Betul News: निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में उतरे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, एक मजदूर गंभीर

मुलताई (बैतूल)। बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में काम के दौरान दम घुटने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में उतरा एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के भीतर कार्य के दौरान अचानक दो मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि दोनों सगे भाई थे। उन्हें बाहर निकालने के प्रयास में एक अन्य मजदूर भी टैंक के भीतर उतरा, लेकिन वह भी जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण प्रभावित हो गया।

स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और तीनों को टैंक से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो सगे भाइयों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी बनी मौत की वजह

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सेप्टिक टैंक के भीतर जहरीली गैस जमा थी या फिर वहां ऑक्सीजन का स्तर अत्यंत कम था। इसी कारण मजदूरों का दम घुट गया और यह दुखद हादसा हो गया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार सेप्टिक टैंक, कुओं और बंद स्थानों में बिना सुरक्षा उपकरणों के प्रवेश करना बेहद खतरनाक होता है। ऐसे स्थानों पर मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड जैसी जहरीली गैसें जमा हो सकती हैं, जो कुछ ही मिनटों में व्यक्ति को बेहोश कर सकती हैं।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और गैस जांच की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती, तो संभवतः यह हादसा टाला जा सकता था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में शोक की लहर

एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने मजदूर सुरक्षा और कार्यस्थलों पर आवश्यक सावधानियों को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है।

स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।




Betul News : बैतूल में स्कूल वैन–जीप की टक्कर, KG की छात्रा की मौत, 11 बच्चे घायल

परिवार का आरोप: जर्जर वैन और क्षमता से अधिक बच्चों की अनदेखी बनी हादसे की वजह

बैतूल | मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में किंडरगार्टन की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर गुड़गांव गांव में सुबह करीब 9 बजे हुआ।

भैंसदेही सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDOP) भूपेंद्र सिंह मौर्य के अनुसार, पूर्णा नदी के पास स्थित एक गैस गोदाम के सामने सामने से आ रही एक जीप ने एक निजी स्कूल की वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में KG-2 में पढ़ने वाली पांच वर्षीय छात्रा हर्षिता पाटनकर की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल चार बच्चों और स्कूल वैन के चालक को बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायल बच्चों को भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

स्कूल वैन में सवार बच्चे रजनी, थेमगांव और गुड़गांव गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी लेकर उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।

परिवार का गंभीर आरोप
मृत छात्रा के परिजन राजेश वरवाडे ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल वैन की हालत काफी खराब थी और इसकी जानकारी पहले भी स्कूल मैनेजमेंट व शिक्षा विभाग को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वैन में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ी।
कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।




Mp News : भाजपा अध्यक्ष की कार्यकर्ताओं को दो टूक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भारतीय जनता युवा मोर्चा को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पार्टी को उन युवाओं की जरूरत है, जो जमीन पर काम करें, न कि केवल होर्डिंग और सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें चमकाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़े पोस्टर में तस्वीर छपवाने या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खुद को प्रचारित करने से न तो संगठन में स्थान मिलेगा और न ही कोई स्थायी पहचान बन पाएगी। बंद कमरे में हुई बैठक में खंडेलवाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया का उपयोग समाज और पार्टी के मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए करें, न कि खुद को प्रचारित करने के लिए। उन्होंने कहा, “जिसने सिर्फ अपना भला चाहा, वह आगे नहीं बढ़ पाया, लेकिन जो पार्टी की चिंता करता है, वह ऊंचाई तक पहुंचता है।

यह बयान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता भावना को प्राथमिकता देने के संदर्भ में दिया गया है।

1. जमीनी कार्य की अहमियत: उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी को ऐसे युवाओं की जरूरत है जो जमीन पर सक्रिय होकर काम करें, न कि केवल सोशल मीडिया या होर्डिंग्स पर अपनी मौजूदगी दिखाने वाले कार्यकर्ता।

2. सोशल मीडिया की भूमिका: सोशल मीडिया का उपयोग पार्टी और समाज के मुद्दों को उठाने के लिए होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत प्रचार के लिए।

3. स्थायी पहचान की चेतावनी: उन्होंने कहा कि बड़े पोस्टर या डिजिटल प्रचार से संगठन में स्थायी पहचान नहीं बनती।

4. पार्टी की भावना को प्राथमिकता: खंडेलवाल ने कहा, “जिसने सिर्फ अपना भला चाहा, वह आगे नहीं बढ़ पाया, लेकिन जो पार्टी की चिंता करता है, वह ऊंचाई तक पहुंचता है।” यानी व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं, बल्कि सामूहिक उद्देश्य और पार्टीहित सर्वोपरि होना चाहिए।




Bhopal News : सीरियल किलर कुख्यात अपराधी बन्ने खान गिरफ्तार

जन्मदिन पार्टी में युवक की हत्या करने वाला कुख्यात बदमाश नसीम उर्फ बन्ने खां को भोपाल पुलिस ने बैतूल से गिरफ्तार किया है। कुख्यात बदमाश बन्ने खां पर हत्या के मामले में 30 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस से भागने के चक्कर में उसके पैर में चोट लगी और पुलिस ने उसका इलाज भी कराया। इलाज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया है। नसीम उर्फ बन्ने खां मूलत: शाजापुर जिले का रहने वाला है और वर्षों से भोपाल में परिवार के साथ रह रहा है। बन्ने खां के खिलाफ इस हत्या के साथ भोपाल, सीहोर और राजगढ़ में करीब 46 प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। उसके खिलाफ कई बार इनाम घोषित हो चुका है। पुलिस हिरासत से भी वह भाग चुका है।

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय अमित 28 जून की दरमियानी रात एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने छोला थाने के लीलाधर कॉलोनी पहुंचा था। जन्मदिन पार्टी में राजा खटीक भी शामिल था। नसीम उर्फ बन्ने खां बदमाश राजा खटीक को ही मारने छह साथियों के साथ पहुंचा था। जैसे ही बन्ने खां के लीलाधर कॉलोनी पहुंचने की सूचना मिली, राजा खटीक मौके से भाग गया और बन्ने खां ने अमित वर्मा को गोली मार दी।

हवाला की लूट की राशि को लेकर राजा खटीक से विवाद

पुलिस सूत्रों के अनुसार राजाखटीक और बन्ने खां दोनों लीलाधर कॉलोनी में ही रहते हैं। दोनों बदमाश हैं और अलग-अलग गैंग को संचालित करते हैं। बदमाश राजा खटीक हवाला कारोबार करने वालों के एजेंटों को लूटता है। राजा खटीक ने कुछ दिन पहले ही एक हवाला एजेंट से कुछ राशि लूटी थी, हालांकि हवाला कारोबारी अधिकांश मामलों में प्रकरण दर्ज नहीं कराते। इस हत्याकांड में आरोपी बन्ने खां, वसीम और राजा खटीक पहले एक साथ ही लूट की वारदात को अंजाम देते थे। राजा खटीक और वसीम के भाई नदीम के बीच लूट के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। राजा ने नदीम के साथ मारपीट कर दी थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए नसीम और उसके साथी राजा को मारने पहुंचे थे, लेकिन फायरिंग में अमित वर्मा को गोली लगी और उसकी हत्या हो गई।

पुलिस से बचने भागा तो टूट गया पैर

एडीसीपी जोन-4 मलकीत सिंह के अनुसार बदमाश बन्ने खां की घेराबंदी में भोपाल पुलिस की टीम बैतूल पहुंची थी। नसीम वहां एक रिश्तेदार के यहां छिपा था। पुलिस की टीमों ने जब घेराबंदी कर उसे पकड़ने पहुंची तो वह बचने के लिए भागने लगा। भागते समय शरीर अनबैलेंस हुआ और वह गिरा तो उसके एक पैर में फैक्चर आ गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल लाया गया और कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है। आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बन्ने खां की मां, प्रेमिका सहित चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभी कुछ आरोपी फरार हैं।




Betul Viral Video : जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं और बच्चों पर हमला, वीडियो वायरल

बैतूल जिले की खामला पंचायत के ग्राम बारमाच में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों के बीच भीषण झड़प हो गई। खेत में बुवाई के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने न केवल पुरुषों से मारपीट की, बल्कि महिलाओं और दो मासूम बच्चों पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल महिला और दो बच्चों को तत्काल भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। शनिवार को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पिछले कई वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है। इस बार विवाद हिंसा तक पहुंच गया। विवादित जमीन पर बुवाई के दौरान एक पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। जिसमें महिला और बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलते ही भैंसदेही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने हमलावर पक्ष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वायरल वीडियो को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं, शांति बनाए रखें। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




Betul News : बुजुर्ग महिला की पीड़ा सुनकर कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता

बैतूल जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी हाल ही में घोड़ाडोंगरी तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान ग्राम टैमरूरैयत से आईं बुजुर्ग महिला शांतिबाई ने नम आंखों से अपनी भूमि से जुड़ी समस्या उनके सामने रखी।

शांतिबाई ने बताया कि उनके ही परिवार के कुछ लोगों ने धोखे से उनकी कृषि भूमि पर कब्जा कर लिया है, जिससे वे वर्षों से खेती नहीं कर पा रहीं। उन्होंने यह भी बताया कि गलत सीमांकन दिखाकर उनकी जमीन को बेच दिया गया है और उन्हें अपने मकान में भी रहने नहीं दिया जा रहा है। जबकि नामांतरण आदेश हो चुका है, फिर भी उनके पोते सत्यम का नाम अब तक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है। कलेक्टर सूर्यवंशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित पटवारी से जवाब तलब किया और तत्काल नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करवाई। साथ ही, खसरा नकल की प्रति शांतिबाई को सौंपी गई।

इसके बाद कलेक्टर ने स्वयं शांतिबाई और उनके पोते सत्यम को अपनी गाड़ी में बैठाकर उनकी कृषि भूमि तक पहुंचाया और दस्तावेजों की जांच की। जांच में पाया गया कि भूमि का सीमांकन जानबूझकर गलत दिखाया गया था और उसी आधार पर उसे बेचा भी गया। कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि रजिस्ट्री की त्रुटि को तुरंत सुधारा जाए, सही सीमांकन कराया जाए और शांतिबाई को बराबरी से उनका हिस्सा दिलाया जाए। मौके पर ही कब्जा दिलवाया गया।

ये भी पढ़ें: पत्नी की जगह उसके पति ने कर डाली नौकरी

निरीक्षण के दौरान खेत में बना कुआं क्षतिग्रस्त पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव को मनरेगा योजना के तहत उसकी मरम्मत जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। शांतिबाई का मकान भी जर्जर अवस्था में पाया गया, जिस पर उन्होंने उसकी मरम्मत और छत को जनसहयोग से बदलवाने के निर्देश दिए। साथ ही मकान के पीछे किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।

ग्रामीणों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने आग्रह किया कि शांतिबाई को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी सहयोग करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल तहसील कार्यालय को दें। कलेक्टर ने शांतिबाई के पोते सत्यम को मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए। उल्लेखनीय है कि सत्यम के पिता का निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण शांतिबाई ही कर रही हैं।

ये भी पढ़ें: पराली जलाने पर भैरोंदा और बुधनी के 111 किसानों पर 5,90,000 रुपये का जुर्माना लगाया

समस्या के त्वरित और सम्मानजनक समाधान पर शांतिबाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी वर्षों पुरानी समस्या इतनी जल्दी हल हो जाएगी। इसके लिए मैं शासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद करती हूं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा, शांतिबाई की भूमि को गलत तरीके से बेचा गया था। हमने मौके पर जाकर उन्हें कब्जा दिलवाया, सीमांकन करवाया और अब उन्हें व उनके पोते को शासकीय योजनाओं का भी लाभ दिलाया जाएगा।

वर्षों पुराना जमीन विवाद, कलेक्टर की पहल से सुलझा



Betul News: बैतूल में पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

बैतूल जिले के आठनेर में पदस्थ पटवारी को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने रंगे हाथों रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सीमांकन का प्रतिवेदन देने की एवज में पटवारी ने  10 हजार रुपये मांगे थे।

लोकायुक्त टीम के निरीक्षक नीलम पटवा ने बताया कि बैतूल जिले के आठनेर तहसील क्षेत्र के ग्राम सावंगी निवासी कमलेश चढोकार  शिकायत की थी कि ग्राम एनखेड़ा में उनकी 1 एकड़ जमीन है। सीमांकन के लिए 3 अक्टूबर को आवेदन किया था। पटवारी में भूमि का सीमांकन किया लेकिन निर्धन और सीमांकन का प्रतिवेदन नहीं दिया। जब किसान ने सीमांकन का प्रतिवेदन मांगा तो पटवारी प्रफुल्ल बारस्कर 10 हजार रुपये की मांग की गई।

किसान इसकी शिकायत लोकायुक्त को की थी। गुरुवार शाम को लोकायुक्त की टीम भोपाल से आठनेर पहुंची। तहसील कार्यालय में पटवारी प्रफुल्ल बारस्कर को 4000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।




Betul News: पारसडोह जलाशय नहर की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त, खेतों तक नहीं पहुंच रहा पानी

बैतूल के  पारसडोह जलाशय से रबी फसल की सिंचाई के लिए नहर पानी छोड़ दिया है। नहर की पाइप लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रभातपट्टन क्षेत्र के कई किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। फसल सुखने की कगार पर पहुंच गई है। किसानों ने पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य करने की मांग की, लेकिन जल संसाधन विभाग का ढुलमुल रवैया सामने आ रहा है। जल्द पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हुई तो किसानों की फसलें सुख जाएगी और भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

ग्राम सिरडी के किसान अरविंद गलफट, गजानंद गलफट ने बताया कि पारसडोह से नहर के लिए बिछाई गई पाइप लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंच रहा। फसल सुखने की कगार पर पहुंच गई है। किसानों ने नहर की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत मुलताई के जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका। किसानों का मानना है कि पाइप लाइन मरम्मत के लिए 3-4 दिन का समय लगा तो फसलें सुख जाएगी और नुकसान होगा। क्षेत्र के सैकड़ों किसान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण परेशान है।

दर्जनभर जगह क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन

मुलताई, प्रभातपट्टन क्षेत्र में पारसडोह जलाशय की नहर की पाइप लाइन लगभग एक दर्जन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। मुख्य पाइप लाइन के अलावा कई जगह से छोटी  पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त है। जल संसाधन विभाग के अधिकारी खुद मान रहे है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है, जिसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल निगम ने जगह-जगह खुदाई की है। इस खुदाई के दौरान जगह-जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की कई शिकायतें आ रही है। शिकायतों के बाद मरम्मत का कार्य पूरा किया जा रहा है।

विपिन वामनकर, ईई जल संसाधन विभाग मुलताई ने बताया कि मुख्य पाइप लाइन के अलावा नहर की कई छोटी जगह से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। अभी मुख्य पाइप लाइन को सुधारा जा रहा है। दो-तीन दिन के भीतर सभी जगहों की पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।




Betul News : पांडुर्णा में दो नाबालिग चलती ट्रेन से कूदे, एक युवती: मां घबराई नहीं थी, सभी अस्पताल में भर्ती…

Two minors jump off a moving train in Pandurna, a young woman: Mother was not nervous, all hospitalized...*

हादसे का शिकार बालिका

पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह चलती ट्रेन से दो नाबालिग बालिकाएं और एक युवती कूद गई। घटना में तीनों को गंभीर चोट आई है। इसके बाद घायलों को जन सहयोग से पांढुर्णा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना बुधवार सुबह 8 बजे की है। घायलों में दुर्गा (24) पति दीपक अमझिरे, उसकी 13 और 15 साल की बेटियां भी शामिल हैं। सभी घायल सावरगांव की रहने वाले हैं। घायल दुर्गा की मां रीना अमझिरे ने बताया कि वे अपने रिश्तेदार के यहां नागपुर जा रहे थे। पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंच गई थी, लेकिन टिकट काउंटर पर भीड़ रहने के कारण टिकट निकालने में देरी हाे गई। इस बीच, तीनों ट्रेन में सवार हो गए और ट्रेन रवाना हो गई।

परिवार के सदस्यों को ट्रेन में नहीं देख कर घबरा गए

घायल रीना अमझीरे ने बताया कि जब उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को ट्रेन में नहीं देखा, तो वे चलती ट्रेन से नीचे कूद गए। पांढुर्णा पुलिस थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक नितेश रघुवंशी ने तीनों घायलों के बयान दर्ज किए। बयान में तीनों ने चलती ट्रेन से नीचे कूदने की बात पुलिस को बताई। इस मामले में थाना प्रभारी अजय मरकाम ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं।




Betul Lok Sabha Election 2024 : बैतूल लोकसभा चुनाव 2024 बैतूल संसदीय क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान

Betul Lok Sabha Election 2024 Re-polling at Four Polling Station Of Betul Constituency

मतदान के लिए लगी लोगों की कतार।

मध्य प्रदेश के बैतूल संसदीय क्षेत्र में आज पुन: मतदान हो रहा है। इलाके के मुलताई विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोटिंग हो रही है। इनमें मतदान केंद्र 275 शासकीय हाईस्कूल रजापुर, कुंडा रैय्यत में शासकीय नवीन प्राथमिक शाला भवन, 276 डूडर रैय्यत में राजकीय एकीकृत उच्च विद्यालय और 280 चिखलीमाल शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में मतदान प्रक्रिया जारी है। सुबह सात बजे से यहां मतदाताओं की लाइनें लगी हुई हैं।

क्यों हो रही दोबारा वोटिंग?

दरअसल, लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट पर सात मई को मतदान हुआ था। वोटिंग खत्म होने के बाद मतदानकर्मी ईवीएम लेकर बस से वापस लौट रहे थे, इस दौरान साईखेड़ा थाना क्षेत्र के सोनोरा गौला के पास रात करीब 11 बजे बस में आग लग गई। हादसे के समय बस में छह मतदान केंद्रों के कर्मचारी सवार थे, जिनके पास ईवीएम समेत अन्य चुनावी सामग्री मौजूद थी। आग में चार पोलिंग बूथ की ईवीएम पूरी तरह जल गई थीं। इसी कारण से यहां दोबारा मतदान हो रहा है।

बैतूल सीट पर आठ प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत

बैतूल लोकसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस के अलावा चार अन्य पार्टियों के उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा से दुर्गादास उइके, कांग्रेस से रामू टेकाम, बीएसपी से अर्जुन अशोक भलावी, भारत आदिवासी पार्टी से अनिल उइके, स्वतंत्र किसान पार्टी से बारस्कर सुभाष कोरकू और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से सुनेर उइके एक दूसरे को टक्कर दे रहे हैं। इसके अलावा भागचरण वरकड़े और भूरेलाल छोटेलाल बेठेकर निर्दलीय ताल ठोंक रहे हैं।

13 मई को आखिरी चरण का मतदान

13 मई को प्रदेश में आखिरी चरण का मतदान होना है। इस दिन बाकी बची आठ लोकसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। इसमें देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा सीट शामिल हैं।