगले चार दिन यानी, 6 जून तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। प्रदेश में मानसून की एंट्री 10 जून के बाद ही होने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो अभी मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में एक ही जगह पर ठहरा है। पिछले कुछ दिन से ये आगे नहीं बढ़ा है।

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

3 जून : ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। यहां आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, श्योपुर, राजगढ़, सतना, मऊगंज में भी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।

4 जून : ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर 4 में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, राजगढ़, आगर-मालवा, सतना, मैहर, मऊगंज, कटनी, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और नीमच में बारिश होने की संभावना है।

5 जून : इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

6 जून : भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, गुना, अशोकनगर, विदिशा, हरदा, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार और बड़वानी में 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। यहां बारिश भी हो सकती है।




Gwalier News : ग्वालियर में आरक्षक भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा, 5 पर केस दर्ज; सभी फरार..

मध्य प्रदेश में आरक्षक जीडी भर्ती परीक्षा 2023 में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। ग्वालियर पुलिस ने मुरैना, श्योपुर और शिवपुरी जिलों के पांच अभ्यर्थियों पर दस्तावेजों में धोखाधड़ी और सॉल्वर के जरिए परीक्षा दिलवाने के आरोप में केस दर्ज किया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के दौरान यह फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।

जांच में पता चला कि इन अभ्यर्थियों ने जुलाई 2023 में अपने आधार कार्ड में बायोमेट्रिक और फोटो अपडेट कराया था, जिसमें असली अभ्यर्थियों की जगह सॉल्वर का फोटो डाला गया। इसके बाद जब 16 अगस्त से 15 सितंबर 2023 के बीच लिखित परीक्षा हुई तो उनके स्थान पर सॉल्वर ने परीक्षा दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि परीक्षा के बाद इन अभ्यर्थियों ने फिर से आधार अपडेट करवाकर अपना असली फोटो और बायोमेट्रिक्स दोबारा डलवाए।

जिन पांच अभ्यर्थियों पर मामला दर्ज किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं
दीपक सिंह रावत निवासी श्योपुर
उमेश रावत निवासी सबलगढ़, मुरैना
हक्के रावत निवासी नरवर, शिवपुरी
इमरान निवासी जौरा, मुरैना
विवेक निवासी पोरसा, मुरैना

दस्तावेजों की जांच में खुली पोल
नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान जब दस्तावेजों की जांच की गई तो परीक्षा आवेदन में लगी फोटो और हस्तलिपि (हैंडराइटिंग) से मेल नहीं खाने पर मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल से रिकॉर्ड मंगवाया गया, जिसमें स्पष्ट रूप से सॉल्वर के उपयोग की पुष्टि हुई।

पुलिस की कार्रवाई
जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 14वीं वाहिनी विसबल के उपनिरीक्षक रघुनंदन शर्मा ने कंपू थाना ग्वालियर में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य धाराओं में मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

SSP ग्वालियर धर्मवीर सिंह का बयान
“प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चयनित अभ्यर्थियों ने परीक्षा में दूसरों को बैठाकर धोखाधड़ी की है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों की तलाश जारी है।”




Mp Weather : मध्य प्रदेश में नौतपा के छठे दिन भी जारी रहेगा तूफान और बारिश का दौर, 36 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश में कई सिस्टम एक्टिव होने की वजह से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र में लगातार आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। नौतपा के छठवें दिन, शुक्रवार को मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर-जबलपुर समेत 36 जिलों में अलर्ट जारी किया है। नरसिंहपुर समेत 6 जिलों में आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटा तक रहेगी। इससे पहले गुरुवार को 10 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, अभी मध्यप्रदेश के ऊपर से एक टर्फ गुजर रही है। वहीं, दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) भी एक्टिव है। इस वजह से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

आज इन जिलों में अलर्ट

शुक्रवार को नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में तेज आंधी के साथ बारिश होने का अलर्ट है। आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटा या इससे अधिक भी रह सकती है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, उमरिया, कटनी और मैहर में भी तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है

चार प्रणालियों का असर

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में पश्चिम बंगाल एवं उससे लगे बांग्लादेश पर अवदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात बने हुए हैं। एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से होकर पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इन प्रणालियों के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

30 मई: नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी,मंडला और बालाघाट में तेज आंधी के साथ बारिश होगी। आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटा या इससे अधिक भी रह सकती है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, उमरिया, कटनी और मैहर में भी तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है।

31 मई: भोपाल, ग्वालियर, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, उज्जैन, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर, सीधी और सिंगरौली में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

1 जून: भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, नीमच, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, शाजापुर, देवास, सीहोर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, छतरपुर, सागर, पन्ना, दमोह, कटनी, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है।

2 जून: भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी,टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, दमोह, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, देवास, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, सतना, मैहर, मऊगंज, कटनी, जबलपुर, डिंडौरी और नीमच में बारिश होने की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है।




Bhopal News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 3 जून को मध्य प्रदेश के दौरे पर

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 3 जून को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे संगठन सृजन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। भोपाल में एआईसीसी ऑब्जर्वर को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस तैयारी में जुट गई है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार गुरुवार को पीसीसी में प्रेस वार्ता कर बताया कि भितरघातियों को ब्लॉक और जिला स्तर पर चिन्हित कर बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। राहुल गांधी जी की सोच है कि जो जमीन पर पार्टी के लिए काम करता है उसको सम्मान मिलना चाहिए।

संगठनात्मक पुनर्गठन-सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्व कदम

इधर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि ‘संगठन सृजन शुभारंभ : अब वह बहुप्रतीक्षित क्षण आ गया है जब आदरणीय राहुल गांधी जी मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन के नवसृजन की आधारशिला रखेंगे। आगामी 3 जून 2025 को, भोपाल में AICC द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर), प्रदेश कार्यकारिणी, प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति तथा सभी जिला अध्यक्षों के साथ संवाद कर इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। यह आयोजन संगठनात्मक पुनर्गठन और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा, जो आगामी समय में पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।

जिलाध्यक्ष तय करेंगे ऑब्जर्वर

हर जिले की विधानसभाओं के नेताओं से रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। कांग्रेस के देश के बड़े नेताओं को मध्यप्रदेश के एक-एक जिले की संगठन को सृजन करने की जिम्मेदारी मिली है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत गुजरात के बाद मध्य प्रदेश और हरियाणा में संगठन में बदलाव होगा। AICC के एक ऑब्जर्वर के साथ पीसीसी से तीन ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाएंगे।

पार्टी से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाया जाएगा

सिंघार ने कहा है कि पार्टी कांग्रेस में रहकर बीजेपी का काम करने वाले भितरघातियों को चिन्हित करेगी। भितरघातियों को ब्लॉक और जिला स्तर पर चिन्हित कर बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पार्टी से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाया जाएगा। कई कांग्रेस के कार्यकर्ता असमंजस की स्थिति में है, उनको न्याय दिलाने का काम किया जाएगा।

जिला अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे राहुल

सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी जी की सोच है कि जो जमीन पर पार्टी के लिए काम करता है उसको सम्मान मिलना चाहिए। 3 तारीख को राहुल गांधी भोपाल आ रहे है। आईसीसी पर्यवेक्षक, प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल होगा। वहीं उन्होंने बताया कि 3 जून को राहुल गांधी पीसीसी पर्यवेक्षकों की सूची जारी करेंगे।




Mp Weather : मप्र के पांच जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, प्रदेश का मौसम बदलेगा, मौसम रहेगा करवट बदलेगा

मध्यप्रदेश में मई महीने में एक दिन भी ऐसा नहीं गया जब किसी न किसी जिले में बारिश ना हुई हो। 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है लेकिन बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में 24 घंटे में ढाई से साढ़े 4 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम-जबलपुर संभाग के जिलों में आंधी-बारिश का दौर रहेगा।

आज यहां अलर्ट

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में दो साइक्लोनिक सकुर्लेशन और एक ट्रफ एक्टिव है। इस वजह से दक्षिणी हिस्से के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, गुना, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, कटनी, दमोह और पन्ना में आंधी-बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में आंधी की रफ्तार 60किमी प्रतिघंटा तक रहेगी।

अगले 4 दिन जारी रहेगा आंधी बारिश का दौर

मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, सिस्टम के एक्टिव होने से अगले 4 दिन तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, गुरुवार को सिस्टम अन्य जिलों को प्रभावित करेगा। सिस्टम की वजह से दिन में तो तापमान बढ़े रह सकते हैं, लेकिन रात में तापमान नहीं बढ़ेंगे।

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

29 मईः खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में भारी बारिश का अलर्ट है। यहां 24 घंटे के अंदर ढाई से साढ़े इंच तक बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, गुना, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, कटनी, दमोह, पन्ना में आंधी-बारिश होने की संभावना है। आंधी की रफ्तार 40 से 60Km प्रतिघंटा तक रहेगी।

30 मई: भोपाल, जबलपुर, इंदौर, झाबुआ,अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मुरैना और भिंड में आंधी-बारिश का अलर्ट है।

31 मई: भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में तेज आंधी चल सकती है। वहीं, बारिश होने का भी अनुमान है।

1 जूनः रतलाम, झाबुआ, धार, खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर और शहडोल में आंधी-बारिश का अलर्ट है।




Pm Modi : पीएम मोदी के दौरे की सुरक्षा एडीजी चयन एवं प्रशिक्षण सोनाली मिश्रा के हाथों में

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित हो रहे महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित करने भोपाल आ रहे हैं। प्रधानमंत्री 31 मई को देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करने सुबह 11 बजे भोपाल पहुंचेंगे। एसपीजी के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ दिल्ली से आए एसपीजी के अधिकरियों एयरपोर्ट, हेलीपैड, जंबूरी मैदान व सभा स्थाल के मंच का बारीकी से निरीक्षण किया है।

गुरुवार को कारकेड के साथ रिहर्सल किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंच संचालन और डोम में स्व-सहायता समूह की दो लाख से अधिक महिलाओं के व्यवस्था की जिम्मेदारी भी महिला अधिकारियों को सौंपी जा रही है। तीन हजार पुलिस अधिकारी उस दिन शहर की यातायात व सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। जंबूरी मैदान के साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा की कमान एमपी केडर की एडीजी चयन एवं प्रशिक्षण सोनाली मिश्रा को सौंपी गई है। साथ ही आधा दर्जन महिला आईपीएस अधिकारी भी जंबूरी मैदान में तैनात रहेंगी। यातायात पुलिस ने 31 मई को सुबह छह बजे से सभा स्थल जंबूरी मैदान के साथ ही आधे से अधिक शहर का यातायात परिवर्तित कर दिया है। संभावना है कि पांच हजार बसों ने दो लाख महिलाएं कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल पहुंचेंगी।

होटल-रेस्टोरेंट से लेकर बाजारों व वाहनों की चेकिंग

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए भोपाल पुलिस होटल, रेस्टोरेंट, पब, ढाबों के साथ बाहर से आने वाले मेहमानों, होटलों में रुके लोगों के साथ सड़क पर चलने वाले वाहनों की बारीकी से जांच कर रही है। बाउंड ओवर पर बाहर घूम रहे बदमाशों, वारंटियों की धरपकड़ की जा रही है। आधा दर्जन ऐसे बदमाशों को शांति भंग करने के मामले में पकड़कर गिरफ्तार किया गया है, जो पुराने अपराधी हैं। प्रधानमंत्री के भोपाल से वापसी तक भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था बहुत सख्त कर दी गई है। जंबूरी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सड़कों के दोनों तरफ की दीवारों को वॉल पेंटिंग से सजाया जा रहा है। पूरे शहर में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के साथ केंद्र व राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रचार-प्रसार के पोस्टर लगाए गए हैं।

प्लान बी भी तैयार, कल फिर अधिकारी लेंगे जायजा

अचानक बारिश का मौसम शुरू हो गया है। अभी तक प्रधानमंत्री को स्टेट हैंगर पर विशेष विमान से उतरने के बाद एमआई-17 हेलीकॉप्टर से जंबूरी मैदान के सामने सेंट जेविरयर स्कूल के पास खाली मैदान में बने हेलीपैड पर उतारने की तैयारी है। इस हेलीपैड से प्रधानमंत्री खुली जीप में सभा स्थल तक सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं का अभिवादन करते हुए पहुंचेंगे। बारिश अधिक हुई और हेलीकॉप्टर के लैंडिंग में कोई बाधा आने की संभावना हुई तो भोपाल एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से भी प्रधानमंत्री को लाने की पूरी तैयारी है। हालांकि प्रशासन का यह प्लान-बी है, जिसका बुधवार को एसपीजी के अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। कार्यक्रम स्थल पर तीन हेलीपैड तैयार किए गए हैं।

महिला पुलिस अधिकारियों की होगी विशेष तैनाती

इस आयोजन की एक खास बात यह है कि सुरक्षा प्रबंधन में महिला पुलिस अधिकारियों को विशेष भूमिका दी गई है। पहली बार किसी प्रधानमंत्री के दौरे में 50 प्रतिशत से अधिक सुरक्षा अधिकारी महिलाएं होंगी। आयोजन स्थल, हेलीपैड, वीआईपी मूवमेंट से लेकर अन्य प्रमुख क्षेत्रों की निगरानी महिला पुलिस अधिकारियों के पास रहेगी। एडीजी सोनाली मिश्रा को सुरक्षा संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनके नेतृत्व में छह से अधिक महिला आईपीएस अधिकारी तैनात रहेंगी। इसके अलावा लगभग तीन दर्जन महिला एएसपी और डीएसपी स्तर की अधिकारी भी मौके पर रहेंगी।




Bhopal News : मासिक धर्म पर बात करने में लोग करते हैं संकोच, Nhm की एमडी सिडाना बोलीं

मध्य प्रदेश कई क्षेत्रों में अभी भी लोग मासिक धर्म की चर्चा करने में संकोच करते हैं। अब 6वीं कक्षा से ही बच्चों को स्कूल में इसकी शिक्षा दी जाएगी। प्रदेश भर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह बात 28 मई को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की एमडी सीनियर आईएएस डॉ. सलोनी सिडाना ने विशेष चर्चा के दौरान कही। उन्होने अमर उजाला की टीम से मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता एवं जागरूकता के मुद्दे पर अलग-अलग सवालों का विस्तार से जवाब दिया। जानकारी के लिए बता दें कि सिडाना खुद विशेषज्ञ डॉक्टर रहीं हैं।

यह एक बायोलाजिकल प्रक्रिया

सिडाना ने कहा है कि किशोर हों या किशोरियां, उन्हें बताने की जरूरत है यह एक समान्य प्रक्रिया है। यह एक बायोलाजिकल प्रक्रिया है, इसे छिपाना नहीं है, इसे स्वीकार करना है। शर्माने या घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होने कहा कि लोगों को जागरूक करना स्वास्थ्य विभाग का यह पहला प्रयास रहता है। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के सहकर्मी सहायक, परामर्शदाता किशोर-किशोरियों के लिए मित्रवत क्लिनिक में जागरूक किया जाता है। किशोर हेल्थ क्लिनिक में कोई खुद आता है या फिर हम उन तक पहुंच सकते हैं। तहत यौन और प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण, चोट और हिंसा, गैर-संचारी रोग, मानसिक स्वास्थ्य आदि पर जागरूक किया जा रहा है।

स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक

डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। स्वच्छता बनाए रखने से संक्रमण का जोखिम कम हो जाता है। वजाइनल इंफेक्शन सहित कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी बचा जा सकता है। उन्होने बताया कि प्रतिवर्ष 28 मई को विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘पीरियड फ्रेंडली वर्ल्ड’ है। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक कलंक को दूर करना है।

इस विषय पर संकोच सबसे बड़ी समस्या

डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि आज के दौर में भी ऐसे अंचल हैं जहां पर मासिक धर्म और मासिक धर्म स्वच्छता पर बात करने में संकोच किया जाता है। किशोरियों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है, जिससे वे अच्छा महसूस नहीं कर पातीं। उन्हें लगता है ‘यह’ गलत हो रहा है। ‘दोषारोपण’, टैबू की तरह बात की जाती है।

महिलाओं के साथ पुरुषों को भी जागरूकता जरूरी

डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि मासिक धर्म के प्रति जितना जागरूक किशोरियों, युवतियों, महिलाओं को करना जरूरी है। उतना ही जरूरी किशोरों, पुरुषों को भी जागरूक करना चाहिए। अब पुरुष भी इस विषय पर जानने लग गए हैं। थियेटर में आने वाले विज्ञापन में नंदू पुरुष है, इसमें दो पुरुषों के बीच ‘मासिक धर्म’ स्वच्छता संबंधी संवाद दिखाया गया है।

एनएचएम स्कूलों के साथ उमंग मॉडयूल पर कर रहा काम

डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि एक अच्छी पहल स्वास्थ्य विभाग स्कूल शिक्षा विभाग के साथ कर रहा है। उमंग के तहत जागरूकता एवं अन्य गतिविधयां बढ़ाने वाले हैं। उमंग मॉडयूल के तहत स्कूल में ही किशोरियों और किशोरों को मासिक धर्म व स्वस्थ्य संबंधी अनेक जानकारियां दी जाएंगी। कक्षा छटवी से किशोर किशोरियों को इसमें शामिल किया जाना है।