Loksabha Election 2024 : प्रधानमंत्री मोदी सागर और बैतूल में सभा करेंगे

LS Election: Prime Minister Modi will hold meetings in Sagar and Betul and settle the equation on seven parlia

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
– फोटो : सोशल मीडिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पांचवीं बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से पहले सागर के बड़तूमा में संत रविदास मंदिर और संग्रहालय बनाने के लिए भूमिपूजन करने आए थे। अब फिर प्रधानमंत्री सागर के बड़तूमा में सभा करने आ रहे हैं। दरअसल, पीएम सागर से बुंदेलखंड की चार लोकसभा सीटों को साधेंगे। सागर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में संत रविदास के अनुयायी बड़ी संख्या में रहते हैं। बुंदेलखंड अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र है। इन वोटरों पर अभी बसपा का ज्यादा प्रभाव है। अब भाजपा इन वोटरों को साधने पर जोर लगा रही है। सागर सीट पर भाजपा ने लता वानखेड़े को प्रत्याशी बनाया है। वह पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।

टीकमगढ़ सीट एससी के लिए आरक्षित 

बुंदेलखंड क्षेत्र की खजुराहो और टीकमगढ़ सीटों के वोटरों को भी प्रधानमंत्री साधेंगे। प्रदेश की चार अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट में टीकमगढ़ सीट शामिल है। यहां पर भाजपा ने केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, खजुराहो सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा प्रत्याशी हैं। यहां पर इंडी गठबंधन की मीरा यादव का नामांकन रद्द हो गया, जिसके बाद इंडी गठबंधन ने आरबी प्रजापति को अपना समर्थन दिया है। हालांकि, इस सीट पर अब भाजपा वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए जोर लगा रही है। टीकमगढ़, दमोह और खजुराहो सीट पर 26 अप्रैल को मतदान है। सागर में तीसरे चरण में 7 मई को वोटिंग होगी।

सागर जिले की तीन सीटें दमोह संसदीय क्षेत्र में 

बड़तूमा सागर संसदीय सीट के नरयावली विधानसभा क्षेत्र में आता है। जिले की तीन विधानसभा सीटें रहली, देवरी और बंडा दमोह लोकसभा क्षेत्र में आते हैं। यहां पर प्रधानमंत्री 19 अप्रैल को सभा भी कर चुके हैं। सागर जिले की रहली, देवरी और बंडा विधानसभा सीटें दमोह संसदीय क्षेत्र में आती हैं। यहां पर भाजपा ने राहुल लोधी को प्रत्याशी बनाया है। वे कांग्रेस से भाजपा में आए थे। यहां पर लोधी वोटर निर्णायक होता है।

बैतूल सीट पर कांग्रेस के कब्जे वाली सीट पर सभा 

सागर के बाद प्रधानमंत्री बैतूल-हरदा सीट पर सभा करने पहुंचेंगे। बैतूल संसदीय सीट पर बैतूल की पांच, हरदा की दो और खंडवा की एक हरसूद विधानसभा सीट आती है। इसमें हरदा जिले की हरदा और टिमरनी विधानसभा सीट कांग्रेस के कब्जे में है। प्रधानमंत्री हरदा में कांग्रेस के कब्जे वाली सीट पर सभा को संबोधित कर बैतूल-हरदा के साथ ही पड़ोसी खंडवा और होशंगाबाद संसदीय सीट को भी साधेंगे। बैतूल में भाजपा ने सांसद दुर्गादास उइके को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, खंडवा में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल को दोबारा उतारा है। पीएम में होशंगाबाद के पिपरिया में भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह के लिए एक सभा कर चुके हैं।

कब-कब कहां आए पीएम 

7 अप्रैल- जबलपुर में आशीष दुबे के समर्थन में रोड शो

9 अप्रैल- बालाघाट में भारती पारधी के लिए सभा

14 अप्रैल- नर्मदापुरम के पिपरिया में दर्शन सिंह लिए जनसभा

19 अप्रैल- दमोह में राहुल लोधी के लिए रैली की




Betul News: ट्रक से टक्कर के बाद बस पलटी, चुनाव ड्यूटी से लौट रहे 21 पुलिसकर्मी घायल

Betul News: Bus overturns after collision with truck 21 policemen returning from election duty injured

टक्कर के बाद पलटी बस।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में चुनावी ड्यूटी से लौटे रहे पुलिस जवानों से भरी बस ट्रक की टक्कर के बाद पलट गई। हादसे में 21 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बैतूल और शाहपुर सीएचसी में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार बीते दिन मध्य पद्रेश की छह लोकसभा सीटों पर मतदान था। इसके लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। मतदान खत्म होने के बाद एक बस में सवार होकर छह पुलिस जवान और 33 होम गार्ड सैनिक छिंदवाड़ा से राजगढ़ जा रहे थे। इस दौरान ट्रक की टक्कर से बैतूल भोपाल हाइवे पर नीमपानी ढाबे के पास बस  पलट गई। हादसे में होम गार्ड समेत 21 पुकिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 9 जवानों को बैतूल और 12 को शाहपुर सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने केस दर्ज हादसे की जांच शुरू कर दी है।




Betul News: पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा।

Nisha Bangre Resigns From Congress: भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजे दो पेज के इस्तीफे में कांग्रेस पर वादा खिलाफी समेत कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कांग्रेस को ‘कांग्रेस जलता हुआ घर बताया। साथ ही कहा कि कांग्रेस ने कभी बाबा साहब को टिकट नहीं दिया, बल्कि उनके खिलाफ उम्मीदवार खड़े करके उन्हें चुनाव में हरा दिया। कांग्रेस ने न्याय तब भी नहीं किया था और कांग्रेस अब भी न्याय नहीं कर पा रही है।

पढ़िए, निशा बांगरे ने इस्तीफे में क्या लिखा?

‘भारतरत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी की मानसपुत्री होने के नाते बाबा साहब हमेशा मेरे प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनके बताए गए मार्ग पर चलकर उच्च शिक्षा अर्जित कर मैंने इंजीनियर, डीएसपी और डिप्टी कलेक्टर जैसे राज्य प्रशासनिक पदों का दायित्व निर्वाह किया है। बाबा साहब अंबेडकर ने संसद की ओर इशारा कर हमें इंगित किया है कि ‘मेरे समाज के लोगों संसद रूपी मंदिर में पहुंचकर राजनीतिक हिस्सेदारी अर्जित करो और वंचित वर्ग की आवाज बनो। उनके इस इशारे को आत्मसात करने के लिए मैंने राज्य प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च पद त्याग दिया। मैं उस समय यह समझती थी कि कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़कर समाज के शोषित पीड़ित और वंचित लोगों का प्रतिनिधित्व कर बाबा साहब के सपनों को साकार कर सकूंगी।

लेकिन, पिछले 6 महीने में कांग्रेस की नीयत को करीब से आंकलन कर मैंने पाया कि कांग्रेस पार्टी ने मुझे विधानसभा में टिकट देने का वादा किया। 229 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए और एक सीट आमला मेरे लिए होल्ड पर रखने का दिखावा कर समाज का वोट बटोरना चाहा और षडयंत्र कर मुझे चुनाव लड़ने से रोका। पुनः मुझे लोकसभा में टिकट देने का भरोसा दिया गया। लेकिन, इसमें भी वादाखिलाफी की गई। बाबा साहब ने कहा था कि ‘कांग्रेस जलता हुआ घर है’ मैने भी यह महसूस किया। कांग्रेस ने बाबा साहब को कभी टिकट नहीं दिया बल्कि उनके विरुद्ध उम्मीदवार खड़े करके उन्हें चुनाव में हरा दिया। कांग्रेस ने न्याय तब भी नहीं किया था और कांग्रेस न्याय अब भी नहीं कर पा रही है’।

‘अंबेडकर जी की जयंती के पर मैं कांग्रेस पार्टी के समस्त दायित्वों से मुक्त होती चाहती हूं, क्योंकि कांग्रेस में नारी सम्मान के लिए कोई स्थान नहीं है। जिसका ताजा उदाहरण लोकसभा चुनाव 2024 में संसदीय सीटों में कांग्रेस पार्टी के अंदर मप्र में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व न मिलना भी है। बाबा साहब स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत के पुरोधा पुरुष थे। उनका मानना था कि सभी भारतीयों को उनकी जाति, धर्म या सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना आगे बढ़ाने के लिए समान अधिकार और अवसर मिलने चाहिए।

मैं इन्हीं सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज और देशसेवा के लिए सदैव तत्पर हूं। इसी ध्येय को लेकर मैं कांग्रेस की राजनीति में व्यापक स्तर पर कार्य करना चाहती थी। लेकिन, इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने मेरी योग्यता को ही अयोग्यता बना दिया। अतः मैं कांग्रेस पार्टी के सभी दायित्वों से मुक्त होना चाहती हूं और मैं अपना पूरा जीवन बाबा साहब के विचारों के प्रचार प्रसार के लिए समर्पित करती हूं’।

पार्टी से चल थी नाराज

बता दें कि पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को कुछ ही दिन पहले कांग्रेस ने मुख्य प्रवक्ता बनाया था। उन्होंने 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए नौकरी से इस्तीफा दिया था, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसी बात से लेकर निशा कांग्रेस से नाराज चल रही थीं, अब उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वे तीन महीने पहले नौकरी वापस ज्वॉइन करने के लिए आवेदन कर चुकी हैं।




Betul News: बसपा ने बैतूल लोकसभा सीट से अर्जुन भलावी को अपना उम्मीदवार बनाया

Betul News: BSP made Arjun Bhalavi its candidate from Betul Lok Sabha seat.

अर्जुन भलावी

बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी अशोक भलावी के निधन के बाद बहुजन समाज पार्टी ने उनके पुत्र अर्जुन भलावी को बैतूल लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी बनाया है। अर्जुन भलावी का नाम बहुजन समाज पार्टी के जिला संगठन ने प्रस्तावित किया था। इसको प्रदेश संगठन ने भी स्वीकार किया और अर्जुन अशोक भलावी को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया। 9 अप्रैल को दिल का दौरा पड़ने से अशोक भलावी की मौ हो गई थी।

गौरतलब है कि अशोक भलावी के निधन के बाद मतदान की तिथि स्थगित कर दी गई थी और अब बैतूल लोकसभा सीट के चुनाव तीसरे चरण में होंगे और सात मई को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने नामांकन के लिए 19 अप्रैल की अंतिम तारीख तय की है। इस दौरान सिर्फ बहुजन समाज पार्टी का प्रत्याशी ही नामांकन कर सकेगा।




Betul News: बैतूल संसदीय क्षेत्र का लोकसभा चुनाव स्थगित

बैतूल संसदीय क्षेत्र का लोकसभा चुनाव स्थगित कर दिया गया है। बैतूल संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए नाम वापसी के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। लेकिन मंगलवार को बसपा के प्रत्याशी का निधन हो जाने के कारण 26 अप्रैल को होने वाला मतदान स्थगित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग से निर्देश प्राप्त होने के बाद बैतूल संसदीय क्षेत्र की निर्वाचन प्रक्रिया की आगामी कार्रवाई होगी। बैतूल संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मतदान स्थगन की घोषणा की है।




Mp News : बैतूल में आदिवासी युवक को बेरहमी से पीटा गया और फिर उसे मुर्गा बनाकर वीडियो बनाया गया

MP News: In Betul, tribal youth was brutally beaten and then video was made by turning him into a cock.

बैतूल में आदिवासी युवक के साथ मारपीट की गई। रविवार को पीड़ित थाने पहुंचा था।
– फोटो : सोशल मीडिया

मध्यप्रदेश के बैतूल में एक आदिवासी युवक के साथ अमानवीयता का मामला सामने आया है। उसे पहले बेरहमी से पीटा गया फिर मुर्गा बनाकर बेइज्जत किया गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया। मामले में कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है। इधर मामले में बैतूल कोतवाली में एट्रोसिटी एक्ट और अन्य धाराओं में बजरंग दल के नर्मदापुरम संभाग के सह संयोजक चंचल राजपूत और अन्य तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बता दें कि मामला बैतूल का है। बैतूल एसपी सिद्धार्थ चौधरी का कहना है कि शनिवार रात में एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी। जब मालूम किया तो पता चला कि आदिवासी युवक के साथ मारपीट की गई है। उसे हमने तलाश किया। इस मामले में मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी नामजद है बाकी अन्य तीन आरोपी हैं। शनिवार रात की घटना है, लेकिन युवक ने रिपोर्ट नहीं की थी। घटना के पीछे जो कारण सामने आया है उसमें पीड़ित डीजे बजाने का काम करता है। डीजे का मालिक गुल्लू चित्रहार है उसका विवाद चंचल सिंह राजपूत नामक युवक से है। दोनों के बीच पहले मारपीट की घटना हुई थी। उस विवाद में इस लड़के का कोई नाम नहीं था। वह उनके यहां काम करता है। इस कारण से मारपीट करना बताया गया है। पीड़ित युवक अभी पढ़ाई कर रहा है और डीजे बजाने का पार्ट टाइम कम कर रहा है। धारा 365, 323, 294, 506 और एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पीड़ित ने बताई कहानी

पीड़ित युवक का कहना है कि मैं रात में डीजे बजाकर घर वापस लौट रहा था तभी मुझे चंचल सिंह और उसके साथियों ने रोका और फिर मुझे उठा कर ले गए और मेरे साथ मारपीट की। मुझे मुर्गा भी बनाया और वीडियो बनाया।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

पूर्व विधायक निलय डागा ने बताया कि घटना शनिवार रात की है। एक आदिवासी युवक को बजरंग दल के कुछ लोगों ने रोका, जिनमें से एक का नाम चंचल राजपूत बताया जा रहा है, जो कि बजरंग दल में नर्मदापुरम संभाग सह संयोजक बताया जा रहा है। इन लोगों ने युवक का अपरहण किया और उसे एक कोने में ले जाकर बेहरमी से पीटा। वीडियो देखकर लग रहा है जैसे ये युवक का मर्डर करना चाहते थे। एक ओर देश के प्रधान मंत्री जी आज झाबुआ में कहते हैं कि हम आदिवासियों का सम्मान और उत्थान करेंगे तो क्या इस तरह करेंगे। मुख्यमंत्री जी कहते हैं कि आदिवासी हमारे भाई बहन हैं। प्रदेश अध्यक्ष जी का फोन आ चुका है हम युवक को न्याय दिलाने के लिए पूरी लड़ाई लड़ेंगे। अगर न्याय नहीं मिलता है तो हम ईंट से ईंट बजा देंगे।

जीतू पटवारी ने की कार्रवाई की मांग

मामले का वीडियो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि एक ओर नरेंद्र मोदीजी का भाषण, जिसमें आदिवासियों के उत्थान का झूठ बोला जा रहा था, दूसरी तरफ बैतूल में आदिवासी भाई पर अत्याचार करते बजरंग दल समर्थक। सीएम साहब प्रधानमंत्री तो चले गए, लेकिन आप अपनी आंखों से भाजपा के आदिवासी सम्मान का सच देखिए। जुल्म इतना भी मत कीजिए कि न्याय से विश्वास ही उठ जाए। तत्काल जांच करवाई, कार्रवाई कीजिए।

कमलनाथ ने सरकार को घेरा

पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि बैतूल में आदिवासी युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। पीटने वाला व्यक्ति सत्ताधारी पक्ष की विचारधारा का बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में देश में नंबर वन है। इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि भाजपा सरकार की मानसिकता आदिवासी विरोधी है। मैं मुख्यमंत्री जी से मांग करता हूं कि तत्काल सख़्त कार्रवाई की जाए।




Betul News : भोपाल से सोने के सिक्के खरीदने आए युवक को बेच दिए लाखों के नकली सिक्के

MP News: Fake coins worth lakhs were sold to a young man who came from Bhopal to buy gold coins

.भोपाल के युवक को असली सोना दिखाकर नकली गिन्नियां थमा दी गईं।
– फोटो : सोशल मीडिया

मध्य प्रदेश के बैतूल में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोने की गिन्नियां दिखाकर नकली गिन्नयां थमा दी गईं, फिर जब युवक ने पैसे वापस मांगे तो उसके पैर में गोली मार दी गई। मामला डेढ़ लाख की धोखाधड़ी का है। घायल युवक का इलाज जारी है। पुलिस जांच कर रही है।

दरअसल भोपाल से बैतूल सोने की गिन्नियां खरीदने आए सूरज पिता उत्तम राजपूत (23) निवासी ईश्वर नगर भोपाल को पहले तो असली गिन्नी देकर कहा गया कि जाओ इसे सुनार को दिखाकर आओ जब सूरज ने गिन्नी सुनार को दिखाओ तो वो असली थी। सूरज गिन्नी लेकर शाहरुख के पास पहुंचा तो उसने सौदा पक्का कर दिया। सूरज ने शाहरुख से पूरे डेढ़ लाख रुपए कीमत की 40 से 50 गिन्नियां खरीदीं मगर शाहरुख ने गिन्नियां सूरज को एक कपड़े में लपेट कर के दीं और कहा कि इसे बाद में खोलना। जैसे ही सूरज ने कपड़े को पोटली खोली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि सारी गिन्नियां नकली थीं। जिसके बाद सूरज गुस्से में इन गिन्नियों को वापस करके अपने पैसे लेने पहुंचा तो शाहरुख के साथ कुछ और लोग मौजूद थे। सूरज के पैसे वापस मांगने पर दोनों के बीच विवाद हो गया और इसी बीच सूरज के पैर में गोली मार दी गई और आरोपी वहां से फरार हो गए। सूरज घायल अवस्था में सोनाघाटी के पास ही पड़ा रहा, जिसके बाद उसे राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलने पर टीआई जिला अस्पताल पहुंचे और सूरज का बयान दर्ज किया गया। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। फिलहाल घायल युवक को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।पूरी घटना को लेकर पुलिस बारीकी से जांच कर रही है जल्दी खुलासा होने की उम्मीद है। घायल सूरज राजपूत का कहना है कि मैं शाहरुख के पास सोने की गिन्नियां खरीदने के लिए आया था । मुझे पहले असली गिन्नी दी गई और फिर डेढ़ लाख की नकली गिन्नियां थमा दीं। पैसे वापस मांगने पर मेरे साथ मारपीट की गई और फिर गोली चलाई गई और मैं बेहोश हो गया। कोतवाली टीआई आशीष सिंह पवार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Betul News : प्यार में डूबे देवर भाभी ने ट्रेन से लगाई छलांग

Betul: Brother-in-law and sister-in-law in love jumped from the train

संघमित्रा ट्रेन से कूदे देवर भाभी
– फोटो : सोशल मीडिया

मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अंतर्गत आने वाले मुलताई में संघमित्रा एक्सप्रेस से देवर-भाभी ने छलांग लगा दी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होना बताया जा रहा है। दोनों को घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिश्ते में देवर भाभी भोजपुर, जिला आरा बिहार के रहने वाले हैं। घायल महिला के पति ने बताया कि करीब आठ साल पहले उसका विवाह हुआ था। उनकी एक बेटी भी है, इसी बीच उसकी मौसी का बेटा पंकज पिता कृष्णाराम पासवान (23) उनके घर में रहने आ गया। पंकज और उसकी पत्नी के बीच प्रेम हो गया। 5 जनवरी 2024 को पंकज उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर बैंगलुरु लेकर भाग गया था। जो बेंगलुरु में रह रहे थे। इसकी शिकायत महिला पति द्वारा आरा नगर पुलिस थाने में की गई थी। वहां की पुलिस के साथ मोबाइल लोकेशन के आधार पर शनिवार को बेंगलुरु पहुंचे और दोनों को हिरासत में लिया। वे तीन फरवरी को बेंगलुरु से संघमित्रा एक्सप्रेस से पुलिस के साथ आरानगर बिहार जा रहे थे कि मुलताई रेलवे स्टेशन के पहले चिचंडा गांव के पास ट्रेन धीमी होने से दोनों चलती ट्रेन से कूद गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एम्बुलेंस से नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पति ने देखा कूदते तो खींच दी ट्रेन की चेन

जब प्रेमी युगल देवर भाभी ट्रेन से कूद रहे थे। इस दौरान महिला का पति भी उसी कोच में बैठा था। उसने दोनों को ट्रेन से कूदते देख चेन खींचकर ट्रेन रोकी और दूसरे कोच में बैठी आरा नगर पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद उसी ट्रेन से पुलिस सहित प्रेमी-प्रेमिका और उसका पति मुलताई रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से 108 एंबुलेंस से उन्हें मुलताई के सरकारी अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में दोनों का उपचार जारी था। प्राथमिक उपचार के बाद भी महिला की हालत गंभीर होने से उसे जिला चिकित्सालय बैतूल रैफर किया गया है।

पुलिस ला रही थी बिहार

देवर भाभी को बेंगलुरू से बिहार ले जा रहे बिहार के आरा थाना के एएसआई मजहर हुसैन का कहना है कि दोनों का प्रेम संबंध था। इसलिए दोनों भागकर बेंगलुरु चले गए थे। जिन्हें हम पकड़कर वापस बिहार ले जा रहे थे, ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर दोनों ट्रेन से कूद गए।




Betul Crime : प्रेम प्रसंग में लड़के की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

MP Crime Boy murdered in love affair two accused arrested in Betul

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया

बैतूल में 19 दिसंबर सुबह हमलापुर हनुमान मंदिर के सामने रोड के किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जहां पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। शव की शिनाख्त पंकज यदवंशी पिता राजेश यदुवंशी उम्र 19 साल निवासी हरन्या थाना बोरदेही के रूप में हुई।

इस घटना को लेकर बैतूल एसपी सिध्दार्थ चौधरी ने टीम गठित की और एएसपी कमला जोशी व एसडी ओपी शालिनी परस्ते बैतूल द्वारा थाना गंज को मामले की विवेचना के लिए निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पंकज यदुवंशी के सिर, चेहरा, पैर में आई चोट व मौत का कारण ज्ञात करने के लिए विवेचना की गई, जिस जगह मृतक का शव मिला था। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के आधार पर मृतक की एक फीमेल दोस्त के बारे में जानकारी प्राप्त कर लड़की से पूछताछ की गई। जांच में आरोपी पाए गए देवेन्द्र यादव व हेमंत यादव के विरूध्द अपराध क्रमांक 530/2023 धारा-364,302,34 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

आरोपियों को हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में पता चला कि आरोपी हेमंत की फीमेल दोस्त से मृतक पंकज के साथ प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन को रात में करीब नौ बजे आरोपी हेमंत यादव ने मृतक पंकज को अपनी फीमेल दोस्त के साथ लड़की के कमरे में मिलने पर हेमंत यादव ने अपने साथी देवेन्द्र के साथ पंकज को फीमेल दोस्त के रूम से बाइक में बीच में बैठाकर नदी के पास ले गए। जहां आरोपी हेमंत एवं देवेन्द्र ने मृतक पंकज के साथ हाथ मुक्के से एवं जमीन में गिराकर मारपीट कर मृतक पंकज को घायल कर मरा समझकर छोड़कर वहां से भागकर अपने हॉस्टल चले गए। आरोपियों के द्वारा बताई गई जगह पर मृतक का मोबाइल भी तलाशा गया। आरोपी देवेन्द्र से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की।

आरोपी हेमंत यादव पिता माखन यादव उम्र 21 साल निवासी ग्राम रानीडोंगरी थाना आमला व आरोपी देवेन्द्र यादव पिता दीनू यादव उम्र 22 साल निवासी ग्राम देहलवाड़ा थाना बोरदेही को गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर पेश किया गया है। मामले का खुलासा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी गंज देवकरण डेहरिया, विवेचक उपनिरी. रवि शाक्य, सउनि. जीपी बिल्लोरे, आर. अनिरुध्द, दुर्गेश चौरे, उत्कर्ष चौधरी, मनोज कोलारे, आकाश, मंतराम, नरेन्द्र प्रआर, भारती राजपूत, साइबर सेल राजेन्द्र धाइसे, दीपेन्द्र एफएसएल प्रभारी आबिद अंसारी की विशेष भूमिका रही।

इस घटना को लेकर एसडीओपी शालिनी परस्ते का कहना है कि 19 दिसंबर को हमलापुर क्षेत्र में पंकज यदुवंशी नाम के युवक की लाश मिली थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदर चोट लगी थी। विवेचना की गई, संदेह के आधार पर दो लड़कों को उठाया गया। एक का नाम हेमंत यादव दूसरे का देवेन्द्र यादव है। जब इनसे पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल लिया है।




Betul News : आर्मी जवान ने बुजुर्ग माता-पिता को पीटा, रातभर ठंडे पानी में रखा, पानी मांगा तो पेशाब पिलाई

Betul: son beat elderly parents, when asked for water, made them drink urine

बेटे के जुल्म का शिकार पिता
– फोटो : सोशल मीडिया

मध्यप्रदेश के बैतूल में शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आर्मी जवान ने अपने माता-पिता को इतनी यातनाएं दीं, कि अब वो अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों बुजुर्गों को पीटा गया। ठंडे पानी में रखा गया और तो और पेशाब भी पिलाई गई।

जानकारी के अनुसार मामला बैतूल जिले से 60 किमी दूर मुलताई थाने के टेमझिरा गांव की है। पीड़ित मलुकचंद पिता कली सूर्यवंशी (74) और मंगली बाई पति मलुकचंद निवासी टेमझिरा मुलताई ने बताया कि उनका पुत्र प्रभु सूर्यवंशी आर्मी में नौकरी करता है। वह छुट्टी आया था। 10 दिसंबर को वह रात्रि में शराब पीकर आया और हमें गालियां देने लगा। गाली देने से मना किया तो उसने लाठी से हम दोनों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। रातभर हमें ठंड में बाहर रखा और तो और ठंडा पानी डालता रहा। पानी मांगा तो पेशाब पिला दी।

तीसरी मर्तबा मारपीट

पिता ने बताया कि ये तीसरी मर्तबा बेटे ने मारपीट की है। वह जब भी छुट्टी पर आता है तो मारपीट करता है। वह पैसों की मांग करता है। हम चाहते हैं उस पर कार्रवाई हो। दस दिसंबर को भी मारपीट की। घटना को होते हुए गांव के कुछ लोगों ने भी देखा है। ग्रामीणों ने ही हमें बचाया और अस्पताल लेकर आए।

धाराएं बढ़ाएंगे

मुलताई थाना प्रभारी प्रज्ञा शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट करने के दौरान सिर्फ मारपीट की बात वृद्ध दंपती ने बताई थी। बाद में पेशाब पिलाने की बात भी सामने आई है। दोनों के बयान लिए जाएंगे और यदि वे इसे स्वीकारते हैं तो मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल आरोपी प्रभु सूर्यवंशी के खिलाफ धारा 323, 294, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।